शनिवार, 21 दिसंबर 2024

स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ चोरों ने उड़ाये 5 लाख, छानबीन करने में जुटी पुलिस

रामगढ़ (RAMGARH)। झारखण्ड के रामगढ़ में चोरों ने एक बार फिर एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने रामगढ़ कॉलेज जैसे भीड़ भाड़ वाले इलाके में जेजे टेंट के मालिक अजय कुमार महतो के स्कॉर्पियो का शीशा तोड़कर 5 लाख रुपए उड़ा लिए हैं।

चोरों ने गाड़ी का शीशा तोड़ा और रूपयों से भरा बैग लेकर रफू चक्कर हो गए। इधर, गाड़ी का शीशा टूटने की आवाज सुन लोगों ने शोर मचाया। शोर सुन जब अजय कुमार वहां पहुंचे तो अपना सिर पीट लिए। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी है। रामगढ़ पुलिस ने भुक्तभोगी के बयान पर इस मामले में एक कांड संख्या 197/24 अंकित कर छापेमारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।


क्या है मामला

रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोसा निवासी जेजे टेंट के मालिक अजय कुमार महतो पिता जीतन महतो ने डीएस कॉम्प्लेक्स में स्थित एक्सिस बैंक से 5 लाख रुपए निकले थे। फिर वे स्टाफ सचिन कुमार के साथ स्कॉर्पियो संख्या जेएच 24 ई 7771 से नईसराय एप्पल शोरूम पहुंचे। यहां उन्होंने मोबाइल खरीदा। बाद में रामगढ़ कॉलेज गेट के पास रोड किनारे लगाकर जी मार्ट के अंदर चले गए। थोड़ी देर बाद हल्ला होने पर बाहर निकले तो देखा कि गाड़ी का शीशा टूटा हुआ है और रुपए गायब हैं।


चोरी की घटनाओं में वृद्धि से लोग परेशान

रामगढ़ जिले में चोरी की घटनाओं में इनदिनों लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। एक के बाद एक चोरी, छिनतई की घटनाओं से शहर वासी परेशान है। लेकिन पुलिस के हाथ चोरों तक नही पहुंच पा रहे। जिससे चोरों का मनोबल बढ़ते जा रहा है। नतीजतन चोर अब दिनदहाड़े एक के बाद एक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। चोरी की इस घटना का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। कुछ संदिग्ध लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए भी हिरासत में लिया है।

गंगा नदी में डूबी फायर ब्रिगेड की गाड़ी, चालक लापता, खोज में जुटी गोताखोरों की टीम

साहिबगंज (SAHEBGANJ) झारखंड के साहिबगंज जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ।  फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी गंगा में समा गयी। हादसे के बाद चालक लापता बताया जा रहा है। यह घटना राजमहल अनुमंडल के राधा नगर में सुबह 7:45 बजे के आसपाल हुई। 

राजमहल अनुमंडल के राधानगर क्षेत्र में सुबह करीब 7:45 बजे फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी गंगा नदी में उस वक्त डूब गई। जब दमकल वाहन में पानी की कमी हो गई थी, जिसके चलते गाड़ी को गंगा नदी के किनारे पानी भरने के लिए लाई गई थी। पानी भरने के दौरान वाहन को बैक करते समय मिट्टी धंस गई और गाड़ी गंगा में समा गई। हादसे के वक्त चालक अरुण कुमार गाड़ी के अंदर ही थे और बाहर निकलने में असमर्थ रहे।


हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।   गोताखोर लापता चालक की तलाश की जुटी है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। इस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और चालक के परिवार में चिंता का माहौल है।

वहीं घटना की जनकारी मिलने के बाद राजमहल एसडीओ कपिल कुमार, एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, सीओ यूसुफ शेख और अग्निशमन पदाधिकारी मनोज कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और घटनास्थल पर सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि मिट्टी धंसने की वजह से यह हादसा हुआ। राहत कार्य जारी है।

सर्द रात में प्रेम की आग बुझा रहे प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने पकड़ा, करा दी शादी

जमुई (JAMUI,BIHAR)। इन दिनों ठंड अपने परवान पर है। कनकनी भरी शीतलहर चल रही। इस हाड़ कंपा देने वाली सर्द रात में प्रेमी युगल एक दूसरे से मिलने पहुंचे थे और प्रेमालाप में डूबे थे। जिसकी भनक गांव के कुछ ग्रामीणों को लग गई। अचानक ग्रामीण उस प्रेमी युगल के प्रेमालाप के बीच आ धमके। जिन्हें देख दोनों प्रेमी युगल न केवल सहम गए बल्कि पूरी तरह से डर गए।

            प्रतीकात्मक तस्वीर

ग्रामीणों ने दोनों प्रेमी युगल को पकड़ लिया और दोनों को अपने साथ गांव ले आये। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रेमी और प्रेमिका के परिजनों को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों परिवार की मौजूदगी में उस प्रेमीयुगल की शादी करा दी गई।

कहां का है मामला

मामला जमुई जिले के सदर थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के सदर थाना क्षेत्र के लखनपुर निवासी उदय मंडल की पुत्री शिवानी कुमारी और खैरा प्रखंड के प्रधानचक निवासी कन्हैया मंडल के पुत्र उमाशंकर के बीच पिछले ढाई साल से प्रेम संबंध था।  



प्रेमिका से मिलने उसके गांव आया था प्रेमी

जानकारी के अनुसार प्रेमी उमाशंकर अपनी प्रेमिका शिवानी कुमारी से मिलने सर्द रात में लखनपुर गांव गया था। दोनों चोरी-छिपे मिल रहे थे। एक दूसरे के प्यार में खोए हुए थे। तभी ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और वे वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और गांव लाकर पहले दोनों के परिजनों को वहां बुलवाया फिर स्थानीय मंदिर में उनकी शादी करा दी।

प्रेमी प्रेमिका दोनों हैं बालिग

बताया जा रहा है कि प्रेमी उमाशंकर और प्रेमिका शिवानी कुमारी दोनों बालिग हैं। वहीं प्रेमी ने कहा कि लखनपुर के आसपास के गांव में मेरी रिश्तेदारी है और मैं अक्सर आता-जाता रहता था। इसी बीच मेरी मुलाकात शिवानी कुमारी से हुई और दोनों में प्यार हो गया। उसने बताया कि शिवानी ने मुझे मिलने के लिए बुलाया था और इसी दौरान ग्रामीणों ने मुझे पकड़ लिया।

देवास में आगजनी, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, मृतकों में पति-पत्नी और दो बच्चें शामिल

देवास (MADHYA PRADESH)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में शुक्रवार देर रात एक मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत गई। मृतकों में पति-पत्नी और दो बच्चें शामिल हैं। घटना देवास शहर के नयापुरा क्षेत्र की है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


घटना के सम्बंध में बताया गया कि जिस मकान में आग लगी। उसके नीचे के फ्लोर पर डेयरी चलती थी, जिसमें आग लगी और धीरे-धीरे विकराल रूप ले लिया। कुछ ही देर में आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई।


 वहीं मकान के दूसरी मंजिल पर रहने वाले पति-पत्नी और दो बच्चों की हुई इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिनेश, उनकी पत्नी गायत्री, बेटी इशिका और बेटे चिराग के रूप में हुई है। दिनेश पेशे से कारपेंटर थे और घर के ग्राउंड फ्लोर पर डेयरी भी चलाते थे। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

शनि के मार्गी होने से इन राशियों की, सितारे की तरह चमकेगी किस्मत, बनेंगे धन लाभ के योग

[विशेष ज्योतिषीय आलेख ज्योतिष शास्त्री के अनुसार ]
ज्योतिष शास्त्र में शनि को न्याय और कर्म का देवता माना जाता है। शनि देव व्यक्ति को उसके कर्मों के हिसाब से फल देते हैं। शनि देव बुरे कर्मों का नकारात्मक फल और अच्छे कर्मों का सकारात्मक फल देते हैं। वहीं शनि की वक्री या मार्गी होने का भी सभी राशियों पर इसका प्रभाव देखने को मिलता है। बता दें कि शनि की वक्री स्थिति तब होती है, जब शनि किसी राशि पर प्रवेश करके उल्टी चाल चलते हैं और मार्गी होने पर शनि अपनी चाल सीधी कर देते हैं। शनि के व्रकी होने से चुनौतियों और परेशानियों का सामना करना पड़ता है, तो वहीं शनि के मार्गी होने से जीवन में स्थिरता और प्रगति के नए अवसर मिलते हैं। 

बीते 15 नवंबर 2024 से शनि कुंभ राशि में प्रवेश कर चुके हैं और वक्री से मार्गी हो चुके हैं। शनि के मार्गी होने का असर सभी राशियों पर देखने को मिलेगा। जहां कुछ राशियों पर इसका सकारात्मक असर दिखेगा तो वहीं कुछ राशियों पर नकारात्मक असर हो सकता है। 


शनि के मार्गी होने का प्रभाव सभी राशियों पर कैसा रहेगा और यह समय आपके लिए क्या नए अवसर ला रहा है। आइए जानें


मेष राशि पर प्रभाव
बता दें कि 15 नवंबर 2024 के बाद से शनि के मार्गी होने का शुभ प्रभाव मेष राशि के जातकों को देखने को मिलेगा। मेष राषि में शनि एकादश भाव में है। इसलिए इस दौरान आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी हो सकती है। धन लाभ के लिए योग बन रहा है और कोई नया व्यापार शुरू कर रहे हैं, तो उसमें मुनाफा मिल सकता है। वहीं परिवार और रिश्तेदारों का पूरा लाभ मिलेगा।



वृषभ राशि पर प्रभाव
वृषभ राशि के लिए शनि दशम भाव में हैं। शनि के मार्गी होने से कार्यों में सफलता मिलने के योग हैं और नई नौकरी तलाश कर रहे लोगों के लिए यह समय अनुकूल है। नौकरी में प्रमोशन के योग बन रहे हैं और आपको अटका हुआ धन वापस मिल सकता है। इस दौरान आप कोई नया काम शुरूकर सकते हैं और इसमे सफलता के योग भी बनेंगे।



मिथुन राशि पर प्रभाव
मिथुन राशि के जातकों के लिए शनि का मार्गी होना पॉजिटव प्रभाव लेकर आया है। इस राशि के जातकों के सितारे बुलंद होने वाले हैं। अचानक से धन लाभ के अवसर मिलेंगे और भविष्य के लिये लेने वाले निर्णय सोच-समझकर लें। इससे काम में सफलता मिलेगी।



कर्क राशि पर प्रभाव
कर्क राशि के जातकों के लिए भी शनि का मार्गी होना शुभ नहीं होगा। आपके बनते काम बिगड़ सकते हैं और संघर्षों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान कोई बड़ा नुकसान हो सकता है। अगर आप कुछ काम शुरू करने जा रहे हैं, तो बड़ों की सलाह जरूर लें। वहीं वैवाहिक जीवन में भी संघर्ष हो सकता है।



सिंह राशि पर प्रभाव
शनि का मार्गी प्रभाव सिंह राशि के जातकों के लिए नकारात्मक साबित हो सकता है। नया व्यापार करने की सोच रहे हैं, तो थोड़ा सचेत रहें। क्योंकि इससे आपको लाभ नहीं मिलेगा। सेहत के प्रति सचेत रहें और करियर में भी नकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है।



कन्या राशि पर प्रभाव
बता दें कि 15 नवंबर 2024 के बाद से शनि की मार्गी होने की वजह से कन्या राशि के लिए समय अनुकूल रहेगा। नौकरी में लाभ मिलने के साथ अगर आप व्यापार शुरू करने जा रहे हैं, तो लाभ हो सकता है। वहीं अगर आप पहले से किसी व्यापार में हैं तो आपको मुनाफा हो सकता है।



तुला राशि पर प्रभाव
तुला राशि के जातकों को शनि के मार्गी होने से अपने स्वास्थ्य का खास ख्याल रखना होगा। इन जातकों को पेट संबंधी समस्या का सामना करना पड़ सकता है। वहीं करियर के मामले में समय अनुकूल है और रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं। स्वास्थ्य को अच्छा बनाए रखने के लिए अपने खान-पान पर विशेष ध्यान दें।



वृश्चिक राशि पर प्रभाव
शनि का मार्गी होना वृश्चिक राशि के लिए सकारात्मक संकेत दे रहा है। इन राशि के जातकों को करियर में अच्छे फल मिलेंगे और दूसरी ओर स्थान परिवर्तन के योग भी बन रहे हैं। इन जातकों की आय में वृद्धि हो सकती है और रुका हुआ धन वापस मिलने का चांस हैं। अगर इन राशि के जातक नई नौकरी ढूंढ रहे हैं, तो इसमें भी सफलता मिल सकती है।



धनु राशि पर प्रभाव
शनि के मार्गी होने से धनु राशि के लिए समय अनुकूल होने वाला है। धनु राशि के जातकों को करियर में लाभ मिल सकता है और आपका स्वास्थ्य भी अच्छा बना रहेगा। अगर आप किसी बीमारी से लंबे समय से परेशान हैं, तो आपको राहत मिल सकती है। इस दौरान धन लाभ के योग भी बन रहे हैं।



मकर राशि पर प्रभाव
मकर राशि के जातकों के लिए शनि का मार्गी होना अच्छे संकेत नहीं दे रही है। इस दौरान इन जातकों को वैवाहिक जीवन में समस्या का सामना करना पड़ सकता है और आपको पार्टनर से दूर रहना पड़ सकता है। किसी बड़ी समस्या से बचने के लिए छोटी-छोटी बातों को इग्नोर करें।



कुंभ राशि पर प्रभाव
कुंभ राशि के जातकों को शनि के मार्गी प्रभाव से बचने के लिए सेहत का खास ख्याल रखना होगा। आप किसी बड़ी स्वास्थ्य समस्या से परेशान हो सकते हैं। इसलिए अपने खान-पान का ध्यान रखें। हालांकि कुंभ राशि के लोगों को करियर में लाभ हो सकता है और सफलता का योग भी बन सकता है।


मीन राशि पर प्रभाव
शनि का मार्गी होना मीन राशि के लिए शुभ फलदायी हो सकता है। आपके बिगड़े काम बन सकते हैं और यदि आप किसी समस्या में हैं, तो जल्द ही इस समस्या से बाहर निकलने का मौका मिल सकता है। वहीं अगर मीन राशि के जातक कोई नया काम शुरू करने के बारे में सोच रहे है, तो यह अनुकूल समय है। आपको इस दौरान किसी भी काम में जल्द सफलता के योग बन सकते हैं।

       🌷आपका सदैव कल्याण हो।🌷

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::21 :: 12 :: 2024, शनिवार

आज का पंचांग:: 21 दिसम्बर 2024, शनिवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, मार्गशीर्ष मास, शुक्ल पक्ष, पौष मास की प्रविष्टा 7, उत्तरायण, दक्षिणगोल, शिशिर ऋतु, तिथि षष्ठी दोपहर 12:22 तक तदनन्तर सप्तमी, नक्षत्र पूर्वाफाल्गुनी, सूर्योदय 7:27 प्रातः, सूर्यास्त 5:25 सायं, राहुकाल प्रातः 9:00 से 10:30 तक, कल: सायन उत्तरायण प्रारम्भ, शिशिर ऋतु प्रारम्भ


आज :: 21 :: 12 :: 2024 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
कुछ अधूरे हुये काम आपको परेशान कर सकते हैं। ज्यादा चिन्ता करने से आपको अनिद्रा की समस्या हो सकती है। लेन-देन में थोड़ी सावधानी रखनी चाहिये। रिलेशनशिप को लेकर थोड़ी टेंशन में रहेंगे। सन्तान के करियर की परेशानी दूर हो सकती है।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
धार्मिक कार्यों में आप धन खर्च कर सकते हैं। सहकर्मियों की गतिविधियों पर आपको ध्यान देना चाहिये। व्यापार में वरिष्ठ लोगों की सलाह की अवज्ञा न करें। कार्यक्षेत्र में आपके ऊपर प्रदर्शन का दबाव रहेगा। अपने अधिकारों का दुरुपयोग न करें।



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
जीवनसाथी को खुश करने के लिये उपहार दे सकते हैं। धन-सम्पत्ति के मामलों में आप काफी भाग्यशाली रहेंगे। व्यापार में अपने सम्पर्कों का बेहतरीन उपयोग करेंगे। अच्छे लोगों की संगत आपके व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। अटके हुये कार्यों को आप पूरा करने का प्रयास कर सकते हैं।


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
मन में परोपकार की भावना रहेगी। रिश्तों को लेकर काफी परेशान हो सकते हैं। भौतिक भोग-विलासों का भरपूर आनन्द लेंगे। अपने कार्यों के लिये दूसरों पर निर्भर न रहें। विदेश यात्रों को लेकर आपको सावधानी रखनी चाहिये। घर में किसी कारण झगड़ा हो सकता है।



सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
व्यापारी वर्ग के लोगों को आज काफी लाभ होगा। मन में प्रसन्नता का भाव रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपकी नेतृत्व क्षमता में वृद्धि होगी। जल का सेवन पर्याप्त मात्रा में करें। दोस्तों के बीच आपकी साख मजबूत होगी।



कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
अपने लक्ष्यों से थोड़े भ्रमित हो सकते हैं। गलत लोगों की संगत से आपको दूर रहना चाहिये। कामुक विचारों के कारण आपका मन विचलित हो सकता है। अनावश्यक बहसबाजी न करें। जीवनसाथी के ऊपर गुस्सा करने से नुकसान होगा।




तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
नया व्यापार शुरू करने के लिये आप योजना बना सकते हैं। कार्यक्षेत्र में लोग आपके कार्यों की प्रशंसा करेंगे। शोध सम्बन्धी कार्यों में आप रुचि लेंगे। जॉब में बदलाव करने का विचार बनायेंगे। कार्यक्षेत्र में आपकी आय बढ़ सकती है।



वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
आज आप किसी रिश्तेदार के यहाँ जा सकते हैं। जॉब में आपका प्रदर्शन बेहतरीन रहने वाला है। छोटी-छोटी बातों को आप काफी गम्भीरता से लेंगे। बेरोजगार लोगों को जॉब मिल सकती है। मित्रों के साथ अच्छा समय व्यतीत करेंगे।


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आज किसी परिजन से अनबन हो सकती है। किन्तु दोस्तों के साथ चर्चा करने से आपका मन प्रसन्न हो जायेगा। नया मकान खरीदने को लेकर उत्साहित रहेंगे। लम्बी दूरी की यात्रा का आनन्द ले सकते हैं। वरिष्ठ अधिकारी आपसे कुछ सवाल-जवाब कर सकते हैं।


मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा,खो,गा,गी)
व्यापार में शॉर्टकट के चक्कर में नुकसान हो सकता है। दूसरों की भावनाओं का अनादर न करें। बात-बात में चिड़चिड़ापन आपके लिये खतरनाक हो सकता है। उच्च रक्तचाप के रोगियों की समस्या बढ़ सकती है। कमजोरी की वजह से पैर में दर्द की शिकायत होगी।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
अपनी कार्यशैली में सुधार करने का प्रयत्न करें। पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। रियल एस्टेट से जुड़े बड़े सौदे हो सकते हैं। सभी कार्य सुचारू रूप से पूरे होते जायेंगे। महत्वपूर्ण निर्णय सोच-समझकर लें। सामाजिक कार्यों में आप काफी सक्रिय रहेंगे।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
शत्रु पक्ष से आपको सावधान रहना चाहिये। ऑफिस में आपको कुछ तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। आपको कोई बड़ा निर्णय अचानक लेना पड़ सकता है। धन प्राप्ति के नये स्रोत निर्मित हो सकते हैं। वैवाहिक जीवन काफी सुखद रहेगा।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷

शुक्रवार, 20 दिसंबर 2024

पारा मेडिकल परीक्षा में सफलता हासिल की छात्राओं को विधायक डॉ मंजू के हाथों किया गया सम्मानित

गिरिडीह(GIRIDIH)। जिले के जमुआ प्रखंड के हरला दुम्मा रोड में स्थित विद्याकुलम ट्यूटोरियल्स में शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि जमुआ विधायक डॉ मंजू कुमारी शामिल हुई।

सम्मान समारोह कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ मंजू ने विद्याकुलम ट्यूटोरियल की दो छात्राओं जमुआ प्रखंड के दुम्मा और बाटी की निवासी क्रमशः ज्योति भारती और नीलम भारती को एप्रोन पहना और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। बता दें कि इन दोनों छात्राओं ने इंटर की पढ़ाई विद्याकुलम ट्यूटोरियल से किया। दोनों ही मध्यम वर्गीय परिवार से सम्बंध रखती है और अपनी मेहनत के दम पर दोनों ने पारा मेडिकल परीक्षा में सफलता हासिल की और अब दोनों का नामांकन पारा मेडिकल कॉलेज रिम्स में  हुआ है। मौके पर विधायक ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं कार्यक्रम के दौरान कई शिक्षकों व छात्र छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।



मौके पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए जमुआ विधायक डॉ मंजू कुमारी ने कहा कि जमुआ में पहले इस तरह के संस्थान का घोर अभाव था। लेकिन अब इस तरह के संस्थान जमुआ में स्थापित होने से अब यहां के छात्र छात्राओं को कहीं बाहर जाकर उच्च शिक्षा ग्रहण नही करनी पड़ती है। उन्होंने संस्थान के संचालक को साधुवाद दी।

इस कार्यक्रम में निदेशक मंजूषा कुमारी समेत सभी शिक्षक शिक्षिकाएं व अध्ययनरत छात्र छात्राओं के अलावे जमुआ के वरिष्ठ पत्रकार सुधीर सिन्हा, शिक्षक दीपक कुमार, रामलखन यादव, शिवशंकर यादव, प्रदीप अकेला, बैजनाथ मण्डल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

फिर विवादों में घिरी पचम्बा पुलिस, पचम्बा पुलिस पर लगा बर्बरता का आरोप

गिरिडीह(GIRIDIH)। पचम्बा थाना की पुलिस एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इस बार पचम्बा पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगा है। बता दें कि पचम्बा थाना की पुलिस ने चोरी की बाइक रखने के आरोप में थाना क्षेत्र के करहरबारी निवासी प्रेम कुमार पासवान नामक एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। लेकिन पुलिस कस्टडी में युवक की इस हद तक तबियत बिगड़ गयी और उसे इलाज हेतु सदर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। लेकिन युवक की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और अंततः सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने उस युवक को  बेहतर इलाज हेतु रांची रेफर कर दिया।


पुलिस कस्टडी में युवक तबियत बिगड़ने पर परिजनों का आरोप है कि थाने में उसके साथ बर्बरता पूर्वक मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।  हालांकि पचम्बा पुलिस ने युवक के साथ मारपीट के आरोप को पूरी तरह से गलत बता रही है।


पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने मारपीट के आरोप को पूरी तरह से खारिज करते हुए इसेवबेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि प्रेम को हिरासत में लेने के बाद उसकी बहन के समक्ष ही उससे पूछताछ हुई है। पूछताछ के दौरान ही प्रेम को मिर्गी का दौरा पड़ा, और उसे इलाज हेतु सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद लगातार निगरानी रखी गई। 


थाना प्रभारी ने मारपीट के आरोप को झूठा बताते हुए उल्टा युवक के परिजनों पर पुलिस का वाहन घेरने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब पुलिस प्रेम को पकड़ने गई तो उन लोगों ने ही पुलिस के वाहन को ही घेर लिया था। बहरहाल मामले की गम्भीरता को देखते हुए विभाग के वरीय अधिकारियों ने इसमे हस्तक्षेप करते हुए इलाजरत युवक के परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

मजदूर नेता,शिक्षाविद व मानवाधिकार कार्यकर्ता स्वर्गीय रामचंद्र मिश्रा की मनायी गयी 13वीं पुण्यतिथि

गिरिडीह (GIRIDIH)। राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक) के बैनर तले मजदूर नेता, शिक्षाविद, मानवाधिकार कार्यकर्ता स्वर्गीय रामचंद्र मिश्रा की 13वी पुण्यतिथि सीसीएल के ओपन कास्ट खदान के पास खेल मैदान में मनाई गई। कार्यक्रम का संचालन असंगठित इंटक के अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य मनोज दास ने एवं अध्यक्षता राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा ने की। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्वर्गीय रामचंद्र मिश्रा के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देकर किया गया।

मौके पर असंगठित इंटक के अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य मनोज दास ने स्वर्गीय मिश्र के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने श्रमिक राजनीति की शुरुआत राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के संस्थापक पूर्व मुख्यमंत्री बिंदेश्वरी दुबे के संसर्ग में आकर किये थे। बाद में इंटक की माइका यूनियन को उन्होंने काफी आगे बढ़ाया था। वहीं रमेश झा उर्फ रामू झा ने बताया कि जब स्वर्गीय बिंदेश्वरी दुबे मुख्यमंत्री थे तब श्री मिश्र ने उनके सहयोग से चिलगा समेत सुदूरवर्ती इलाकों में स्कूल खुलवाया था। उन्होंने जेल के कैदियों के बीच भी शिक्षा का अलख जगाने का कार्य किया था। 

जबकि कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव सह युवा इंटक के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा ने कहा कि स्वर्गीय मिश्र ने पारा शिक्षक के साथ संकुल साधन सेवी एवं प्रखंड साधन सेवी की लड़ाई भी सर्व शिक्षा अभियान में लड़ी थी। उन्होंने बीआरपी, सीआरपी महासंघ का गठन किया था। कहा कि स्वर्गीय मिश्र ने पूर्व सांसद स्वर्गीय चप्पलेंदु भट्टाचार्य के संसर्ग में आकर युवा कांग्रेस की राजनीति में भाग लिया था। उन्होंने स्वर्गीय मिश्र की तरह इमानदारी की राह पर चलने और मजदूरों के लिए लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के उपाध्यक्ष मोहम्मद अख्तर, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के  सुरेश राय, पवन ठाकुर, फिरोज अंसारी, फैयाज अंसारी, सुरेश तूरी, अशोक दास, मुकेश दास, धनराज दास, राहुल राय, दिलीप राणा, प्रकाश दास आदि लोग मौजूद थे।

डुमरी में खलिहान में सो रहे माँ बेटे की जलकर हुई दर्दनाक मौत

विधायक जयराम महतो ने प्रशासन से मृतक के परिजन को 4- 4 लाख की मुआवजा राशि और खलिहान में हुए नुकसान की क्षतिपूर्ती करने को कहा

गिरिडीह (GIRIDIH)। जिले के डुमरी प्रखंड क्षेत्र छछन्दो पंचायत अंतर्गत जोभी गांव के जिलिमटांड में हृदय विदारक घटना घटी है। घटना में मां और बेटे की एक साथ मौत हो गई है।


घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात जिलिमटांड़ निवासी सोमरा मुर्मू की पत्नी नूनिया देवी अपने 12 वर्षीय पुत्र बाबूचंद मुर्मू के साथ खलिहान में बने कुंभे में सो रही थी। इसके पूर्व काफी ठंड होने के कारण उन्होंने खलिहान में लकड़ी का एक बूटा में आग लगा आग तापा और सो गये। देर रात गये लकड़ी में लगी आग धीरे धीरे सुलग गई और खलिहान में रखे पुआल में पकड़ ली। देखते ही देखते  पूरे खलिहान में आग की लपटे फैल गई और उस स्थान तक जा पहुंची जहां मां और बेटे सोए हुए थे। आग इतनी भयावह थी कि कुंभे में सोये दोनों माँ बेटे की जलकर मौत हो गयी।

मृतका नूनिया देवी के पति सोमरा मुर्मू ने बताया कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो उन्हें पहले गांव के लोगों को और फिर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जन्ननाथ पाल सदल बल मौके पर पहुंचे और दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।


 थाना प्रभारी ने बताया कि जानकारी मिली है कि मां और बेटा दोनो खलिहान में बने कुम्भे में सोने गए थे। खलिहान में उन्होंने एक लकड़ी के बोटा में आग लगाई थी। उसी लकड़ी के कारण पूरे खलिहान ने आग लगी और जलने से दोनों की मौत हुई है। कहा कि आगे जांच की जा रही है।


इधर घटना की सूचना मिलते ही डुमरी विधायक जयराम महतो गांव पहुंच मृतक के परिजनों से मुलाकात की और ढांढस बंधाया। विधायक जयराम ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों से मृतक के परिजनों को चार - चार लाख का मुआवजा राशि देने और खलिहान में हुए क्षतिपूर्ति की भी भरपाई करने को कहा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर दर्ज केस के विरोध में प्रदर्शन

गिरिडीह (GIRIDIH)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खरगे तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के विरोध में शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर के जेपी  चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ  'इस्तीफा दो- इस्तीफा दो' के नारे  लगाते रहे।  

इस दौरान भारत रत्न डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के बारे में गृहमंत्री द्वारा आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कांग्रेसी भाजपा के हर मुकाबले को तैयार है। केंद्र सरकार बौखलाहट में तानाशाही पर उतर आई है।  कहा कि संसद में भाजपा सांसदों द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के और विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य सांसदों के साथ दुर्व्यवहार करके नीचता का परिचय दिया हैं। हताशा में उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज की है। भाजपा की यह कार्रवाई न केवल व्यक्तिगत नेताओं पर बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है। कांग्रेस पार्टी लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहेगी, जब तक गृह मंत्री माफी और इस्तीफा नहीं देंगे। कहा कि यह गृह मंत्री द्वारा भीमराव अंबेडकर के बारे में बेहद आपतजनिक टिप्पणी से ध्यान हटाने का भाजपा का प्रयास है।

कार्यक्रम मे कार्यकारी जिला अध्यक्ष सतीश केडिया, नरेश वर्मा, ऋषिकेश मिश्रा, अशोक विश्वकर्मा,  साबिर आलम,  वरुण कुमार सिंह, पोरेशनाथ मित्रा,मदन लाल विश्वकर्मा, योगेश्वर महत्ता, मंजूर अंसारी, दिनेश विश्वकर्मा, सीताराम पासवान, नरेश पाठक, मोतीलाल शास्त्री, सिकंदर, गुलाम, राजेश तुरी, इरफान, सुलेमान अख्तर, पंकज सागर सहित कई लोग मौजूद थे।

अंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के विरुद्घ झामुमो किया गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन

अंबेडकर पर अपमानजनक टिप्पणी भाजपा के सामंतवादी सोच का परिचायक : संजय सिंह


गिरिडीह (GIRIDIH(।  झारखंड मुक्ति मोर्चा ने शुक्रवार को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संदर्भ में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में जेपी चौक पर पुतला दहन किया। इसके पूर्व पार्टी कार्यालय से जुलूस के शक्ल में निकले पार्टी कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गृह मंत्री से इस्तीफा की मांग की 

वहीं गगनभेदी नारे के बीच जेपी चौक पर गृह मंत्री का पुतला दहन करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि अंबेडकर पर गृहमंत्री द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणी भाजपा के सामंतवादी सोच का परिचायक है। गृह मंत्री की टिप्पणी ने बाबा साहेब अंबेडकर समर्थकों के दिलों को आहत किया है। इसकी जितनी भी निंदा की जाय कम होगी। उन्होंने देश के आम जनों से दलित व किसानों से नफरत करने वालों का बहिष्कार करने की अपील की।

कहा कि अमित शाह की टिप्पणी देश व समाज को बांटने का काम करेगी। कहा कि झारखंड के विधानसभा चुनाव में भी भाजपाइयों की सोच और बोल ने समाज को बांटने का प्रयास किया, पर यहां के मतदाताओं ने भाजपा को करारा जवाब दिया। सिंह ने कहा कि ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए। 

इस पुतला दहन कार्यक्रम में कृष्ण मुरारी शर्मा, शाहनवाज अंसारी, दिलीप रजक, राकेश रंजन, राकेश सिंह रॉकी, सुमन सिन्हा, अभय सिंह सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।