मंगलवार, 16 अप्रैल 2019

अन्नपूर्णा देवी ने किया नामांकन, सभा में विपक्ष पर बरसे मुख्यमंत्री रघुवर

कोडरमा : भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने किया नामांकन


गिरिडीह : कोडरमा से भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने अपना नामांकन का पर्चा मंगलवार को दाखिल कर दिया। गिरिडीह समाहरणालय में स्थित कोडरमा निर्वाची पदाधिकारी सह गिरिडीह उपायुक्त के कार्यालय में उन्होंने अपना नामांकन का पर्चा जमा किया। नामांकन के दौरान उनके साथ कोडरमा के निवर्तमान सांसद रवीन्द्र राय, जमुआ विधायक केदार हाजरा और भाजपा नेता प्रणव वर्मा मौजूद थे।

किया रोड शो , दिखायी ताक़त


 नामांकन से पहले पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रोड शो करते हुए अन्नपूर्णा देवी अपना नामांकन दाखिल करने गिरिडीह पहुंचीं। उनके काफिले में गांडेय विधायक जयप्रकाश वर्मा, जमुआ विधायक केदार हाजरा, कोडरमा विधायक सह शिक्षा मंत्री नीरा यादव, कोडरमा जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो और गिरिडीह विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी भी शामिल दिखे।

झंडा मैदान में सभा, पहुंचे मुख्यमंत्री रघुवर


नामांकन से ठीक पहले झण्डा मैदान में सीएम रघुवर दास के साथ अन्नपूर्णा देवी ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश को बदलने वाला है। स्थिर सरकार चुनकर आतंकवाद को खत्म करने का चुनाव है. पीएम ने देश का सर्वांगीण विकास किया है।आज देश मे काम बोल रहा है।
आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई हैं। कांग्रेस ने देश में वंशवाद की राजनीति शुरू की। कॉंग्रेस देश को जागीर समझता है।

लोकतंत्र के कारण एक गरीब का बेटा पीएम बना है।  सेना ने पुलवामा कांड का बदला लिया। 12वी से पहले पीएम नरेंद्र मोदी की इच्छशक्ति के कारण भारतीय सेना से ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों को चुनचुन कर मारा। कहा कि महागठबंधन केवल मोदी को हटाने के लिए है। सेना पर उंगली उठाने वाले कांग्रेस, राजद व विपक्षी पार्टी को 6 मई को वोट देकर जबाब दे।

जिला कमेटी ने किया तलवार भेंट


स्थानीय झण्डा मैदान में आयोजित सभा में जिला भाजपा कमिटी की ओर से मुख्यमंत्री और अन्नपूर्णा देवी का पगड़ी और फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। कमिटी की ओर से दोनों को तलवार भी भेंट की गई। सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने लोगों से कोडरमा से भाजपा के पक्ष में मतदान करके अन्नपूर्णा देवी को भारी मतों से जिताने की अपील की। वंही अन्नपूर्णा देवी ने लोगों से अपने पक्ष में वोट का आशीर्वाद देने की मांग की।

सोमवार, 15 अप्रैल 2019

झामुमो नेता राजकिशोर राम की हृदयगति रुकने से निधन

झारखण्ड आंदोलन में सक्रिय रहे झामुमो नेता राजकिशोर राम का निधन

 गिरिडीह। झारखंड आंदोलनकारी सह झामुमो नेता राजकिशोर राम का सोमवार की शाम हृदयगति रूकने से निधन हो गया। वह विगत कई दिनों से बीमार चल रहे थे। दो दिन पूर्व उनकी तबीयत कुछ अधिक बिगड़ने के कारण उन्हें जीडी बगेड़िया हास्पिटल में  भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान आज शाम उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही रिश्तेदारों व करीबियों के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों के लोग काफ संख्या में अस्पताल पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। 


स्व० राम एक परिचय

स्व० राम झारखंड अलग राज्य की मांग को लेकर चलाये गये आंदोलन में काफी सक्रिय थे। वह लम्बे समय तक झामुमो के जिला सचिव और बाद में  केन्द्रीय समिति सदस्य के दायित्व का भी निर्वहन किया। उन्होंने तत्कालीन नगरपालिका में पचम्बा वार्ड के वार्ड आयुक्त भी रहे। वर्ष 2002 से 2017 तक अर्थात 15 वर्षी तक माहुरी समाज द्वारा संचालित सामाजिक संगठन माहुरी वैश्य महामंडल के केंद्रीय अध्यक्ष का दायित्व भी उन्होंने बखूबी सम्हाला। उनके कार्यकाल में समाज के उत्थान के लिए उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्य किये।

कई ने व्यक्त की शोक संवेदना

स्व० राम की मौत की खबर सुनने के बाद उनके जानने और चाहने वालों की भीड़ उनके पचंबा स्थित आवास पर जमा हो गई। जिसमे माहुरी वैश्य महामंडल के वर्तमान अध्यक्ष सुबोध प्रकाश, उपाध्यक्ष प्रकाश सेठ, राजेश सेठ, राजेंद्र तर्वे, रवि कपिसवे, महिला आयोग की सदस्य पूनम प्रकाश, सुशील कंधवे, उमाचरण पहाड़ी, रश्मि गुप्ता, मधुर चरनपहारी, शंकर गुप्ता, प्रदीप कुमार, मनीष विनायक, विक्की कुमार, परमानंद कंधवे, अशोक भदानी, पूनम गुप्ता, ब्रज किशोर गुप्ता, अनिल गुप्ता, राम रतन राम, मीना गुप्ता, कंचन गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल थे। जिन्होंने उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। वंही विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं और सामाजिक कार्यकताओं ने भी उनके निधन पर संवेदना व्यक्त किया और उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।



कोडरमा : बाबूलाल के नामांकन में यूपीए महागठबंधन ने दिखायी एकजुटता

झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने किया नामांकन

गिरिडीह। झाविमो सुप्रीमो सह यूपीए महागठबंधन के कोडरमा प्रत्याशी बाबूलाल मंराडी ने सोमवार को निर्वाची पदाधिकारी सह उपयुक्त गिरिडीह के समक्ष अपना नामांकन का पर्चा दाखिल किया। इस दौरान निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में बाबूलाल मंराडी के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार एवं झाविमो के केन्द्रीय उपाध्यक्ष डा सबा अहमद मुख्य रूप से मौजूद थे। जिनके साथ श्री मंराडी ने तीन सेटों में अपना नामांकन का पर्चा दाखिल किया।

कई दिग्गज हुए शामिल

वंही आज बाबूलाल मरांडी के नामांकन कार्यक्रम में यूपीए महागठबंधन की एकजुटता गिरिडीह में देखने को मिली। झाविमो सुप्रीमो के नामांकन में यूपीए घटक दल के प्रतिनिधि के रूप में झामुमो की ओर से जंहा पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे थे, वंही कांग्रेस के प्रतिनिधि के तौर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार, रांची के पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय, एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता डा सरफराज अहमद भी मौजूद थे। मौके पर झाविमो केन्द्रीय उपाध्यक्ष डा सबा अहमद के साथ घटक दलों के अन्य कई दिग्गज नेता भी मौजूद देखे गये।

एनडीए को हराना यूपीए का मकसद : हेमंत

नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि महागठबंधन की एकजुटता दिखाने के लिए ही हम सभी दल के नेता बाबूलाल जी के नामांकन में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यूपीए महागठबंधन का एकमात्र  मकसद एनडीए प्रत्याशी को पराजित करना है। कहा कि कोडरमा में महागठबंधन की जीत तय करने के लिए गठबंधन के सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। यह उसकी बानगी है। 

पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में एक जवान शहीद, तीन नक्सली ढेर

गिरिडीह में पुलिस- नक्‍सली मुठभेड़, एक जवान शहीद, तीन नक्‍सली ढेर



गिरिडीह : जिले के देवरी प्रखंड स्थित एक जंगल में नक्सलियों और सीआरपीएफ के बीच सोमवार को मुठभेड़ हुई।  इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ का एक जवान शहीद हो गया वहीं सीआरपीएफ ने तीन नक्‍सलि‍यों को ढेर कर दिया है। यह मुठभेड़ देवरी प्रखण्ड अंतर्गत भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के धरपहरि गांव के (भथुआपुरा जंगल) में हुई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बथुआपुरा जंगल में नक्सलियों का एक जत्था की किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की नियत से बैठक कर रहे हैं। इस सूचना के आलोक में  पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

ज्योंहि नक्सलियों की नजर पुलिस पर पड़ी नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई करते हुई पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। जिसमें सीआरपीएफ का एक जवान शहीद हो गया जबकि तीन नक्सली भी ढेर हो गए।

 मारे गए तीनों नक्सली गिरिडीह जमुई के हार्डकोर माओवादी सिद्धू कोड़ा दस्ते के सदस्य बताये जाते है। जिनकी पहचान की जा रही है। तीनों के शव पुलिस ने बरामद कर लिये गये हैं। मुठभेड़ के बाद जान बचाकर भागे नक्सली घटनास्थल पर ही भारी मात्रा में असलहा विस्फोटक छोड़कर फरार हो गए। जिनमे एक एके-47 राइफल, तीन मैग्जीन और चार पाइप बम पुलिस ने बरामद कर लिया है।

सूचना मिलने के बाद गिरिडीह के एसपी सुरेंद्र कुमार झा, सीआरपीएफ के अनिल भारद्वाज, एसएसपी दीपक कुमार समेत कई पुलिस जवान घटनास्थल पर पहुंच गये हैँ। 

रविवार, 14 अप्रैल 2019

डीएसपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

नाबालिग से अश्लील हरकत करने के आरोप में डीएसपी गिरफ्तार

 
धनबाद: 12 वर्षीय नाबालिक लड़की के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में दुमका डीआईजी ऑफिस में डीएसपी एडमिन के पद पर पदस्थापित सुरेश प्रसाद पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और डीएसपी सुरेश पासवान को आज जेल भेज दिया जाएगा। 

डीएसपी के द्वारा किए गए अश्लील हरकत की शिकायत नाबालिग ने सरायढेला थाने में की थी। लडकी के आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी डीएसपी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है मामला :-

जानकारी के अनुसार नाबालिक लड़की ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। सरायढेला थाना मोड़ के पास डीएसपी सुरेश पासवान उसे मिला। उसने छात्रा से हालचाल पूछा और नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकत करने लगा। जब नाबालिग ने विरोध किया तो सुरेश ने धमकी दी कि इस घटना के संबंध में किसी से कुछ नहीं कहना, वरना बुरे परिणाम भुगतने होंगे।

परिजनों को दी घटना की जानकारी:-

 स्कूल से घर लौटकर नाबालिग घर मे बैठ कर रो रही थी उसकी मां ने जब उससे पूछी तो उसने अपने साथ हुए घटना की जानकारी अपनी मां को बतायी। जिसके बाद नाबालिग लड़की के परिजनों ने शुक्रवार की रात में ही मामले की लिखित शिकायत सरायढेला थाने में की थी।

त्वरित कार्रवाई :-

 शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी डीएसपी को थाने बुलाया गया। लेकिन डीएसपी ने बाहर होने के बात कह मामले को टाल गया। शनिवार को डीएसपी को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

1984 बैच का दारोगा हैं डीएसपी सुरेश पासवान:-

मिली जानकारी के अनुसार  सुरेश प्रसाद पासवान 1984 बैच का दारोगा है। राज्य अलग होने के बाद कैडर विभाजन में वह झारखंड आया। प्रमोशन पाकर इंस्पेक्टर बना। 25 मई 2015 को सुरेश को प्रमोट कर डीएसपी बनाया गया था। आईआरबी-2 मुसाबनी से इसी साल 28 फरवरी को सुरेश प्रसाद का तबादला दुमका डीआईजी कार्यालय किया गया था। वह परिवार के साथ धनबाद में ही जगजीवन नगर डाक्टर कॉलोनी स्थित बीसीसीएल क्वार्टर में रहता है।

 भेजा गया जेल :-

मामले की पुष्टि करते हुए धनबाद एसएसपी कौशल किशोर ने बताया कि आरोपी डीएसपी को गिरफ्तार कर लिया गया है उसे आज जेल भेज दिया जाएगा।

संविधान पर हमला करने वालों के खिलाफ चोट करें, अभी है माकूल वक्त : माले

भाकपा माले ने दी डॉ भीमराव अंबेडकर की 128 वीं जयंती पर श्रधांजलि

संविधान पर हमला करने वालों के खिलाफ अभी निर्णायक चोट करने का वक्त : माले
 गिरिडीह :भाकपा माले नेताओं ने गिरिडीह अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर उनके 128 वीं जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दिया। 

 मौके पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए माले के राज्य कमेटी सदस्य राजेश यादव एवं जिप सदस्य मनोवर हसन बंटी ने कहा कि देश के दबे-कुचले तथा हर तबके के लोगों को भारत के संविधान में जो बराबरी का दर्जा हासिल है उसे फासिस्टवादी शक्तियां खत्म कर मनुवाद पर आधारित संविधान थोपने की जो साजिश कर रही है। नेता द्वय ने कहा कि संविधान पर हमला करने वालों के खिलाफ अभी निर्णायक चोट करने का वक्त आ गया है।
कहा कि बाबा साहब ने शिक्षित, संगठित होकर अपने हक-अधिकारों के लिए संघर्ष करने का जो रास्ता अभिवंचित वर्ग के लोगों को दिखाया था, उसके ठीक विपरीत मौजूदा सरकार की नीतियों से वह वर्ग शिक्षा समेत अपने तमाम अधिकारों से वंचित होता जा रहा है।

 कहा कि आम लोगों को उनके सवालों से भटका कर यह सरकार उन्हें गैरजरूरी सवालों पर उलझाने हर रोज साजिशें कर रही हैं जिससे सचेत रहने की जरूरत है।
 इस श्रधांजलि सभा के मौके पर वहां बड़ी तादाद में भाकपा माले से जुड़े लोग मौजूद थे।


शनिवार, 13 अप्रैल 2019

वरिष्ठ महिला अधिवक्ता कंचनमाला का हुआ निधन

गिरिडीह की वरिष्ठ महिला अधिवक्ता कंचनमाला का आकस्मिक निधन

गिरिडीह : जिला अधिवक्ता संघ की पूर्व सचिव सह जिले की वरिष्ठ महिला अधिवक्ता कंचनमाला का आज दोपहर बाद कोलकाता में इलाज के दौरान मौत हो गयी। वह न केवल तेज़ तर्रार और बेबाक महिला अधिवक्ता थी बल्कि सर्वसमाज की चहेती अधिवक्ता भी थी। उनके आकस्मिक निधन से पुरे शहर में शोक की लहर दौड़ गयी है। 

पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़ वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं और कोलकाता में उनका इलाज चल रहा था। कोलकाता के एक अस्पताल में उनका गॉल ब्लैडर का ऑपरेशन हुआ था। लेकिन आपरेशन के बाद उन्हें होश नहीं आया और आज दोपहर बाद उन्होंने अस्पताल में ही दम तोड़ दी।

विदित हो कि तेज़ तर्रार और निर्भीक व्यक्तित्व की स्वामिनी कंचन माला गिरिडीह जिला अधिवक्ता संघ को लगातार दो बार सचिव रहीं। उनके कार्यकाल में जिला अधिवक्ता संघ को एक अलग ही पहचान मिली थी।

 गिरिडीह के जाने माने अधिवक्ता रहे स्व विद्या शंकर सहाय की दो पुत्रियों में बड़ी कंचनमाला अपने पिता के ही पदचिन्हों पर चल गिरिडीह में वकालत शुरू की तो उनकी छोटी बहन जया धनबाद अधिवक्ता संघ से जुड़ कर धनबाद बार में प्रेक्टिस कर रही हैं। अधिवक्ता कंचनमाला के पति गिरिडीह के जाने माने मवेशी चिकित्सक हैं वंही उनकी छोटी बहन अधिवक्ता जया के पति भी धनबाद के नामचीन हड्डीरोग विशेषज्ञ चिकित्सकों में शामिल हैं। वह पीएमसीएच धनबाद में पद्स्थापित हैं साथ ही उनका गोविंदपुर में अपना निजी नसिंग होम "जसलोक" संचालित है।

कंचन माला के आकस्मिक निधन से उनके परिजनों के साथ साथ तमाम जानने वाले और अधिवक्तागण शोकाकुल हैं। बताया जाता है कि उनका पार्थिव शारीर देर रात गिरिडीह के शास्त्रीनगर स्थित उनके आवास पर पहुंचेगा।

गुरुवार, 11 अप्रैल 2019

खुलासा : शाहिद ने खुद ही मार ली थी अपनी कनपटी में गोली

वासेपुर घटना का खुलासा : शाहिद ने खुद मारी थी गोली, नहीं हुआ था कोई हमला


धनबाद के वासेपुर नवीनगर निवासी सैय्यद शाहिद पर कोई आपराधिक हमला नही हुआ था। बल्कि उसने खुद ही खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिस की थी। इस बात का खुलासा पुलिस जांच के दौरान हुई है। पुलिस ने शाहिद के घर से उक्त रिवाल्वर को भी बरामद कर लिया है, जिससे शाहिद ने खुद को गोली मारी थी।

पुलिस के अनुसार शाहिद के परिवार वालों ने जांच के क्रम में इस बात का भी खुलासा किया कि शाहिद का प्रेम प्रसंग एक युवती से था। आज अहले सुबह चार बजे वह घर से बाहर निकला फिर आचानक गली में गोली चलने की आवाज हुई। जब घर के लोग बाहर निकले तो देखा शाहिद खून से लथपथ पड़ा था। परिवार वालों ने पहले उसके रिवाल्वर को घर में छिपाया और उसे गायलावस्था में सेंट्रल हॉस्पिटल ले गए। जंहा से उसे बेहतर इलाज़ हेतु दुर्गापुर रेफर कर दिया गया।

इस बीच पुलिस ने उक्त युवती से भी सम्पर्क किया जिससे शाहिद का प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने बताया कि कल रात शाहिद उससे मिला था। वह मरने की बात कर रहा था। और , आज तड़के उसने खुद को गोली मार लिया। 

बहरहाल पुलिस अब भी मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इस बीच शाहिद की हालत अब भी चिंता जनक बनी हुई है। उसके कनपटी में गोली लगी है जिस कारण काफी खून बह गया है।

भोजपुरी एक्ट्रेस का धनबाद के युवक ने किया यौन शोषण

भोजपुरी की एक्ट्रेस को युवक ने पहले प्रेम जाल में फंसाया, फिर किया यौन शोषण, पुलिस जुटी जांच में 




भोजपुरी एल्बम की एक अदाकारा ने धनबाद के गोधर निवासी विक्रम रवानी नामक युवक पर शादी का झांसे दे यौन प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इस बावत उक्त अदाकारा ने धनबाद के बैंक मोड़ थाने में उसके विरुद्ध मामला दर्ज़ कराया है। पीड़िता द्वारा लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।

पुलिस को दिये आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि वह मूलतः सिलीगुडी की निवासी है। डेढ़ वर्ष पूर्व एक भोजपुरी एलबम में काम करने के दौरान उनकी मुलाकात विक्रम रवानी से हुई थी। विक्रम ने पहले उसे प्रेम जाल में फंसाया फिर शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया।

अब जब पीडि़ता शादी की बात करती हैं तो आरोपी बिक्रम न केवल टाल मटोल कर रहा है बल्कि पीड़िता के साथ गाली गलौज और अभद्र व्यवहार तक करने पर उतारू हैं। हर तरफ से हार चुकी पीड़िता ने अंत में न्याय के लिए पुलिस का सहारा लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्यवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। 

कोडरमा : माले प्रत्याशी राजकुमार ने किया नामांकन

भाकपा माले प्रत्याशी राजकुमार यादव ने किया नामांकन

गिरिडीह: कोडरमा लोकसभा संसदीय सीट के लिए गुरुवार को भाकपा माले प्रत्याशी सह धनवार विधायक राजकुमार यादव ने अपना नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। उन्होंने मुख्य निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त गिरिडीह राजेश पाठक को अपना नामांकन प्रपत्र सौंपा। इस मौके पर उनके साथ बतौर प्रस्तावक निरसा विधायक अरूप चटर्जी और समर्थक के रूप में पूर्व विधायक बिनोद सिंह, राजेश यादव, राजेश सिन्हा व जयंती चौधरी मौजूद थीं।

इसके पूर्व माले के हजारो कार्यकता गिरिडीह के झंडा मैदान में उपस्थित हुए और एक जुलुस की शक्ल में समाहरणालय पहुंचे। जंहा पूर्व से तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस के जवानों ने सभी समर्थकों को समाहरणालय के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। बाद में प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक व समर्थक  को दण्डाधिकारी ने अंदर प्रवेश की अनुमति दी।

मुख्य निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त गिरिडीह को कोडरमा के माले प्रत्याशी ने अपर समाहर्ता और अनुमण्डल पदाधिकारी की मौजूदगी में अपने नामाकन का प्रपत्र मात्र एक ही सेट में सौंपा। पूरी प्रक्रिया पूर्ण कर  समाहरणालय से निकल कर उनका काफिल एक बार पुनः झंडा मैदान पहुंचा जंहा एक महती जनसभा का आयोजन किया गया। जिसे निरसा में मासस विधायक अरूप चटर्जी, बगोदर के पूर्व माले विधायक बिनोद सिंह व धनवार विधायक सह माले के कोडरमा प्रत्याशी राजकुमार यादव समेत अन्य लोगों ने सम्बोधित किया।

धनबाद के वासेपुर में फिर गूंजा गोलियों की तड़तड़ाहट

धनबाद के वासेपुर में फिर चली गोली, जमीन कारोबारी गम्भीर


धनबाद का वासेपुर एक बार फिर से गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा।  गुरूवार अहले सुबह कतिपय अपराधियों ने जमीन कारोबारी सैय्यद शाहिद हुसैन को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गये। आनन फानन में उन्हें इलाज हेतु धनबाद के सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। लेकिन स्थिति को गम्भीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज़ हेतु दुर्गापुर मिशन हॉस्पिटल रेफर कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना अहले सुबह 5 बजे की है। अपराधियों ने जमीन कारोबारी शाहिद को घर से आरा मोड़ के पास बुलाया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी। अहले सुबह हुई इस गोलीबारी से पुरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। गोलियों की आवाज सुन लोग अपने घरों से बाहर निकले और घटना स्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक अपराधी घटना स्थल से फरार हो चुके थे। लोगों ने घायल शाहिद को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें दुर्गापुर स्थाई मिशन हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि शाहिद की स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं इस घटना के बाद पुलिस ने वासेपुर में गश्त बढ़ा दिया है। साथ ही इस गोलीबारी कांड की जांच कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

बुधवार, 10 अप्रैल 2019

अवैध सम्बन्ध में युवक की निर्मम हत्या

अवैध सम्बन्ध में हुई प्लांटकर्मी युवक राजू वर्मा की हत्या



गिरिडीह :मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के राउतगादी में सड़क किनारे एक युवक की लाश मिलने से पुरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। मृतक युवक की पहचान प्लांटकर्मी राजू वर्मा के रूप में की गयी।सुचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस सह मुफ्फसिल थाना प्रभारी नाथुसिंह मीणा सदल बल घटना स्थल पर पहुंचे और मिट्टी से सने सड़क किनारे पड़े शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज मामले की जांच पड़ताल में जुट गये।

जाँच के क्रम में पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक़ मृतक युवक मंगलवार की दोपहर से ही घर से गायब था। उसका एक महिला के साथ अवैध सम्बन्ध था। समझा जाता है कि वही अवैध सम्बन्ध ही उसकी हत्या का कारण बना है। पुलिस ने तत्काल इस मामले में सन्देह के आधार पर दो महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमे मृतक के एक दोस्त जितेंद्र तूरी और एक अन्य व्यक्ति शामिल है।

पुलिस ने मृतक के भाई मिथिलेश वर्मा की शिकायत पर हत्या सम्बन्धी एक मामला अंकित कर मामले की जांच में जुटी है। इस बीच पुलिस सूत्रों से मिली सुचना के अनुसार पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए सभी चारों हत्या के बावत सारी बाते कबूल ली है।

छह लाख का नकली विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार

6 लाख मूल्य के नकली विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार



धनबाद : लोकसभा चुनाव के मद्दे नजर धनबाद जिले की पुलिस काफी मुस्तैद हो गयी है। इसी क्रम बरवाअड्डा पुलिस की भी सक्रियता को नकारा नहीं जा सकता। बरवाअड्डा पुलिस ने दो सप्ताह के भीतर लगातार दूसरी बार नक्सल प्रभावित क्षेत्र गोरगा से भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब जब्‍त किया है। इस सिलसिले में पुलिस एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है।

पुलिस द्वारा की गयी छापेमारी में 79 कार्टून नकली विदेशी शराब जब्त की गयी है। जिसकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है।

बताया जाता है कि एक टाटा 407 वाहन से खाली प्लास्टिक के बोरे से ढक कर इस नकली विदेशी शराब लो दूसरे जिले में भेजी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस वँहा पहुंची शराब के साथ साथ उक्त वाहन के चालक को भी दबोच लिया। गिरफ्तार वाहन चालक पुटकी निवासी अफजल खान बताया जाता है।

इस बावत डीएसपी सरिता मुर्मू ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल बरमसिया निवासी अनुज कुमार उर्फ लालु एवम रंजीत कुमार के ऊपर एफआईआर दर्ज किया गया है। ये दोनों कारोबारी पिछले कई सालों से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े हुए हैं और इस सिलसिले में पूर्व में भी जेल की हवा भी खा चुके हैं।

चतरा बना हॉट सीट, बागी हुये भाजपा नेता, लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव

भाजपा के राजेन्द्र साहू हुये बागी, लड़ेंगे चतरा से निर्दलीय चुनाव 

चतरा: चतरा संसदीय सीट एनडीए और यूपीए दोनों के लिए सिरदर्द बन गया है। इस सीट को लेकर यूपीए में जंहा पहले ही दरार पड़ चुकी है। वंही अब भाजपा में भी नेता बागी हो गए हैं। लातेहार जिले के दिग्गज भाजपा नेता सह लातेहार जिला परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू अब चतरा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि वे निर्दलीय नॉमिनेशन करेंगे। दरअसल, राजेंद्र प्रसाद साहू चतरा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ना चाह रहे थे। उनकी मांग थी कि चतरा संसदीय क्षेत्र से किसी स्थानीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया जाए। परंतु भाजपा के द्वारा निर्वतमान सांसद सुनील सिंह को फिर से अपना प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भाजपा में विरोध शुरू हो गया।

इसी बीच जिला परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र साहू ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर निर्णय लिया कि वह भाजपा के बागी उम्मीदवार के रूप में चतरा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। राजेंद्र साहू के निर्णय के बाद भाजपा में खलबली मच गई है।

बताते चलें कि राजेंद्र साहू भाजपा के व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक भी है और इन्हें मुख्यमंत्री रघुवर दास का करीबी भी माना जाता है। कांग्रेस और राजद दोनों दलों के चुनाव मैदान में उतरने के बाद जहां यूपीए गठबंधन में उपापोह की स्थिति बनी हुई थी। ठीक उसी प्रकार राजेन्द्र साहू के बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद भाजपा की भी परेशानी बढ़ गई है।

सांसद रामटहल चौधरी ने दिया भाजपा से इस्तिफा, निर्दलीय लड़ेंगें चुनाव

सांसद रामटहल चौधरी ने दिया भाजपा से इस्तीफा

**लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव

**करेंगे 16 अप्रैल को नामांकन

राँची के सांसद रामटहल चौधरी ने बुधवार को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तिफा दे दिया। इस आशय से सम्बंधित उन्होंने एक पत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा को प्रेषित किया है। जिसमे उन्होने यह स्पष्ट किया है कि वह जनसंघ काल से भाजपा के एक सच्चे सिपाही बने रह कर उसके हर नीति सिद्धांतों का पालन किया। लेकिन आसन्न चुनाव में उन्हें अधिक उम्र दराज करार देकर टीकट नहीं दिया गया। अतः वह भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तिफा दे रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने प्रेस को भी सम्बोधित करते हुए अपने इस्तिफा की जानकारी को सार्वजनिक किया। प्रेस वार्ता के दौरान सांसद श्री चौधरी ने सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास के ऊपर जमकर भड़ास निकालते हुए उन्हें झारखंड विरोधी बताया। कहा कि वह हमेशा झारखंड हित के मामलों में मुखर रहे जो पार्टी और मुख्यमंत्री दोनों को ही आगवार गुजरा। 
कहा कि उन्हें झारखण्ड हित में मुखर होने के कारण ही पार्टी ने उन्हें दरकिनार किया। 

कहा कि वह पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे लेकिन वर्तमान में पार्टी ने उन्हें सम्मान के योग्य नहीं माना इसलिए वह आज से ही पार्टी के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह निश्चित रूप से आसन्न लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि वह अगामी 16 अप्रैल को रांची लोकसभा से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे और जनता के बीच अपना दावेदारी पेश करेंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने की लालू यादव की जमानत याचिका खारिज

लालू को नहीं मिली जमानत, सुप्रीम कोर्ट ने की जमानत याचिका खारिज 


सुप्रीम ,कोर्ट ने चारा घोटाले में रांची की जेल में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। अब लालू यादव को लोकसभा चुनाव के दौरान जेल में ही रहना होगा। लालू ने स्वास्थ्य के आधार पर बेल की मांग की थी, फिलहाल रांची के रिम्स में उनका इलाज चल रहा है।

मंगलवार को इस मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। चारा घोटाला मामले में दोषी करार दिए गए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की जमानत अर्जी का सीबीआई ने विरोध करते हुए कहा था कि उन्होंने सीएम रहते हुए अपने पद का काफी ज्यादा दुरुपयोग किया था।

उन्होंने इस मौके पर जमानत की मांग इसलिए की है ताकि अपने पॉलिटिकल गतिविधियों को आगे बढ़ाएं। सुप्रीम कोर्ट में लालू यादव की ओर से झारखंड हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी गई थी। हाई कोर्ट से जमानत अर्जी खारिज होने के बाद सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाई गई थी।

1980 के दशक के बाद बिहार के लोगों के लिए यह पहला चुनाव है जो बिना लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी में लड़ा जा रहा है। राष्ट्रीय जनता दल की कमान उनके हाथ में है, लेकिन दोनों बेटों में ही आपस में ही नहीं बन रही है। उनके बड़े बेटे तेज प्रताप ने राजद के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है और लालू राबड़ी मोर्चा बनाकर दो जगहों से उम्मीदवार उतारने की बात कर रहे हैं।

मंगलवार, 9 अप्रैल 2019

विक्षिप्त महिला की गला रेतकर हत्या

50 वर्षीय महिला की गला रेतकर कर हत्या, मामले के छानबीन में जुटी पुलिस

कांके में बंद बिजली बोर्ड के पुराना पावर हाउस में मिली महिला की लाश

राँची: कांके थाना क्षेत्र के बंद पड़े बिजली बोर्ड के पुराना पावर हाउस के अंदर 50 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला की पहचान सुकुरहुट्टू की रहने वाली जीतन के रूप में  की गई है। महिला का शव देखने से आशंका जताई जा रही कि हत्या करने से पहले उसके साथ गलत किया गया। उसके बाद उसकी गला रेत कर हत्या कर दी गई। हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।

 इधर उधर घूमते रहती थी महिला:-

मिली जानकारी के अनुसार सुकुरहुट्टू की रहने वाली मृतिका जीतन नाम की महिला अक्सर इधर उधर घूमते रहती थी बताया जा रहा है कि उसकी दिमागी हालत थोड़ा ठीक नहीं था। बुधवार को दोपहर स्थानीय लोगों ने बंद पड़े बिजली बोर्ड के पुराना पावर हाउस में महिला का शव देखा महिला का गला धारदार हथियार से काटा हुआ था। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।

 दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका:-

कांके थाना क्षेत्र के बंद पड़े बिजली बोर्ड के पुराना पावर हाउस के अंदर सुकुरहुट्टू की रहने वाली 50 वर्षीय महिला जीतन का शव को देखने के बाद ऐसी आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ पहले आरोपियों ने दुष्कर्म की घटना का अंजाम दिया फिर धारदार हथियार से गला रेत कर उसकी हत्या कर दी गई। दुष्कर्म के मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी मुख्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन में जुट गई है।

नहाय खाय के साथ चैती छठ पूजा शुरू

नहाय खाय के साथ चार दिवसीय लोकास्था का महापर्व चैती छठ पूजा शुरू


गिरिडीह: लोकआस्था का महापर्व चैती छठ पूजा का चार दिवसीय आयोजन आज नहाय खाय के साथ शुरू हुआ।
इस मौके पर मंगलवार को सुबह छठव्रतियों द्वारा पुरे विधिविधान के साथ पुरे घरों की साफ़ सफाई कर भोजन बनाया और भगवान सूर्य और माताछठी की उपासना कर उसे प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया। इस मौके कई छठव्रतियों के घर कद्दू की सब्जी और अरवा चावल का भात के अलावे चने की दाल बनाया गया। तो कई छठव्रतियों के घरों में विभिन्न प्रकार के भोजन पकाये गये। जिसमे पूड़ी सब्जी आदि भी शामिल थे।

यह प्रसाद छठव्रती के ग्रहण करने के उपरान्त घर के सभी सदस्यों के अलावे आस-पड़ोस के लोगों ने भी उक्त भोजन को प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया।

पर्व के दूसरे दिन यानि बुधवार को खरना का आयोजन होगा। जिसमे छठव्रती दिन भर का उपवास रख कर संध्या पहर मिष्टान भोजन जिसमे दूध और चीनी मिश्रित खीर और गुड़ का खीर आदि बनाकर पहले माँ छठी को भोग लगाएंगी और फिर स्वयं प्रसाद ग्रहण करेंगी। फिर यह प्रसाद सभी हित कुटुम्बों और आत्मीयजनों के बीच वितरित किया जायेगा।

वंही पर्व के तीसरे दिन यानि गुरुवार को अस्ताचल गामी सूर्य को अर्ध्य दिया जाएगा। जिसमे छठव्रती दिन और रात का अखण्ड और निर्जला उपवास करेंगी और शाम के वक्त डूबते सूर्य को अर्ध्य दिया जाएगा। जबकि पर्व के चौथे और अंतिम दिन अहले सुबह उगते सूर्य को अर्ध्य अर्पित कर छठव्रती इस पर्व का पारण करेंगी।

इस पर्व के मौके पर अर्ध्य अर्पण हेतु छठ घाटों , नदियों, तालाबों की साफ़ सफाई का काम नगर निगम प्रशासन की ओर से युद्ध स्तर पर किया जा रहा है ताकि छठव्रतियों की किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। इस त्यौहार का मुख्य आकर्षण का केंद्र गिरिडीह का अरगाघाट छठ घाट होगा। जंहा काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर अस्ताचलगामी और उदयमान सूर्य को अर्ध्य अर्पित करेंगे।

पलामू : कुल 23 प्रत्याशियों ने किया नामांकन

पलामू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए अंतिम दिन 14 प्रत्याशियों ने किया नामांकन



     लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर 13 पलामू (अ0जा0) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन 9 अप्रैल 2019 को 14 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।

  अंतिम दिन नामांकन पत्र दाखिल करने वालों में अंजना भुईयां (बसपा), जोरावर राम (निर्दलीय), अमरिंद्र पासवान (भारतीय लोक सेवा दल), मदन राम (निर्दलीय), योगेन्द्र प्रसाद (पीपीआई), बबन भुईंया (जयप्रकाश जनता दल), बालकृष्ण पासवान (अंबेदकर नेशनल कॉग्रेस), श्रवण कुमार रवि (निर्दलीय), विजय कुमार (निर्दलीय), प्रयाग राम (पीएसएस), रामजी पासवान (निर्दलीय), हीराराम तुफानी (निर्दलीय), चंद्रमा कुमारी (निर्दलीय), उदय कुमार पासवान (जनसंघर्ष विराट पार्टी) शामिल हैं।


गौरतलब है कि बीते 2 अप्रैल को अधिसूचना जारी होने के बाद से पलामू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन पत्र दाखिल किये जाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। और आज अंतिम दिन तक जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त डॉ0 शांतनु कुमार अग्रहरि के समक्ष कुल 23 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।

इसके पूर्व 5 अप्रैल को दो और 6 अप्रैल को सात प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किये थे। जिनमे विजय राम (निर्दलीय) और सत्येंद्र कुमार पासवान (भारतीय समानता समाज पार्टी) ने 5 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल किया था। जबकि दिनेश राम (निर्दलीय), घुरन राम (राजद), सुषमा मेहता (भाकपा), विष्णु दयाल राम (भाजपा), श्याम नारायण भुईंया (निर्दलीय), बृजमोहन पासवान (निर्दलीय) और उमेश कुमार पासवान (वोटर पार्टी इंटरनेशनल) ने
6 अप्रैल को नामांकन किया था।

विदित हो कि कल 10 अप्रैल को स्क्रूटनी ( नामांकन पत्रों की जांच) 12 अप्रैल को प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। 29 अप्रैल को मतदान होना है और मतगणना 23 मई को होगी। 

सुरेश वाडेकर की आवाज में नितिन चन्द्रा की म्यूजिक वीडियो रिलीज

 सुरेश वाडेकर की आवाज से सजी नितिन चंद्रा की नई भोजपुरी म्यूज़िक वीडियो रिलीज


नितिन चंद्रा का नया भोजपुरी म्यूज़िक वीडियो यूट्यू पर रिलीज़ हो चूका है। जिसमें गाने का बोल है  'सन सन बहे बयार बसंती'।              अमरेंद्र राय के लिखे गीत को सुरेश वाडेकर ने स्वर दिया है और उसे मधुर संगीत से सजाया है आशुतोष सिंह ने।            म्यूज़िक वीडियो के निर्माता नीतू एन. चंद्रा, राहुल एस. यादव और नितिन नीरा चंद्रा तथा निर्देशक नितिन नीरा चंद्रा है।             इस म्यूज़िक वीडियो के कलाकार प्रतीक्षा रायऔर दीपक सिंह हैं। जिसे चम्पारण टॉकीज़ के  यूट्यूब चॅनेल 'बेजोड़' से रिलीज़ किया गया है। 


नितिन चंद्रा अपने प्रारम्भिक समय से ही भोजपुरी, मैथिलि, मगही इत्यादि भाषाओँ में कुछ बेहतर 
करने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। और इसका परिणाम भी अच्छा मिल रहा है। 
            वैसे तो ये आज किसी पहचान के मोहताज  नहीं हैं। लेकिन फिर भी आपको  बता दूँ की नितिन चंद्रा बिहार के एकमात्र निर्देशक हैं जिनकी भोजपुरी  फ़िल्म 'देसवा' का चयन इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल ऑफ़ इंडिया - गोवा में हुआ था।  ये एकमात्र निर्देशक हैं जिनके द्वारा बनायीं गयी मैथिलि फ़िल्म 'मिथिला मखान' को तत्कालीन  राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित  किया था।


भोजपुरी में जहाँ एक ओर अश्लीलता की भरमार है वंही दूसरी ओर नितिन चंद्रा द्वारा साफ़-सुथरा वीडियो तथा फिल्मे बनाकर उलटी दिशा में गंगा  बहाने की कोशिश करना प्रशंसनीय है।           ये बिहार की भाषाओं में अच्छी गुणवत्ता की म्यूज़िक वीडियो, शॉर्ट फ़िल्म तथा फीचर फ़िल्म बनाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहते हैं।               उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए इन्होने भोजपुरी में एक नया म्यूज़िक वीडियो बनाया है।आप सब इस गाने को ज़रूर सुनिए क्योंकि इस प्रकार का गीत-संगीत सुनना एक अलग अनुभव है और भोजपुरी में ऐसे गाने विरले ही मिलते हैं|    

सोमवार, 8 अप्रैल 2019

झारखण्ड : तीन आदिवासी पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिष्ठा दाव पर

लोकसभा चुनाव : तीन आदिवासी पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिष्ठा दाव पर


झारखंड में चार चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव होना है। आसन्न लोकसभा चुनाव में प्रदेश के तीन पूर्व मुख्यमंत्री भी किस्‍मत आजमा रहे हैं। खूंटी, कोडरमा और दुमका लोकसभा सीटों के लिए चुनाव में इस बार क्रमश: अर्जुन मुंडा (भाजपा), बाबूलाल मरांडी  (झाविमो) और शिबू सोरेन  (झामुमो) चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं। 
खास बात यह है कि तीनों पूर्व मुख्यमंत्री आदिवासी समुदाय से हैं। अर्जुन मुंडा और शिबू सोरेन जहां आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटों खूंटी और दुमका से चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं बाबूलाल मरांडी सामान्य श्रेणी की सीट कोडरमा से चुनाव लड़ रहे हैं।

झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक ने कोडरमा लोकसभा सीट से सूबे के प्रथम मुख्यमंत्री सह झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी को मैदान में उतारा है। नवंबर 2000 में राज्य बनने के बाद वह झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बने थे। तब उन्होंने राज्य में भाजपा सरकार का नेतृत्व किया था।

हालांकि, बाबूलाल मरांडी ने 2006 में भारतीय जनता पार्टी छोड़ दी और झारखंड विकास मोर्चा के नाम से अपनी अलग पार्टी बना ली। वर्तमान चुनावी माहौल में झाविमो यूपीए महागठबंधन में शामिल है। इस गठबंधन में कांग्रेस और झामुमो के अलावा राजद भी शामिल है। हालांकि, टिकट बंटवारे से नाखुश राजद ने न केवल पलामू सीट के अलावा चतरा से भी उम्‍मीदवार खड़ा कर दिया है। बल्कि चुनाव में अकेले दम पर सभी 14 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है।

बकौल बाबूलाल मरांडी लोग केंद्र की नरेंद्र मोदी और राज्‍य की रघुवर दास सरकार दोनों से तंग आ चुके हैं। इस बार लोकसभा चुनाव में महागठबंधन झारखंड में बड़ी जीत दर्ज करेगा। मरांडी पहली बार भाजपा के टिकट पर 2004 में लोकसभा के लिए चुने गए थे। हालांकि, वह 2014 का लोकसभा चुनाव हार गए।

वंही झारखण्ड आंदोलन के प्रणेता सह झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन इस बार के लोकसभा चुनाव में पुनः दुमका लोकसभा सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। दिशम गुरु के नाम से प्रख्यात शिबू सोरेन अब तक तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री बने है और सात बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं। इस बार झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन की प्रतिष्‍ठा भी दांव पर होगी। झामुमो ने उन्हें लगातार आठवीं बार दुमका सीट से अपना उम्‍मीदवार बनाया है। 
शिबू सोरेन के अनुसार क्षेत्र की जनता केंद्र व राज्य की सरकारों के तुगलकी फरमानों से आजीज आ चुकी है। जनता आसन्न चुनाव में बदलाव का पक्षधर है। 

जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन बार के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा को पूर्व लोकसभा उपाध्‍यक्ष और खूंटी सीट से निवर्तमान सांसद कडि़या मुंडा के स्थान पर उतारा है। जहां उन्‍होंने कडि़या मुंडा से आशीर्वाद लेकर चुनावी अभियान का आगाज किया है।  पूर्व मुख्‍यमंत्री अर्जुन मुंडा पहली बार 2009 में जमशेदपुर सीट से लोकसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने 2010 में झारखंड का मुख्यमंत्री बनने के बाद सांसद के रूप में यह सीट छोड़ दी थी।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि  एक समर्पित पार्टी कार्यकर्ता के रूप में मैंने पार्टी के फैसले को स्वीकार किया है। मुझे विश्वास है कि लोग यह सुनिश्चित करने के लिए मतदान करेंगे कि नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनें।





शनिवार, 6 अप्रैल 2019

राजद छोड़ जाजद में शामिल हुये लालु पुत्र तेजप्रताप

लालटेन छोड़ डीजल पम्प थामा तेजप्रताप ने , किया राजद को अलविदा


पटना : लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने "लालटेन" त्याग कर "डीजल पम्प" को अपना लिया है। वह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को त्याग कर जयप्रकाश जनता दल (जाजद) की सदस्यता ग्रहण कर लिया है।

 लालू परिवार में लंबे अरसे से चल रहे अंतर्कलह के बाद तेजप्रताप यादव ने आखिरकार राष्ट्रीय जनता दल को अलविदा कह दिया है। तेजप्रताप यादव ने 'लालटेन' छोड़कर अब 'डीजल पम्प' को थाम लिया है। 

कांग्रेस में शामिल हुये भाजपा के कद्दावर नेता बिहारी बाबु

कांग्रेस में शामिल हुए बिहारी बाबु शत्रुघ्न सिन्हा, कहा- 'भारी मन से भाजपा छोड़ रहा हूं'

भाजपा के कद्दावर और बिहार के पटना साहिब से सांसद बिहारी बाबु उर्फ शत्रुघ्न सिन्हा आज चैत प्रतिपदा व नव संवतसर के मौके पर कांग्रेस में शामिल हो कर एक नयी राजनीतिक पारी की शुरुवात किया हैं। कांग्रेस में शामिल होने के मौके पर उन्होंने कहा कि मैं बीजेपी क्यों छोड़ रहा हूं ये सबको पता है। "मैं भारी मन से बीजेपी छोड़ रहा हूं"। 

गौरतलब है कि शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस में आने का एलान पहले ही कर दिया था। उन्होंने पिछले महीने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी।

शत्रुघ्न सिन्हा ने आज कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला की मौजूदगी में कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि हम शत्रुघ्न सिन्हा का पार्टी में स्वागत करते हैं।

कांग्रेस में शामिल होने से पहले ही शत्रुघ्न सिन्हा ने साफ कर दिया था कि वह पटना साहिब से ही चुनाव लड़ेंगे। महागठबंधन में सीटों का जो बंटावारा हुआ है उसके तहत पटना साहिब की सीट कांग्रेस के खातें में गई है। ऐसे में ये तय माना जा रहा है कि इस सीट से कांग्रेस उन्हें ही टिकट देगी। बिहार में कांग्रेस नौ सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

गुरुवार, 4 अप्रैल 2019

चित्रगुप्त प्रकटोत्सव मनायेगा कायस्थ समाज 19 को

चैत पूर्णिमा को चित्रगुप्त प्रकट उत्सव के रूप में मनायेगा गिरिडीह का कायस्थ समाज


अगामी 19 अप्रैल को चैत माह के पूर्णिमा के दिन ही हनुमान जयंती भी है, गत वर्ष की भाँति इस वर्ष भी भगवान चित्रगुप्त का प्रकट उत्सव और हनुमान जयंती संयुक्त रूप से पुरे परम्परागत तरीके से मनायी जायेगी।

नरेंद्र मोदी व नीतीश कुमार दोनों हैं ठग : राबड़ी देवी

राबड़ी देवी ने शुरू की चुनाव प्रचार एनडीए पर जमकर हमला बोला


 कहा- नरेंद्र मोदी व नीतीश कुमार दोनों हैं ठग


बिहार विधान परिषद की नेता व पूर्व मुख्‍यमंत्री राबड़ी देवी ने भी चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। उन्होंने गुरुवार को बिहार के नवादा लोकसभा क्षेत्र में राजद प्रत्‍याशी विभा देवी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। राबड़ी देवी ने अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार समेत गिरिराज सिंह को निशाना बनाया।

राबड़ी देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार दोनों ठग हैं। इन लोगों ने जनता को ठगने का काम किया है। नौकरी के नाम पर युवाओं काे ठगा है।

नवादा के रोह स्थित इंटर विद्यालय के मैदान में राजद प्रत्याशी विभा देवी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राबड़ी देवी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर भी जमकर तंज कसा। उन्‍होंने कहा कि बात-बात में गिरिराज सिंह लोगों को पाकिस्‍तान भेजने की बात करते थे, लेकिन अब वे खुद नवादा से भाग कर बेगूसराय पहुंच गए। उन्‍हाेंने कहा कि लेकिन गिरिराज सिंह बेगूसराय में भी हारेंगे।



सुप्रीम कोर्ट ने किया पूर्वमंत्री योगेन्द्र साव की सशर्त मिली जमानत रद्द

शर्त उल्लंघन के आरोप में पूर्वमंत्री योगेन्द्र साव व उनकी पत्नी की जमानत रद्द


 झारखंड के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की ज़मानत को सुप्रीम कोर्ट ने आज रद्द कर दिया। योगेंद्र साव और उनकी पत्नी कांग्रेस विधायक निर्मला देवी को दिसंबर 2017 में मिली सशर्त जमानत को सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को रद्द कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने की वजह से उनकी जमानत रद्द कर दी।

 दंगा भड़काने और भीड़ को उकसाने के आरोपी साव को कोर्ट ने भोपाल में रहने का आदेश दिया था। उनके झारखंड में दाखिल होने से मनाही थी। कोर्ट ने पाया कि वो झारखंड आए थे। योगेंद्र साव और उनकी विधायक पत्नी के ऊपर हजारीबाग में चल रहे मुकदमों को सुप्रीम कोर्ट ने रांची ट्रांसफर करने का भी आदेश दिया।

 18 मुकदमे हजारीबाग से रांची कोर्ट स्थानांतरित :-

 सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और उनकी विधायक पत्नी निर्मला देवी के 18 मुकदमे हजारीबाग कोर्ट से रांची स्थानांतरित कर दिया। बता दे कि दिसंबर 2017 में जस्टिस एसए बोबड़े और जस्टिस एल नागेश्वर राव की पीठ ने दोनों को सशर्त जमानत दी थी। कोर्ट ने कहा था कि दोनों लोग झारखंड से बाहर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रहेंगे। साथ ही शर्त लगायी थी कि वह गवाहों से किसी सूरत में संपर्क करने की कोशिश नहीं करेंगे। इन्हें अपना पासपोर्ट भी जमा कराने के निर्देश दिये गये थे।

 सरकारी काम में बाधा पहुंचाना और सुरक्षा बलों पर हमला कराने का है आरोप :-

 पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और उनकी पत्नी निर्मला देवी पर हजारीबाग जिला के बड़कागांव में एनटीपीसी के प्लांट के लिए जमीन अधिग्रहण का विरोध करने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने एवं सुरक्षा बलों पर भीड़ से हमला कराने का आरोप है। बता दे कि बड़कागांव के ढेंगा गांव में एनटीपीसी के पकरी बरवाडीह कोल माइनिंग प्रोजेक्ट के विरोध में 14 अगस्त 2015 को पुलिस के साथ ग्रामीणों की झड़प हो गयी थी। इस मामले में योगेंद्र साव और उनकी पत्नी निर्मला देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

 सुप्रीम कोर्ट ने दी थी दिसंबर 2017 में सशर्त जमानत:-

मिली जानकारी के अनुसार श्री योगेन्द्र साव ने हाइकोर्ट में अपील की और उन्हें वहां से जमानत दे दी गयी। झारखंड सरकार ने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की। सरकार ने कहा कि झारखंड हाइकोर्ट ने केस डायरी देखे बगैर ही योगेंद्र साव और उनकी पत्नी को जमानत दे दी। झारखंड सरकार की दलील सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने श्री साव और निर्मला देवी की जमानत रद्द कर दी। साथ ही झारखंड हाइकोर्ट को आदेश दिया कि वह फिर से मामले की सुनवाई करे। दोबारा सुनवाई के बाद हाइकोर्ट ने इनकी जमानत याचिका खारिज कर दी।
हाइकोर्ट के आदेश को योगेंद्र साव और उनकी पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। दिसंबर 2017 में सुप्रीम कोर्ट ने इन्हें सशर्त जमानत दे दी। उस जमानत को आज को कोर्ट ने रद्द कर दिया।

अटकलों पर लगा पूर्णविराम: मैं नहीं लड़ूंगा चुनाव बोले सांसद रवींद्र पांडेय

सांसद रविंद्र पाण्डेय ने लगाया गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र की सभी अटकलों पर पूर्णविराम
मैं नहीं लड़ूंगा चुनाव बोले सांसद रवींद्र पांडेय
 
 गिरिडीह लोकसभा सीट गठबंधन के तहत आजसू के खाते में जाने के बाद से ही क्षेत्र में कई तरह की अटकलें लगायी जा रही थीं कि लेकिन उन सभी अटकलों पर रवींद्र पांडेय ने विराम लगाते हुए साफ़ कह दिया कि वह बीजेपी से बगावत नहीं करेंगे।

 रवींद्र पांडेय ने कहा है कि वह आसन्न चुनाव में चुनाव का हिस्सा नहीं बनेंगे बल्कि पार्टी के सच्चे सिपाही बने रह कर पार्टी के दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे। उन्होंने पार्टी के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि केंद्र में पुनः बीजेपी की सरकार बननेवाली है। इसलिये वह चुनाव में एनडीएन की सहयोगी दल आजसू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे चंद्रप्रकाश चौधरी को हर संभव मदद करेंगे।

रवींद्र पांडेय बुधवार को राजधानी रांची स्थित बीजेपी कार्यालय पहुंचे और झारखंड के लोकसभा चुनाव प्रभारी मंगल पांडेय से मुलाकात की। हालांकि मंगल पांडेय से उनकी क्या बात हुई इस बात की जानकारी उन्होंने नहीं दी। लेकिन साफ तौर पर यह कहा कि वो चुनाव में हर हाल में आजसू प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी के साथ बने रहेंगे और उन्हें हर सम्भव मदद करेंगे।

बहरहाल रवींद्र पांडेय के इस बयान के बाद अब साफ हो गया है कि गिरिडीह लोकसभा सीट पर यूपीए प्रत्याशी जगरनाथ महतो और एनडीए प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी के बीच आमने-सामने की टक्कर होगी।

गौरतलब है कि सांसद रवींद्र पांडेय का टिकट कटने के बाद से उनके समर्थक कई प्रकार की अटकलें लगा रहे थे। क्षेत्र में यह चर्चा आम हो गयी थी कि पाण्डेय झामुमो अथवा अन्य कोई दल या फिर निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं। लेकिन उन्होंने स्वयं ही सारे अटकलों पर पूर्णविराम लगा दिया। उन्होंने साफ़ कहा कि पिछली चुनाव में भाजपा झारखंड के 14 में 12 सीट जीता था इस चुनाव में सहयोगी दल आजसू के साथ मिलकर सभी 14 सीटों को जीतेगी।

बुधवार, 3 अप्रैल 2019

गिरिडीह लोकसभा सीट और दिलचस्प मुकाबला के आसार

दिलचस्प होगा गिरिडीह लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों के बीच मुकाबला


             [राजेश कुमार]
गिरिडीह : झामुमो द्वारा जगरनाथ महतो को गिरिडीह लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिये जाने के बाद गिरिडीह सीट के लिए अब तक घोषित तीन उम्मीदवारों के बीच दिलचस्प मुकाबला होने के आसार दिख रहे हैं।


अगामी 12 मई को गिरिडीह लोकसभा के लिए मतदान होना है। जिसके लिये नामांकन की प्रक्रिया अगामी 16 अप्रैल से शुरू होगा। 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 26 अप्रैल तक नाम वापसी हो सकेगा। अब तक चुनाव के मद्दे नजर तीन राजनीतिक दलों ने इस सीट के लिये अपने उम्मीदवार घोषित किया है।

जिसमे एनडीए गठबंधन की ओर से भाजपा का गढ़ रहे गिरिडीह सीट से भाजपा सांसद का टीकट काट कर गठबंधन में शामिल आजसू पार्टी की झोली में यह सीट डाल दिया है और आजसू ने सूबे के मंत्री चन्द्रप्रकाश चौधरी को उम्मीदवार बनाया है।चंद्र प्रकाश चौधरी रामगढ़ से विधायक हैं। राज्य सरकार में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री के पद पर काबिज हैं। श्री चौधरी वर्ष 2009 में हजारीबाग से सांसद का चुनाव भी लड़ चुके हैं। लेकिन तब वह बुरी तरह से चुनाव हार गए थे। हालांकि श्री चौधरी गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से सक्रिय राजनीति कर रहे हैं।

वंही शिवसेना ने एक महिला प्रत्याशी सिम्मी महतो को अपना उम्मीदवार बनाया है। सिम्मी महतो एक गृहणी के साथ साथ सोशल एक्टिविस्ट हैं। इनके द्वारा एक एनजीओ के माध्यम से क्षेत्र में सामजिक कार्य काफी दिनों से संचालित की जा रही है। समाजिक कार्य से जुड़े होने के कारण इनका अपने क्षेत्र में अच्छी खासी पकड़ मानी जाती है। जिसके बुते ही शिवसेना ने इन्हें चुनाव मैदान में उतार कर एक दाव खेला है।

जबकि यूपीए महागठबंधन के तहत गिरिडीह सीट झामुमो को मिलने के बाद झामुमो ने लगातार तीन बार डुमरी से विधायक रह चुके जगरनाथ महतो को अपना उम्मीदवार बनाया है। जगरनाथ महतो तीनो ही बार महतो प्रत्याशी को ही पछाड़ कर इस सीट पर काबिज हुए हैं। उन्होंने दो बार लालचन्द महतो सरीखे दिग्गज नेता को पछाड़ा है तो एक बार दामोदर महतो को शिकस्त देकर डुमरी से विधायकी हासिल किया है। वहीं जगरनाथ महतो एक बार 2014 में गिरिडीह लोकसभा सीट से भाजपा के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुके हैं और दूसरे स्थान पर रहे थे।

बहरहाल अब तक के घोषित प्रत्याशियों के अनुसार इस सीट पर त्रिकोणात्मक संघर्ष के साथ दिलचस्प मुकाबला के आसार साफ़ साफ़ दिखने लगे हैं। आगे मतदाताओं के मतों पर गिरिडीह का भाग्य निर्भर है।

विधायक जगरनाथ महतो केस की सुनवाई अब 14 मई को

विधायक जगरनाथ महतो केस की हाईकोर्ट में सुनवाई अब होगी 14 मई को  

राँची:  विधायक जगरनाथ महतो के केस की सुनवाई बुधवार को हाईकोर्ट में हुई। सुनवाई करते हुए जज अमिताभ कुमार गुप्ता की खंडपीठ ने सुनवाई की अगली तारीख 14 मई दी है। साथ ही अगली सुनवाई होने तक तेनुघाट कोर्ट की सुनवाई पर स्टे लगा रहेगा।

दरअसल डुमरी विधानसभा में एक मशाल जुलूस निकालने के दौरान पुलिस सब इंस्पेक्टर रामचंद्र राम की मौत हो गई थी।  इसके बाद उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। तेनुघाट की निचली अदालत में जगरनाथ महतो ने उनपर किए गए आरोप गठन को चुनौती दी थी, जिसे खारिज कर दिया गया था।

इसके खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट ने याचिका दायर की थी। जिस पर 10 जनवरी को सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी। उसके बाद से ही लगातार तेनुघाट कोर्ट की सुनवाई पर रोक लगी हुई है।






आठ सड़क लुटेरा गिरफ्तार

आठ सड़क लुटेरा लूट की घटना को अंजाम देते रंगेहाथ गिरफ्तार

गिरिडीह : गिरिडीह पुलिस के लिये आज का दिन काफी उपलब्धियों भरा रहा है। एक ओर जंहा नक्सलियों के विरुद्ध चलाये गये सर्च अभियान में भारी मात्रा में नक्सलियों द्वारा जंगल में छुपा कर रखे भारी मात्रा में गोली और विस्फोटक बरामद हुए वंही दूसरी जिले के जमुआ, देवरी, नवडीहा आदि दस स्थानों पर आम राहगीरों से छिनतई और लूट-पाट की घटना को अंजाम देने वाले आठ सड़क लुटेरे को गिरफ्तार करने में सफलता पायी।

एसपी सुरेन्द्र झा ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर उक्त जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी अपराधी छुरे और डंडे के बल पर लोगों को भय दिखा कर उनसे मोबाइल, साईकिल, मोटरसाईल व नगदी आदि की लूट करते थे।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियो के पास से कई मोबाइल और दो मोटरसाइकिल बरामद किये गए हैं।

एसपी ने बताया कि उन इलाको में आयेदिन बढ़ रही लूट-पाट की घटनाओं की मिल रही शिकायत के आलोक में खोरीमहुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी थी। जिसमे जमुआ इंस्पेक्टर, बेंगाबाद थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस बल के लोग शामिल थे। उक्त टीम ने इन सभी सड़क लुटेरों को रंगे हाथ धर दबोचने में कामयाब रही। एसपी ने बताया की टीम की शानदार प्रदर्शन और मिली कामयाबी के लिए पूरी टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

गिरिडीह: पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, भारी मात्रा में गोली व विस्फोटक बरामद

गिरिडीह पुलिस को मिली बड़ी सफलता, भारी मात्रा गोली और विस्फोटक बरामद

सुरक्षाबल पर हमला करने के इरादे से नक्सली द्वारा जंगल में छुपा कर रखे भारी मात्रा में गोली और विस्फोटक समेत नक्सली साहित्य को पुलिस ने किया बरामद

कोयला व्यवसायी के घर 8 लाख की भीषण लूट, जांच में जुटी पुलिस

कोयलांचल में भीषण डाका , कोयला कारोबारी के घर आठ लाख की लूट

धनबाद  के जाने माने कोयला कारोबारी राजकुमार जैन के घर बीती रात अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर लगभग आठ लाख की सम्पत्ति लूट कर फरार हो गए। घटना धनबाद के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत लुबी सर्कुलर रोड की है। 

पीड़ित परिवार ने बुधवार सुबह थाने में इसकी सुचना दी। सुचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी व एसएसपी कौशल किशोर सदल बल घटना स्थल पर पहुंच वस्तु स्थिति का जायजा लिया। घटना स्थल से पुलिस ने अपराधियों का देसी कट्टा और कुछ कपडे बरामद किये हैं। जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गयी है। इस बीच पुलिस ने अपराधियों की सुराग पाने के लिए डॉग स्कॉट और फोरेंसिक टीम को भी घटना स्थल पर बुलाया है।


घटना के सम्बन्ध में बताया जाता है कि बीती देर रात अपराधियों का एक दल जो सभी हरवे हथियार से लैस थे कोयला कारोबारी राज कुमार जैन के आवास पर धावा बोला और घर के सभी सदस्यों एवं गार्ड को बंधक बना कर नगदी व आभूषण सहित लगभग 8 लाख की संपत्ति लूट लिये।