बुधवार, 19 फ़रवरी 2025

गिरिडीह कॉलेज में मनाया गया छत्रपति शिवाजी की जयंती

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह कॉलेज में बुधवार को छत्रपति शिवाजी जयंती मनाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई 1 द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ अनुज कुमार उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य समेत उपस्थित सभी स्वंय सेवकों ने शिवाजी महाराज के तस्वीर पर माल्यार्पण कर तथा श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश के लिये उनके उनके द्वारा दिये गए योगदान के लिये उन्हें याद किया।


मौके पर प्राचार्य डॉ अनुज कुमार ने कहा कि शिवाजी महाराज एक महान मराठा योद्धा थे। उंनका जन्म 19 फरवरी, 1630 को महाराष्ट्र के पुणे जिले के शिवनेरी किले में हुआ था। उनके पिता शाहजी भोंसले, माँ जीजाबाई और बड़े भाई संभाजी भोंसले थे। उन्होंने मराठा साम्राज्य की स्थापना की और पश्चिमी घाटों में मुगल साम्राज्य के खिलाफ युद्ध लड़े। शिवाजी गुरिल्ला युद्ध और नौसेना रणनीतियों में माहिर थे। उन्होंने राजस्व संग्रह, न्यायिक प्रणाली, और सामाजिक सुधार किए। शिवाजी महाराज भारत के प्रेरणा स्त्रोत हैं। उनके योगदान सभी को प्रेरित करते हैं। 


प्राचार्य ने कहा कि उनके सम्मान में महाराष्ट्र में शिवाजी के नाम पर एयरपोर्ट टर्मिनल रेलवे स्टेशन भी बना हुआ है। वहीं प्रोग्राम ऑफिसर प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि शिवाजी महाराज को भारतीय नेवी के जनक के रूप में याद किया जाता है। शिवाजी का राज तिलक संपूर्ण भारत वासियों के लिए गौरव के रूप में याद किया जाता हैं।


कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई 1 के स्वयंसेवक सुजल कंधवे, सुशांत मंडल, रुचि कुमारी, निलेश कुमार, अंकित वर्मा, राहुल कुमार, अनुराग सागर, प्रिंस कुमार, सुधांशु कुमार, कौशल सिंह आदि की उपस्थित थे।

गिरिडीह की नेहा का मधुपुर में सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत, सेंट्रल बैंक की कैशियर थी नेहा सिन्हा

गिरिडीह (Giridih)। सारठ-मधुपुर मुख्य मार्ग एनएच 114ए पर पथरौल थाना क्षेत्र के कल्होड़ मोड़ के समीप गिरिडीह निवासी नेहा सिन्हा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गयी। नेहा मधुपुर के सिमरा मोड़ स्थित सेंट्रल बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत थीं। देवघर जिले के मधुपुर में एक बच्चे को बचाने की कोशिश में नेहा बाइक से सड़क पर गिर गयी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें कुचल दिया। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गयी।


जानकारी के अनुसार मृतका नेहा सिन्हा का मायका गिरिडीह जिले के कर्बला रोड बरमसिया है। वह मूल रूप से पटना की निवासी हैं। उनके पति ऋषि अंबष्ठ बिहार के आरा में आयकर विभाग में पदस्थापित हैं। 38 वर्षीय नेहा को दो छोटे-छोटे लड़के हैं। नेहा पहले मधुपुर सेंट्रल बैंक में पदस्थापित थी। कुछ दिनों पूर्व ही उनका तबादला सिमरा मोड़ शाखा में हुआ। 

नेहा हर दिन मधुपुर के बाघनाडीह के एक टोटो चालक के साथ सिमरामोड़ बैंक जाती थीं। मंगलवार को टोटो खराब होने की वजह से टोटो चालक बाईक से उन्हें बैंक पहुंचाने जा रहा था। इसी क्रम में कल्होड़ मोड़ के समीप एक बच्चे को बचाने की कोशिश में बाईक अनियंत्रित हो गयी। जिसमे नेहा बीच सड़क पर गिर गयी। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनके सिर को कुचल दिया। जिससे नेहा की बीच सड़क पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं नेहा को कुचलने के बाद पिकअप मधुपुर की ओर भाग गया।

घटना में बाईक चालक को भी हल्की चोट लगी। हालांकि, वह तुरंत उठा और अपनी से पीछा कर पिकअप को पकड़ा। पिकअप पर फर्नीचर लोड था। टोटो चालक ने पिकअप की चाबी ले लिया, लेकिन आसपास के लोगों ने उसका साथ नहीं दिया। जिसका फायदा उठा पिकअप चालक ने टोटो चालक के बाईक की चाबी निकाल वहां से फरार हो गया। 


घटना के बाद आसपास के लोग काफी संख्या में घटनास्थल पर जुट गये। मामले की सूचना पाकर पथरौल थाने के एसआई विकास पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस पिकअप का पता लगाने के लिए रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। वहीं पुलिस ने  पाथरौल थाने में दुर्घटना का मामला दर्ज कर मृतका नेहा के शव को पोस्टमार्टम हेतु देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। 

इधर,घटना की सूचना पाकर नेहा के भाई समीर सहित अन्य मायके वाले और काफी संख्या में रिश्तेदार भी देवघर सदर अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।

अनियंत्रित बाइक पोल से टकराई, हादसे में दो युवक की मौत, एक गंभीर

गिरिडीह (Giridih)। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो बिजली पोल से जा टकरायी। टक्कर इतना जबरदस्त था कि हादसे में बाइक सवार दो युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतकों की पहचान आशीष कुमार पिता रामकृष्ण मंडल एवं अभिषेक कुमार पिता स्वर्गीय नागेश्वर मंडल के रूप में हुई। दोनों मृतक चचेरे भाई बताये जाते हैं। वही घायल संदीप ठाकुर पिता विजय ठाकुर है।


घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात लगभग 12 बजे तीन युवक एक ही बाइक पर सवार हो मुंडरो से अपने गांव बिहारो लौट रहे थे। उनकी बाइक की रफ्तार काफी तेज होने के कारण अटका-मुंडरो रोड स्थित बिहारो के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गयी और, बाइक सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गये और बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गम्भीर रूप से घायल हो गये।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज हेतु बगोदर ट्रामा सेंटर ले गये। जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गयी। वहीं दो अन्य युवकों की भी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने दोनों युवकों को हजारीबाग सदर अस्पताल भेज दिया। जहां इलाज के दौरान एक और युवक की मौत हो गयी। जबकि तीसरे घायल युवक संदीप ठाकुर का हजारीबाग में इलाज जारी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।