शुक्रवार, 27 दिसंबर 2024

अनियंत्रित कार खेत मे पलटी,पिकनिक मना लौट रहे चार दोस्तों में एक की हुई मौत, तीन गम्भीर

गिरिडीह (GIRIDIH)। जिले के खुखरा थाना क्षेत्र के हरकटवा नदी के पास शुक्रवार की शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी। जबकि अन्य तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। मृतक युवक गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के टीकोडीह निवासी अर्जुन साव उर्फ पप्पू है। वह बरवाडीह में जय माता मार्बल नामक एक दुकान का संचालक था। जबकि घायलों में राजेश रंजन सिन्हा, नौरंगी साव उर्फ सुराज और मनोज पासवान शामिल हैं। 

जानकारी के अनुसार चार दोस्त एक कार पर सवार हो खुखरा पिकनिक मनाने गया था। पिकनिक मना कर सभी खुखरा निवासी राजेश रंजन सिन्हा के साथ वापस गिरिडीह लौट रहे थे। इसी दौरान, खुखरा गांधी मोड़ के समीप हरकटवा नदी मोड़ पर उनकी कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। घटना में अर्जुन साव उर्फ पप्पू की मौके पर मौत हो गई, जबकि राजेश रंजन सिन्हा, सुराज और मनोज घायल हो गए। 



घटना की सूचना मिलते ही खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कच्छप, पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक समेत काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एम्बुलेंस से पीरटांड़ सीएचसी भेजा गया। जहां से चिकित्सकों ने तीनों को बेहतर इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।

इधर घटना की खबर सुनते ही भाजपा नेता रंजीत राय,  मिथुन चंद्रवंशी, शुभम पांडेय, कुमार सौरभ, बिरजू मरांडी समेत सभी घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया।


4 वर्षों तक यौन शोषण कर शादी से युवक के इनकार करने से आहत युवती ने कर ली इहलीला समाप्त

गिरिडीह (GIRIDIH)।  4 वर्षों तक शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। अब शादी से इंकार कर युवक मुंबई भाग गया। युवक के शादी से इंकार करने और बम्बई भाग जाने से आहत  बगोदर थाना क्षेत्र के बेको गांव की पीड़िता युवती ने विषपान कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली।

शुक्रवार को पीड़िता द्वारा विषपान किये जाने के बाद परिजन आनन फानन में उसे लेकर इलाज हेतु डुमरी थाना क्षेत्र के आईबीपी के समीप स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने पीड़िता को मृत घोषित कर दिया। पीड़िता के मौत के बाद परिजनों की चीत्कार से पुरा अस्पताल परिसर गमगीन हो गया। 


मृतका की मां ने बताया कि उनकी बेटी का गांव के ही रियाज अंसारी के पुत्र मुन्तजिर अंसारी से पिछले चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उक्त लड़के ने शादी का लालच देकर कई बार उनकी बेटी के साथ शारीरिक संबंध भी बनाया। लेकिन शादी की बात करने पर हर बार टाल मटोल करता रहा। बताया कि बाद में समुदाय के लोगों के बीच अंजुमन तक यह बात पहुंची। अंजुमन में बात पहुंचने पर युवक और उसके परिवार के लोग निकाह करने को राजी हुए। लेकिन इसके कुछ दिन बाद ही युवक के पिता ने कहा कि निकाह नहीं कराएंगे। तुमको जो करना है कर लो। इसके साथ ही आरोपी युवक को उसके पिता मुंबई भगा दिया।

प्रेम प्रसंग में धोखा खाने से आहत होकर पुत्री ने विषपान कर लिया। आनन फानन मे उसे गंभीर स्थिति मे उक्त निजी अस्पताल में लाया गया।जहां  उसकी मौत हो गई। इधर युवती के मौत की सूचना मिलते ही डुमरी थाना की पुलिस अस्पताल पहुंच मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर थाना आयी और सारी कागजी प्रकिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं युवती की मौत के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।

हाथियों के उत्पात से ग्रामीण दहशतजदा, किया वन विभाग व सरकार से स्थायी समाधान की मांग

गिरिडीह (GIRIDIH)। झुंड से बिछड़े हाथियों ने गुरुवार रात पीरटांड़ के पालगंज इलाके में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथियों ने पालगंज पंचायत के सुगवा टांड निवासी जीतन राय के घर को तोड़ अनाज खा लिया, जबकि सिमरबेडा में आंगनबाड़ी केंद्र को तोड़कर अनाज खा लिया।  बाद में हाथी पूर्व दिशा की ओर चले गए और टुंडी के सीमा में प्रवेश कर गये।

बता दें पिछले लगभग एक माह से हाथियों का झुंड ने गिरिडीह जिले में आतंक मचा रखा है। इन हाथियों ने डुमरी प्रखंड के अतकी में एक व्यक्ति और सुगवा टांड में एक बैल को भी कुचल कर मार डाला है, जबकि दर्जनों घरों को क्षतिग्रस्त कर, खेतों में लगे फसलों गेहूं, बाजरा, आलू, गोभी आदि को बर्बाद कर चुके हैं।वहीं कई किसानों के घरों एवं खलिहान में रखे धान को भी चट कर गए है।



हाथियों के इस उत्पात से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है  जिससे क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। लोग वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग कर रहे है। उनका कहना है कि हाथियों का उत्पात जारी रहने से उनकी जान-माल की सुरक्षा खतरे में है। 

हालांकि इस दौरान हाथियों से हुए नुकसान की भरपाई वन विभाग के साथ मंत्री सुदिव्य कुमार भी कर रहे हैं। लेकिन लोग वन विभाग और सरकार को जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग कर रहे हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

नशे में घूत कार चालक ने बाइक सवार मसाला कारोबारी को मारी टक्कर, कारोबारी गम्भीर

गिरिडीह (GIRIDIH)। गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग के कठवारा के समीप शुक्रवार को नशे में धुत एक कार चालक ने एक बाइक सवार को पीछे से ठोकर मार दी। घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल बाइक चालक को उठाकर इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा।वहीं घटना की सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना प्रभारी दीपेश कुमार सदल बल घटना स्थल पहुंचे और कार तथा बाइक को जप्त कर थाना ले गए। 


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहन गिरिडीह से डुमरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कठवारा के समीप मोड़ पर जब चालक अपनी स्पीड कम कर बाइक मोड़ रहा था तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार ठोकर मार दिया। जिससे बाइक चालक बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरा और गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। 

 घायल बाइक चालक का नाम जावेद है। वह एक सब्जी मसाला का कारोबारी है। नगर थाना क्षेत्र के कोलडीहा निवासी जावेद हमेशा कोलड़िहा से अपने मसाले की सप्लाई करने पीरटांड़ आया करता है। आज भी वह मसाला लेकर पीरटांड़ जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा घटित हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने नशे में धुत आरोपी कार चालक को भी अपने कब्जे में ले लिया और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।