मंगलवार, 24 दिसंबर 2024

रफ्तार का कहर : भीषण सड़क हादसे में गेल इंडिया के दो कर्मियों की दर्दनाक मौत, एक गम्भीर

खूंटी (KHUNTI)।  खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर कूल्डा जंगल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में गेल (इंडिया) के दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों की पहचान आशीष कुमार सिंह (31) निवासी हुरहुरी, जौनपुर (उत्तर प्रदेश) और असद अली (32) निवासी डोरंडा दर्जी मोहल्ला, रांची के रूप में हुई है. 



जानकारी के अनुसार, रांची के डोरंडा से रनिया स्थित गेल स्टेशन एसबी-7 ऑफिस के काम से कर्मचारी इनोवा कार (जेएच 01 एफआर 2706) में जा रहे थे. गाड़ी तेज रफ्तार में थी और कूल्डा जंगल के पास अचानक सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकराकर एक पेड़ से जा भिड़ी. हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए.



घटना की सूचना मिलते ही तोरपा थाना के सब-इंस्पेक्टर संजीव कुमार देव मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आशीष और असद को मृत घोषित कर दिया. वहीं, तीसरे कर्मचारी विजय कुमार (निवासी रचौल, औरंगाबाद) का इलाज जारी है. गेल (इंडिया) के अधिकारियों ने घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत तोरपा थाना पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.


पांच ग्राहक सेवा केंद्रों को दो माह के अंदर लूटने वाले तीन अपराधी गिरफ्तार

दुमका (DUMKA)।  पिछले दो महीने में दुमका जिले के चार और पाकुड़ जिले के एक ग्राहक सेवा केंद्र में लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन अपराधियों को दुमका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों में मनिकांत सोरेन मसलिया के झिलवा बांध टोला, संजय सोरेन जामजोरी और चरण मरांडी जामा थाना क्षेत्र का रहने वाला है।


दुमका एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार के द्वारा गठित आधा दर्जन थाना की पुलिस ने अक्टूबर माह से अब तक चार और पाकुड़ में एक ग्राहक सेवा केंद्र में लूटपाट करने वाले तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों के पास से तीन मोबाइल, दो बाइक और 18 दिसंबर को दुम गांव में वारदात के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं। 



उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने अपने दो अन्य साथियों के भी नाम बताएं हैं, जिसकी धरपकड़ में पुलिस जुट गई है। गिरोह के दोनो फरार सदस्यों जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी मनिकांत और चरण पहले भी आर्म्स एक्ट में जेल जा चुके हैं।


नही रहे भारतीय फिल्म जगत के प्रख्यात फिल्मकार श्याम बेनेगल

मुंबई (MUMBAI)। भारतीय फिल्म जगत के प्रख्यात फिल्मकार श्याम बेनेगल अब हमारे बीच नहीं रहे। 90 वर्षीय श्याम बेनेगल का 23 दिसंबर की शाम 6 बजकर 30 मिनट बजे निधन हो गया।

उनकी बेटी पिया बेनेगल ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके पिता 90 वर्ष की आयु में सोमवार शाम 6 : 30 बजे आखिरी सांस ली।

श्याम बेनेगल को 1976 में पद्मश्री और 1991 में पद्मभूषण 
सम्मान दिये गये। 2007 में वे अपने योगदान के लिये भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च पुरस्कार दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाज़े गये। सर्वश्रेष्ठ हिन्दी फीचर फिल्म के लिये राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार पाँच बार जीतने वाले वे एकमात्र फिल्म निर्देशक हैं। श्याम बेनेगल को भारत सरकार द्वारा सन 1991 में कला के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया था। ये महाराष्ट्र से हैं।


हाल ही में उन्होंने अपना 90वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया था। श्याम बेनेगल ने 24 फिल्में, 45 डॉक्यूमेंट्री और 15 एड फिल्म्स बनाई हैं। जुबैदा, द मेकिंग ऑफ द महात्मा, नेताजी सुभाष चंद्र बोसः द फॉरगॉटेन हीरो, मंडी, आरोहन, वेलकम टु सज्जनपुर, सरदारी बेगम,अंकुर, मंथन जैसी दर्जनों बेहतरीन फिल्मों को उन्होंने डायरेक्ट किया।उनका निधन हिंदी सिनेमा जगत के लिये एक अपूरणीय क्षति है।





आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::24 :: 12 :: 2024, मंगलवार

आज का पंचांग:: 24 दिसम्बर 2024, मंगलवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, मार्गशीर्ष मास, शुक्ल पक्ष, पौष मास की प्रविष्टा 10, उत्तरायण, दक्षिणगोल, शिशिर ऋतु, तिथि नवमी, नक्षत्र हस्त दोपहर 12:17 तक तदनन्तर चित्रा, सूर्योदय 7:28 प्रातः, सूर्यास्त 5:27 सायं, राहुकाल अपरान्ह 3:00 से 4:30 तक


आज :: 24 :: 12 :: 2024 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आपकी आर्थिक स्थिति काफी मजबूत रहेगी। भोग-विलास के संसाधनों में वृद्धि होगी। नया वाहन खरीद सकते हैं। कार्यक्षेत्र में सहकर्मी आपका सहयोग करेंगे। अपनी क्षमताओं को लोगों के सामने सिद्ध करने में सफल होंगे। पड़ोसी लोगों के प्रति अपना व्यवहार अच्छा रखें।



वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
आप अपने मित्रों से काफी प्रेरित रहेंगे। धार्मिक विचारों के प्रभाव में रहेंगे। आपके सामाजिक प्रभाव में वृद्धि होगी। शाम के समय मित्रों के साथ फोन पर चर्चा कर सकते हैं। जीवनसाथी को कुछ उपहार दे सकते हैं। बच्चे घर के कार्यों में आपकी मदद करेंगे।



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
आज का दिन कुछ कमजोर हो सकता है। अपने कार्यों से सन्तुष्ट नहीं रहेंगे। ऐसे कई अवसर आयेंगे जहाँ आपको अपनी योग्यता सिद्ध करनी होगी। परिवारजनों के साथ आप अच्छा समय बितायेंगे। आपका दृष्टिकोण काफी तार्किक रहेगा।




कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
आपको सभी प्रयासों में सफलता मिलेगी। कोर्ट-कचहरी के मामलों में आपको सफलता मिल सकती है। करियर में बेहतरीन अवसर मिलने के योग बन रहे हैं। स्वयं को तरोताजा रखने के लिये योग और व्यायाम का सहारा लें। लोगों का भरोसा आपके प्रति बना रहेगा।।




सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
जीवनसाथी के साथ आपका तालमेल बहुत ही अच्छा बना रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपका प्रदर्शन दमदार रहेगा। उच्चाधिकारियों के प्रति अपना व्यवहार बेहतर रखें। छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। आय के नये स्रोत बन सकते हैं।



कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
व्यवसाय में आप बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उच्च अध्ययन के लिये विदेश जाने की सोच रहे हैं तो इसकी सम्भावना बन सकती है। आपके वाकचातुर्य की प्रशंसा होगी। नयी परियोजनाओं को शुरू व कार्यान्वित कर सकते हैं। अनुभवी लोगों से आपको मार्गदर्शन मिलेगा।




तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज आप सामान खरीद रहे हैं तो मोलभाव अवश्य कर लें। छोटे बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। अधीनस्थ कर्मचारियों से विवाद की स्थिति बन सकती है। उधार लेन-देन से नुकसान हो सकता है। उपहार के रूप में आपको धन प्राप्त हो सकता है।



वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
कार्यक्षेत्र में आ रही बाधा दूर होगी। विद्यार्थियों को परीक्षा में शानदार परिणाम मिलेंगे। ननिहाल पक्ष से कोई शुभ समाचार मिल सकता है। लेखन कार्य से जुड़े लोगों को बड़े लाभ मिल सकते हैं। आपको कुछ शुभ समाचार मिलने के योग बन रहे हैं।


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
अपनी योजनाओं को समय पर पूरा कर लेंगे। किसी रिश्तेदार से आपको शुभ समाचार मिलने के योग बन रहे हैं। कारोबार को लेकर बड़ी योजना बनायेंगे। आप अपनी पढ़ाई को लेकर काफी सावधान रहेंगे। बौद्धिक कार्यों में आप भाग लेंगे। गूढ विषयों का आप अध्ययन कर सकते हैं।



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मन में विरक्ति का भाव उत्पन्न हो सकता है। सरकारी कार्यों को लेकर आप थोड़े परेशान हो सकते हैं। वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान और देखभाल करें। विपरीत परिस्थितियों के बीच आपका प्रदर्शन बहुत ही शानदार रहने वाला है। पिता की सेहत का ध्यान रखें।



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
जीवनसाथी आपकी आदतों से परेशान हो सकता है। मन में ईर्ष्या की भावना न पनपने दें। कार्यक्षेत्र और घर के बीच सन्तुलन बनाये रखने में कठिनाई होगी। आपको काम बिगड़ने का डर रहेगा। आज दिन शान्तिपूर्वक व्यतीत करेंगे तो हितकर रहेगा।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आप नया व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। सन्तान के प्रति अपने दायित्व को निभायेंगे। व्यापार में आपको बड़ा निवेश करने में सफलता मिलेगी। जीवनसाथी पर विश्वास बनाये रखें। लवमेट्स के साथ रोमान्टिक समय बितायेंगे। परिवार में प्रेम और उत्साह का वातावरण रहेगा।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷

सोमवार, 23 दिसंबर 2024

दो बच्चों के साथ घर घर भीख मांगने के बहाने चोरी करने वाली महिला को पुलिस ने धर दबोचा

गिरिडीह (GIRIDIH)।  दो बच्चों को साथ लेकर घर-घर भीख मांगने के बहाने चोरी की घटना को अंजाम देने वाली संदिग्ध महिला को नगर थाना की पुलिस ने सोमवार को धर दबोचा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सोमवार को शहर के बरगंडा रोड स्थित पावर हाउस मोड़ के पास से उक्त महिला को गिरफ्तार किया है। 

नगर थाना पुलिस फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ करने में जुटी है। वहीं पूछताछ के दौरान महिला ने खुद को निर्दोष बतया है। उसने साफ कहा है कि उसने कहीं कोई चोरी नहीं की है। हालांकि नगर थाना की पुलिस यह दावा कर रही है कि डीएवी स्कूल की शिक्षिका के घर चोरी के वारदात के बाद मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जिस महिला को गिरफ्तार किया गया है वही महिला दो बच्चों को साथ लेकर शातिराना अंदाज़ में शहर में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रही थी।


बता दें कि इन दिनों नगर थाना क्षेत्र में दो बच्चे के साथ घुम घुम कर भीख मांगने वाली एक महिला द्वारा दिन दहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा था। बीते दिनों नगर थाना क्षेत्र के मकतपुर रोड स्थित एसबीआई गली में रहने वाले डीएवी के प्रिंसिपल मनीष सिन्हा और आजाद नगर के रहने वाले संतोष तुरी के घर में उक्त महिला द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया जा चुका है। उक्त महिला द्वारा नगद व जेवरात की ही चोरी की जा रही थी। मकतपुर निवासी बीएनएस डीएवी स्कूल की शिक्षिका ने बताया था कि उसका बेटा घर के छत पर था। इसी दौरान उसके घर मे चोरी की घटना घटी थी। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला अपने दो बच्चों के साथ उनके घर से निकलती दिखी है। बहरहाल नगर थाना की पुलिस पूरी गहनता से महिला से पूछताछ करने में जुटी है।



जंगली हाथियों ने एक व्यक्ति की कुचल कर ले ली जान

गिरिडीह (GIRIDIH)। जंगली हाथियों के झुंड ने जिले के डुमरी के अटकी गांव में उत्पात मचाते हुए एक आदिवासी को कुचल कर मार दिया। घटना सोमवार  अहले सुबह चार बजे बजे के आसपास की बतायी जाती है। इस दौरान झुंड में शामिल चार हाथियों ने मृतक के घर में रखे फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। घटना की सूचना मिलने पर अटकी पंचायत के मुखिया और मधुबन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।


जानकारी के अनुसार सोमवार अहले सुबह सभी ग्रामीण अपने घरों में सोये थे। इसी दौरान ग्रामीणों को गांव में हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुनाई दी। जिससे ग्रामीण जाग गए और गांव में अफरा तफरी मच गई। इस दौरान दो हाथी गांव के शिकरा मांझी के घर घुस गया और शिकरा मांझी के घर को तोड़ते हुए उसे भी पांव के नीचे कुचल डाला।  मृतक शिकरा की बहु अपने बच्चे को लेकर किसी तरह घर से भाग कर जान बचाई। इस दौरान हाथियों ने शिकरा के घर में रखे सारे अनाज को बर्बाद कर दिया। 

बताया गया कि अटकी गांव में शिकरा को कुचलने और फसलों को नुकसान पहुंचाने के बाद हाथियों के झुंड ने आसपास के कई टोला में भी ग्रामीणों के खेत में तैयार फसलों को नुकसान पहुंचाया है।

माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने फंदे से झूल कर दे दी जान

गिरिडीह (GIRIDIH)। जिले के तीसरी थाना क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी की प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने फांसी के फंदे से झूल अपनी जान दे दी है। मृतक तीसरी थाना क्षेत्र के भुराई गांव की सुलेखा देवी है।


बताया जा रहा है कि तीसरी थाना क्षेत्र के भुराई गांव निवासी अमरजीत शर्मा की पत्नी सुलेखा देवी ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी से 50 हजार रुपए लोन लिया था। लोन लेने के बाद कंपनी के कर्मी किस्त की राशि लेने के लिए बार-बार उसके ऊपर दबाव डाल रहे थे।


सोमवार सुबह भी अचानक कंपनी के कर्मी सुलेखा देवी के घर पहुंच कर पैसे मांग करने लगे और उसे तरह-तरह से प्रताड़ित करने लगे। इसी बीच सुलेखा देवी ने इस मामले की जानकारी ग्रामीणों को दी। सुलेखा देवी को यह डर लगने लगा कि कंपनी के कर्मी उसके साथ कुछ गलत कर देंगे। इसके बाद एक ओर जहां कंपनी के कर्मी सुलेखा देवी के घर के नीचे डेरा जमाए हुए थे, वहीं दूसरी ओर सुलेखा देवी ने अपने घर में  फांसी के फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी।

 
गौरतलब है कि इन दिनों गिरिडीह जिले में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों का मनोबल इस कदर बढ़ने लगा है कि कंपनी के लोग ग्रुप में महिलाओं को लोन देने के बाद लोन की किस्त की राशि लेने के लिए महिलाओं पर अलग-अलग तरीके से दबाव डालने लगे हैं। कंपनी के कर्मी फोन पर महिलाओं को धमकी देने के साथ साथ उनके घर पर पहुंचकर भी उन्हें बेइज्जत करते हैं। कंपनी के कर्मियों से प्रताड़ित होकर महिलाएं अब कुछ रुपए के कारण अपनी जान देने लगी है। जिले में अब तक ऐसी कई घटनाएं घटित हो चुकी है। बाबजूद इसके प्रशासन इस पर अंकुश लगाने की दिशा में अब तक कोई खास कदम नहीं उठाया है।

चार वर्षीय मासूम के साथ पड़ोसी युवक ने किया दुष्कर्म, घटना बगोदर की

लहुलुहान बच्ची के परिजन कर रहे इंसाफ की मांग 

गिरिडीह (GIRIDIH)। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बगोदरडीह में एक चार वर्षीय मासूम के साथ उसके पड़ोसी मे रहने  वाले युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद लहूलुहान हालात में घर पहुंच बच्ची ने अपनी माँ को सारी आप बीती सुनाई। परिजन आनन फानन में बच्ची को लेकर पहले स्थानीय एक नर्सिंग होम ले गए जहां उसका समुचित इलाज होने पर परिजन उसे सीएससी ले गए। जहां चिकित्सकों ने बच्ची के बिलिडिंग को रोकने हेतु उपचार किया। 


बाद में परिजनों ने इस मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। जिसमे बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसे बहला फुसला कर खोलौना देने और चश्मा देने के बहाने अपने घर ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। रोते बिलखते लहूलुहान हालत में बच्ची घर पहुंची। इस दौरान युवक मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित बच्ची को चिकित्सकीय जांच हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं आरोपी फरार युवक की तलाश में जुटी है। 


इधर बच्ची के साथ इस हैवानियत की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिय पदाधिकारी भी थाने पहुंच गए है वहीं दूसरी ओर काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी थाना पहुंच जहां घटना की निंदा कर रहे हैं। वहीं पुलिस से आरोपी युवक को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर से कठोर दंड देने की मांग कर रहे हैं। इस बीच सूत्रों के हवाले से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दुष्कर्म कांड के फरार आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि अब तक इसकीं आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



मंईयां सम्मान योजना की राशि 2500 रुपये लाभुकों को खाते में मिलेंगे 28 दिसम्बर को

रांची(RANCHI)। झारखंड में मुख्यमंत्री मंईंयां सम्मान योजना का लाभ आगामी 28 दिसंबर को लाभुक महिलाओं के खाते में भेजी जाएगी.  28 दिसंबर को CM हेमंत सोरेन राज्य के 55 लाख से ज्यादा महिला लाभुकों के खाते में 2500 रुपए सम्मान राशि की पहली किस्त का शुभारंभ करेंगे. जानकारी के अनुसार अब हर महीने 28 तारीख को मुख्यमंत्री मंईंयां सम्मान योजना की राशि 2500 रुपये महिलाओं के खाते में आ जाएंगे. 

बता दें कि बीते 28 नवंबर को हेमंत सोरेन की नई सरकार ने शपथ ग्रहण किया था. अब 28 दिसंबर को हेमंत सोरेन सरकार पार्ट 2 के गठन का एक महीना पूरा हो जाएगा. इस उपलक्ष में 28 दिसंबर को 55 लाख 23 हजार के करीब महिला लाभुकों के खातों में राशि भेजी जाएगी. इसके लिए रांची नामकुम स्थित आर्मी ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम होगा.


 विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले हेमंत सोरेन कैबिनेट ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि 1000 रुपए प्रति माह से बढ़ा कर 2500 रुपए करने के प्रस्ताव पर मुहर लगाया था. उस प्रस्ताव में दिसंबर माह से महिलाओं को 2500 रुपए सम्मान राशि देने की बात कही गई थी.

विधानसभा चुनाव में INDIA गठबंधन को मिली प्रचंड जीत के बाद अब सरकार अपना वायदा पूरा करने के लिए 28 दिसंबर को नामकुम के मैदान को चुना है. इसके लिए राज्य के सभी 24 जिले को आवश्यक दिशा निर्देश दिया है. 28 दिसंबर को राज्य भर से बड़ी संख्या में महिला लाभुक रांची के नामकुम पहुंचेंगीं.

28 दिसंबर का दिन तय होने के साथ ही महिला सम्मान की राशि मिलने का इंतजार कर रही महिलाओं के अंदर खुशी देखी जा रही है. बता दें कि इस योजना के लाभुक कई ऐसे परिवार भी हैं जिनको इस योजना से प्रति माह 5 से 10 हजार रुपए तक की राशि आसानी से मिल जाएगी.