गुरुवार, 2 जनवरी 2025

धनवार में पुजारी के घर हुई डकैती कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, दो अपराधकर्मी गिरफ्तार

एसपी डॉ बिमल कुमार ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी

गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, दो गोली, एक देशी कट्टा, एक गोली, दो मोबाईल और 4000/- नगद किया बरामद 


गिरिडीह(GIRIDIH)। जिले की पुलिस ने धनवार थाना क्षेत्र में हुई डकैती कांड का उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिला निवासी रोहित कुमार शर्मा उर्फ टुटु विश्वकर्मा, पेसर प्रमोद पाण्डेय, साकिन कैरेज कॉलोनी फुटबॉल ग्राण्ड बर्मा माईन्स, थाना बर्मा माईन्स एवं आकाश मिश्रा, पेसर श्याम कुमार मिश्रा, साकिन गाँधी नगर बागबेड़ा, थाना बागबेड़ा शामिल हैं। जिनके पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, दो गोली, एक देशी कट्टा, एक गोली, दो मोबाईल और 4000/- नगद बरामद किये हैं। उक्त जानकारी एसपी डॉ बिमल कुमार ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर दी।




एसपी ने बताया कि धनवार थाना क्षेत्र कर राजा मंदिर के पास स्थित चन्द्रिका पंडित पेसर जयदेव पंडित के घर से सात अपराधकर्मियों के गिरोह द्वारा डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसके संबंध में चन्द्रिका पंडित के लिखित आवेदन पर धनवार थाना काण्ड सं0-01/25 में  धारा-310(2)/311 बीएनएस के तहत 7 अपराधकर्मियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। वहीं एसपी के निर्देश पर काण्ड का त्वरित उद्भेदन व लूटी गई सामग्री की बरामदगी हेतु  खोरीमहुआ अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद एवं पुलिस निरीक्षक, जमुआ रोहित कुमार महतो के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।


उस छापेमारी टीम में एसडीपीओ खोरीमहुआ और इंपेक्टर जमुआ के अलावे थाना प्रभारी धनवार सत्येन्द्र कुमार पाल, थाना प्रभारी जमुआ मणिकान्त कुमार,  थानाप्रभारी हीरोडीह धर्मेन्द्र अग्रवाल, धनवार थाना के पुलिस अवर निरिक्षक रविन्द्र कुमार, सहायक अवर निरिक्षक अशोक मण्डल एवं तकनिकी शाखा के आरक्षी जोधन महतो शामिल थे। टीम ने तकनिकी व मानवीय सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।



उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों ने अपना स्वीकारोक्ति बयान में अपना-अपना दोष स्वीकार किया है। साथ ही यह भी बताया कि बीते 08.12.24 को। धनवार थाना क्षेत्र के नकटीटांड़ मोदी के घर में लूट की घटना को भी इन्ही लोग के द्वारा हीं अंजाम दिया गया था। उनके स्वीकारोक्ति बयान पर धनवार थाना काण्ड सं0-286/24, दिनांक 08.12.24 धारा-309 (4) (6) बी०एन०एस० दर्ज किया गया था। एसपी ने बताया कि काण्ड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है।

लिंक कर इसे भी देखें:

पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन देख भाग रहे युवक की कुंए में गिरने से हुई मौत

धनबाद (DHANBAD)।  जिले के धनसार थाना क्षेत्र के मनईटॉड छठ तालाब के समीप बुधवार की रात एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान रितेश रवानी के रूप में हुई। वह अपने पिता और बहन के साथ गांधीनगर में किराए के मकान पर रहता था। रितेश रवानी के पिता गोपाल रवानी पेशे से दिहाड़ी मजदूर है। रितेश उनका एकलौता पुत्र था।

आसपास के लोगों ने बताया कि पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन के डर से करीब पांच-छह युवक भाग खड़े हुए, जिसके बाद यह हादसा हुआ है। पुलिस मौके पर युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


स्थानीय लोगों ने बताया कि विकास नगर छठ तालाब के समीप आए दिन युवकों द्वारा शराब का सेवन किया जाता है, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने धनसार पुलिस को दी थी। इसी क्रम में बुधवार की रात गांधीनगर सब्जी बागान के निवासी रितेश रवानी अपने कुछ दोस्तों के साथ मनाईटांड छठ तालाब के समीप बैठकर शराब पी रहा था। तभी धनसार थाना की पेट्रोलिंग वाहन वहां पहुंची। जिसे देख वहां मौजूद सभी युवक भागने लगे। भागने के दौरान गांधीनगर निवासी रितेश रवानी कुएं में गिर गया। कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने युवक को बाहर निकाला और धनबाद के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया।जहां से बेहतर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने रितेश रवानी को मृत घोषित कर दिया।


 
घटना के सम्बंध में धनसार थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन देखकर शराब पी रहे 5-6 युवक छठ तालाब के पास से भागने लगे। इसी दौरान एक युवक कुएं में गिर पड़ा।आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो हो गई।

6 जनवरी को महिलाओं के खाते में आयेंगे मंईयां सम्‍मान योजना की राशि, सीएम हेमंत करेंगे राशि ट्रांसफर

रांची (RANCHI)। झारखंड की सत्ता दुबारा सम्भालने के बाद हेमंत सोरेन सरकार द्वारा पूर्व में घोषित मंईयां सम्मान योजना के 2500 रुपये महिलाओं के खाते में ट्रांसफर करने में विलम्ब हो गया। लेकिन उसकी अगली किश्त बहुत ही जल्द महिलाओं कर खाते में आने ही वाली है। इसकी तिथि और कार्यक्रम दोनों ही निर्धारित हो चुका है।


बता दें कि मंईयां सम्मान योजना के तहत पिछली सरकार ने चुनाव से महज कुछ ही माह पूर्व 1000 रुपये सभी महिलाओं के खाते में भेजनी शुरू की थी। लेकिन चुनाव के दौरान इस राशि को 1000 से बढ़ा कर  2500 रुपये करने की घोषणा की गई थी। हेमन्त सोरेन के दुबारा मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होने के बाद पहली कैबिनेट की बैठक में इसकीं मंजूरी भी मिल गयी थी। 



योजना के तहत महिलाओं के खाते में किश्त की राशि ट्रांसफर करने के लिए 28 दिसम्बर को नामकुम के खोजा टोली मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया जाना निर्धारित था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन के कारण यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। लेकिन अब 6 जनवरी को लगभग तीन लाख महिलाओं की उपस्थिति में यह कार्यक्रम फिर से आयोजित किया जायेगा।  उक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के 56 लाख महिलाओं के खाते में 2500 रुपये ट्रांसफर करेंगे।

मामूली विवाद में युवक की हत्या, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, पुलिस ने की लाठी चार्ज

धनबाद (DHANBAD)। जिले के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के मटकुरिया विकास नगर में मामूली बात पर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। एक युवक ने दूसरे का सिर नाले में दबाकर हत्या कर दी। मृतक बैंकमोड़ कर्बला रोड निवासी रवि कुमार राय (28) था। वह विकास नगर निवासी कोयला कारोबारी पप्पू मंडल के यहां काम करता था। हत्या का आरोप मनईटांड़ छठ तालाब निवासी आकाश कुमार शर्मा पर लगा है। 

वारदात के बाद आरोपी आकाश ने बैंकमोड़ थाना पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। उसे हाजत से निकालकर सौंपने की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने थाने के सामने जमकर हंगामा किया। थाने के बाहर टायर जलाकर सड़क जाम कर दी गयी। करीब ढाई-तीन घंटे हंगामा चला। लोगों को सड़क से हटाने के लिए थाना प्रभारी लव कुमार समेत पुलिस के अन्य जवानों ने लाठीचार्ज कर दिया।


पुलिस ने बताया कि आकाश कुमार शर्मा विकास नगर में पप्पू मंडल के घर के बाहर स्कूटी लगाकर बैठा था। इसी दौरान रवि कुमार राय से किसी बात पर विवाद शुरू हो गया। रवि राय आकाश को मारने दौड़ा, तो आकाश भागने लगा। भागते हुए वह नाले में गिर गया। उसका पीछा करते हुए रवि भी नाले में गिर गया। उसके नाले में गिरते ही आकाश ने अपने हाथ से रवि का सिर पानी में गोत दिया। दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना बुधवार दोपहर की बतायी जाती है। पुलिस ने बताया कि पप्पू मंडल के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों युवकों के बीच हुए विवाद का फुटेज पुलिस को मिला है। इसमें दोनों के बीच विवाद के बाद रवि उसे दौड़ाते दिख रहा है।


बैंक मोड़ के थाना प्रभारी लव कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी ने सरेंडर कर दिया है। उस पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया है। सड़क जाम करने वाले लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया गया। सड़क जाम करने से लोगों को परेशानी हो रही थी। लंबा जाम भी लग गया था। इस वजह से सड़क जाम को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया गया।