सतरंगी फाल्गुन महोत्सव पर निकली निशान यात्रा, भक्तिमय हुआ शहर
गिरिडीह: तीन दिवसीय फागुन महोत्सव के तहत गुरुवार को कुटिया मंदिर परिसर रामबाग से श्याम प्रभु की निशान यात्रा निकाली गई। दोपहर लगभग तीन बजे निकाली गई निशान यात्रा में 701 लोगों ने अपने अपने हाथों में निशान थाम रखा था। इस यात्रा ने शहर के कई प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। इसमें शामिल महिला पुरूष श्याम प्रभु के समर्थन में नारे लगा रहे थे।
मधुपुर से आए कलाकार मनोज डालमिया और उनकी टीम के लोगों की ओर से बाबा श्याम के भजन पेश किए जा रहे थे। इसमें कई प्रकार की झांकियां भी शामिल थीं जिससे पूरा शहर भक्तिमय हो गया था। इसका मुख्य आकर्षण पटना से आई 24 लोगों की बैंड शोभा यात्रा थी जो कई प्रकार के भक्ति धुन बजाते हुए चल रही थी। पूरे शहर का भ्रमण करने के बाद यात्रा श्याम मंदिर पहुंची जहां सभी निशान को प्रभु को अर्पण किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार की शाम की गई थी जिसमें निशान पूजा एवं ज्योति जलाने के बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया था। अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया था।
आज किया जाएगा अखंड ज्योति पाठ एवं भंडारे का आयोजन:शुक्रवार को कार्यक्रम के समापन पर सुबह सात बजे से मंदिर में अखंड ज्योति पाठ का आयोजन किया जाएगा जबकि शाम को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कोलकाता से आए कलाकार पंकज जोशी, दूरदर्शन के स्थानीय कलाकार सुनील केडिया की ओर से एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा सवामणि, छप्पन भोग एवं भंडारा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन में सेवा समिति के अध्यक्ष प्रकाश मुसद्दी, सचिव पवन चुड़ीवाला, राकेश मोदी, शिवप्रकाश बगेड़िया, पीयुष मुसद्दी, रवि चुड़ीवाला, दिलीप बगेड़िया, प्रदीप अग्रवाल सहित कई लोग लगे हुए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें