शुक्रवार, 27 दिसंबर 2024

पुल का रेलिंग तोड़ अनियंत्रित हाइवा नदी में गिरा, बाल बाल बचे लोग, कोई हताहत नहीं

चतरा(CHATRA)।  चतरा- इटखोरी मुख्य मार्ग पर स्थित बक्शा नदी पुल पर अनियंत्रित हो एक हाइवा पुल का रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। वहीं घटना में तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना शुक्रवार अहले सुबह लगभग चार बजे घटित हुई, हादसे में पुल का एक पिलर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।


घटना के बाद सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से हाइवा से निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया। घायलों की पहचान रातू निवासी विकाश उरांव, सोनू धान और अंशु उरांव के रूप में हुई है। 


बता दें कि बक्शा पुल बीते दस वर्षो से निर्माणधीन है  अब तक पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया है। पहले संवेदक नें रैयतों के मुआवजे के कारण कार्य पूरा नहीं किया। इसके बाद ऑनलाइन टेंडर के माध्यम से पुन: दूसरे संवेदक ने कार्य प्रारंभ किया. लेकिन वहां भी मुआवजे को लेकर काम बंद हो गया। कंपनी ने मुआवजा राशि रैयतों को नहीं दिया। इससे काम बंद करा दिया। इधर, आज के घटना में रेलिंग टूटने से पुल पर आवागमन करने वाले यात्री व वाहनों के लिए खतरा और बढ़ गया है।

महिला की जलती चिता में बुजुर्ग को धकेल कर जिन्दा जलाया

गुमला (GUMLA)। झारखण्ड के गुमला जिले में एक दिल को दहलाने वाली हृदयविदारक घटना घटित हुई है। यहां एक महिला की जलती चिता में गांव के एक बुजुर्ग को धकेल कर उसे जिंदा जला दिया गया है। महिला की अंत्येष्टि में शामिल होने बुजुर्ग भी श्मशान घाट पहुंचा था। बुजुर्ग गांव में तंत्र-मंत्र (ओझा) का काम करता था। बताया जाता है कि आरोपियों से उसका कोई पुराना विवाद था।

 घटना गुमला सदर थाना क्षेत्र के कोराम्बी गांव की है। बुजुर्ग बुधेश्वर उरांव (60) के बेटे का आरोप है कि मृतक महिला के भाई झड़ी उरांव और उसके बेटे ने मारपीट के बाद पिता को जलती चिता में धकेल दिया। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. जांच के लिए राँची से फॉरेंसिक की टीम को बुलाया गया. वहीं, गुरुवार को आरोपी झड़ी उरांव ने थाना में सरेंडर कर दिया।


मृतक बुधेश्वर उरांव का बेटा झरिया उरांव ने  बताया बुधवार को गांव की ही बुजुर्ग महिला मंगरी उरांव की मौत कुएं में डूबने से हो गई थी। वो नहाने के दौरान फिसलकर कुआं में गिर गई थी। परिजन महिला का शव पोस्टमॉर्टम के बाद गांव ले आए। यहां शाम में उसका अंतिम संस्कार किया गया। झरिया उरांव ने बताया कि इस मौके पर उसके पिता भी श्मशान घाट गए थे। वहां गांव के ही झड़ी उरांव और उसका बेटा करमपाल उरांव मौजूद थे। पिता को देखते ही दोनों उनसे मारपीट करने लगे। कुल्हाड़ी से पिता को मारा तो वहां मौजूद अन्य लोग भाग निकले। इसके बाद झड़ी उरांव और उसका बेटा करमपाल उरांव दोनों ने मिलकर मेरे पिता को जलती चिता में डाल दिया। 


गुमला एसपी शम्भू कुमार सिंह ने इस घटना के सम्बंध में बताया कि महिला की मौत के बाद 10-12 लोग उसका अंतिम संस्कार कर रहे थे। जबकि कुछ लोग मौके पर नशे में खड़े थे। इसी दौरान पूर्व के विवाद को लेकर पहले वृद्ध के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। फिर उसकी मौत के बाद उसे महिला की जलती चिता में डालकर जला दिया गया। बाप और बेटे ने इस घटना को अंजाम दिया है। इसमें एक आरोपी पिता झड़ी उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि बेटा फरार है। उसकी तलाश जारी है।

डुमरी विधायक जयराम महतो के खिलाफ रंगदारी मांगने व सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज

बोकारो (बोकारो)। डुमरी विधायक जयराम महतो पर  बोकारो के चंद्रपुरा थाना में मामला दर्ज हुआ है. इस मामले में जयराम महतो समेत सात नामजद पर मामला दर्ज हुआ है. नामजद लोगों में  जयराम महतो, संदीप महतो, तिलक महतो, नितेश, संजीत कुमार, राहुल पासवान और बिनोद चौहान शामिल हैं। इनके अलावे 40 अज्ञात लोगों पर रंगदारी मांगने, अवैध कब्ज़ा करना, चोरी करने सहित सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगा है.



जयराम महतो के समर्थकों ने सीसीएल क्वार्टर पर जबरन कब्जा कर लिया था. बुधवार की रात एक बजे पुलिस जब क्वार्टर को खाली कराने और उसमें बंद प्रशिक्षु कर्मियों को छुड़ाने पहुंची तो विधायक जयराम महतो आधी रात को बेरमो पहुंच गए और वहां पहुंचकर पुलिस वालों से भिड़ गए.डुमरी विधायक जयराम महतो दो बजे रात में सेन्ट्रल कॉलोनी पहुंचे और वहीं पर उपस्थित मजिस्ट्रेट को काफी खड़ी खोटी सुनाई.

सरेशाम चोरों ने घर का ताला तोड़ उड़ाये 16 लाख के गहने व नगदी, इलाके में दहशत

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR)। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित आउटर सर्किल रोड के क्वार्टर नंबर एल 5/24 में बुधवार शाम एक बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। घर के मालिक भावेश चंद्र पाल और उनका परिवार शाम को पास के एक परिचित के घर कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और नकदी चुरा ली।

शाम 6: 30 से 9:30 के बीच हुई चोरी

भावेश और उनका परिवार बुधवार शाम करीब 6.30 बजे घर से निकला और रात 9.30 बजे लौटे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। अंदर घुसते ही घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। भावेश ने तुरंत बिष्टुपुर थाना पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पता चला कि चोरों ने अलमारियों को तोड़कर कीमती गहने और नकद चुरा लिए। भावेश के मुताबिक, चोरी में 15 लाख रुपये के गहने और 1.25 लाख रुपये नकद ले जाए गए।


पहुंची पुलिस, खंगाल रही सीसीटीवी

घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि चोरों ने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

इलाके में दहशत

इस चोरी की वारदात से स्थानीय लोग डरे हुए हैं। चोरी के तरीके और बड़े नुकसान ने क्षेत्र में सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। इस मामले ने शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है। पुलिस ने स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत देने की अपील की है।

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन

नई दिल्ली (NEW DELHI)। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। गुरुवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। 

मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद प्रियंका गांधी राहुल गांधी सहित देश के तमाम दिग्गज नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। मनमोहन सिंह को देखने के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचे। कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता भी रात में ही अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचे। 


इस बीच, कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी मीटिंग रद्द कर दी गई है। साथ ही 27 दिसंबर को होने वाले सभी प्रोग्राम भी कैंसिल कर दिए गए हैं।


देश के 13वें प्रधानमन्त्री थे डॉ मनमोहन
26 सितंबर 1932 को जन्मे मनमोहन सिंह भारत के 13वें प्रधानमन्त्री थे। साथ ही साथ वे एक अर्थशास्त्री भी थे। लोकसभा चुनाव 2009 में मिली जीत के बाद वे जवाहरलाल नेहरू के बाद भारत के पहले ऐसे प्रधानमन्त्री बने, जिनको पाँच वर्षों का कार्यकाल सफलता पूर्वक पूरा करने के बाद लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिला था। इन्हें 21 जून 1991 से 16 मई 1996 तक पी वी नरसिंह राव के प्रधानमंत्रित्व काल में वित्त मन्त्री के रूप में किए गए आर्थिक सुधारों के लिए भी श्रेय दिया जाता है।
मनमोहन सिंह को भारत के आर्थिक सुधारों का प्रणेता माना गया है। आम जनमानस में ये साल निश्चित रूप से डॉ॰ सिंह के व्यक्तित्व के इर्द-गिर्द घूमता रहा है। डॉ॰ सिंह के परिवार में उनकी पत्नी श्रीमती गुरशरण कौर और तीन बेटियाँ हैं। 


आयात और निर्यात को बनाया था सरल 
डॉ मनमोहन सिंह ने आर्थिक उदारीकरण को उपचार के रूप में प्रस्तुत किया और भारतीय अर्थव्यवस्था को विश्व बाज़ार के साथ जोड़ दिया। डॉ॰ मनमोहन सिंह ने आयात और निर्यात को भी सरल बनाया। लाइसेंस एवं परमिट गुज़रे ज़माने की चीज़ हो गई। निजी पूंजी को उत्साहित करके रुग्ण एवं घाटे में चलने वाले सार्वजनिक उपक्रमों हेतु अलग से नीतियाँ विकसित कीं। नई अर्थव्यवस्था जब घुटनों पर चल रही थी, तब पी. वी. नरसिम्हा राव को कटु आलोचना का शिकार होना पड़ा। विपक्ष उन्हें नए आर्थिक प्रयोग से सावधान कर रहा था। लेकिन श्री राव ने मनमोहन सिंह पर पूरा यक़ीन रखा। मात्र दो वर्ष बाद ही आलोचकों के मुँह बंद हो गए और उनकी आँखें फैल गईं। उदारीकरण के बेहतरीन परिणाम भारतीय अर्थव्यवस्था में नज़र आने लगे थे और इस प्रकार एक ग़ैर राजनीतिज्ञ व्यक्ति जो अर्थशास्त्र का प्रोफ़ेसर था, का भारतीय राजनीति में प्रवेश हुआ ताकि देश की बिगड़ी अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जा सके।

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::27 :: 12 :: 2024, शुक्रवार


आज का पंचांग:27 दिसम्बर 2024, शुक्रवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, , शुक्ल पक्ष, पौष मास की प्रविष्टा 12, उत्तरायण, दक्षिणगोल, शिशिर ऋतु, तिथि द्वादशी, नक्षत्र  विशाखा, सूर्योदय 7:29 प्रातः, सूर्यास्त 5:28 सायं, राहुकाल प्रातः 10:30 से 12:00 तक, कल: सफला एकादशी व्रत


आज :: 27:: 12 :: 2024 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
जॉब में आपका प्रभाव बढ़ने वाला है। काफी दिनों से नौकरी में चल रही समस्या आज समाप्त हो सकती है। फिल्म निर्माण और अभिनय से जुड़े लोगों को उत्तम अवसर मिल सकते हैं। पूर्व में किये गये निवेश को लेकर चिन्तित हो सकते हैं। किसी परिजन की सेहत को लेकर चिन्ता होगी।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
नये कारोबार में निवेश कर सकते हैं। सन्तान के विवाह की चिन्ता दूर होगी। प्रणय जीवन में नवीनता का संचार होगा। कई समस्याओं का एक साथ समाधान निकाल सकते हैं। पड़ोसियों और मित्रों का भरपूर सहयोग आपको मिलेगा।



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
कार्यक्षेत्र की आगामी योजनाओं के लिये विशेषज्ञ लोगों से विमर्श करेंगे। धन से जुड़ी पुरानी समस्या का समाधान होगा। एक के बाद एक सभी कार्य बनते ही चले जायेंगे। आप केवल अपने मन को शान्त रखने का प्रयास करें। नवविवाहित जातक किसी पारिवारिक पूजन कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं।




कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
आप कोई ऐसा निर्णय ले सकते हैं जिसको लोग शायद अभी व्यवहारिक न मान रहे हों। आपसी बातचीत के माध्यम से विवादों को निपटाने में सफलता मिलेगी। असन्तुलित खानपान के कारण अपच की शिकायत होगी। वैवाहिक जीवन की परेशानियों का निवारण होगा। शत्रुओं को लेकर मन में डर हो सकता है।




सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
योजनाओं का सफल क्रियान्वयन करने से आपको कारोबार में भविष्य में भी अच्छा लाभ होगा। आज सुबह से ही आपका मूड काफी सकारात्मक रहेगा। प्रशासन से जुड़े लोगों पर जिम्मेदारियों का दबाव बढ़ेगा। अपने धन का सदुपयोग करें और बिना सोचे-विचारे उसे खर्च न करें।



कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
परिवार और ऑफिस दोनों ही जगह आप संयम का परिचय देंगे। बड़े बुद्दिमान लोगों की संगति प्राप्त होगी। गुप्त शत्रुओं का भेद आपके सामने खुल सकता है। आपकी सेवाभावना लोगों के लिये प्रेरणा बनेगी। यदि आपको भीड़ में जाना आवश्यक है तो पूरी सावधानी बरतें।



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
मांगलिक कार्यक्रमों की तैयारी कर सकते हैं। कमीशन से जुड़े व्यापार में लाभांश बढ़ेगा। सन्तान के प्रति आपका प्रेम भाव बढ़ेगा। जीवनसाथी की भावनाओं का ध्यान अवश्य रखें। पिता का साथ और मार्गदर्शन का लाभ आपको व्यापार सम्भालने में मिलेगा।



वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
प्रतिद्वन्द्वियों से आपको सावधान रहना चाहिये। कुछ नजदीकी लोग आपके साथ विश्वासघात कर सकते हैं। यदि घर से बाहर जा भी रहे हैं तो अतिरिक्त धन लेकर चलें। जिद्दी रवैया अपनाने से बचें। छोटे बच्चों की सेहत का ध्यान रखें।


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
अधिकारी आपके काम को देखकर काफी खुश रहेंगे। आज आप व्यस्त तो रहेंगे लेकिन परिवार के साथ आनन्द के क्षण भी बितायेंगे। तार्किक विषयों पर अपनी बेबाक राय देंगे। आपकी सेहत पहले से बहुत ही अच्छी रहेगी। आपके मन में तरह-तरह के विचार आयेंगे।



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
पर्यटन से जुड़े कारोबार में घाटा हो सकता है। ज्यादा भावुक होने से बचें। अपनी कमजोरियाँ किसी से साझा न करें। शाम तक कोई गुमी चीज वापस मिल सकती है। कार्यक्षेत्र में आपको सोच-समझकर खर्चें करने चाहिये। लोग आपकी झूठी-प्रशंसा भी करेंगे।



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
आज का दिन आपके लिये काफी शुभ रहने वाला है। काम को पूरा करने का जुनून रहेगा। कानूनी मामलों में विजय प्राप्त करने के योग बन रहे हैं। शुभ और धार्मिक कार्यों में भाग लेंगे। धन के मामले में आत्मविश्वास से युक्त रहेंगे। आर्थिक प्रगति होने की प्रबल सम्भावना है।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आज कोई जरूरी काम टल सकता है। किसी पर भी आपको पूरा भरोसा नहीं करना चाहिये। घरेलू खर्च मानसिक तनाव और कलह का कारण बन सकते हैं। अपनी परेशानियों को माता-पिता से शेयर कर सकते हैं। आँखों में जलन और सिरदर्द जैसी समस्या बढ़ सकती है।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷



 

गुरुवार, 26 दिसंबर 2024

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय पहुंची गिरिडीह, परिषदन भवन में की पदाधिकारियों संग बैठक

गिरिडीह (GIRIDIH)। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय गुरुवार को गिरिडीह पहुंची और ग्रामीण विकास कार्यों को लेकर जिले के अधिकारियों के साथ परिषदन भवन में बैठक की। परिषदन भवन पहुंचते ही ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय का उपविकास आयुक्त सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक के दौरान कर उन्होंने ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र एवं क्षेत्र के लोगों के विकास के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दी।


बैठक के दौरान उन्होंने मनरेगा, अबुआ आवास योजना तथा झारखंड मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना समेत कई योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के साथ ग्रामीण विकास विभाग व पंचायती राज विभाग के तहत संचालित योजनाओं का लाभ स-समय लाभुकों मिलें, यह करें सुनिश्चित । इसके अलावा 28 दिसंबर को मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित झारखंड मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना कार्यक्रम में लाभुकों की संख्या को लेकर सभी संबंधित प्रखंड को जरूरी निर्देश दिए गये। साथ ही मनरेगा और अबुआ आवास योजनाओं के लक्ष्य को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए।


बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर सभी विभाग के मंत्री अपने अपने कामों को लेकर हर जिले में समीक्षा बैठक कर रहे हैं और इसी को लेकर वे आज गिरिडीह पहुंची है। कहा कि बैठक में मनरेगा, अबुआ आवास सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई है साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में सभी प्रखंड कार्यालयों में लोगों के काम कितनी आसानी और जल्दी हो सके इसे लेकर भी काम किया जा रहा है। साथ ही पंचायत भवन का भी विकास किया जाएगा, जिससे लोगों के काम पंचायत भवन में ही हो जाऐ और उन्हें प्रखंड कार्यालय जाना नहीं पड़ेगा।

वीर बाल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कई बच्चे किये गए पुरस्कृत

गिरिडीह (GIRIDIH)। वीर बाल दिवस पर जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन क़े सहयोगी संस्था बनवासी विकास आश्रम द्वारा सदर प्रखंड के अगदोनी कला पंचायत भवन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुखिया मनोज पासी के अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में वार्ड सदस्य पवन कुमार यादव, सेविका रिंकी देवी, बसंती देवी, ग्रामीण और बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। 


कार्यक्रम में CSW  मुकेश कुमार ने गुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान और शोर्य की कहानी लोगों के बीच रखी। मुखिया मनोज पासी ने शिक्षा पर जोर दिया और बेटियों को शिक्षित एवं सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस दौरान बच्चों ने निबंध लेखन, वचन, और प्रस्तुतीकरण में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिसमे प्रथम पुरुस्कार से नोमिका कुमारी, द्वितीय निशु कुमारी और तृतीय पुरस्कार देकर बिष्णु कुमार रजक को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सामुदायिक कार्यकर्ता उत्तम कुमार सिंह, वार्ड सदस्य पवन कुमार, सेविका सरिता दास, बसंती देवी, शीतल कुमारी, नंदनी कुमारी, विद्या कुमारी, सोनू कुमार, आर्यन कुमार आदि की भूमिका सराहनीय रही।

वीर बाल दिवस पर भाजपा द्वारा आयोजित हुआ संगोष्ठी, शामिल हुए धनबाद विधायक राज सिन्हा

गिरिडीह (GIRIDIH)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरुवार को वीर बाल दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के विधायक राज सिन्हा उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष एवं संचालन संदीप डंगाइच ने किया। 

मौके पर राज सिंह ने कहा कि मुगल शासनकाल के दौरान पंजाब में सिखों के नेता गुरु गोबिंद सिंह के चार बेटे थे। उन्हें चार साहिबजादे खालसा कहा जाता था। 1699 में गोबिंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना की। धार्मिक उत्पीड़न से सिख समुदाय के लोगों की रक्षा करने के उद्देश्य से इसकी स्थापना की गई थी। तीन पत्नियों से गुरु गोबिंद सिंह चार बेटे: अजीत, जुझार, जोरावर और फतेह, सभी खालसा का हिस्सा थे। उन चारों को 19 वर्ष की आयु से पहले मुगल सेना द्वारा मार डाला गया था। उनकी शहादत का सम्मान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल घोषणा की थी कि 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाया जाएगा।  छोटी आयु 5 वर्ष 7 वर्ष 9 वर्ष एवं 12 वर्ष की अवस्था में देश के लिए उन चारों ने अपने प्राण न्यौछावर कर दिये ऐसे महान सपूतों को आज देश की ओर से शत-शत नमन।


कार्यक्रम में दिनेश यादव, हरमिंदर सिंह बग्गा, प्रकाश सेठ, अनूप सिंन्हा, संत कुमार लल्लू, संगीता सेठ,  संजीत सिंह पप्पू, जयशंकर सिन्हा, नीलू सिन्हा, मनोज संघाई, सोनू चौरसिया, विवेश जलान, देवराज, विनय सिंह के अलावे काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं नेतागण मौजूद थे।

मृतक दामोदर यादव के परिजन से मिले मंत्री सुदिव्य सोनू, दिया तीन लाख का आर्थिक सहयोग

गिरिडीह (GIRIDIH)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कबरीबाद चिलगा निवासी दामोदर यादव की चाकू मार की गई हत्या के बाद मृतक के परिवार से मिलने नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू गुरुवार को चिलगा पहुंचे। इस दौरान मंत्री सोनू मृतक की पत्नी व बच्चों से मिल उन्हें सांत्वना दिया। साथ ही तीन लाख रुपये का आर्थिक मदद दिया। 


जिसमें झामुमो जिला संगठन की ओर से 50 हजार रुपये एवं सीसीएल (सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड) की ओर से ढाई लाख रुपये की सहायता राशि शामिल थी। वहीं मंत्री ने मृतक के परिवार को अंबेडकर आवास योजना के तहत घर, बच्ची की पढ़ाई का खर्च, और बेटे को नौकरी का भरोसा दिया। 


मौके पर नगर विकास व पर्यटन मंत्री सोनू ने कहा कि इस तरह की अपराधिक घटना को किसी भी हालत में बर्दास्त नही किया जायेगा। इस दुःख की घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ है। और, परिजनों को हर संभव सहयोग दिलाने के लिए वे कटिबद्ध है। इस दौरान सीसीएल के जीएम बासव चौधरी, सांसद प्रतिनिधि सह आजसू जिलाध्यक्ष समेत काफी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद थे।

संगठित रहें और एक जुट हो समाज के उत्थान में सहयोग करें : जयप्रकाश लाल

बरनवाल समाज ने धूमधाम से मनाया अहिबरन जयंती सह परिवार मिलन समारोह


गिरिडीह (GIRIDIH)। बरनवाल सेवा सदन में अहिबरन जयंती सह परिवार मिलन समारोह धूमधाम से मनाई गई। बरनवाल सेवा समिति द्वारा आयोजित इस समारोह का उद्घाटन झारखंड प्रदेश अध्यक्ष लखन लाल बरनवाल, महामंत्री इंद्रजीत लाल,लौह व्यवसायी जयप्रकाश लाल,डॉ विकास लाल, डॉ विशाल लाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रवजलित कर एवं महाराजा अहिबरन की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।


इसके पूर्व जयंती समारोह के अवसर पर शहर में एक शोभा यात्रा निकाली गयी। जिसमे समाज की महिला पुरुष व बच्चे काफी संख्या में शामिल हुए। वहीं जयंती समारोह पर बरनवाल धर्माशाला में कई कार्यक्रम एवं समाज के बच्चों के बीच कई प्रतियोगिताओं  का आयोजन किया गया। जिसमें विजेता रहे प्रतिभागी को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने समाज को शिक्षित,संगठित और संघर्षशील बनने  की  आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं महामंत्री इंद्रजीत लाल ने कुरीति को त्याग अच्छी नीति को अपनाने को कहा। 


जबकि गिरिडीह के जाने माने लौह व्यवसायी जयप्रकाश लाल ने संगठन की एकता पर बल देते हुए कहा कि संगठन में शक्ति होती है। इसलिये संगठित रहें और एक जुट हो समाज के उत्थान में सहयोग करें। ताकि हमारा समाज समृद्घ और सशक्त बन सके। कार्यक्रम में काफी संख्या में समाज के लोग महिला व पुरुष शामिल थे।

नेतरहाट आवासीय विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी घुस लेते गिरफ्तार

लातेहार (LATEHAR)। भ्रष्टाचार के खिलाफ पलामू एसीबी को टीम ने की बड़ी कार्रवाई करते हुए नेतरहाट आवासीय विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी को 50 हजार घूस लेते गिरफ्तार किया है।


लातेहार जिले के नेतरहाट आवासीय विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रोशन कुमार बक्शी को बिल निकासी के एवज मे 50 हजार घूस लेते पलामू एसीबी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पलामू एसीबी के एसपी अंजनी अंजन ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के द्वारा रिश्वत के लिए एक व्यक्ति को भुगतान के लिए परेशान किया जा रहा था

क्या है मामला :
नेतरहाट आवासीय विद्यालय में प्रशासनिक पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित रौशन कुमार बक्सी के द्वारा स्कूल में दूध सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति को पैसे के भुगतान के बदले रिश्वत के लिए लगातार परेशान किया जा रहा था। तंग आकर उसने इसकी शिकायत पलामू एसीबी के एसपी से की।


एसीबी टीम ने बनायी योजना, पैसे देकर भेजा
सूचना मिलने के बाद एसीबी की टीम ने एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर मामले की अपने स्तर से जांच पड़ताल की। जांच में जब यह स्पष्ट हो गया कि प्रशासनिक पदाधिकारी के द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है तो निगरानी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार करने की योजना बनाई। गुरुवार को पुलिस ने शिकायतकर्ता को पैसे देकर प्रशासनिक पदाधिकारी के पास भेजा।प्रशासनिक पदाधिकारी ने शिकायतकर्ता को अपने घर बुला लिया और उससे रिश्वत के पैसे लेने लगे। इसी दौरान निगरानी की टीम वहां पहुंची और रिश्वत लेते आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

क्या कहते है एसीबी अधिकारी
 इस संबंध में पलामू एसीबी एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि प्रशासनिक पदाधिकारी के खिलाफ लगातार शिकायत मिल रही थी। गुरुवार को एसीबी की टीम ने उसे रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने कहा कि रिश्वत लेने वाले लोगों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा। बता दें कि इस नेतराहट स्कूल से 500 से अधिक आईएएस, आईपीएस और प्रशासनिक अधिकारी पढ़कर निकले हैं।