शनिवार, 28 अगस्त 2021

जिला स्तरीय निगरानी एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न

अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत 77 पीड़ितों के अनुदान की राशि हुई स्वीकृत


गिरिडीह :  उपायुक्त के कार्यालय प्रकोष्ठ में शनिवार को अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 एवं संशोधित नियम 2016 के तहत जिला स्तरीय निगरानी एवं अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं विभिन्न थाना प्रभारियों के कार्यालय से कुल 86 पीड़ितों का अत्याचार से राहत अनुदान राशि की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव प्राप्त हुआ। उक्त प्रस्ताव के अवलोकन के पश्चात समीति द्वारा सर्वसम्मति से कुल 86 पीड़ितों में 77 पीड़ितों के बीच राशि की स्वीकृति प्रदान की गई। शेष 09 पीड़ितों का चिकित्सा परीक्षा एवं पुष्टिकारक चिकित्सा रिपोर्ट के अभाव में स्वीकृति प्रदान नहीं की जा सकी।

वंही बैठक में डीसी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को शेष 09 पीड़ितों का आरोप पत्र पुलिस अधीक्षक से शीघ्र प्राप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वीकृत राशि हेतु विभाग से आवंटन की मांग करने को कहा ताकि नियमावली के अनुसार संबंधित पीड़ितों को मुआवजे की स्वीकृत राशि प्रदान की जा सकें।

गौरतलब है कि गिरिडीह जिला अंतर्गत 77 पीड़ितों में 22 पीड़ितों को प्रति व्यक्ति 1 लाख रुपए, 01 पीड़ित को 50 हजार रूपए तथा 54 पीड़ितों को प्रति व्यक्ति  25 हजार रूपए की राशि की स्वीकृति दी गई है। इस प्रकार कुल 77 पीड़ितों को कुल 36 लाख रुपए की राशि की स्वीकृति दी गई है।

फिट इंडिया फ्रीडम रन का नेहरू युवा केंद्र ने किया आयोजन

फिट इंडिया फ्रीडम रन का नेहरू युवा केंद्र ने किया आयोजन 
            रन को सम्बोधित करते जिप उपाध्यक्ष

 गिरिडीह : नेहरू युवा केंद्र द्वारा आजादी के 75 वी वर्षगाँठ के मौके पर अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन किया गया।
 गिरिडीह स्टेडियम में आयोजित इस फ्रीडम रन के दौरान जिला युवा अधिकारी द्वारा युवाओं को फिटनेस की शपथ दिलाई गई। 

कार्यक्रम का संचालन नेहरू युवा केंद्र के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक राहुल सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में केंद्र के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, हाई स्कूल के विद्यार्थी, स्पोर्ट्स अकादमी के छात्र, युवा मंडल के सदस्यगण समेत जिले के अन्य युवा ने सरीक हुये।

केंद्र के जिला युवा अधिकारी ने बताया कि फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन बीते 13 अगस्त से  अगामी 02 अक्तूबर तक सम्पूर्ण भारतवर्ष में किया जा रहा है। जिला स्तर के साथ साथ जिले के 75 गाँवो में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

इस फ्रीडम रन का शुभारंभ जिला परिषद उपाध्यक्ष कामेश्वर पासवान, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला अधिकारी गौरव कुमार आदि ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया गया।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नामांकन हेतु डीसी ने किया बैठक

शैक्षणिक सत्र 2021-22 में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में नामांकन हेतु डीसी ने किया बैठक


                       बैठक करते डीसी

गिरिडीह :    उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार  में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय के कक्षा-6 में नामांकन हेतु सूची अनुमोदन सम्बन्धी बैठक हुई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा अधीक्षक को आगामी शैक्षणिक सत्र 2021-22 में प्रत्येक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन लेने का निर्देश दिया। नामांकन में जिले के उन छात्राओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया जो सुदूरवर्ती व दुर्गम क्षेत्र से आते हो। साथ ही उग्रवाद प्रभावित दूरस्थ क्षेत्र के अनुसूचित जाति, जनजाति समुदाय व गरीबी रेखा से नीचे बसर करने वाले परिवारों को प्राथमिकता देते हुए नामांकन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि चयन समिति प्रखंड स्तर से प्राप्त सूची का विश्लेषण कर नामांकन में वैसी बालिकाओं को प्राथमिकता देंगे जो वास्तविक रूप से जरूरतमंद है।

बैठक के दौरान गांडेय विधायक डॉ सरफराज अहमद ने कहा कि वर्तमान समय में सरकारी विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को बढ़ाने की आवश्यकता है। इस दिशा में सार्थक प्रयास किया जाना चाहिये। उन्होंने विद्यालयों के आधारभूत संरचनाओं को विकसित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं के सम्बंध में भी बैठक के दौरान विस्तार से चर्चा किया। और उसे अमल में लाने का उपायुक्त से अनुरोध किया।
बैठक में  गांडेय विधायक डॉ सरफराज अहमद,  गिरिडीह, बगोदर एवं धनवार के विधायक प्रतिनिधि, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, कस्तूरबा गांधी विद्यालय के सभी अधिकारी, अध्यापक, अध्यापिकाएं एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बने पिंटू हाजरा

मध्य विद्यालय अहिल्यापुर के विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बने पिंटू हाजरा
                     चुनाव में मौजूद लोग

गिरिडीह : गांडेय प्रखंड अंतर्गत अहिल्यापुर पंचायत के मध्य विद्यालय अहिल्यापुर परिसर में शनिवार को विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव पर्यवेक्षक और पुलिस प्रशासन के मौजूदगी में सम्पन्न हुआ।
प्रबंधन समिति का चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से किया।

          चुनाव के दौरान उपस्थित अभिभावकगण

चुनाव कराने पहुंचे पर्यवेक्षक आशीष सिन्हा, सिकन्दर मंडल और किशोर कुमार ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति के चुनाव में ग्रामीणों की सहमति से 12 वैसे महिला और पुरुषों को सदस्य के रूप में चयन किया गया जिनके बच्चे विद्यालय में नामांकित है।
मौके पर सर्वसम्मति से पिंटू हाजरा को निर्विरोध अध्यक्ष तथा काजल देवी को संयोजिका एवं  बेबी देवी को उपाध्यक्ष बनाया गया।

मौके पर मुखिया अरुण कुमार हाजरा,प्रधानाध्यापक सानंद गौरव, पूर्व मुखिया पति सदानंद राम, समाजसेवी कृष्णनंदन राम अग्रवाल, वार्ड सदस्य राजदीप रवानी, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक गुजा हाजरा, प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय अहिल्यापुर प्रबंधन समिति उपाध्यक्ष नवीन रवानी सह विद्यालय शिक्षक सुजीत कुमार, सुखलाल दास के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

डीडीसी पहुंचे गांडेय किया मनरेगा योजनाओं का औचक निरीक्षण

कर्मियों को दिये कई आवश्यक निर्देश
                  निरीक्षण करते डीडीसी

गिरिडीह : डीडीसी शशि भुषण मेहरा शनिवार को गांडेय प्रखंड पहुंचे और मनरेगा समेत कई योजनाओं का औचक निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान डीडीसी अहिल्यापुर पंचायत के  बघाडीह पहुँच वहाँ मो. कमाल रज़ा एवं मो. खलील शेख की आम बागवानी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में कई प्रकार की अनियमितता और लापरवाही को देखते हुये डीडीसी ने रोजगार सेवक, कनीय अभियंता, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाया। साथ ही उन्होंने उन सबो को कई आवश्यक निर्देश भी दिये। उन्होंने प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी विनय कुमार को  क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने एवं मनरेगा योजना का लाभ आम लोगों तक निश्चित रूप से पहुंचने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने लाभुक खलील शेख को आम बागवानी के भीतर खास-फूंस की साफ सफाई करने का निर्देश दिया।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार, पंचायत मुखिया अरुण कुमार हाज़रा एवं काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

लायंस क्लब द्वारा लगाये गए हृदय एवं मानसिक रोग सम्बन्धी मेडिकल कैप में लाभान्वित हुये लोग

ऑर्किड मेडिकल सेंटर रांची के सहयोग से स्थानीय विश्वनाथ नर्सिंग होम में लगा कैम्प

        डॉ फरहान शिकोह का स्वागत करते लोग 

गिरिडीह : लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह टाउन द्वारा ऑर्किड मेडिकल सेंटर रांची के सहयोग से स्थानीय विश्वनाथ नर्सिंग होम में शनिवार को हृदय एवं मानसिक रोग सम्बन्धी एक मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। इस कैम्प में विशेष रूप से हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर फरहान शिकोह एवं डॉक्टर गोविंद माधव उपस्थित होकर कैम्प में आये लोगों की जांच किया और उंन्हे उचित परामर्श दिया। वंही कैंप में ईसीजी की सुविधा के साथ आवश्यक दवाओं का भी मुफ्त वितरण किया गया।

                  परामर्श देते डॉक्टर       

गौरतलब है कि इस कोरोना काल के दौरान लोगों को हृदय संबंधी रोगों एवं मानसिक रोग की विशेष शिकायत रही थी। शहर में यह सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध नहीं होने के कारण लायन्स क्लब ने लोगों की परेशानीयो को ध्यान में रखते हुए इस कैम्प का आयोजन किया। कैम्प को सफल बनाने में आर्किड मेडिकल सेंटर के आकाश जी, नितिन जी एवं अरविंद जी का विशेष सहयोग रहा है।

                     जांच करते डॉक्टर

मौके पर लायंस क्लब के जोनल चेयर पर्सन लायन विकास खेतान, क्लब प्रेसिडेंट प्रवीण बगड़िया, सचिव निर्मल सलामपुरिया, कैंप कोऑर्डिनेटर अनिल अग्रवाल एवं दीपक जैन के अलावा लायन डॉक्टर नीरज  डोकानिया, दिनेश खेतान, सुनील केडिया, अशोक बगड़िया, संजय डगेइच,  संजय भुदोलिया प्रदीप डोकानिया,संजय जैन आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।


तालाब में डूबने से हुई एक किशोर की मौत, गांव में पसरा मातमी सन्नाटा

            तालाब से युवक को निकलते लोग

गिरिडीह : जिले के गावां थाना क्षेत्र के गदर में शनिवार को तालाब में स्नान करने के दौरान डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। 

 बताया जाता है कि धनेपुर गांव निवासी मो निजाम का 15 वर्षीय पुत्र मो आशिक शनिवार को अपने दोस्तों के साथ बकरी चराने गया था। इसी दौरान वह अपने दोस्तों के साथ तालाब में स्नान करने लगा। स्नान करने के दौरान आशिक तालाब में गहरा पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। आशिक को तालाब में डूबता देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन वे बचा नहीं पाये। 

बाद में आशिक के दोस्तों घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना पाकर ग्रामीण तालाब में कूद पड़े और आशिक की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उसे गहरे पानी से निकाला गया और स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जंहा चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशिक की मौत की खबर सुन परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है वंही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।

बुधवार, 25 अगस्त 2021

अनुसूचित जाति के छात्र का नामांकन नहीं लेने का प्रधानाध्यापक आरोप

प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को आवेदन देकर किया प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की मांग 

गिरिडीह : भारत में शिक्षा दर बढ़ाने तथा नौनिहालों के भविष्य को संवारने के लिए सरकार शिक्षा के क्षेत्र में करोड़ों रुपए खर्च कर रही है।  ऐसे में अगर विद्यालय में छात्र का नाम नामांकन ना हो तो इसमें दोषी किसे माना जाए ?ऐसा ही एक मामला सदर प्रखंड के कमला नेहरू कन्या मध्य विद्यालय में प्रकाश में आया है।

जानकारी के अनुसार आईसीआर रोड निवासी धीरज पासवान ने बीईओ को एक आवेदन देकर दोषी प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन के माध्यम से उन्होंने कहा है कि बीते 16 अगस्त को मैं अपने पुत्र श्रेष्ठ रंजन कुमार का नामांकन को लेकर विद्यालय पहुंचे थे। विद्यालय में प्रधानाध्यापक श्रीकांत पांडेय से नामांकन को लेकर बातचीत की तो उन्होंने बच्चे का नामांकन लेने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि अनुसूचित जाति के बच्चों का नामांकन नहीं लिया जाना है सरकार का स्पष्ट निर्देश है।  

 इस बाबत जब प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विद्यासागर मेहता से पुछा गया तो उन्होंने कहा कि यह मामला गंभीर है। मामले की जांच कर दोषी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किया जाएगा। कहा कि इस तरह का मामला एक भी विद्यालय से आज तक नहीं आया था। विद्यालय में पहुंचने वाले सभी बच्चों का नामांकन किया जाना है। 

बहरहाल जो भी हो प्रधानाध्यापक एवं अभिभावक के इस विवाद में बच्चे का भविष्य अधर में लटक गया है। एक ओर जहां करोना काल में 2 वर्षों से विद्यालय में ताला लटका हुआ है। 

रिपोर्ट : देवानन्द कुमार

 

बिजली के चपेट में आने से बिजलीबथान गांव के युवक की हुई मौत

युवक को बचाने के क्रम में उसकी बुजुर्ग माँ को भी लगा बिजली का जोरदार झटका

बेंगाबाद(गिरिडीह) :  प्रखंड के कर्णपुरा पंचायत अंतर्गत बिजलीबथान गांव में बुधवार की सुबह बिजली के चपेट में आने से गांव के एक 36 वर्षीय नेमचंद प्रसाद वर्मा की मौत हो गई। 

जानकारी अनुसार मंगलवार की रात हुई बारिश के कारण शॉट शर्किट की वजह से गांव के कई लोगो का टीवी,पंखा समेत अन्य बिजली के उपकरण जल गये थे। बुधवार की सुबह नेमचंद जब मोटर चालू करने गया उसी क्रम में उसे बिजली का जोरदार झटका लगा और वह घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया।  आनन् फानन में उसे इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया जंहा डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

बताया जाता है नेमचंद घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी मौत से परिजनों पर दुखो का पहाड़ टूट पड़ा है। नेमचन्द अपने पीछे 30 वर्षीय पत्नी मंजू वर्मा, दो पुत्री 13 वर्षीया मधु कुमारी और 100 वर्षीया ख़ुशी कुमारी एवं 7 वर्षीय पुत्र निर्भय कुमार को छोड़ गया।
  

रिपोर्ट : दीपक कुमार वर्मा

भारतीय बुद्धिस्ट सोसाइटी महासंघ की बैठक सम्पन्न

कामेश्वर पासवान बने सोसाइटी के  जिलाध्यक्ष व बबलू भारद्वाज राष्ट्रीय सचिव

गिरिडीह :  भारतीय बुद्धिस्ट सोसाइटी महासंघ जिला कार्यकारिणी की एक बैठक गांधी चौक स्थित एक होटल में सम्पन्न हुआ। बैठक में जंहा संगठन की मजबूती पर चर्चा किया गया। वंही जिला समिति के अध्यक्ष व राष्ट्रीय सचिव के नामों की भी घोषणा की गई।

मौके पर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार तथागत और प्रदेश अध्यक्ष राधा चरण सिंह ने भारतीय बुद्धिस्ट सोसाइटी का जिलाध्यक्ष के रूप में कामेश्वर पासवान एवं राष्ट्रीय सचिव के पद पर बबलू भारद्वाज के नामों की घोषणा की। मौके पर दोनों  नवनियुक्त पदाधिकारियों को फूल माला और बुके देकर उनका स्वागत किया गया।

 इस दौरान नव नियुक्त जिलाध्यक्ष कामेश्वर पासवान ने कहा कि वह जिले के सभी प्रखण्डों के साथ साथ नगर निगम क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाने की दिशा अहम भूमिका अदा करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार तथागत ने दोनों को शुभकामना देते हुए सोसाइटी के प्रति कार्य करने का निर्देश दिया।

 वही मौके पर जिला उपाध्यक्ष उमेश दास, हीरो दास, मथुरा दास, मोहन दास, काली दास, मंतोष राणा, रंजीत रंजन,  धर्मनाथ रविदास, संजय पासवान, राजकुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

रिपोर्ट : देवानन्द कुमार

उदनाबाद में सम्पन्न हुआ तुरी समाज का मिलन समारोह

समाज के लोगों ने लिया समाज से कुरीतियों को दूर करने का संकल्प

गिरिडीह : झारखंड प्रदेश तुरी समाज द्वारा बुधवार को उदनाबाद में भिखारी तुरी के प्रागण में तुरी समाज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिला तुरी समाज के जिलाध्यक्ष कृष्णा तुरी की अध्यक्षता एवं प्रदीप तुरी के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि धनबाद जिला तुरी समाज के जिलाध्यक्ष तपेन्द्र तुरी उपस्थित थे। 


कार्यक्रम का शुभारंभ आगत अतिथियों द्वारा समाज के पूर्वजों के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने अन्य लोगों ने एक स्वर में समाज मे फैली कुरूतियो को दूर करने और शिक्षा के क्षेत्र में समाज के बच्चों को सही मार्ग दर्शन देने का संकल्प दुहराया। मौके पर आगामी चुनाव में तुरी समाज की भूमिका भी अहम होने सम्बन्धी एक रणनीति भी तैयार की गईं। इस दौरान बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये। जिसका उपस्थित लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया और कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों का हौसला अफजाही कर उनके उज्ज्वल भविष्य की भी कामना किया।

कार्यक्रम में देवघर से आये अनिल दयाल, भाजपा नेता गोविंद तुरी, महेश राम, ब्रजमोहन तुरी, प्रभा देवी, किरण देवी, भिखारी तुरी ने जंहा उपस्थित होकर मंच की शोभा बढ़ाया। वंही कार्यक्रम को सफल बनाने में छोटू तुरी, दिनेश तुरी, कृष्णदेव तुरी, नकुल तुरी, नेमचंद तुरी, भुनेश्वर तुरी, अशोक तुरी, जागेश्वर तुरी, तुलसी तुरी, मीना देवी, रीमा देवी, ममता देवी, उमेश तुरी आदि की भूमिका सराहनीय रही।

रिपोर्ट : श्याम कुमार

11 हजार की बिजली तार के चपेट में आ बिजली मिस्त्री गम्भीर, हुई मौत

हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री झुलसा, हुई मौत

गिरिडीह : जिले के देवरी प्रखंड के जरियाबागी नदी के समीप 11 हजार तार को ठीक करने बिजली के  पोल पर चढ़े बिजली मिस्त्री करंट के चपेट में आकर गम्भीर रूप से घायल हो गया। आननफानन में घायल मिस्त्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवरी लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने गिरिडीह रेफर कर दिया।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि देवरी थाना क्षेत्र के बजगुंदा निवासी 45 वर्षीय बिजली मिस्त्री शहादत अंसारी जिस स्थान पर बिजली ठीक करने पोल पर चढ़ा था। वँहा से बांसडीह और रायडीह फीडर दोनों का तार गुजरा है। शहादत ने भूल वश बांसडीह फीडर का शर्टडॉउन लेकर रायडीह फीडर में काम करने लगा। जिस कारण वह बिजली करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। 

गिरिडीह में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया। लेकिन धनबाद ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। बिजली मिस्त्री की मौत के बाद बिजली मिस्त्री के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।