गुरुवार, 14 मई 2020

आठ पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक गिरफ्तार

आठ पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक गिरफ्तार
 सरिया/गिरिडीह : सरिया पुलिस ने गुरुवार को  गुप्त सूचना के आधार पर चेचाकी बाजार मे छापामारी कर आठ पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार शराब कारोबारी का नाम भुनेश्वर पासवान पिता रामू पासवान सा.कपिलो थाना सरिया जिला गिरिडीह बताया गया है।  सरिया पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार शराब कारोबारी के विरुद्ध विधि सम्मत कारवाई की जा रही है। बताया कि छापामारी दल मे स.अ.नि  विनोद उपघ्याय एवं स.अ.नि.राम स्व रूप सिंह तथा सशस्त्र बल शामिल थे।

गिरिडीह में मिले चार कोरोना मरीज, संक्रमित मरीजों के गांवों को किया गया सील

गिरिडीह में मिले चार कोरोना मरीज, संक्रमित मरीजों के गांवों को किया गया सील
मरीजों में डुमरी प्रखंड के भंडारों के दो तथा ससारखों में एक तथा जमुआ प्रखंड के चनमनो की एक महिला मरीज हैं शामिल


गिरिडीह : बुधवार की देर शाम जिले में 4 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों के पुष्टि होते ही जिला प्रशासन के द्वारा देर रात सभी संक्रमित मरीजों को बदडीहा स्थित आइसोलेशन सेंटर में शिफ्ट करा दिया गया है। डुमरी में मिले पीड़ित भंडारों, ससारखो एवं नावासार के हैं। वहीं जमुआ की महिला मरीज चनमनो गांव की है। बता दें कि पहले से ही चनमनो गांव में एक कोरोना पॉजिटिव है। 4 पॉजिटिव मरीजों में 3 गुजरात के सूरत से लौटे थे। जबकि नावासार का पीड़ित महाराष्ट्र से लौटा था।
इधर गुरुवार की सुबह सम्बंधित इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। गांव व आसपास के इलाके को सैनिटाइज किया जा रहा है। वहीं लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। 
 उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा ने जिले के डुमरी प्रखंड के भंडारों में दो तथा ससारखों में एक तथा जमुआ प्रखंड के चनमनों में एक कुल चार कोरोना मरीजों के मिलने की पुष्टि किया है।  बताया कि सभी संक्रमित मरीजों को बेहतर इलाज हेतु एएनएम ट्रेनिंग स्कूल बदडीहा में शिफ्ट किया गया है। वह सभी पहले से ही होम क्वारनटाइन में रह रहे थें। कोरोना से संक्रमित पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं सगे संबंधियों से जुड़ी जानकारी और ट्रेसिंग प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है। इसके अलावा किसी के भी आने जाने पर संपूर्ण रूप से पाबंदी लगा दी गई है। साथ ही इससे जुड़ने वाले सभी मार्गों को पूरी तरह से बंद करते हुए प्रत्येक मार्ग पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की गई है।

*उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने लिया गांवों का जायजा

 गुरुवार को उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा और  पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार झा ने संयुक्त रूप से तीनों गांव का निरीक्षण कर वस्तु स्थिति का जायजा लिया।  एहतियात के तौर पर तीनों गांव के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर आम गांववासियों को होम क्वॉरेंटाइन में रहने की अपील किया गया है।  सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे गांव को सील कर दिया गया है तथा गांव में लगातार साफ-सफाई, ब्लीचिंग व सैनिटाइजेशन का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।

*घर-घर पहुंचाया जाएगा भोजन व राशन की सामग्री

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा व सुविधा को देखते हुए गांव को पूरी तरह सील किया गया है। ऐसी परिस्थिति में किसी को भी भोजन या खाद्य सामग्री की किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध है। जिला प्रशासन की टीम  घर-घर राशन सामग्री पहुंचायेगी। उन्होंने ग्रामवासियों से घरों में रहने के साथ ही सामाजिक दूरी का अनुपालन करेने की बाते कही। कहा कि अति आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले। जब भी घर से बाहर निकले मास्क का उपयोग अवश्य करें। तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें।

*बिरनी प्रखंड के गरायडीह का किया निरीक्षण

इसके अलावा उपायुक्त श्री सिन्हा ने बिरनी प्रखंड के संक्रमित मरीजों के गांव गरायडीह तथा केन्दुआटांड़ का भी निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। वँहा भी लोगों से अपने घरों में रहने तथा सामाजिक दूरी का अक्षरश: अनुपालन करेंने की अपील किया।

विदित हो कि इन 4 पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद पूरे जिले में अब तक 10 मामले मिले हैं। जिसमें एक्टिव मरीजों की संख्या 9 है। जबकि एक महिला पूरी तरह से ठीक हो चुकी है। एक्टिव 9 मामलों में 8 संक्रमित गुजरात के सूरत से जबकि एक महाराष्ट्र से लौटे प्रवासी मजदूर हैं।

सेंदरा आदिवासी समाज के अनुसार पुरुषार्थ की है अग्नि परीक्षा

सेंदरा आदिवासी समाज के अनुसार पुरुषार्थ की है अग्नि परीक्षा 

पारसनाथ पहाड़ की तराइयों में मनायी गयी सेंदरा पर्व


[अनिलेश गौरव ]

पीरटांड़/ गिरिडीह : कहते हैं कि आदिवासी समाज के परंपरा के अनुसार मरांग बुरु पर्वत यानि पारसनाथ पर्वत का 8 बार सेंदरा किया जाता है । यह सेंदरा आदिवासी परंपरा के अनुसार एक-एक सप्ताह के अंतराल में किया जाता है। 

सबसे पहले पारसनाथ मरांग बुरु सेंदरा, दूसरा झरहा बुरु सेंदरा,मटियारो सेंदरा,भोजेदहा सेंदरा, पारसनाथ पर्वत के उस पार गणेशपुर सेंदरा एवं दो सेंदरा टुंडी क्षेत्र में आ जाता है। कुल मिलाकर पीरटांड़ में 6 एवं टुंडी में दो कुल 8 सेंदरा पारसनाथ पर्वत का किया जाता है। 


कहते हैं कि सेंदरा पर्व आदिवासियों के लिए पुरुषार्थ की अग्नि परीक्षा होती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार साल भर जो आदिवासी समाज के पुरुष कर्म करते हैं उसका फल सेंधरा में देखा जाता है। कहते हैं कि यदि लोग पाप करेंगे तो सेंदरा के समय जंगली जानवर उन्हें नोच कर काट कर खा जाएंगे। साथ ही साथ यह भी मान्यता है की सेंदरा के क्रम में यदि कोई व्यक्ति मर जाता है तो उन्हें आदिवासी समाज शहीद का दर्जा देता है।  प्रत्येक वर्ष सेंदरा के दिन उनकी याद में उनकी पूजा अर्चना की जाएगी। समाज में यह भी प्रथा प्रचलित है कि 3 दिनों के लिए जब पुरुष सेंदरा पर्व मनाने जंगलों में जाते हैं तो उनकी पत्नियां 3 दिनों तक सिंदूर नहीं करती हैं। किसी भी प्रकार का श्रृंगार नहीं करती हैं। चूड़ी उतार के रख देती हैं। यहां तक की लोहे की चूड़ी भी खोल कर रख दिया जाता है।

जब तक पति घर नहीं आ जाएंगे तब तक उसको नहीं पहनेंगे। कहते हैं कि असम आज भी प्रकृति का पूजक है। प्रकृति पर अटूट विश्वास रखता है। इसलिए मान्यता है कि यदि साल भर कुछ पाप कर्म हो गया तो वह व्यक्ति सेंदरा में मर जाता है। मरने के बाद उसे पुनः घर नहीं लाया जाता है सीधे उसे घाट में ले जाकर अंतिम संस्कार कर जला दिया जाता है। घर परिवार के लोगों को गांव के अंतिम छोर में एक बार केवल दर्शन करा दिया जाता है और उन्हें शहीद का दर्जा प्राप्त हो जाता है। 

3 दिनों के सेंदरा में संथाल के जज जिसे डिहरी कहा जाता है को सर्वप्रथम पूजा पाठ कर आते हैं अंतिम दिन झगड़ा झंझट का निपटारा करवाया जाता है यह इनका अंतिम जजमेंट होता है। इसको नहीं मानने वाले लोगों को समाज से बहिष्कृत कर दिया जाता है। इस तरह प्रत्येक वर्ष आदिवासी समाज के लोग पारसनाथ के इर्द-गिर्द जंगलों में सेंदरा पर्व को बड़े ही धूमधाम के साथ मनाते हैं।

मजदूरों को लेकर देवघर जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, दर्जनाधिक यात्री घायल

मजदूरों को लेकर देवघर जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, दर्जनाधिक यात्री घायल
गिरिडीह :  प्रवासी मजदूरों को लेकर हैदराबाद से देवघर जा रही एक बस गुरुवार की अहले सुबह लगभग 4 बजे जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में दुर्घटना ग्रस्त हो गयी। जिसमे बस पर दर्जनाधिक लोग घायल हो गये। जिन्हें तत्काल बेहतर इलाज हेतु 108 एम्बुलेंस की मदद से गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया।

घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि उक्त बस जब मजदूरों को लेकर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के डाक बंगला के समीप पहुंची। चालक से वाहन अनियंत्रित होकर पुल से जा टकरायी।  हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नही है। घटना में बस पर सवार 12 लोग पूरी तरह से घायल हो गए। 

सूचना मिलते ही बेंगाबाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर हॉस्पिटल भेज दिया। जंहा चिकित्सकों ने सभी घायलों को खतरे से बाहर बताया और उनका इलाज कर उन्हें गन्तव्य हेतु भेज दिया।

देवरी और तिसरी पुलिस ने चलाया ज्वाइंट ऑपरेशन, किया शराब की भट्ठियों को नष्ट

देवरी और तिसरी पुलिस ने चलाया ज्वाइंट ऑपरेशन, किया शराब की भट्ठियों को नष्ट
गिरिडीह :  जिले की देवरी एवं तिसरी थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से बॉर्डर क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया तथा भारी मात्रा में महुआ शराब और जावा महुआ को नष्ट किया।

मिली जानकारी के अनुसार देवरी थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा तथा तिसरी थाना प्रभारी उत्तम कुमार उपाध्याय को गुप्त सूचना मिली थी कि देवरी एवं तिसरी थाना क्षेत्र के बॉर्डर इलाके में अवस्थित कारीलिटटी और समदेवा में अवैध महुआ शराब की भट्ठियां चल रही है। 

सूचना मिलते ही देवरी थाना प्रभारी एवं तिसरी थाना प्रभारी ने एक ज्वाइंट आपरेशन चला कर अवैध शराब भट्ठियां को नष्ट किया। इस आपरेशन में ए एस आई नितिश कुमार,ए एस आई सधन कुमार,ए एस आई ध्रुव कुमार,ए एस आई रोशन कुमार समेत जिला जवान जैप जवान उपस्थित थे। 

बीस प्रवासी मजदूरों का लिया गया सैंपल

बीस प्रवासी मजदूरों का लिया गया सैंपल
 
पीरटांड़/गिरिडीह :  पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत कुम्हरलालो पंचायत भवन में गुरुवार को अन्य राज्यों से आए प्रवासी मजदूरों का स्वास्थ्य विभाग की ओर से चेकअप कर सैंपल लिया गया । 

बीटीटी रविंद्र कुमार ने बताया कि सूरत मुंबई एवं दिल्ली से निजी वाहन के द्वारा 20 प्रवासी मजदूर कुम्हरलालो घोरबाद नावाडीह एवं कबरिया बेड़ा के लिए अपना घर आए जिन्हें कुम्हरलालो पंचायत भवन सचिवालय में मेडिकल टीम के द्वारा जांच किया गया एवं सैंपल लेकर बाहर भेजा गया । स्वास्थ्य विभाग की टीम में रविंद्र कुमार बीटीटी के अलावे शंभू महथा टेक्निशियन, विनोद वर्मा एमपीडब्ल्यू सहित कई लोग शामिल थे । इन सभी 20 लोगों को सरकारी भवन में 14 दिनों के लिए क्वॉरेंटाइन कर दिया गया है ।

मुखिया प्रतिनिधि ने किया मास्क और सैनिटाइजर का वितरण

मुखिया प्रतिनिधि ने किया मास्क और सैनिटाइजर का वितरण
गिरिडीह : जिले के देवरी प्रखंड के मारुडीह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बालमुकुंद सिंह द्वारा गुरुवार को पंचायत के मारुडीह ,बरवाडीह, रानीडीह ,रामपुर आदि गॉवों में लोगों के बीच मास्क और सेनिटाइजर का वितरण किया।  इस दौरान उन्होंने लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने ,बिना कोई जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने ,साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दिया।

इस दौरान विभिन्न शहरों से पंचायत क्षेत्र में आने वाले मजदूरों, विद्यार्थियों की सूची बनाई गयी और सभी की आवश्यक जॉच के उपरांत होम क्रोन्टाइन में रहने और इसका शख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। इसमें सामाजिक कार्यकर्ता डॉक्टर राजकुमार दास, राजेन्द्र रजक, प्रकाश दास के साथ बहुजन क्रांति मोर्चा के जिला मिडिया प्रभारी मन्सूर अंसारी का ने सहयोग किया।

गंतव्य को भेजे गए गिरिडीह में फंसे 70 लड़के-लड़कियां

गंतव्य को भेजे गए गिरिडीह में फंसे 70 लड़के-लड़कियां
गिरिडीह : सदर विधायक सुदिव्यं कुमार सोनू की पहल और उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की सूझ बूझ से गुरुवार को लॉक डाउन में गिरिडीह में फंसे 70 लड़के लड़कियों को उनके गन्तव्य तक भेजा गया।

बताया गया कि दो दिन पूर्व गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को गिरिडीह में 70 लड़के लड़कियों के फंसे होने की सूचना मिली।  जो सभी गुमला, लातेहार, सिमडेगा, लोहरदगा, हजारीबाग और रामगढ़ के थे । ये सभी किसी नेटवर्किंग कंपनी के लिए काम करते थे और आपदा की स्थिति में कंपनी की तरफ से कोई सहायता नही मिलने पर ये सभी गिरिडीह में फंस गए। विधायक ने इनके आवेदन पर उपायुक्त को बाकी जिलों के अधिकारियों से एनओसी लेकर उन्हें वापस भेजने का इंतेजाम करने का आग्रह किया। सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों से बात कर 2 बसों का इंतेजाम कर गुरुवार की सुबह  गोपाल विश्वकर्मा और रणधीर वर्मा ने सभी लड़के लड़कियों को खिचड़ी सेंटर ले जाकर पहले खाना खिलवाया फिर गौरव कुमार तथा अभय सिंह के साथ मिलकर दोनों बसों पर सबों को बिठाकर उनके गंतव्य स्थान के लिए विदा किया गया।

एसपी ने दिवंगत सिपाही के परिवार को दिया राशन और आर्थिक सहयोग

एसपी ने दिवंगत सिपाही के परिवार को दिया राशन और आर्थिक सहयोग
बेंगाबाद/गिरिडीह : एसपी सुरेंद्र कुमार झा गुरुवार को बेंगाबाद स्थित गहिरजोर गांव के दिवंगत सिपाही बाबूलाल हांसदा के घर पहुंचे और परिजनों का ढांढ़स बंधाते हुये उन्हें राशन व आर्थिक सहयोग दिया।

विदित हो कि दिवंगत सिपाही बाबूलाल हांसदा पाकुड़ जिला पुलिस में कार्यरत थे। बीते अप्रैल माह में उनकी मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद उनका परिवार भारी संकट से गुजर रहा था। लॉकडाउन के कारण परिवार को सरकारी मदद भी नहीं मिल पा रही थी। जिस कारण परिवार पत्तल आदि बनाकर जीवकोपार्जन को विवश था।
मीडिया में खबर आने के बाद एसपी श्री झा थाना प्रभारी व पूरी टीम के साथ गुरुवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और दुःखी परिवार का ढांढ़स बंधाया। कहा कि विभागीय लाभ दिलाए जाने को लेकर सम्बंधित जिले से वे बात करेंगे।

मौके पर उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में परिवार को दिक़्क़त न हो इसको लेकर अपने स्तर से कुछ मदद देने का कोशिश की है। कहा कि हमलोगों का संकल्प है कि किसी को भी आपदा के इस घड़ी में भूख से मरने नहीं दिया जाएगा और हमलोग इसका पालन कर रहे हैं।

जमुआ में भाजपा नेता ने स्वास्थ्य कर्मियों के बीच खाद्य सामग्री का किया वितरण

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जमुआ में भाजपा नेता ने  स्वास्थ्य कर्मियों के बीच खाद्य सामग्री का किया वितरण                              

जमुआ गिरिडीह। गुरुवार को जमुआ में समाजसेवी सह भाजपा नेता परमेश्वर यादव ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमुआ में जमुआ प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ बालमुकुन्द राय के मौजूदगी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य कर्मियों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया । 

स्वास्थ्य कर्मी को माला पहनाकर सम्मानित किया ।इस अवसर पर भाजपा नेता परमेश्वर यादव ने कहा कि कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए  चिकित्सक  एवं स्वास्थ्य कर्मी  रात दिन  लगे हुए हैं,  इसलिए  वह  अपने सामर्थ्य के अनुसार  स्वास्थ्य कर्मियों के बीच  खाद्य सामग्री  वितरण  कर  सुखद अनुभव  महसूस कर रहे हैं।  उन्होंने कहा कि वे जरूरतमंदों के बीच  गांव-गांव में जाकर  अपने सामर्थ्य के अनुसार  लोगों को  खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। गुरुवार को जमुआ प्रखंड स्थित बाटी गांव में बंशी प्रसाद, समेत कई अन्य लोगो को तथा जमुआ में झूलन कुमार आदि को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराया । 

विदित हो कि इस वक्त जब बीमारी देश और दुनिया  में जब कोरोना महामारी से जूझ रही है, वहीं जमुआ के समाजसेवी सह भाजपा नेता परमेश्वर यादव इस जंग में जरूरतमंदो की सेवा कर नई अलख जगाएं हुए है। वे इस   दौरान लगातार जरूरतमंद लोगों की जरूरतें पूरीकर एक नई आशा की किरण बने हुए है। कोरोना के संकट से निपटने तथा देश में लागू लॉकडाउन गरीबों के लिए आफत बना हुआ है, वही  समाजसेवी गरीबों और जरूरतमंदों के लिए आशाऐं की किरण बनकर सेवा कर रहे है । 

उन्होंने बताया की वो लगातार पिछले दस दिनों से अलग- अलग इलाकों में पहुंच कर लोगों की भूख मिटा रहे है ओर अपने सामर्थ्य के अनुसार लोगो को मद्त कर रहे है ।और उनकी स्वछता बनाए रखने के लिए साबुन और सैनिटाइजर की व्यवस्था भी कर रहे हैं।उन्होंने   जानकारी साझा करते बताया कि वे दस दिनों में सैकड़ो  लोगो को  मास्क,सेनिटाइजर, पैकेट्स, खाद्य सामग्री सहित ,चीनी, चाय पत्ती ,दाल ,साबुन,आदि उपलब्ध करा चुके है ।

विधायक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दिया 2 थर्मल स्कैनर

विधायक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को दिया 2 थर्मल स्कैनर
 जमुआ/ गिरिडीह : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमुआ में मरीजों के इलाज में परेशानियाँ न हो इस बाबत गुरुवार को विधायक केदार हाजरा ने जमुआ अस्पताल में दो पीस थर्मल स्कैनर मशीन भिजवाया। 

इस मशीन से चिकित्सक मरीजों को बिना छूवे उनके टेम्परेचर की जांच कर सकेंगे। विधायक द्वारा भेजे गए मशीन को भाजपा नेता सह मुखिया महेंद्र कुमार ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ बालमकुंद प्रसाद राय को सौंपा। 

डॉ राय ने बताया कि फॉर हेड मूड का थर्मल स्कैनर उन्हें मिली है। अस्पताल में पहले से दो स्कैनर था लेकिन प्रवासी मजदूरों की संख्या अधिक रहने के कारण जांच के लिए लंबी लाइन लग रही थीं। अब एक साथ चार लोगों का जांच किया जा सकेगा।


जरूरतमंद लोगों की मदद कर मिशाल पेश कर रही कालीपाथर की संस्था केएनएसएस

लाकडाउन में जरूरतमंद लोगों की मदद कर मिशाल पेश कर रही है काली पाथर की केएनएसएस संस्था
मिहिजाम/चित्तरंजन : काली पाथर नवजीवन सेवा समिति (केएनएसएस) लाकडाउन के दौरान लगातार जरूरतमंद लोगों की मदद कर रही है। खाना खिलाने से लेकर मुफ्त राशन बांटने तक सब में यह संस्था अग्रणी भूमिका निभा रही है। सेवा मूलक कार्यो के बंगाल सरकार से लेकर पुलिस और प्रशासन के लोग भी संस्था की भूमिका को न सिर्फ सराह चुके है बल्कि आपात परस्थितियों में संस्था के सदस्यों के समर्पण भाव को भी आजमा चुके है। 

इसी कड़ी में गुरुवार को करीब डेढ़ सौ परिवार में राशन सामग्री उपलब्ध कराया गया। जिसमें 25 किलोग्राम चावल से लेकर, दाल, सरसों तेल आदि शामिल है। अब तक करीब छः सौ परिवार को मदद पहुंचाई गई है। ट्रेजरर शानू दास ने बताया कि 2005 में स्थापित इस संस्था के द्वारा अब तक अनाथ बच्चों से लेकर, बेरोजगार और होनहार युवाओं के रोजगार, पठन पाठन, दक्षता प्रशिक्षण, साक्षर कार्यक्रम चलाया जा रहा है। 

आगे वृद्ध लोगों के लिए ओल्डएज होम भी प्रस्तावित है। जिसपर काम चल रहा है। इसके लिए संस्था के सक्षम सदस्यों से आर्थिक मदद का योगदान रहता है। 
संस्था की ओर से सचिव अवधेश ठाकुर, अध्यक्ष मधुसूदन मंडल, प्रबधंक रामास्टेड दास, ललित दास, रूम्पा दास, सुपर्णा दास, बीणा एक्जैवियर, रीतू सरकार, रोजी दास, प्रेमिका दास, राणा लाल, प्रतीक कुजूर, प्रशांत राय, डेविड दास, जेम्स मंडल, लक्ष्मीकांत लाल आदि की भूमिका सराहनीय रही है।