गिरिडीह में मिले चार कोरोना मरीज, संक्रमित मरीजों के गांवों को किया गया सील
मरीजों में डुमरी प्रखंड के भंडारों के दो तथा ससारखों में एक तथा जमुआ प्रखंड के चनमनो की एक महिला मरीज हैं शामिल
गिरिडीह : बुधवार की देर शाम जिले में 4 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों के पुष्टि होते ही जिला प्रशासन के द्वारा देर रात सभी संक्रमित मरीजों को बदडीहा स्थित आइसोलेशन सेंटर में शिफ्ट करा दिया गया है। डुमरी में मिले पीड़ित भंडारों, ससारखो एवं नावासार के हैं। वहीं जमुआ की महिला मरीज चनमनो गांव की है। बता दें कि पहले से ही चनमनो गांव में एक कोरोना पॉजिटिव है। 4 पॉजिटिव मरीजों में 3 गुजरात के सूरत से लौटे थे। जबकि नावासार का पीड़ित महाराष्ट्र से लौटा था।
इधर गुरुवार की सुबह सम्बंधित इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। गांव व आसपास के इलाके को सैनिटाइज किया जा रहा है। वहीं लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा ने जिले के डुमरी प्रखंड के भंडारों में दो तथा ससारखों में एक तथा जमुआ प्रखंड के चनमनों में एक कुल चार कोरोना मरीजों के मिलने की पुष्टि किया है। बताया कि सभी संक्रमित मरीजों को बेहतर इलाज हेतु एएनएम ट्रेनिंग स्कूल बदडीहा में शिफ्ट किया गया है। वह सभी पहले से ही होम क्वारनटाइन में रह रहे थें। कोरोना से संक्रमित पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं सगे संबंधियों से जुड़ी जानकारी और ट्रेसिंग प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है। इसके अलावा किसी के भी आने जाने पर संपूर्ण रूप से पाबंदी लगा दी गई है। साथ ही इससे जुड़ने वाले सभी मार्गों को पूरी तरह से बंद करते हुए प्रत्येक मार्ग पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की गई है।
*उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने लिया गांवों का जायजा
गुरुवार को उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा और पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार झा ने संयुक्त रूप से तीनों गांव का निरीक्षण कर वस्तु स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर तीनों गांव के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर आम गांववासियों को होम क्वॉरेंटाइन में रहने की अपील किया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे गांव को सील कर दिया गया है तथा गांव में लगातार साफ-सफाई, ब्लीचिंग व सैनिटाइजेशन का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
*घर-घर पहुंचाया जाएगा भोजन व राशन की सामग्री
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा व सुविधा को देखते हुए गांव को पूरी तरह सील किया गया है। ऐसी परिस्थिति में किसी को भी भोजन या खाद्य सामग्री की किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध है। जिला प्रशासन की टीम घर-घर राशन सामग्री पहुंचायेगी। उन्होंने ग्रामवासियों से घरों में रहने के साथ ही सामाजिक दूरी का अनुपालन करेने की बाते कही। कहा कि अति आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले। जब भी घर से बाहर निकले मास्क का उपयोग अवश्य करें। तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें।
*बिरनी प्रखंड के गरायडीह का किया निरीक्षण
इसके अलावा उपायुक्त श्री सिन्हा ने बिरनी प्रखंड के संक्रमित मरीजों के गांव गरायडीह तथा केन्दुआटांड़ का भी निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। वँहा भी लोगों से अपने घरों में रहने तथा सामाजिक दूरी का अक्षरश: अनुपालन करेंने की अपील किया।
विदित हो कि इन 4 पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद पूरे जिले में अब तक 10 मामले मिले हैं। जिसमें एक्टिव मरीजों की संख्या 9 है। जबकि एक महिला पूरी तरह से ठीक हो चुकी है। एक्टिव 9 मामलों में 8 संक्रमित गुजरात के सूरत से जबकि एक महाराष्ट्र से लौटे प्रवासी मजदूर हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें