शनिवार, 29 फ़रवरी 2020

गैंग रेप और अपहरण के आरोपी किशोर को दस वर्ष की सजा


गैंग रेप और अपहरण के आरोपी किशोर को दस वर्ष की सजा
गिरिडीह: जिला जज वन सह चिल्ड्रेन कोर्ट के न्यायाधीश रामबाबू गुप्ता की अदालत ने शनिवार को गैंग रेप और अपहरण के दोषी एक किशोर को दोनों ही मामलों में दस-दस साल की सजा सुनाई। साथ ही पन्द्रह हजार रुपये की जुर्माना भी लगाया है। विद्वान न्यायाधीश ने कहा कि दोनों सजाएं साथ-साथ चलेगी। 

 किशोर के विरुद्ध एक महिला ने आरोप लगाया था कि उसने 27 मई 2016 को रियाज अंसारी के साथ मिलकर उसका अपहरण किया और उसके साथ गैंगरेप किया था। 

घटना धनवार थाना क्षेत्र की है। थाने में दर्ज प्रस्थमिकी मे पीड़िता ने बताया था कि रियाज अंसारी ने उसके पति से अनबन करा उसे बहला फुसलाकर तलाक दिलवा दिया। 27 मई 2016 को रियाज ने किशोर के साथ मिलकर उसका अपहरण कर अपने घर ले गया। वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया गया। मामले का मुख्य आरोपी रियाज की सुनवाई अलग से चल रही है।

सरिया में हुई सड़क दुर्घटना में बहनोई की मौत, साली गम्भीर

सड़क दुर्घटना में बहनोई की मौत, साली गम्भीर
गिरिडीह : जिले के सरिया प्रखंड कार्यालय के समीप शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में जंहा एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। वंही इस घटना में एक बच्ची गम्भीर रूप से जख्मी हो गयी। 

मृतक सरिया थाना क्षेत्र के चिरूवा गांव निवासी 25 वर्षीय किशोरी ठाकुर बताया जाता है जबकि जख्मी बच्ची मीना कुमारी सरिया के ही लुकैया गांव की रहने वाली है। दोनों रिश्ते में साली बहनोई बताए जाते है।

मिली जानकारी के अनुसार किशोरी अपनी साली मीना को लेकर बाइक से पूजा करने बरकट्ठा के बेड़ोकला जा रहा था। इसी दौरान सेवाबान्ध के पास आगे चल रही एक गाड़ी को ओवरटेक करने के क्रम में  सामने से आ रहे गेहूं लदे ट्रक की चपेट में आ गया।जिससे मौके पर ही उसकी मौत होगई। वंही दूसरी ओर बाइक सवार को बचाने की कोशिश में गेहूं लदा ट्रक भी सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी ट्रक छोड़ भाग गये। 

 सूचना मिलते ही सरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। जबकि मृतक के शव को अपनी अभिरक्षा में ले पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।
और ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

समारोह आयोजित कर डीडीओ रामकृष्ण राम को दी गई भावभीनी विदाई

 डीडीओ रामकृष्ण राम को दी गई भावभीनी विदाई
जमुआ : झारखण्ड़ प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ जमुआ ईकाई के तत्वावधान में मध्य विद्यालय जमुआ परिसर में शनिवार को समारोह आयोजित कर डीडीओ रामकृष्ण राम को भावभीनी विदाई दी गई।
 समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक  प्रयाग पाण्डेय व मंच संचालन शिक्षक लक्ष्मण यादव ने किया।
 मुख्य अतिथि खोरीमहुआ एसडीएम धीरेंद्र प्रसाद सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी सेवा में पदस्थापन, स्थानांतरण व अंत मे  सेवानिवृति एक भाग होता है। सेवाकाल के दौरान बहुत ही विषम परिस्थितियों का सामना कर बेदाग सेवानिवृत्त हो जाना सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। जीवन मे जो मुकाम हासिल करते हैं शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती हैं। विशिष्ट अतिथि जमुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि शिक्षक राष्ट्रनिर्माता होते हैं  इनका योगदान अनुकरणीय रहेगा।   

रामकृष्ण राम ने भाव विव्हल होकर कहा कि सभी का अपार स्नेह,सान्निध्य व सहयोग के लिए सदैव ऋणी रहूँगा।  श्री राम को विभिन्न प्रकार के पारितोषिक, गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। विदाई के दौरान सभी की आँखे नम थी। 

अंचल निरीक्षक लोकेश सिंह ,हरला मुखिया महेंद्र कुमार,बीपीओ छोटेलाल साहू, अजित कुमार,सबिता मिश्रा,सत्येन्द्र कुमार चौधरी, किशोरी रविदास ,रीता वर्मा आदि ने विचार ब्यक्त करते हुए कहा कि गुरु का स्थान माता,पिता के बाद सर्वोच्च होता है जिसे ईश्वर ने भी कहा है। 

 उक्त अवसर पर शिक्षक मैनेजर सिंह, योगेश्वर महथा, शिवकुमार देव, बसंती कुमारी, किरण कुमारी,सरिता कुमारी, बिनोद राम गुप्ता, मनोज कुमार,रंजीत वर्मा, उदय शंकर, राजीव कुमार, बदरुद्दीन आलम,मो कौशर, राजेश कुमार, शिवशंकर कुमार, छतरन्नाथ महतो आदि मौजूद थे।

पुराने सीआई की विदाई व नये का हुआ स्वागत

जमुआ अंचल निरीक्षक काली दास की दी गई भावभीनी विदाई
जमुआ :  मॉडल प्रखण्ड भवन सभागार में शनिवार को समारोह आयोजित कर सेवानिवृत्त अंचल निरीक्षक काली दास को गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई।
 वही नये अंचल निरीक्षक लवकेश सिंह का हार्दिक अभिनंदन किया गया। 
अंचलाधिकारी रामबालक कुमार ने कहा कि काली दास जी का कार्यकाल बेहद ही बेदाग रहा। इनकी कमी को नये अंचल निरीक्षक लोकेश सिंह पूर्ति करेंगे यही कामना की जाती हैं। 

 विदाई समारोह में कम्प्यूटर ऑपरेटर प्रवीण कुमार वर्मा, अंचल अमीन, अंचल व प्रखण्ड कर्मिगण, झामुमो प्रखण्ड सचिव रंजीत कुमार, जनप्रतिनिधि ,बुद्धिजीवी, मीडिया बंधु आदि मौजूद थे।

जमुआ के बलगो पंचायत सचिवालय में हुआ सरकार आपके द्वार कार्यक्रम, उमड़ी भीड़

बलगो पंचायत सचिवालय में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ 
जमुआ:  प्रखण्ड के बलगो पंचायत सचिवालय में शनिवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे मनरेगा, पीएम आवास, वृद्धा, विधवा पेंशन आदि मामले को लेकर अधिकांश आवेदन ग्रामीणों द्वारा अधिकारीयो को सौंपा गया। अधिकारियों द्वारा कुछ का त्वरित निष्पादन कर शेष को प्रखण्ड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी को निष्पादन हेतु समर्पित कर दिया गया।

 मनरेगा बीपीओ हीरो महतो, बीपीआरओ बबलू चौधरी, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार गोस्वामी, प्रधानमंत्री आवास प्रखण्ड समन्वयक संतोष कुमार वर्मा, प्रखण्ड सहायक शाहिद अख्तर ,कम्प्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार, वी एल डब्लू नित्यानंद चौधरी, पंचायत सचिव नुनूलाल हेम्ब्रम, कनीय अभियंता कामेश्वर मरांडी ने विभागों के कार्य -योजना व कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणो को दिया। कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के आयोजन से पंचायत स्तर पर ही समस्या का निष्पादन हो रहा है। प्रज्ञा केन्द्र के माध्यम से विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओ की जानकारी व लाभ सुगमतापूर्वक एक ही छत के नीचे मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के लाभुक किसानों को बीसी के माध्यम से बैंक द्वारा केसीसी के लाभ से पूर्ण आच्छादित करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। 
कार्यक्रम में मुखिया केशरी देवी, पंचायत समिति सदस्य प्रयाग प्रसाद यादव ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था की अवधारणा सार्थक हो रही हैं। ग्राम रोजगार सेवक अकबर अंसारी, मुखिया प्रतिनिधि रोहित कुमार दास, वार्ड सदस्य सरयू यादव, बिसु राम ,बहादुर दास, गणेश राम ,अब्दुल मुस्तकीम, प्रकाश विश्वकर्मा, कामदेव राम , रौशन रविदास, हुसैनी मियां, लक्ष्मीकांत राम , सेवानिवृत्त शिक्षक रघुनाथ महतो, महावीर महतो, रोहित दास, हेमलाल दास आदि ग्रामीण मौजूद थे।

भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से देवघर पहुंचे राष्ट्रपति, किया बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना

विशेष विमान से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचे
देवघर , किया बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना
देवघर(झारखंड) :  पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार को देवघर पहुंचे। उनके साथ राज्य की राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू भी मौजूद थी।
देवघर के कुंडा एयरपोर्ट भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से महामहिम राष्ट्रपति के पहुंचने पर सुबे के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, प्रमंडलीय आयुक्त, डीआइजी आर के लकड़ा, देवघर उपायुक्त नैंसी सहाय, एसपी नरेंद्र सिंह सहित वरीय अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। हवाई अड्डे पर ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
राष्ट्रपति के देवघर आगमन को लेकर चप्पे चप्पे पर सुरक्षा बल के जवान तैनात थे, शहर की ऊंची इमारतों पर भी सुरक्षा बल के जवान तैनात दिखे। काफी चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। यूं कहें कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी कि परिंदा भी पर नहीं मार सके तो इसमें तनिक अतिशयोक्ति नहीं होगी।
महसमहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचने पर उनका मंत्रोच्चारण और शंख नाद से भव्य स्वागत किया गया।
 उसके बाद राष्ट्रपति बाबा के गर्भगृह पहुंच पूरे विधि विधान के साथ पूजा अर्चना किया। जंहा मन्दिर तीर्थ पुरोहित रमेश परिहस्त ने वैदिक रितिवाज के साथ पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना कराई। लगभग आधे घंटे तक महामहिम ने बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना किया।
 
इस दौरान झारखंड की राज्यपाल एव झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख समेत पुलिस और प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों के अलावे पुरोहित समाज के लोग मोजूद थे।







 

डुमरी में गैस चूल्हा जलाने के क्रम में युवती झुलसी, गम्भीर


गैस चूल्हा जलाने के क्रम में युवती झुलसी, गम्भीर
गिरिडीह: जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलगो पंचायत स्थित बरवाटांड़ टोला में गैस चूल्हा जलाने के क्रम में शनिवार एक युवती बुरी तरह झुलस गई। घायल युवती गिरधारी सिंह की 17 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी बतायी जाती है।

 वंही युवती को बचाने के क्रम में उसके भाई अजय सिंह का भी दोनों हाथ झुलस गया। आनन फानन में ग्रामीणों द्वारा 108 एम्बुलेंस के जरिये दोनों घायलों को डुमरी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अजय सिन्हा  द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया गया।

घटना के बाबत युवती की मां शनिचरिया देवी ने बताया कि खाना बनाने के लिए जैसे ही उनकी बेटी ने चूल्हा जलाने हेतु माचिस की तिल्ली जलाया उसके कपड़े में आग पकड़ लिया। हल्ला मचाने पर भाई अजय सिंह पहुंचा और बचाने का प्रयास किया। जिसमें उसका भी हाथ झुलस गया। बताया कि गैस का नॉब सम्भवतः खुला रह गया था। जिस कारण यह हादसा हो गया। युवती की स्थिति गंभीर बतायी जाती है।


गुरुवार, 27 फ़रवरी 2020

बलात्कारी को दस वर्ष की सश्रम कारावास की सजा

बलात्कारी को दस वर्ष की सश्रम कारावास की सजा
गिरिडीह : जिला जज छह अजय श्रीवास्तव की अदालत ने गुरुवार को दुष्कर्म मामले में दोषी पाए गए मो.आलम को दस साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 25 हजार रुपये आर्थिक जुर्माना भी लगाया।  जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर छह माह अतिरिक्त कारावास की सजा काटने की बात कही।

  घटना ताराटांड़ थाना क्षेत्र की है। गांव की एक युवती 
कांड की परिवादी सह पीड़िता ने न्यायालय में परिवाद पत्र दायर कर कहा था कि 27 मार्च 2016 को वह घर में अकेली सोई हुई थी। गर्मी के कारण दरवाजा खुला हुआ था। रात 11 बजे मो.आलम घर में घुस गया। जब तक कुछ समझ पाती उसके दुपट्टे से उसका मुह बंद कर दिया व चाकू का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद उसने शादी करने की बात कही और लगातार यौन शोषण करता रहा। इस बीच वह गर्भवती हो गई। आलम ने उसे मधुपुर ले जाकर गर्भपात कराया और गांव के बगीचे में छोड़ गया। 

24 सितंबर 2016 की शाम सात बजे वह अपनी चचेरी बहन के साथ शौच के लिए गई थी तो आलम ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने सारी घटना की जानकारी अपने पिता को दी। जब उसके घरवाले आलम के घर इस बात को पूछने गए तो उसके घरवालों ने उनके साथ मारपीट की। घटना को लेकर पीड़िता ताराटांड़ थाना गई। लेकिन थानेदार ने प्राथमिकी दर्ज करने से इंकार कर दिया। तब पीड़िता ने न्यायालय में परिवाद पत्र दायर किया था।

 गुरुवार को सजा के बिदु पर सुनवाई के दौरान बहस करते हुए बचाव पक्ष के अधिवक्ता प्रकाश और दीपक कुमार ने उसे न्यूनतम सजा देने की अपील की। कहा कि उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। उसे कम सजा देकर अच्छा नागरिक बनने का मौका दिया जाना चाहिए। पीड़िता के अधिवक्ता दिगंबर मोहन सिन्हा ने उसे कड़ी सजा देने की अपील की। न्यायालय ने दोनों पक्षों की सुनने के बाद सजा सुनाई।




बगोदर के जरमुने पंचायत के मुखिया का वित्तीयशक्ति जब्त, निलम्बित

बगोदर के जरमुने पंचायत के मुखिया का वित्तीयशक्ति जब्त, निलम्बित
                      मुखिया संतोष रजक 

उपमुखिया को दिया गया मुखिया का दायित्व

गिरिडीह : 14वीं वित्त की राशि के दुरुपयोग के मामले में जिले के बगोदर प्रखंड के जरमूने पश्चिमी पंचायत के मुखिया संतोष रजक की वित्तीय शक्ति जब्त कर उन्हें निलंबित कर दिया गया। 

उक्त जानकारी बगोदर के बीडीओ रविन्द्र कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि सोलर लाइट खरीद में मुखिया ने राशि का दुरुपयोग किया है। मुखिया पर लगे आरोप सही पाए जाने के फलस्वरूप उसे इस पद से निलंबित कर दिया गया और मुखिया के कार्यो एवं दायित्वों का प्रभार उप मुखिया शंकर पटेल को दिया गया। 

विदित हो कि झारखंड सरकार ग्रमीण विकास विभाग पंचायती राज्य के आदेश पर उपायुक्त गिरिडीह के पत्रांक 766 दिनांक 2-12-2019 प्रतिवेदित किया गया, जिसमें कहा गया कि मुखिया संतोष रजक के द्वारा जरमूने पश्चिमी पंचायत मे 14 वें वित आयोग से सोलर स्ट्रीट लाइट के क्रय मे वितीय अनियमितता कर सोलर स्ट्रीट लाइट के क्रय में योजनाओं की राशि का दुरुपयोग करने का मामला सामने आया और इस पर उप विकास आयुक्त का मंतव्य भी प्राप्त किया गया। 

राष्ट्रीय कायस्थवृन्द कल करेगा देशरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर रक्तदान

देशरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय कायस्थवृन्द कल 28 को करेगा रक्तदान 
गिरिडीह : कायस्थों की अग्रणी संस्था "राष्ट्रीय कायस्थवृन्द" अगामी 28 फरवरी अर्थात कल देशरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्तदान शिविर आयोजित करेगा। उक्त निर्णय  राष्ट्रीय कायस्थवृन्द के जिलाध्यक्ष एम के वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में लिया गया।

रक्तदान हर वर्ष की तरह सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में किया जाएगा। जिसमे समाज से जुड़े पुरुष एवं महिलाओं के साथ अन्य समाज के लोग भी शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष श्री वर्मा ने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है। जिसमे सबों को बढ़ चढ़ कर सहभागी बनना चाहिये। क्योंकि आपके दिये रक्त किसी की जान बचाने में अपनी अहम भूमिका निभाती है।

वंही बैठक में अगामी 7 मार्च को होली मिलन समारोह आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी होली मिलन समारोह "चित्रांश भवन" में आयोजित किया जायेगा। जिसमे समाज से जुड़े लोग महिला व पुरुष शामिल होंगे। 

बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष त्रिपुरारी प्रसाद बक्सी, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश कुमार, प्रदेश प्रभारी शिवेन्द्र कुमार सिन्हा के अलावे जिला सचिव संजीव सिन्हा"सज्जन", उपाध्यक्ष उत्तम लाला व रविंद्र कुमार सिन्हा, कोषाध्यक्ष विशाल गौरव, नवीन कुमार सिन्हा, रंजीत कुमार, कुमार राकेश, महिला समिति की सचिव   सुधा सिन्हा, किरण बाला बक्सी, संगीता सहाय, अरुणा सिन्हा, माधुरी सिन्हा, अर्चित कृत आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

लंगटा बाबा उच्च विद्यालय में कदाचार मुक्त सम्पन्न हुआ इंटर की परीक्षा

लंगटा बाबा उच्च विद्यालय में कदाचार मुक्त लिया गया इंटर की परीक्षा
जमुआ(गिरीडीह)। जमुआ प्रखंड के लंगटा बाबा उच्च विद्यालय मिर्जागंज में गुरुवार को इंटर का परीक्षा कदाचार मुक्त लिया गया।

गुरुवार को विद्यालय में सोसोलॉजी का परीक्षा लिया गया। जिसमें 589 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। 
मौके पर स्कूल के केंद्राधीक्षक सह प्रधानाध्यपक मो.ज्याउद्दीन खुद घूम घूम कर कदाचार मुक्त परीक्षा सम्पन्न कराने हेतु मुस्तेद दिखे।

  मौके पर दंडाधिकारी के रूप में कल्याण पदाधिकारी राजेश कुमार, शिक्षक दीपक कुमार दीपक, पंकज कुमार राय,प्रवीण कुमार चौधरी,सोमवर्त झा सहित दर्जनों वीक्षक उपस्थित थे।

झारखंडधाम मंडल के पुनः अध्यक्ष बने दशरथ वर्मा

झारखंडधाम मंडल के पुनः अध्यक्ष बने दशरथ प्रसाद वर्मा
जमुआ(गिरीडीह)।  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड़धाम मंडल के चुनाव को लेकर गुरुवार को एक  बैठक का आयोजन किया गया। 

बैठक में सर्वसम्मति से वर्तमान मंडल अध्यक्ष दशरथ प्रसाद वर्मा को पुनः मण्डल अध्यक्ष चुना गया। वंही वकील विश्वकर्मा व अर्जुन मंडल को महामंत्री चुना गया।

जबकि युवा मोर्चा का अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रसाद वर्मा ,महिला मोर्चा का अध्यक्ष बसंती देवी, अत्यन्त पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दिनेश विश्वकर्मा, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजकुमार तुरी, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रामचंद्र कोड़ा को और, किसान मोर्चा का अध्यक्ष शिवचरण महतो को चुना गया।

 बैठक में सभी नवचयनित अध्यक्षों को कार्य का दायित्व बोध कराया गया। वंही सभी नवचयनित अध्यक्षों ने भाजपा को और भी सशक्त व केंद्र सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार करने का संकल्प लिया।

मण्डल के चुनाव में सामान्य वर्ग से किन्ही को मुख्य पद नही मिलने की चर्चा क्षेत्र में हो रही हैं। भाजपा की इस चुनावी बैठक में कार्तिक मंडल, ऋषि पाण्डेय समेत भाजपा के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मनरेगा जेई जावेद अंसारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

गांवा के जेई की सन्दिग्ध परिस्थिति में मौत
गिरिडीह : जिले के गांवा ब्लॉक में पदस्थापित मनरेगा जेई की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी।
पचंबा थाना क्षेत्र के भंडारीडीह 28 नंबर में किराए के मकान में रहते थे मृतक जेई जावेद आलम अंसारी।
 सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पंचम्बा थाना की पुलिस शुरू किया जांच पड़ताल ।

पचंबा थाना क्षेत्र के 28 नम्बर भण्डारीडीह में गुरुवार की सुबह मनरेगा जेई का शव कमरे में पड़ा मिला। मामले की खबर मिलते ही काफी संख्या में लोग मृतक जेई के आवास पर पहुंचे और पचंबा थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। मृतक जावेद अंसारी गांवा में पदस्थापित थे और वह भण्डारीडीह में किराए के मकान में रहते थे।
 सूचना पर घटना स्थल पर पहुंचे डीएसपी 2 संतोष कुमार मिश्रा ने आसपास के लोगों से पूछ ताछ किया।  डीएसपी को आस पड़ोस के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक जेई को बहुत तरह की शारीरिक समस्या बीमारी थी। बहरहाल पुलिस हर पहलू पर नज़र रखते हुए जांच कर रही है। 


मौत की तत्काल कोई कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम के बाद ही इसका खुलासा हो पायेगा।  वैसे पुलिस का कहना है कि यदि परिवार वाले कुछ सूचना देते हैं या फिर किसी प्रकार की जानकारी मिलती है तो पुलिस आगे की कार्रवाई उस दिशा में करेगी।

एटीएम ट्रांजेक्शन फेल होने पर भी देनी होगी फीस एक्सिस बैंक ने किया कई चार्ज में बढ़ोतरी

एटीएम ट्रांजेक्शन फेल होने पर भी देनी होगी फीस
एक्सिस बैंक ने किया कई चार्ज में बढ़ोतरी

न्यूज अपडेट डेस्क  : यदि आप एटीएम से कैश निकालने जाते हैं और बैलेंस की कमी के चलते ट्रांजेक्शन फेल हो जाता है, तब भी आपको 25 रुपये का चार्ज देना होगा। प्राइवेट सेक्टर के एक्सिस बैंक ने 1 अप्रैल, 2020 से यह चार्ज वसूलने का फैसला लिया है। बैंक की ओर से वेबसाइट पर सर्कुलर जारी कर यह जानकारी दी गई है। अब तक बैलेंस न होने के चलते ट्रांजेक्शन फेल होने की स्थिति में कोई चार्ज नहीं लगता था।

एटीएम ट्रांजेक्शन फेल होने के अलावा 4 और चार्ज बैंक ने बढ़ाए हैं। NACH ट्रांजेक्शन फेल होने पर 650 रुपये लिए जाएंगे। अब तक यह फीस 500 रुपये थी। इसके अलावा आउवार्ड चेक क्लियरेंस फेल होता है तो फिर 250, ऑटो डेबिट के फेल होने पर 300 रुपये लिए जाएंगे। यह चार्ज अब तक 250 रुपये था। यही नहीं बैंक ने शाखाओं से लेनदेन को लेकर भी नियम तय किए हैं।

Axis बैंक की ओर से जारी किए गए सर्कुलर के मुताबिक ब्रांच से 15 ट्रांजेक्शन मुफ्त होंगी और उसके बाद प्रति ट्रांजेक्शन 75 रुपये का चार्ज देना होगा। यही नहीं चेकबुक के चार्ज में भी बैंक ने इजाफा कर दिया है। अब तक 20 चेक की एक बुक 60 रुपये में मिलती थी। अब इसके लिए 100 रुपये चुकाने होंगे।

बुधवार, 26 फ़रवरी 2020

झारखंड सरकार के मंत्री हाजी हुसैन के काफिले से युवक घायल

झारखंड सरकार के मंत्री हाजी हुसैन के काफिले से युवक घायल
नही रुका मंत्री जी का काफिला

गिरिडीह : जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के मधुबन मोड के पास रोड क्रॉस कर रहे एक युवक को झारखंड सरकार के मंत्री मंत्री हाजी हुसैन के काफिले में शामिल गाड़ी ने टक्कर मार दी। जिससे युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। 

घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय लोगो ने मंत्री के काफिले को रोकने का प्रयास किया। लेकिन लोगों के रोकने के बाद भी नही रुका मंत्री जी का काफिला।

घायल युवक को डुमरी के अस्पताल में किया गया है भर्ती। जंहा उसका इलाज जारी है।

विधायक ने किया कोलयरी मजदूर यूनियन के लोगो के साथ बैठक

विधायक ने की झारखंड कोलयरी मजदूर यूनियन के लोगो के साथ बैठक
गिरिडीह : झारखंड कोलयरी मजदूर यूनियन के लोगो के साथ बुधवार को विधायक सुदीप कुमार सोनू ने बैठक की।

बैठक में कोलयरी मजदूर यूनियन के लोगो ने कबरीबाद सीटीओ को शुरू करने के विषय को लेकर विधायक के समक्ष अपनी बातों को रखा। कहा कि इसके अभाव में जहां कबरीबाद माइंस से कोयला उत्पादन बंद है तो वहीं हजारों लोकल सेल के मजदूर भी बेरोजगार हो गए हैं।
वही गिरिडीह विधायक ने लोगो को यह आश्वासन  दिया कि मामला केन्द्र सरकार के विचाराधीन है। इसलिए हमलोग पूरा प्रयास करेंगे कि सीटीओ को जल्द से जल्द शुरू किया जाए। 

वही विधायक श्री सोनू ने 4 मार्च को गिरिडीह के झंडा मैदान में होने वाले झामुमो स्थापना दिवस को लेकर यूनियन के लोगो से भारी संख्या में गिरिडीह ल झंडा मैदान में पहुँचने की अपील भी की।

सड़क पार कर रहे युवक को ट्रक ने रौंदा, मौत

सड़क पार कर रहे युवक को ट्रक ने रौंदा, मौत
गिरिडीह : जिले के बगोदर जीटी रोड स्थित साईं मंदिर के पास बुधवार की सुबह सड़क पर कर रहे युवक को एक ट्रक ने रौंद दिया। जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गयी।
घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि अटका की ओर से बगोदर की ओर जा रहे ट्रक ने रोड पार कर रहे बालक को अपनी चपेट मे लिया जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। 

 मृतक की पहचान मंझलाडीह निवासी छोटन मिस्त्री के 12 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई।
घटना के बाद आक्रोशित लोगो ने जीटी रोड जाम कर दिया। सूचना मिलते ही बगोदर बीडीओ रवीन्द्र कुमार,  सीओ आशुतोष कुमार ओझा के अलावे बगोदर थाना की पुलिस सदलबल वहां पहुंचे। जिन्होंने सामाजिक सुरक्षा के तहत मुआवजा के रूप मे पांच हजार रुपये तथा मुखिया प्रतिनिधि कृष्णा कुमार ने भी पांच हजार रुपये दिए, इसके बाद जाम हटा। 

बाद मे बगोदर पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। जबकि ट्रक को जब्त कर लिया।

बिरनी में विवाहिता की हुई संदिग्ध स्थिति में मौत

विवाहिता की हुई संदिग्ध स्थिति में मौत
                             फाइल फोटो
गिरिडीह : जिले की बिरनी थाना क्षेत्र के मरकोडीह गांव निवासी रामप्रसाद साव की 26 वर्षीय पत्नी पूजा देवी की बुधवार को संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मृतका के दो मासूम बच्चे हैं। उसका मायका हीरोडीह बताया जाता है। मृतका के माता-पिता ने अपने दामाद पर पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया है।

परिजनों ने घटना की सूचना बिरनी थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मृतका के घर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। 

घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ खाना खाया। इसके बाद पति-पत्नी और बच्चे एक ही कमरे में सोए। बुधवार सुबह लगभग 5 बजे महिला का पति सोकर उठा और ऑटो चलाने के लिए निकला। उसने पत्नी को घर का दरवाजा बंद करने को कहा। लेकिन जब वह नहीं उठी तो उसने अपनी भाभी व पड़ोसियों को उठाया। आसपास के लोग जमा हो गए। लेकिन किसी को कुछ समझ में नहीं आया। पति उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगा। लेकिन उसके पूर्व उसकी मौत हो चुकी थी।

ग्लोबल वार्मिंग से बचाव हेतु किया गया पौधारोपण

ग्लोबल वार्मिंग से बचाव हेतु किया गया पौधारोपण
देवरी (गिरिडीह) : प्रखंड के मारुडीह पंचायत के रामपुर रानीडीह में ग्लोबल वार्मिंग से बचाव हेतु प्रर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया गया साथ ही वृक्ष गंगा अभियान के तहत अभियान के संयोजक शिवशंकर गोप के द्वारा पीपल और आम का पौधरोपण किया गया।

यह कार्यक्रम दिवंगत बिशनी देवी के दशकर्म के मौके पर आयोजित हुआ। इसके पूर्व दिवंगत आत्मा की शांति हेतु एक श्रधांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमे उपस्थित लोगों ने मृतक आत्मा की शान्ति हेतु दो मिनट का मौन रखा।

कार्यक्रम के दौरान रुपलाल यादव एवं मोहन दास  द्वारा संगीत के माध्यम से पार्यावरण रक्षा और मृत्यु भोज के नाम पर फिजुलखर्ची से बचने का लोगों को संदेश दिया गया ।

इस कार्यक्रम में महेन्द्र रजक, मंसूर अंसारी, विजय कुमार, प्रकाश दास, किशोरी दास, एकलाल दास महेन्द्र नाथ, होरिल दास, मनोज दास, छोटु दास, संजू कुमारी, ललिता देवी, शारदा कुमारी सहित गांव के अनेकों महिला,पुरुष व बच्चे शामील थे।

बायोमेट्रिक अटेंडेंस नहीं बनाने वाले 3296 सरकारी शिक्षकों का रुकेगा वेतन

बायोमेट्रिक अटेंडेंस नहीं बनाने वाले 3296 सरकारी शिक्षकों का रुकेगा वेतन
रांची : ई-विद्यावाहिनी के तहत राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के शिक्षकों का प्रोफाइल अपडेट करने और बायोमेट्रिक अटेंडेंस बनाने की प्रक्रिया चल रही है।

विभाग की ओर से कई बार राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र लिख कर ई-विद्यावाहिनी का काम पूरा करने को कहा है। इसके बाद भी शिक्षकों की ओर से न तो प्रोफाइल अपडेट किया गया है और न ही वे बायोमेट्रिक अटेंडेंस बनाते हैं। इस मामले को लेकर राज्य परियोजना निदेशक उमाशंकर सिंह ने पत्र लिख कर इस काम को पूरा करने को कहा है।

साथ ही पत्र के माध्यम से प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा निदेशक को अवगत कराया है कि केवल फरवरी माह में राज्य के 3296 शिक्षकों ने ई-विद्यावाहिनी के माध्यम से अटेंडेंस नहीं बनाया है। उन्होंने जिला के शिक्षकों की संख्या भी बतायी है जिन्होंने न तो अटेंडेंस बनाया है और न ही प्रोफाइल अपडेट किया है।


चुंगलो पंचायत सचिवालय में हुआ "सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम

चुंगलो पंचायत सचिवालय में "सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम का हुआ आयोजन 
जमुआ(गिरीडीह)। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पंचायत सचिवालय चुंगलो सभागार में बुधवार को जनप्रतिनिधि और विभिन्न सरकारी महकमे के प्रतिनिधि आमजनों से मुखातिब हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया दिनेश मंडल ने किया।

अपने सम्बोधन में श्री मंडल ने कहा कि सरकार आप के द्वार कार्यक्रम सरकार की एक अच्छी पहल है  इस कार्यक्रम को और शशक्त बनाने की आवश्यकता है। कहा कि इस तरह के कार्यक्रमो से जनता काफी लाभान्वित होतें हैं। एक ही छत के नीचे उनके सभी विभागों से संबंधित कार्यो का निष्पादन एवं समस्याओं का समाधान हो जाता है।  

कार्यक्रम में विभिन्न महकमो के प्रतिनिधियों ने अपने महकमे के कार्यो एवं सरकार की योजनाओं और उनसे जुड़ने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। जबकि स्थानीय ग्रामीणों ने इस मौके पर पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, दाखिल खारिज, पेयजल, पशु चिकित्सा, मनरेगा भुगतान से सम्बंधित मामलों से प्रतिनिधियों को अवगत कराते हुये लिखित शिकायत किया वंही मशीन, खाद, बीज रियायती दर से उपलब्ध कराने की मांग की। 

हालांकि कार्यक्रम में आलाधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण दर्जनाधिक जन समस्यायों का ऑन द स्पॉट निष्पादन नही हो सका।

 कार्यक्रम में  पशु चिकित्सक डॉक्टर नवीन कुमार आर्य, बीपीआरओ बबलू कुमार चौधरी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी हीरो महतो, प्रधानमंत्री आवास प्रखंड समन्वयक संतोष कुमार वर्मा, पेंसन के नोडल अधिकारी संदीप कुमार, पीडीएस ऑपरेटर धर्मेंद्र कुमार वर्मा, राजस्व कर्मचारी सुकदेव प्रसाद वर्मा कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार गोस्वामी, जनसेवक आलोक गुप्ता, रोजगार सेवक मंजू कुमारी, पंचायत सेवक अशोक दास सहित अंचल व प्रखण्ड के  पदाधिकारी व ग्रामीण मौजूद थे।

कन्फर्म रेल टिकट कैंसिल करने पर अब मिलेगा पूरा पैसा वापस

कन्फर्म रेल टिकट कैंसिल करने पर अब मिलेगा पूरा पैसा वापस
नई दिल्ली : कंफर्म टिकट में पूरा पैसा रिफंड करने की शुरुआत बेंगलुरू की एक स्टार्टअप कंपनी Confirmtkt ने की है. कंपनी ने इस साइट से टिकट करने पर पूरा पैसा रिफंड की सुविधा देना शुरु किया है. ग्राहक इस साइट से रेल टिकट कराते वक्त फ्री-कैंसिलेशन प्रोटेक्शन के ऑप्शन को चुन सकते हैं. कंपनी का कहना है कि कोई भी ग्राहक ट्रेन छूटने से चार घंटे पहले अपनी टिकट कैंसिल करा सकते हैं. ग्राहकों को पूरा पैसा रिफंड किया जाता है. 

कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि Confirmtkt रेलवे के मौजूदा रिजर्वेशन तंत्र पर ग्राफ बेस्ड तकनीक का इस्तेमाल करता है. इसकी वजह से किसी ट्रेन में खाली पड़े सीटों की तुरंत जानकारी ग्राहक को उपलब्ध कराई जा सकती है. कंपनी का दावा है कि इस तकनीक की वजह से ट्रेन छूटने के घंटे भर पहले ही टिकट खरीदा जा सकता है. 

Confirmtkt फिलहाल बेंगलुरु में अपनी सेवाएं शुरू कर चुकी है. अभी तक इस साइट पर लगभग 50 लाख ग्राहक लाभ उठा चुके हैं. ये प्लेटफॉर्म हिंदी समेत लगभग सात भाषाओं में अपनी सेवाएं दे रही है. 

मार्च महीने में 8 दिनों तक लगातार रहेंगे बैंक बन्द

लगातार 8 दिनों तक लगातार रहेंगे बैंक बन्द


गिरिडीह : आपके लिए ये अहम खबर बेहद जरूरी है. मार्च में लगातार 8 दिनों तक बैंकों में कोई काम नहीं होने वाला है. इतने लंबे समय तक सभी काम ठप्प रहने की वजह से आपके पैसे या चेक के लेन देन का काम नहीं हो पाएगा. बेहतर यही होगा की समय रहते अपनी तैयारियां कर लीजिए. वरना आपको भारी नुकसान हो सकता है. 

एक प्रतिष्ठित सरकारी बैंक अधिकारी का कहना है कि 8 मार्च से 15 मार्च के बीच सरकारी बैंकों में काम पूरी तरह से ठप्प रहने की आशंका है. दरअसल 8 मार्च को रविवार है. इसके बाद 9-10 मार्च को होली की वजह से ज्यादातर राज्यों में बैंक बंद हैं. सरकारी बैंकों की यूनियन बैंक एंप्लॉयी फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) और ऑल इंडिया बैंक एंप्लॉयी असोसिएशन (AIBEA)  ने अपनी मांगों को लेकर 11-13 मार्च तक देशव्यापी हड़ताल कर रहे हैं. 14 और 15 मार्च को दूसरा शनिवार और रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे. इस हिसाब से मार्च के दूसरे हफ्ते में कोई भी काम होना मुमकिन नहीं दिख रहा है. अधिकारी आगे बताया कि कुछ राज्यों में 9 मार्च को होली की छुट्टी नहीं है इसके कारण आंशिक रूप से काम हो सकता है. 

जानकारों का कहना है कि मार्च के दूसरे हफ्ते में लगातार 8 दिन तक बैंकों में काम बंद रहने का असर आपके व्यापार और घरेलू कामों में पड़ सकता है. मसलन, मार्च के दूसरे हफ्ते में चेक भुनाने का कोई काम नहीं हो पाएगा. इसके अलावा बैंकों से नकदी निकालने या जमा करने का काम भी पूरी तरह से ठप्प रहेगा. अपने रोजमर्रा के कामों में बैंक संबंधि परेशानियों से बचने के लिए सलाह दी गई है कि मार्च के पहले हफ्ते में ही अपने सभी बैंकिंग से जुड़े काम निपटा लें. 

यूनियन से जुड़े एक अधिकारी का कहना है कि बैंक कर्मचारी अपनी सैलरी की मांग को लेकर हड़ताल में जा रहे हैं. दरअसल हर पांच साल में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की सैलरी रिवाइज होती है. इन नियम के तहत सरकार ने 2012 में तो सैलरी रिवाइज किया था लेकिन उसके बाद इस पर कोई कदम नहीं उठाया गया है. बैंक यूनियनों ने सरकार से दो विकली ऑफ की मांग भी की थी. लेकिन इस मांग को भी पूरा नहीं किया गया है. इसीलिए बैंक कर्मचारियों ने एक बार फिर हड़ताल करने का फैसला किया है.  

जमीन विवाद के पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, स्थिति सामान्य

पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, स्थिति सामान्य
मामले में तीन अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी

बक्सर (बिहार) : 
बिहार के बक्सर में एक युवक को गोली मार देने का मामला सामने आया है. घायल अवस्था में युवक को स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सक उसका इलाज कर रहे हैं. इलाज कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि, युवक की हालत खतरे से बाहर है. मामले में युवक के बयान पर तीन नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. बताया जा रहा है कि घटना पुराने विवाद से जुड़ी हुई है. 

घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर के रहने वाले अजीत कुमार सिंह, 28 साल घर से बाहर खेत घूमने के लिए गए हुए थे, इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन की संख्या में नामजद अभियुक्तों ने उन पर दो गोलियां दाग दी, जिसमें एक गोली उनके बाएं कंधे के पास लगा और वह घायल होकर गिर पड़ा. घटना को अंजाम देने के बाद नामजद आरोपी छोटू लाल सिंह, मनोज कुमार सिंह तथा सोनू कुमार सिंह नामक युवक भागने में सफल रहे. 

अस्पताल में इलाजरत घायल अजीत कुमार सिंह ने बताया है कि, इन लोगों से उनका पुराना जमीनी विवाद है. उन्होंने बताया है कि, पहले इनकी पत्नी को भी इन्हीं लोगों ने जहर देकर मारने का काम किया था. 

सूत्रों की मानें तो युवक अजीत ने स्वजातीय लड़की से प्रेम विवाह किया था. कुछ समय के बाद ही अजीत की पत्नी का निधन हो गया. जिन अभियुक्तों के नाम अजीत ने बताए हैं उनसे उनका न सिर्फ जमीनी बल्कि विवाह को लेकर भी विवाद रहा है. घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की. वहीं, घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने की कार्रवाई की जा रही है.

घरेलू विवाद में महिला ने की खुदकुशी का प्रयास, गम्भीर

घरेलू विवाद में महिला ने की खुदकुशी के प्रयास
औरंगाबाद (बिहार) :  घरेलू विवाद में एक महिला के द्वारा खुदकुशी के प्रयास किया गया। आनन फानन में महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद लाया गया जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा हेतु महिला को गया रेफर कर दिया गया।

महिला के पति ने बताया कि घर मे जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी में सल्फास खाकर इसके द्वारा जान देने का प्रयास किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि महिला अक्सर अपने घर मे झगड़ा करती रहती है जिसके कारण इसका पति इसे लेकर अलग रहता है और अपने माँ बाप को भी छोड़ दिया है।

अचानक से घटी घटना में से ग्रामीण अवाक दिखे। घटना मुफ़्फ़सिल थाना क्षेत्र के ओरा की है। समाचार लिखे जाने तक महिला इलाजरत है।

धनबाद और रांची में एक साथ कई जगहों पर एसीबी की छापेमारी

धनबाद और रांची में एक साथ कई जगहों पर छापेमारी


नगर निगम, रजिस्ट्री ऑफिस एवं थाने में हो रही है छापेमारी


झारखंड की एसीबी की टीम बुधवार को रांची और धनबाद में कई जगहों पर एक साथ छापेमारी कर रही है।  मिली जानकारी के अनुसार एसीबी की टीम रांची नगर निगम कार्यालय, धनबाद नगर निगम कार्यालय, रजिस्ट्री ऑफिस रांची तथा डोरंडा थाने में छापेमारी कर रही है। साथ ही इन कार्यालयों में होने वाले क्रियाकलापों के बारे में विस्तृत जांच की जा रही है।


सुविज्ञ सूत्र बतातें है कि अनियमितता और भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद एसीबी के डीजी के आदेश पर यह छापेमारी की जा रही है। एसीबी की टीम एक साथ रांची नगर निगम कार्यालय के अलावा धनबाद नगर निगम कार्यालय, रजिस्ट्री ऑफिस रांची और डोरंडा थाना में छापेमारी जारी है।


अधिकारी बोलने से कर रहे हैं परहेज

एसीबी की बड़े अधिकारियों की टीम धनबाद और रांची में कई जगहों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। कार्यालयों में कागजातों की जांच कर रहे हैं। लेकिन छापेमारी से सम्बंधित एसीबी के अधिकारी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। उनका दो टूक जवाब है अभी जांच चल रही है जांच के बाद सब पता चल जायेगा।


मंगलवार, 25 फ़रवरी 2020

डुमरी के एक मंदिर में चोरी

मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर चोरी
गिरिडीह :  जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के घुटवाली स्थित झारखंडी कमलाधाम शिवमंदिर में सोमवार की रात चोरों ने दानपेटी का ताला तोड़ उसमें पिछले तीन महीनों की जमा राशि की चोरी कर ली। 

मन्दिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद तस्वीर के अनुसार घटना देर रात्रि लगभग बारह बजे एक युवक मंदिर के अंदर घुसा और दानपेटी का ताला तोड़कर राशि निकाल ली। घटना की जानकारी डुमरी पुलिस को दे दी गई है।

 मंदिर के पुजारी मुकेश पांडेय ने बताया कि चोर पहले उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। फिर मंदिर की दानपेटी से तीन माह से भक्तों की ओर से चढ़ाई गई राशि लगभग आठ से दस हजार रुपये की चोरी कर लिया।

घटना की सूचना पाकर मंगलवार की सुबह जिप अध्यक्ष राकेश महतो ने मंदिर में जाकर पुजारी से मामले की पूरी जानकारी लिया।

झारखण्ड की राज्यसभा के दो सीटों के लिये चुनाव 26 मार्च को

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए 26 मार्च को चुनाव होंगे
रांची : निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया. इसके मुताबिक, चुनाव प्रक्रिया 6 मार्च से शुरू होगी. 26 मार्च को बैलेट पेपर के जरिये मतदान कराया जायेगा. इसी दिन शाम को 5 बजे नतीजे घोषित कर दिये जायेंगे. 

निर्दलीय सांसद परिमल नथवाणी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रेमचंद गुप्ता का कार्यकाल 9 अप्रैल, 2020 में खत्म हो रहा है. नाथवाणी वर्ष 2008 से राज्यसभा के सांसद हैं, जबकि प्रेमचंद गुप्ता वर्ष 2014 में उच्च सदन पहुंचे थे. प्रेमचंद गुप्ता निर्विरोध जीते थे.

चुनाव जीतने के लिए एक उम्मीदवार को कम से कम 28 विधायकों का वोट जरूरी होगा. झामुमो के पास 30 विधायक हैं. बाबूलाल मरांडी के भाजपा में शामिल होने के बाद इस पार्टी के सदस्यों की संख्या 26 हो गयी है. ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के दो विधायकों को मिला लें, तो भाजपा समर्थक विधायकों की संख्या 28 हो जाती है. वैसे भाजपा का दावा है कि दो निर्दलीय विधायक उसके संपर्क में हैं. इन्हें मिलाकर भाजपा को भी 30 विधायकों का समर्थन मिल जायेगा.
इस तरह झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों एक-एक उम्मीदवार को राज्यसभा भेजने की स्थिति में है. ऐसे में प्रेमचंद और नाथवाणी दोनों का फिर से राज्यसभा पहुंचना मुश्किल लग रहा है. 

उल्लेखनीय है कि झारखंड के 2 राज्यसभा सांसदों समेत 17 राज्यों में 55 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है. इनमें महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 7, इसके बाद तमिलनाडु में 6 और पश्चिम बंगाल में 5 सीटें खाली होंगी. चुनाव आयोग के मुताबिक, 6 मार्च से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी. 13 मार्च तक उम्मीदवार अपना पर्चा दाखिल कर सकेंगे और 16 मार्च को स्क्रूटनी होगी. 18 मार्च तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे.