सोमवार, 16 मार्च 2020

नवडीहा पंचायत सचिवालय में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित

नवडीहा पंचायत सचिवालय में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित
जमुआ/ गिरिडीह :  सोमवार को नवडीहा पंचायत सचिवालय में पूर्व निर्धारित तिथि के तहत सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  इसमें अंचलाधिकारी रामबालक कुमार, प्रभारी अंचल निरिक्षक कृष्णानन्द झा व राजस्व कर्मचारी लाला अशोक कुमार मुख्य रूप से उपस्थित हुए।

 अंचलाधिकारी रामबालक कुमार ने कहा कि रैयतों को जमीन सम्बन्धित जो भी समस्या है । मौके पर उसका निष्पादन किया जाएगा कहा कि पहले आफ लाइन में कर्मचारी रसीद काटते थे लेकिन अब ऐसा नहीं है सभी कार्य आन लाइन  होगा रसीद , दाख़िल ख़ारिज जमीन से सम्बंधित सभी कार्य आन लाइन  होगा करीब एक सो से अधिक आवेदकों ने अपना आवेदन पत्र जमा किया जमा आवेदन पत्र की जांच कर सही पाए गए आवेदन के आधार पर आन द स्पाट आन लाइन रसीद निर्गत किया गया  म्यूटेशन करवाने को लेकर सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुआ म्यूटेशन के लिए पहले प्रज्ञा केंद्र में आन लाइन करवाने को कहा कई महिलाओं ने भी दाखिल ख़ारिज करवाने को लेकर अंचलाधिकारी को आवेदन पत्र सौंपा।

मौके पर नवडीहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ओमप्रकाश महतो, सुनीता सिंह ,शेलेस सिंह ,राजेश कुमार यादव , राजू रजक, त्रिभुवन सिंह, नेम महतो, केशव प्रसाद सिंह, टुपलाल महतो, लखन पासी, संदीप कुमार वर्मा, अनमोल कुमार वर्मा, अनमोल कुमार ,प्रज्ञा केंद्र वीएलई सरस्वती देवी आदि उपस्थित थे

गिरिडीह में फिर मिला कोरोना का एक संदिग्ध

गिरिडीह में फिर मिला कोरोना का एक संदिग्ध
        कोरोना के संदिग्ध की जांच करते चिकित्सक


गिरिडीह : गिरिडीह सदर अस्पताल में सोमवार को उस वक्त काफी अफरा-तफरी मच गयी। जब यंहा संचालित सुभाष इंस्टीच्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीआईटी) के संस्थापक सह संचालक बिजय सिंह एक युवक के साथ खुद अपने चेहरे पर मास्क लगा गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचे। इनके साथ एक अन्य भी थे। जिनके गले में एसआईटी की आईडी लटक रही थी। उनके चेहरे पर भी मास्क लगा था।

बिजय सिंह के साथ अस्पताल पहुंचने वाले युवक जितेंद्र कुमार पिता रामप्रवेश बिहार के पूर्णियां जिले का निवासी बताया गया। जो एसआईटी में अध्यनरत है। बीते रविवार की रात ही वह ट्रेन से वह होली की छुट्टी उपरांत अपने घर पूर्णियां से गिरिडीह लौटा है। उसे बुखार के साथ सर्दी -जुखाम की परेशानी थी। सोमवार को संचालक श्री सिंह उसे लेकर अस्पताल पहुंचें। जंहा चिकित्सक ने उसकी गहन परीक्षण किया।

बिजय सिंह ने बताया कि जांचोपरांत चिकित्सक ने युवक में कोरोना वायरस की संभावना से इनकार किया है। हालांकि चिकित्सक ने एहतियातन उसे कुछ दिनों गिरिडीह सदर अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में रखने की बातें कही है।

इस दौरान सदर अस्पताल परिसर में मौजूद सारे लगे काफी डरे सहमे नजर आए। जिनके पास मास्क था वह अपने चेहरे पर मास्क लगा लिये लेकिन जिनके पास मास्क नहीं था वह रुमाल बांध लिये तो महिलाएं अपनी साड़ी के पल्लू से अपने चेहरे को पूरी तरह ढक लिया था। ताकि वह इस संक्रामक रोग से संक्रमित न हो जाएं।

कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर गिरिडीह सिविल कोर्ट भी हुआ गंभीर

कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर गिरिडीह सिविल कोर्ट भी हुआ गंभीर 
 गिरिडीह :  कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर गिरिडीह सिविल कोर्ट भी गंभीर हो गया है। सोमवार को कोर्ट में भी कोरेना वायरस के बचाव के उपाय बताए गए।  प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक नाथ तिवारी ने गिरिडीह सिविल कोर्ट में कार्यरत कर्मचारियों को निर्देशित किया कि उन लोगों को प्रत्येक दिन अनेक लोगों से मिलाना पड़ता है। ऐसे में संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए सावधानी बरतनी जरूरी है।

 उन्होंने कहा कि सिविल कोर्ट के द्वारा जहां कर्मचारी हाजिरी बनाने के लिए जाएंगे उस जगह पर सेनिटाइजर रखा हुआ रहेगा। पहले कर्मी अपने हाथों में सेनिटाइजर लगाकर ही हाजिरी बनाएंगे।  उन्होंने सभी कर्मियों व अधिवक्ताओं से अपील किया कि  मास्क या रुमाल का प्रयोग अपने नाक को ढकने के लिए अवश्य करें। उन्होंने आपसी अभिवादन हेतु हाथ मिलाने के बजाय हाथ जोड़कर ही एक-दूसरे का अभिवादन करने को कहा। जिला जज ने कहा कि कोरोना बीमारी महामारी का रूप ले चुकी है। चीन यूरोप समेत कई देश इसके चपेट में आ गये है। अब तक 5 हज़ार से अधिक लोग इस रोग की चपेट में आ अपनी प्राण गंवा चुके है। अपने देश भारत मे भी इसके लक्षण दिखने लगे हैं।  ऐसे में सूझबूझ ही इस महामारी से बचाव का एकमात्र रास्ता है। मौके पर कर्मियों को सेनिटाइजर से हाथ साफ भी कराया गया।

कोरोना के संदेह में युवक को लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

कोरोना के संदेह में युवक को लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

                    कोरोना संदिग्ध अजीत

*पत्नी व बेटी का सैम्पल भेज गया है पुणे

*दिल्ली में रहकर काम करता था युवक


  गिरिडीह :  शहरी क्षेत्र के वार्ड नं0 7 अवस्थित नन्दनगर के रहने वाले पोखन राम के 26 वर्षीय पुत्र अजित कुमार को सोमवार को कोरोना के संदेह में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी प्राथमिक जांच कर तत्काल घर भेज दिया है।

बताया जाता है कि अजित रविवार की रात ही दिल्ली से गिरिडीह अपने घर लौटा है। दिल्ली में वह बतौर मजदूर काम करता था। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि अजित अपनी पत्नी व बेटी के साथ दिल्ली में रहता था। वहां उसकी तबियत बिगड़ने लगी, जिसके बाद वह परिवार के साथ रविवार की सुबह धनबाद पहुंचा। बताया गया कि अजित ने अपनी पत्नी व पुत्री की खराब तबियत को देखते हुए धनबाद पीएमसीएच में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने कोरोना के संदेह में दोनों का सैम्पल लेकर जांच के लिए पुणे भेज दिया। वहीं अजित को भी जांच के लिये कहा गया। लेकिन अजित अस्पताल से भाग गया और अपने घर गिरिडीह आ गया।

जानकारी के बाद लोगों ने उसे जबरन सदर अस्पताल पहुंचाया। इधर अजित को कोरोना होने के संदेह के बाद स्थानीय लोगों में ख़ौफ़ का माहौल है। लोग एहतियात के तौर पर उसके परिवार के अन्य सदस्यों से दूर रहने का प्रयास कर रहे हैं।

विश्व रिकॉर्ड धारी मेमोरी मैन अजीत 27 को पहुंचेंगे गिरीडीह

विश्व रिकॉर्ड धारी मेमोरी मैन अजीत 27 को पहुंचेंगे गिरीडीह 
    *दिखायेंगे चार दिवसीय सेमिनार में अपने मैमोरी पावर का जलवा

गिरीडीह । इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, यूथ आईकॉन अवार्ड,एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड, लिम्का बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित विश्व रिकॉर्ड धारी अजीत भारती अगामी 27 मार्च को गिरिडीह पहुंचेंगे।

गिरीडीह के द संत - जी शिक्षण सह प्रक्षिक्षण संस्थान तिरंगा हाउस सिहोडीह में 27 से 30 मार्च तक आयोजित चार दिवसीय सेमिनार सह मेमोरी इम्प्रूवमेंट विशेष कक्षा में अजीत अपनी मेमोरी पावर का लोहा मनवायेंगे। अपनी गज़ब की याददाश्त क्षमता के लिए देश सहित पूरे विश्व  में अपनी अलग पहचान बना चुके है। कैल्कुकेटर व इंटरनेट से पहले जवाब देने का गुर सिखलायेंगे। मैमोरी पवार के क्षेत्र में तहलका मचा दिये है।

 अजीत भारती मुलतः बिहार प्रदेश के सिलाव प्रखण्ड के बरनौसा गाँव के निवासी हैं जो पोस्ट ग्रेजुएट्स, एमबीए की शिक्षा हासिल कर चुके हैं। द संत जी संस्थान सिहोडीह गिरिडीह के निदेशक सुनील कुमार संत व सलाहकार सुभाष कुमार संत उर्फ़ संत ने  जानकारी देते हुए बताया कि मैमोरी मैन का आगमन गिरीडीह के लिए काफी लाभप्रद साबित होगा। याददाश्त को मजबूत बनाने का गुर विद्यार्थी सिंखेंगे। सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम को लेकर ब्यापक प्रचार प्रसार का कार्य किया जा रहा है।

माले की महिला शक्ति ने किया मंगरोडीह में बैठक, समस्याओं पर हुई चर्चा

माले की महिला शक्ति ने किया मंगरोडीह में बैठक

                    बैठक में मौजूद महिलाएं

  
          गिरिडीह : सोमवार को मंगरोडीह हरिजन टोला में  भाकपा माले के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीण महिलाओं की एक बैठक हुई। जिसमे स्थानीय समस्याओं पर चर्चा किया गया।

माले नेता राजेश सिन्हा और मनीष कुमार ने कहा पूरे मंगरोडीह तथा हरिजन टोला में बुनियादी चीजों का घोर अभाव है। मसलन पानी की किल्लत,  प्रधान मंत्री आवास योजना, नाली, साफ- सफाई आदि।
नेता द्वय ने इस बाबत संबंधित अधिकारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मुखिया आदि को सामूहिक आवेदन देंने की बातें कही। कहा कि आवेदन देने के बाद भी काम नही हुआ तब ब्लॉक और नगर निगम का घेराव करेंगे। नेता द्वय ने कहा कि शिघ्र ही गांव में माले की महिला का विंग ऐपवा की एक बैठक करायी जायेगी।

      बैठक में स्थानीय स्तर पर एक कमेटी का भी गठन किया गया। जिसमें बॉबी देवी, संगीता देवी, रेखा देवी, नंदनी देवी, सोनिया देवी, गीता देवी, चमेली देवी, गुड़िया देवी, सोनी देवी, यशोदा देवी, रूपा देवी आदि को पदभार दिया गया। कमेटी की महिलाओं को समाज मे औरतों पर हो रही समस्याओं के लिए कार्य करने और महिलाओं को प्रेरित करने उन्हें संगठन के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया।

चोरों ने किया दुकान में चोरी का प्रयास, बाइक छोड़ भागे चोर

चोरों ने किया दुकान में चोरी का प्रयास, बाइक छोड़ भागे चोर
धनवार/गिरिडीह :   धनवार प्रखंड के परसन ओपी अंतर्गत कोड़ाडीह में रविवार की रात नकाबपोश अपराधियो ने दो दुकानो का ताला तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण और दुकानदारों की सजगता ने चोरों को भागने पर विवश कर दिया। इसी क्रम में चोरों की एक बाइक ग्रामीणों के हत्थे लग गया। दुकानदार व ग्रामीणों ने उक्त बाइक को पुलिस के हवाले कर दिया है।

           बाइक जिसे छोड़ कर भागे चोर


 डीजे संचालक साजिद अंसारी ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे हीरो होंडा ग्लैमर बाइक से कुछ नकाबपोस अपराधी उतरे।  सास बहू नामक कपड़ा दुकान के सामने बाइक खड़ा कर इधर उधर घूमने लगे। फिर सभी इंडियन साउंड नामक दुकान का ताला तोड़ घुस गए और महेंद्रा पिकअप वैन में लगा डीजे का सामान खोलकर इकट्ठा करने लगे।

 रात अधिक होने के कारण आस पास के सभी व्यक्ति गहरी नींद में सोए थे। हो हल्ला करने पर ग्रामीण जगे।  ग्रामीणों की आवाज सुन चोर मोटरसाइकिल छोड़ भाग गये।  इस बाबत ओपी प्रभारी ने बताया कि घटना से सम्बंधित आवेदन मिला है। छानबीन की जा रही है। उचित कार्रवाई की जाएगी।

गिरिडीह के नवीन चौरसिया बने कांग्रेस ओबीसी सेल के प्रदेश महासचिव व कोडरमा जिला के प्रभारी

गिरिडीह के नवीन चौरसिया बने कांग्रेस ओबीसी सेल के प्रदेश महासचिव

            नियुक्ति पत्र ग्रहण करते नवीन चौरसिया
            

गिरिडीह : झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ओबीसी सेल के अध्यक्ष अभिलाष साहू ने गिरिडीह के नविन आनंद उर्फ नवीन चौरसिया को प्रदेश महासचिव और कोडरमा जिला का प्रभारी मनोनीत किया।


प्रदेश अध्यक्ष ने इस बाबत नरेन्द्र सिन्हा, परवेज अंसारी एवं राजीव कुमार के उपस्थिति में श्री चौरसिया को नियुक्ति पत्र सौंपा। साथ ही उन्हें पिछड़ा वर्ग के उत्थान और संगठन को मजबूत करने का निर्देश भी दिया है।

नविन आनंद उर्फ नरेश चौरसिया को प्रदेश की  जिम्मेवारी मिलने से गिरिडीह के कांग्रेसियों में खुशी की लहर दौड़ गयी है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया है।  उन्हें बधाई देने वाले में नरेंद्र सिन्हा, नरेश वर्मा,  संतोष  राय, बलराम यादव , मदन विश्वकर्मा, अजय सिन्हा, आनंद वर्मा ,सुखदेव सेठ ,दीपक माहेश्वरी ,मो शकील  मो सद्दाम हुसैन आदि कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हैं।

गिरिडीह में भाजपाइयों ने किया मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का फूंका पुतला

गिरिडीह में भाजपाइयों ने किया मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का फूंका पुतला

                पुतला दहन करते भाजपाई

                   

गिरिडीह :  बाबूलाल मरांडी को आदिवासी नेता व नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता देने में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा विलंब किए जाने को लेकर एतराज जताते हुये जिले के भाजपाइयों ने सोमवार को शहर के जेपी चौक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।


इसके पूर्व सभी भाजपाई पीडब्ल्यूडी मैदान में एकत्रित हुये और एक जुलूस के रूप में झारखण्ड सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते जेपी चौक पहुंचे। जंहा जिलाध्यक्ष सुनील अग्रवाल की अध्यक्षता व संचालन में सभा की गयी।  जिसमे अपने सम्बोधन में वक्ताओं ने सूबे की सरकार और विधानसभा अध्यक्ष के विरुद्ध जमकर आग उगला और बाबूलाल मरांडी को अविलम्ब नेता प्रतिपक्ष की मान्यता देने का अल्टीमेटम दिया।


मौके पर पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी,  चन्द्रमोहन प्रसाद, लक्ष्मण स्वर्णकार , प्रदेश उपाध्यक्ष प्रणव वर्मा, चुन्नू कांत, रंजन सिन्हा, देवराज, रागिनी लहेरी, विवेश जालान,मीडिया प्रभारी शुकदेव प्रसाद साहू के अलावा मनोहर राम, प्रदीप साहू, श्याम प्रसाद,  आशीष कुमार बोर्डर, सुनीत कुमार सिंह, संजय सिंह, प्रकाश दास, हबलू गुप्ता, दीपक स्वर्णकार, संत कुमार लल्लू, यदुनंदन पाठक, सौरभ सिन्हा, सुभाष सिन्हा,  अरविद बरनवाल, प्रकाश यादव समेत काफी संख्या में भाजपाई मौजूद थे।

घायल बन्दर को बेहतर इलाज हेतु भेजा गया रांची

घायल बन्दर को बेहतर इलाज हेतु भेजा गया रांची
              घायल बन्दर ओर रेफर कागज

गिरिडीह : मानवता अभी भी जिन्दा है। यह मानवता न केवल इंशानों के लिये बल्कि जानवरों के लिये भी समान रूप से काम करती है। इस बात का जीता जागता उदाहरण उस वक्त दिखा जब गिरिडीह के पीडब्लूडी मैदान के पास एक पेड़ से नीचे सड़क पर गिर एक बंदर गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। उसके सिर में गम्भीर चोटें आयी और घटना में उसके शरीर का काफी खून बह गया। जिस कारण वह बेशुध हो गया था।

संयोग वश मैदान में खेल रहे लोगों ने उसे तड़पते देखा। आनन फानन में उसे ऑटो पर लाद गिरिडीह के भण्डारीडीह स्थित पशु चिकित्सालय ले गये। जंहा उसका रात भर इलाज चला। घटना रविवार की है।
रातभर चले इलाज से सोमवार सुबह उस बन्दर की चेतना लौटी तो गिरिडीह के पशु चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज हेतु रांची रेफर कर दिया।

बन्दर को रेफर किये जाने के बाद नीलरतन खेतान, प्रकाश मण्डल, चांद रब्बानी, संजय सिंह आदि ने आपसी सहयोग से राशि इकट्ठा कर एम्बुलेंस से घायल बन्दर को रांची भेजा।

रविवार, 15 मार्च 2020

एसडीओ ने किया मास्क एवं हैंड सैनिटाइजर बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण

अनुमंडल दंडाधिकारी ने किया मास्क एवं हैंड सैनिटाइजर बेचने वाली दुकानों का औचक निरीक्षण

करेंगे सोमवार को मास्क और हैंड सैनिटाइजर बेचने वालों के साथ बैठक

धनबाद : अनुमंडल दंडाधिकारी राज महेश्वरम तथा डॉक्टर आलोक विश्वकर्मा ने रविवार को मास्क और हैंड सैनिटाइजर की बिक्री करने वाली दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

उन्होंने जोड़ा फाटक रोड स्थित पॉपुलर मेडिकल दवाखाना, इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन के पास स्थित गोपाल डिस्ट्रीब्यूटर तथा हावड़ा मोटर्स के सामने सिटी प्लाजा स्थित श्री राम एंटरप्राइजेज में औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि कोरोना COVID-19 को देखते हुए मास्क एवं हैंड सैनिटाइजर की कालाबाजारी ना करें एवं ग्राहकों को उचित मूल्य पर दोनों वस्तु प्रदान करें।


अनुमंडल दंडाधिकारी ने बताया कि मास्क तथा हैंड सैनिटाइजर को आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की श्रेणी में रखा गया है। अधिनियम के अंतर्गत किसी भी व्यक्ति, व्यवसायी या संस्था द्वारा 2 प्लाई या 3 प्लाई सर्जिकल मास्क, एन-95 मास्क तथा हैंड सैनिटाइजर की जमाखोरी, कालाबाजारी, बिक्री या वितरण में अनियमितता मिलने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि अगर आवश्यक न हो तो किसी भी प्रकार के भीड़भाड़ वाले इलाके या पब्लिक गैदरिंग में जमा न हो।

अनुमंडल दंडाधिकारी ने बताया कि सोमवार को मास्क और हैंड सैनिटाइजर बेचने वाले स्टॉकिस्ट एवं दुकानदारों के साथ एक बैठक उनके कार्यालय में दिन के 11 बजे से आहूत की गई है।

सरकारी उपेक्षा और उदासीनता शिकार है पाकुड़िया का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

11 वर्षों में भी नहीं बन पाया 50 बेड वाला अस्पताल

पाकुड़िया : एक तरफ सरकार जहां मरीजों को हरसंभव बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने को कृत संकल्पित है। वहीं दूसरी ओर सरकारी उपेक्षा और उदासीनता के कारण पाकुड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में परिवार एवं स्वास्थ्य कल्याण विभाग द्वारा निर्माणाधीन 50 बेड वाला मॉडल अस्पताल का निर्माण कार्य विगत 11 वर्षों से अधूरा पड़ा है। 

करीब चार करोड़ 62 लाख की लागत से बनने वाले अस्पताल निर्माण का कार्य पूरा नहीं होने से आधे अधूरे भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई है और वह खंडहर में तब्दील होने लगा है बहरहाल सरकार ने जिस उपदेश से इसकी आधारशिला रखी थी हुआ है 11 वर्षों के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। इतने वर्षों के दरमियान किसी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने जनहित में इस आधे अधूरे भवन को पूरा करने में अपनी कोई रुचि नहीं दिखाई।

 नतीजतन भवन का निर्माण कार्य आज भी अधूरा पड़ा है। जानकारी के अनुसार इसके निर्माण में अब तक करीब 3 करोड़ से अधिक की राशि खर्च हो चुकी है, लेकिन इसका कोई भी फायदा पाकुड़िया की डेढ़ लाख की आबादी वाले प्रखंड वासियों को नहीं मिल पा रहा है। सामान्य बीमारी होने पर भी प्रखंड के लोगों को पश्चिम बंगाल के सरकारी या निजी अस्पताल पर निर्भर रहना पड़ता है ।

वही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सुविधा की पहले से ही घोर कमी के कारण सामान्य बीमारी या घटना दुर्घटना में मरीज को तुरंत बाहर रेफर कर दिया जाता है। झारखंड सरकार के 2008 में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप साही ने वहां मॉडल अस्पताल निर्माण की स्वीकृति दी थी। परंतु वह अब तक पूरा नहीं हो सका है। आदिम जाति जनजाति बाहुल्य सीमावर्ती क्षेत्र इस पिछड़े प्रखंड की पूरी आबादी इस मॉडल अस्पताल के पूरा होने का बेसब्री से इंतजार कर रही है। ताकि उन्हें बीमार होने पर वक्त बेवक्त बंगाल दौड़ने से छुटकारा मिल सके। बरहाल प्रखंड की जनता इस अत्याधुनिक सुविधा पूर्ण मॉडल अस्पताल के चालू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।