शनिवार, 8 अगस्त 2020

गिरिडीह में हुआ अन्तराष्ट्रीय वुशु कुंगफू दिवस का आयोजन, ख़िलाडियों ने किया सौर्य का प्रदर्शन

गिरिडीह में हुआ अन्तराष्ट्रीय वुशु कुंगफू दिवस का आयोजन, ख़िलाडियों ने किया सौर्य का प्रदर्शन
गिरिडीह :  अंतरराष्ट्रीय वुशु कुंगफू दिवस पर शनिवार को गिरिडीह वुशु संघ द्वारा गिरिडीह में अंतरराष्ट्रीय वुशु दिवस मनाया गया। स्थानीय बीएनएस डीएवी स्कूल परिसर में इस मौके पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे स्थानीय वुशु खिलाड़ियों ने अपना व्यक्तिगत सौर्य का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीपप्रज्वलित कर किया गया। 
मौके पर गिरिडीह वूसु संघ के अध्यक्ष संदीप डगंईच ने कहा कि गिरिडीह में यह खेल अभी काफी नया है। लॉक डाउन की समाप्ति के बाद प्रशिक्षण की उचित व्यवस्था की जाएगी। वंही जिला सचिव आकाश स्वर्णकार ने कहा कि पूरे विश्व भर में यह कार्यक्रम मनाया जा रहा है। कहा कि आज जो कार्यक्रम हुआ इसमें झारखंड के सभी जिले ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और अपना अपना प्रदर्शन किया। इसमें गिरिडीह की भी सहभागिता रही। झारखंड के पदाधिकारियों ने गिरिडीह के खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखा और उनकी काफी सराहना किया।

 इस कार्यक्रम को सफल बनाने में गिरीडिह जिला वुशु संघ के अध्यक्ष संदीप डगंईच ,उपाध्यक्ष संतोष खत्री साधन पटनायक, अमित स्वर्णकार,सचिव आकाश स्वर्णकार, सह-सचिव रोहित, शशिकांत विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष अनीता ओझा एवं कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र तेरवे, सुभाष तिवारी, ज्योति कुमार, प्रतीक सिंह इत्यादि का सराहनीय सहयोग रहा।

जमुआ : शानडीह में किया गया फलदार वृक्षों का पौधारोपण

शानडीह में किया गया फलदार वृक्षों का पौधारोपण
जमुआ/गिरीडीह : जमुआ प्रखंड के पोबी पंचायत के शानडीह गांव में शनिवार को जिला विधिक प्राधिकार के पीएलवी सुबोध कुमार साव के नेतृत्व में फ़लदार वृक्षों का पौधारोपण किया गया।

इस दौरान बासुदेव यादव के निजी जमीन पर लगभग 200 विभिन्न प्रकार के वृक्षों का पौधारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि जमीन अधिक नही होने के कारण खेत के मेढ़ पर वृक्षारोपण किया। पेड़ के पत्ता खेत मे गिरने से मिट्टी की उर्वरक शक्ति बढ़ेगी। मौके पर छोटन कुमार सिंह, तेजो मिस्री, बालेश्वर तुरी, बबलू यादव, विजय यादव, रूपेश यादव, गॉवर्धन रजक, अर्जुन यादव आदि उपस्थित थे।

भारत छोड़ो आंदोलन के 78 वीं वर्षगांठ पर चलाया गया जन जागरूकता कार्यक्रम

भारत छोड़ो आंदोलन के 78 वीं वर्षगांठ पर चलाया गया जन जागरूकता कार्यक्रम
जमुआ/ गिरीडीह : जमुआ प्रखंड के पोबी पंचमन्दिर परिसर में शनिवार को भारत छोड़ो आंदोलन के 78 वीं वर्षगाँठ पर एक जागरूकता कार्यक्रम चला राष्ट्रधर्म निभाने हेतु लोगो को उत्प्रेरित किया गया।

मौके पर युवा समाजसेवी योगेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि देश का सबसे बड़ा आंदोलन भारत छोड़ो था। जिसे अगस्त क्रांति के नाम से भी जाना जाता है। 8 अगस्त 1942 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत की जड़ें हिलाकर रख दिया था। आंदोलन की 78वीं वर्षगाँठ पर उन सभी अमर शहीदों को शत शत नमन है। 

मौके पर मुकेश कुमार पासवान, मुकेश राय, राजा कुमार राम,सचिन कुमार ,मनीष कुमार राम ने भी विचार व्यक्त किया। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बर्तमान समय मे जातिगत, धार्मिक संगठनों द्वारा युवाओ को दिग्भ्रमित कर समाज मे विद्वेष फैलाने का कार्य किया जा रहा है जो भारतीय संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। 
कार्यक्रम में काफी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

शहादत दिवस पर याद किये गये शाहिद निर्मल महतो, झामुमो कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

शहादत दिवस पर याद किये गये शाहिद निर्मल महतो, झामुमो सदस्यों ने दी श्रद्धांजलि
गिरिडीह : झारखण्ड आंदोलनकारी शहीद निर्मल महतो के 33 वें शहादत दिवस पर जिलामुख्यालय स्थित झामुमो जिला कार्यालय में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष संजय सिंह की अध्यक्षता व जिला सचिव महालाल सोरेन के संचालन में आयोजित उक्त श्रद्धाजंलि कार्यक्रम में गांडेय विधायक डॉ सरफराज अहमद मुख्य रूप से उपस्थित हुए।

 कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड अलग राज्य निर्माण हेतु लम्बे समय तक चले आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले शहीद निर्मल महतो के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया।

मौके पर गांडेय विधायक डॉ सरफ़राज़ अहमद ने शहीद निर्मल महतो के जीवन पर प्रकाश डालते हुये कहा कि निर्मल महतो शोषण और दमनकारी ताकतों के विरुद्ध एक आवाज थे। गरीबों, शोषितों एवं कमजोर वर्ग के लोगों के हक और हकूक की लड़ाई लड़ते हुये उन्होंने अपनी शहादत दी थी। उन्होंने कहा कि उनकी वह आवाज आज भी जीवित है। उनके वही आदर्श हमलोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। 
डॉ अहमद ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बने 20 वर्ष पूरे हो गये। लेकिन यहां के शहीदों को शहीद का दर्जा अब तक नहीं मिल पाया है।  जबकि शहीद निर्मल महतो ने जीवनपर्यंत अलग झारखंड राज्य की लडाई में अग्रणी भूमिका का निर्वहन किया था।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रमिला मेहरा, इरशाद अहमद वारिश, अजीत कुमार पप्पू, कौलेश्वर सोरेन, राकेश रंजन, दिलीप रजक, संजीव सिन्हा, दिलीप मंडल, अभय सिंह, चाँद राशिद, अनवर अंसारी, प्रदोष कुमार, निरंजन महतो, मो. सोनू, अरमान खान, मो. समद,भैरो महतो, महावीर मुर्मू समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बगोदर के नये बीडीओ के रूप में मनोज कुमार गुप्ता ने लिया पदभार

बगोदर के नये बीडीओ के रूप में मनोज कुमार गुप्ता ने किया पदभार ग्रहण
बगोदर/गिरिडीह  : बगोदर प्रखंड के नये प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान प्रखंड विकास पदाधिकारी रविन्द्र कुमार ने नए प्रखंड विकास पदाधिकारी को पदभार सौंपा। 

बगोदर प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में स्वागत व विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जहाँ नये बीडीओ के रूप में पदस्थापित मनोज कुमार गुप्ता को स्वागत किया गया। 

मौके पर नवपदस्थापित बीडीओ श्री गुप्ता ने कहा की मनरेगा योजना में अधिक अधिक मजदुरों को काम देना ही उनकी पहली प्राथामिकता होगी। इस दौरान निवर्तमान बीडीओ रवीन्द्र ने कहा कि बगोदर प्रखंड में दो वर्षों तक प्रखंड विकास पदाधिकारी के रूप सेवा दी।अपनी सेवा के दौरान महसूस किये कि बहुत सारी नयी नयी चीजें सीखने को मिला। स्वागत व विदाई समारोह में प्रखण्ड कार्यालय में पदस्थापित सभी कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

उपायुक्त ने किया गांवा प्रखंड के विभिन्न सीएचसी का निरीक्षण, दिये कई निर्देश

उपायुक्त ने किया गांवा प्रखंड के विभिन्न सीएचसी का निरीक्षण, दिये कई निर्देश

गिरिडीह : वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रसार को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा उसके रोकथाम की दृष्टि से हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इसी आलोक में शनिवार को उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने जिले के गांवा प्रखंड के विभिन्न सी.एच.सी का निरीक्षण किया। मौके पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश भी दिये।

 मौके पर उपायुक्त ने कहा कि जिले में लगातार कोविड-19 के केस में बढ़ोतरी को देखते हुए जिले के सभी सी.एच.सी में बेडो की संख्या को बढ़ाया जा रहा है। जिले में स्थित ए.एन.एम बदडीहा में 100 से बढ़ाकर 200 बेड की व्यवस्था की गई है। ताकि कोरोना संक्रमित मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना ना करना पड़े। इसके अलावा गांवा प्रखंड के मालडा सी.एच.सी में 50 बेडो की व्यवस्था की गयी है। जबकि बगोदर सी.एच.सी में 50 बेडो की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। 

उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य कोरोना संक्रमित मरीजों की जांच की व्यवस्था सुलभ हो और इन्हीं सी.एच.सी में उन मरीजों को आईसोलेट कर उनका इलाज सुनिश्चित किया जा सके। 

इस दौरान उपायुक्त ने सी.एच.सी में उपलब्ध सभी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। कहा कि इन सभी सीएससी में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, चिकित्सा कर्मी एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। ताकि कोरोना योद्धाओं को किसी भी प्रकार की कोई कमी ना हो। इन सभी सीएचसी में *24×7* चिकित्सकों की उपलब्धता होगी।  उपायुक्त ने बताया कि गांवा के मालडा सी.एच.सी में कल 22 कोरोना योद्धाओं को विदा किया गया है। गांवा प्रखंड के संक्रमित मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सी.एच.सी, मालडा में बेडो की संख्या में बढ़ोतरी की गई है ताकि मरीजों को ज्यादा दूर जाने की जरूरत ना पड़े। वो अपने आसपास किसी ऐसी में अपना इलाज सफलतापूर्वक करा सकें। 

सीएचसी निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त श्री सिन्हा के साथ आईएस प्रशिक्षु, प्रखंड विकास पदाधिकारी, गांवा, प्रभारी पदाधिकारी सी.एच.सी, माल्डा एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।




गिरिडीह स्टेडियम में आयोजित होगा स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह, पूर्वाहन 9 बजे होगा झंडोत्तोलन

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह होगा गिरिडीह स्टेडियम में आयोजित
            पूर्वाह्न 09:00 बजे होगा झंडोत्तोलन


पदाधिकारियों संग उपायुक्त ने की बैठक, दिया नगरनिगम को महापुरुषों की प्रतिमा की साफ सफाई व माल्यार्पण सुनिश्चित करने का निर्देश


गिरिडीह :  74वां स्वतंत्रता दिवस जिले में पूरे जोश एवं उत्साह के साथ समारोह पूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया। इस बाबत समाहरणालय सभागार कक्ष में उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में शनिवार को जिले के वरीय पदाधिकारियों व अन्य गणमान्य लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला स्तरीय मुख्य समारोह गिरिडीह स्टेडियम में आयोजित करने और पूर्वाह्न 09:00 में झंडोत्तोलन करने का निर्णय लिया गया।

 बैठक को सम्बोधित करते हुये उपायुक्त ने कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देश के आलोक में एक्सेस कंट्रोल का अनुपालन करते हुए भव्यता के साथ स्वतंत्रता दिवस का आयोजन किया जाएगा। समारोह में सामाजिक दूरी का अनुपालन, मास्क का उपयोग एवं सैनिटाइजेशन का सख्ती से अनुपालन किया जाएगा। साथ ही कोविड-19 को देखते हुए सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से अन्य एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।

 बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्टेडियम में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा स्वतंत्रता दिवस परेड में शामिल होने वाले बटालियन एवं पलाटून को कल रविवार से मार्च पास्ट के लिए रिहर्सल शुरू करने का निदेश दिया। उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की परेड में सीआरपीएफ, जिला बल, होमगार्ड, एनसीसी के प्लाटून भाग लेंगे। इस बार स्वतंत्रता दिवस परेड में स्कूली विद्यार्थियों को शामिल नहीं किया जाएगा। 

बैठक के दौरान सरकारी, गैरसरकारी संस्थानों, कार्यालयों में कार्यालय प्रधान द्वारा झंडोत्तोलन करने तथा अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर कोविड-19 के सुरक्षा मानक के अनुरूप स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन कर झंडोत्तोलन करने का निर्देश दिया गया। ताकि झंडोत्तोलन के साथ-साथ कोविड-19 से बचाव एवं रोकथाम हेतु सुरक्षा की एहतियात सुनिश्चित की जा सके। 

झंडोत्तोलन समारोह में आने वाले सभी व्यक्तियों का होगा थर्मल स्कैनिंग : 

 उपायुक्त श्री सिन्हा ने कहा कि स्टेडियम में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी व्यक्तियों का जांच व थर्मल स्कैनिंग किया जाएगा। तभी उन्हें अंदर आने की अनुमति दी जाएगी। झंडोत्तोलन कार्यक्रम में सामाजिक दूरी का अनुपालन तथा मास्क का उपयोग अनिवार्य होगा।  झंडोत्तोलन समारोह में मंच पर सामाजिक दूरी का अनुपालन अनिवार्य होगा।  समारोह स्थल पर बैठने की व्यवस्था हेतु लगाए जाने वाले कुर्सियों के बीच 2 गज की दूरी होगी, डबल सीटर सोफा नहीं रहेगा। गैलरी में बैठने वाले सभी व्यक्तियों के द्वारा भी मास्क का उपयोग एवं सामाजिक दूरी मानदंड का पालन अनिवार्य होगा।
उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम में 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे एवं 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति समारोह में भाग नहीं लेंगे।  


जिले में स्थित सभी महापुरुषों की प्रतिमा की होगी साफ सफाई :

बैठक के दौरान उपायुक्त ने नगर निगम को जिले में स्थित सभी महापुरुषों की प्रतिमा की साफ सफाई, माल्यार्पण, मुख्य समारोह स्थल तक जाने वाले सभी मार्गों एवं पूरे शहर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर प्रभात फेरी, फैंसी मैच, स्कूली बच्चों की सहभागिता से संबंधित सभी कार्यक्रम पर रोक रहेगी। सभी स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क का उपयोग, सैनिटाइजेशन आदि कोविड-19 से संबंधित सभी दिशा निर्देश का सख्ती से अनुपालन करना अनिवार्य होगा। 

 बैठक में इनकी रही उपस्थिति

समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, आईएस प्रशिक्षु, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला स्थापना उप समाहर्ता, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

गुरुवार, 6 अगस्त 2020

झारखण्ड सरकार संग सौतेला व्यवहार कर रही केंद्र की भाजपा सरकार : मंत्री बादल पत्रलेख

 झारखण्ड सरकार संग सौतेला व्यवहार कर रही केंद्र की भाजपा सरकार  : मंत्री बादल पत्रलेख
गिरिडीह : सूबे के कृषि पशुपालन सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख मंत्री ने कहा कि खनिज संपदा से परिपूर्ण रहने के बाद भी झारखण्ड प्रदेश काफी कमजोर प्रदेश है। उन्होंने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुये कहा कि सरकार गठन के बाद से ही केन्द्र सरकार झारखंड सरकार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। श्री पत्रलेख गुरुवार को गिरिडीह पहुंचे थे।


 मंत्री श्री बादल के साथ झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी उमंग सिंगार, झारखण्ड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष मानस सिन्हा, संजय लाल पासवान, महगामा विधायक दीपिका पांडेय भी मौजूद थी।
परिषदन भवन में पत्रकारों से बात चीत करते हुये मंत्री ने  कहा कि इस कोरोना काल में राज्य की सरकार ने केन्द्र सरकार से विशेष पैकेज की मांग किया था, लेकिन मांगे गए विशेष पैकेज पर केन्द्र सरकार कोई सार्थक पहल नहीं की। कहा कि पैकेज मिलता तो कई ठोस कदम उठाएं जाते। 

मौके पर उन्होंने कांग्रेस पार्टी के एक स्तम्भ के रूप में गिरिडीह में उभरे युवा कांग्रेसी नेता नरेंद्र सिन्हा छोटन के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त किया। कहा कि उनके निधन से पार्टी को बड़ी क्षति पहुंची है। कहा कि दुःख के इस घडी में कांग्रेस पार्टी उनके परिवार के साथ खड़े हैं।  इलाज के अभाव में हुई उनकी मौत की चर्चा पर मंत्री ने कहा कि इस पर सरकार की नज़र है। लिखित शिकायत ली जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

इसके पूर्व गिरिडीह पहुंचे मंत्री समेत उनके साथ आये अन्य कांग्रेस पार्टी के नेता दिवंगत नेता नरेंद्र सिन्हा छोटन के बरमसिया स्थित आवास पर गये। और स्व0 सिन्हा के पारिवारिक सदस्यों से मुलाक़ात कर उनके आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया।

बाद में परिषदन भवन पहुंच कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक भी किया। बैठक कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा, ओबीसी सेल के प्रदेश महासचिव नवीन चौरसिया, उपेन्द्र सिंह, कांग्रेस नेत्री डा. मंजू कुमारी, बलराम यादव, संतोष राय , अशोक विश्वकर्मा, ऋषिकेश मिश्रा समेत अन्य मौजूद थे।

24 घण्टे के भीतर काम पर लौटे हड़ताली पारा मेडिकल कर्मी अन्यथा होगी सेवा समाप्त : उपायुक्त

 24 घण्टे के भीतर काम पर लौटे हड़ताली पारा मेडिकल कर्मी अन्यथा होगी सेवा समाप्त : उपायुक्त
गिरिडीह: उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने अनुबंध पर नियुक्त सभी हड़ताली पारा मेडिकल कर्मियों को 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने की हिदायत दिया है। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पर नहीं लौटने वाले कर्मियों के विरूद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 56, 57 एवं 65 के तहत कानूनी कार्रवाई करने और उनकी सेवा समाप्त करने की बातें भी कहा है।

उपायुक्त ने इस बाबत एक आदेश जारी कर कहा है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत अनुबंध पर नियुक्त पारा चिकित्सा कर्मियों के हड़ताल पर जाने की सूचना सिविल सर्जन, गिरिडीह एवं विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से हो रही है। जबकि राज्य सरकार अनुबंधित पारा चिकित्सा कर्मियों के प्रोत्साहन भत्ता एवं अन्य मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर रही है। ऐसे में कोरोना संक्रमण की अवधि में अनुबंधित पारा चिकित्सा कर्मियों का हड़ताल में चले जाने से जिले में चिकित्सा सेवाओं (कोविड-19 समेत) पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। 

जारी आदेश में उन्होंने कहा है कि वर्तमान में राज्य व जिले में कोविड-19 का संक्रमण में काफी तेजी आई है।  इसके रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु राज्य सरकार व जिला प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है। ऐसे समय मे राज्य व जिले में कोरोना संक्रमण के प्रसार के रोकथाम हेतु आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत काफी गतिविधियां प्रतिबंधित है। ऐसे स्थिति में स्वास्थ्य सेवा से जुड़े हुए कर्मियों का हड़ताल पर जाना आपदा प्रबंधन अधिनियम का उल्लंघन करने के साथ-साथ सरकारी आदेश की अवहेलना करना एवं राहत तथा बचाव कार्यों में बाधा डालने का धोतक है। जो सरकारी सेवा के नियमों के विरुद्ध है। 

पर्यावरण संरक्षण को लेकर किया गया पौधारोपण

पर्यावरण संरक्षण को लेकर किया गया पौधारोपण
बगोदर/गिरिडीह  :  जन सहारा केन्द्र बगोदर द्वारा नेहरु युवा केन्द्र गिरिडीह के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण को लेकर गुरुवार को मझंलाडीह टांड पर पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। 

 मौके पर जन सहारा केंद्र के सचिव ओम प्रकाश महतो ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा उसके संरक्षण हेतु पेड़ पौधे की बड़ी आवश्यकता है। बिना पेड़ पौधों के हमारा जीवन सुरक्षित नही रह सकता। क्योंकि पेड़ पौधों से ही हमे शुद्ध आक्सीजन की प्राप्ति होती है जो जीवनदायनी होती है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता पर बल दिया। कहा कि आमजनो को पौधा लगाने हेतु प्रेरित करने की जरूरत है। ताकि इलाके में अधिक से अधिक पौधा लगाया जा सके और प्रदुषण के बढते प्रभाव से लोगों को नीजात मिले। 

पौधारोपण कार्यक्रम में रूपलाल राम, संतोष राम, राजू सिंह, ओम राम, लक्ष्मी कुमारी, प्रेरणा कुमारी आदि की भूमिका काफी सराहनीय रहा।

शोक सभा आयोजित कर कांग्रेसियों ने दी नरेंद्र सिन्हा छोटन को श्रद्धांजलि

शोक सभा आयोजित कर कांग्रेसियों ने दी नरेंद्र सिन्हा छोटन को श्रद्धांजलि
गिरिडीह : जिला युवा कांग्रेस कमिटी द्वारा गुरुवार को एक शोक सभा आयोजित कर दिवंगत कांग्रेसी नेता नरेंद्र सिन्हा छोटन को श्रधांजलि अर्पित किया।  स्थानीय कांग्रेस भवन में युवा कांग्रेस अध्यक्ष सन्तोष राय की अध्यक्षता में आयोजित इस शोक सभा मे ओबीसी सेल के प्रदेश महासचिव नवीन आनंद उर्फ नवीन चौरसिया व युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद कुमार वर्मा "पूनम" मुख्य रूप से उपस्थित थे।

शोक सभा मे उपस्थित कांग्रेसी नेताओं ने नरेंद्र सिन्हा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक जताया और उनकी मौत को कांग्रेस पार्टी के लिये एक अपूर्णीय क्षति बताया। मौके पर उपस्थित कांग्रेस पार्टी के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रख कर उनकी आत्मा की शान्ति हेतु ईश्वर से प्रार्थना किया। इसके पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्व0 सिन्हा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।

इस शोक सभा मे पार्टी के गिरिडीह विधानसभा अध्यक्ष मो. शकील, कार्यकारी अध्यक्ष मो. छोटू खान, मिन्हाज, टप्पू खान,सन्नी मिर्जा, मल्ली, पीयूष यादव, सन्नी यादव, विशाल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

कोरोना संक्रमितों के अंतिम संस्कार हेतु उपायुक्त ने किया अस्पताल उपाधीक्षक को प्राधिकृत


कोरोना संक्रमितों के अंतिम संस्कार हेतु उपायुक्त ने किया अस्पताल उपाधीक्षक को प्राधिकृत
कोरोना संक्रमितों के मृत शरीर के अंतिम संस्कार हेतु राज्य सरकार ने जारी किया दिशा निर्देश 

 
गिरिडीह : उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने सरकार के प्रधान सचिव (स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, विभाग झारखंड, रांची) के निदेश के आलोक में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को कोविड-19 संक्रमित व्यक्ति की मृत्यु होने की स्थिति में मृत शरीर के अंतिम संस्कार कराने हेतु  प्राधिकृत किया है। उन्होंने उपाधीक्षक को अंतिम संस्कार का कार्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश के आलोक में ही सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।

निर्देशानुसार यदि किसी कोविड-19 संक्रमित व्यक्ति की मृत्यु होती है, तो उक्त व्यक्ति के मृत्यु के उपरांत तत्काल मृत शरीर को निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उनके रिश्तेदारों को सौंपा जाए। 

◆ यदि किसी संक्रमित व्यक्ति के मृत्यु के उपरांत उक्त व्यक्ति का मृत शरीर को अंतिम संस्कार करने हेतु उसका कोई रिश्तेदार सामने नहीं आता है तो मृत्यु के 24 घंटे के अंदर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं करते हुए अंतिम संस्कार कराया जाए। इस हेतु आवश्यकतानुसार पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह द्वारा की जाएगी। 

◆ ऐसे व्यक्ति जिनकी मृत्यु अन्य जिलों अथवा अन्य जिलों के अस्पतालों में हुई है, उन अस्पताल प्रबंधन द्वारा संबंधित रिश्तेदारों को एवं जिला प्रशासन को सूचना प्राप्त होने के उपरांत उपरोक्त निदेश 1 और 2 का अनुपालन करते हुए अंतिम संस्कार कराया जाए। 

◆कोविड-19 की जांच रिपोर्ट के लिए किसी भी परिस्थिति में कोई मृत शरीर अंतिम संस्कार के लिए लंबित नहीं रखा जाएगा। 

◆अंतिम संस्कार हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं का चिन्हितीकरण किया जाय ताकि किसी भी परिस्थिति में अंतिम संस्कार के समय कोई बाधा उत्पन्न नहीं हो। 

◆ मृत व्यक्ति का अंतिम संस्कार कार्य पूर्ण कराते हुए तक संबंधी सूचना उपायुक्त एवं राज्य मुख्यालय को अचूक रूप से उपलब्ध कराया जाए।

◆ ऐसे मृत शरीर जिन का अंतिम संस्कार प्रशासनिक स्तर से/आपके स्तर से कराया जाता है, उसकी अंतिम संस्कार में होने वाले व्यय की प्रतिपूर्ति जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार में प्राप्त आवंटन से किया जाएगा। अतः राशि के अभाव में अंतिम संस्कार को लंबित नहीं रखना है।

वंही उपायुक्त श्री सिन्हा ने कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मृत्यु के उपरांत उसके मृत शरीर का अंतिम संस्कार करा उसकी सूचना जिला गोपनीय शाखा एवं  स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड, रांची को उपलब्ध कराने का निर्देश अस्पताल उपाधीक्षक को दिया है।