शनिवार, 13 दिसंबर 2025

गिरिडीह का उसरी जलप्रपात बनेगा विश्वस्तरीय इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन

10 करोड़ की परियोजना का पर्यटन मंत्री ने किया शिलान्यास


गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह का उसरी जलप्रपात अब न केवल स्थानीय सैर-सपाटे का केंद्र रहेगा बल्कि अब इसे आधुनिक इको-टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। झारखंड के नगर विकास, पर्यटन और खेलकूद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आज 10 करोड़ रुपये की लागत बनने वाली इस परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया।


मंत्री सोनू ने बताया कि राज्य सरकार झारखंड के पर्यटक स्थलों को देश-विदेश के पर्यटकों के लिये आकर्षण का केंद्र बनाने हेतु लगातार प्रयासरत है। उसी के तहत उसरी जलप्रपात क्षेत्र में विस्तृत पार्किंग एरिया, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, वॉच टावर, पिकनिक जोन, आकर्षक प्रवेश द्वार, पर्यटकों के आरामदायक बैठने की जगहें, गेस्ट हाउस और एक आधुनिक रेस्टोरेंट का निर्माण किया जाएगा। पूरे इलाके को पर्यावरणीय दृष्टि से संतुलित रखते हुए स्वच्छता, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।



मंत्री ने कहा कि इस परियोजना से न केवल गिरिडीह, पर्यटन जगत में नई पहचान बनाएगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी रोजगार और व्यापार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि अगले साल जून तक उसरी जलप्रपात नया चेहरा देखने को मिलेगा। कहा कि  “हमारी कोशिश है कि आने वाले वर्षों में गिरिडीह झारखंड ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में गिना जाए।” उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले पांच वर्षों में पूरे जिले में पर्यटन विकास की कई योजनाएं लागू की जाएंगी।


शिलान्यास कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, डीएफओ पूर्वी मनीष तिवारी, एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, रेंजर एसके रवि, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव तथा पूर्वी वन प्रभाग के सभी रेंजर, फॉरेस्टर और वनरक्षी के अलावे बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और पर्यावरण प्रेमी भी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें