गोरखपुर (Gourakhpur)। शादी की रश्म अपने पूरे परवान पर था। जयमाला के लिये लड़की और लड़का दोनों तैयार थे। पंडित मंत्रोच्चार करने में जुटे थे। वर पक्ष और वधु पक्ष के लोग इस शादी का साक्षी बनने और दूल्हे दुल्हन को आशीर्वाद देने को आतुर थे। इसी बीच लड़की जयमाला के बीच मे ही बाथरूम जाने की बात कह बाथरूम गयी और काफी देर तक नहीं लौटी तो खुद लड़का उसे ढूंढने बाथरूम की ओर गया। बाथरूम का दरवाजा खुला था लेकिन दुल्हन गायब थी। उसके बाद तो शादी का माहौल कोहराम में बदल गया। दूल्हा पक्ष के लोग दुल्हन को ढूंढने में जुट गए। लेकिन दुल्हन का कहीं दूर दूर तक कुछ पता नहीं चल पाया।
मामला उत्तरप्रदेश के गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के भरोहिया गांव स्थित शिव मंदिर की है। जहां शुक्रवार को सीतापुर से एक युवक शादी करने पहुंचा था। वहीं दुल्हन भी अपनी मां के साथ मंदिर में सात फेरे लेने पहुंची थी। लेकिन जयमाला के ठीक पहले दुल्हन शादी के लाल जोड़े में सोने चांदी के आभूषणों से लदी बाथरूम जाने की बात कह मंडप से निकली लेकिन वापस नहीं लौटी।
क्या है मामला
जानकरी के मुताबिक, सीतापुर जिले के तंबौर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव का रहने वाले कमलेश कुमार की पहली पत्नी का निधन हो चुका है। 40 वर्षीय कमलेश घर संभालने और बच्चों की देखभाल के लिए दोबारा शादी करना चाहते थे, इसलिए अच्छे रिश्ते की तलाश में थे। इसी बीच सीतापुर में ही उनकी मुलाकात एक बिचौलिए से हुई। उसने शादी कराने का आश्वासन दिया। बिचौलिए ने एक युवती का फोटो कमलेश दिखाया जो कमलेश को काफी पसंद आ गयी। बिचौलिए ने कमलेश से 30 हजार रुपये बात आगे बढ़ाने के नाम पर लिए।
3 जनवरी को शिव मंदिर में हो रही थी शादी
कुछ दिन बाद बिचौलिया ने बताया रिश्ता पक्का हो गया है। गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के भरोहिया गांव के मंदिर पर तीन जनवरी को शादी की बात कही। कमलेश कुमार बिचौलिए की बात पर भरोसा कर पूरे परिवार के साथ शादी करने के लिए गोरखपुर स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां दुल्हन भी अपनी मां के साथ सात फेरे लेने के आई थी। शादी की तैयारियां शुरू हुई। कमलेश ने दुल्हन को शादी का जोड़ा, साजो-श्रृंगार के सामान, नई साड़ियां और अपनी दिवंगत पत्नी के सभी ज्वेलरी दिया। जिसे दुल्हन पहन कर मंडप पर पहुंची। लेकिन जयमाल के समय दुल्हन अचानक ज्वेलरी लेकर अपनी मां के साथ फरार हो गई। दूल्हा हाथ में वरमाला लेकर इंतजार ही करता रहा।
क्या कहना है भुक्तभोगी कमलेश का
पीड़ित कमलेश ने बताया कि 'जयमाल की तैयारी शुरू हो गई। मैं हाथ में वरमाला लेकर दुल्हन का इंतजार कर रहा था। दुल्हन शादी के जोड़े में थी। अचानक वह बाथरूम जाने की बात कहकर वहां से निकली। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो मैं भी पीछे-पीछे उसे तलाशने के लिए निकला। दुल्हन वहां से गहने और सामान लेकर फुर्र हो चुकी थी।' इस घटना से कमलेश और उसके परिवार को गहरा झटका लगा। दुल्हन को कस्बे में खोजते रहे। मोबाइल पर दुल्हन की फोटो दिखाकर लोगों से पूछते रहे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
नहीं मिली है कोई शिकायत : एसपी
एसपी साउथ जितेन्द्र कुमार ने बताया 'खजनी थाने की पुलिस को इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर पीड़ित पक्ष शिकायत करता है तो पुलिस मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करेगी।'
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें