सोमवार, 30 दिसंबर 2024

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::30 :: 12 :: 2024, सोमवार


आज का पंचांग:: 30 दिसम्बर 2024, सोमवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, कृष्ण पक्ष, पौष मास की प्रविष्टा 16, उत्तरायण, दक्षिणगोल, शिशिर ऋतु, तिथि अमावस, नक्षत्र मूला, सूर्योदय 7:30 प्रातः सूर्यास्त 5:31 सायं, राहुकाल प्रातः 7:30 से 9:00 तक, कल: पौष (सोमवती) अमावस, मेला हरिद्वार-प्रयागराजादि, तीर्थस्नान माहात्म्य, गण्डमूल विचार रात्रि 11:58 तक


आज :: 30:: 12 :: 2024 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आपको अपनी सामाजिक छवि की चिन्ता रहेगी। कामकाज में आपका ज्यादा मन नहीं लगेगा। किन्तु दूरदर्शी सोच के कारण आपको व्यापार में लाभ मिलेगा। धन के लेन-देन में कुछ परेशानी हो सकती है। अनचाही यात्रा करनी पड़ सकती है। किसी रिश्तेदार के स्वास्थ्य की चिन्ता रहेगी।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
उच्च अधिकारी आपकी भावनाओं का सम्मान नहीं करेंगे। धन के लेन-देन में कुछ परेशानी हो सकती है। अनचाही यात्रा करनी पड़ सकती है। किसी रिश्तेदार के स्वास्थ्य की चिन्ता रहेगी। करियर को लेकर थोड़ी चिन्ता रहेगी। जीवनसाथी के साथ मतभेद उभर सकते हैं। अहंकार की वजह से अपने सम्बन्धों को खराब न करें।



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
आपकी दिनचर्या काफी व्यवस्थित रहेगी। ऑफिस में आप काफी आसानी से अपने काम करेंगे। लेकिन आपको दूसरों के मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिये। लवमेट्स के साथ अपने मन की बातें शेयर कर सकते हैं। व्यवसाय की जटिलताओं के बीच लाभ अर्जित करने में सफल रहेंगे।




कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
नये कारोबार की आप शुरूआत कर सकते हैं। दाम्पत्य सम्बन्धों में मधुरता रहेगी। बच्चे ऑनलाइन गेम्स में समय बितायेंगे। मन में नये विचार उत्पन्न होंगे। सरकारी नौकरी कर रहे लोगों के लिये दिन अच्छा है। काम का दबाव आपके ऊपर कम रहेगा।




सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
व्यापार विस्तार में कुछ रुकावट आ सकती है। गूढ विषयों का आप अध्ययन करेंगे। विदेश से कोई शुभ समाचार मिल सकते हैं। अपने कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कर लें। आज नया काम शुरू न करें। भाई-बहनों से सहायता लेने में संकोच न करें।



कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कार्यक्षेत्र में आप कुछ बोरियत महसूस कर सकते हैं। आज आपको पर्याप्त मात्रा में आराम करना चाहिये। लोगों की मदद करने का प्रयास करेंगे। प्रेम सम्बन्धों में ताजगी कम हो सकती है। तकनीक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिये समय बहुत ही अच्छा है।




तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज सिर्फ अपने काम पर फोकस करें। नकारात्मकता में कमी आयेगी। सभी समस्याओं का समाधान होगा। मित्रों के साथ गम्भीर विषयों पर चर्चा कर सकते हैं। सोशल मीडिया में आप सक्रिय रहेंगे। चतुराई के कारण आप व्यापार में अच्छा लाभ कमायेंगे।




वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
किसी पुरानी बात को याद करके आप खुश होंगे। परिवार के साथ आप अच्छा समय बितायेंगे। रचनात्मक कार्यों में आप रुचि लेंगे। उल्टी व दस्त के कारण डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। आर्थिक समस्या के कारण आपका मन परेशान होगा। कार्यक्षेत्र में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं।


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आप अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहेंगे। मन में नये-नये विचार आते रहेंगे। विद्यार्थी अपनी शिक्षा को लेकर काफी जागरूक रहेंगे। नये कार्यों को लेकर उत्साह और जोश में रहेंगे। किसी बड़े प्रोजेक्ट में धन का निवेश कर सकते हैं। कई दिनों से चली आ रही स्वास्थ्य समस्या का समाधान होगा।




मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
अटके हुये कार्यों को लेकर मन अशान्त रहेगा। आपको विरोधियों से सावधान रहना चाहिये। बहुत आवश्यक न हो तो लोगों से अपनी बातें व सूचनायें शेयर करने से बचें। अत्यधिक व्यस्तता के कारण स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। ससुराल पक्ष से अपने सम्बन्ध अच्छे रखें।



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
आज यदि आपने एकाग्रचित्त होकर कार्य किया तो आप काफी शानदार परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। जनकल्याण की योजनाओं में आप धन खर्च करेंगे। नयी जॉब की खोज पूरी हो सकती है। साझेदारी सम्बन्धी योजनाओं को शुरू करेंगे। अपने सभी प्रकल्पों को अच्छी तरह से पूरा करेंगे।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आज काम की अधिकता के बावजूद ऊर्जावान रहेंगे। गृहक्लेश दूर होंगे। राजनीतिक लोग अपने प्रतिद्वन्दियों के ऊपर भारी पड़ेंगे। प्रभावशाली लोगों से आपके सम्बन्ध प्रगाढ़ होंगे। छोटे बच्चों के साथ अच्छा समय बितायेंगे। लम्बे समय से जिन चीजों का इन्तजार कर रहे थे, वो आपको प्राप्त हो जायेंगी।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


रविवार, 29 दिसंबर 2024

खंडोली पर्यटन स्थल की वादियां सैलानियों को कर रही आकर्षित, जुट रहे हर दिन हजारों सैलानी

भोजपुरी, हिंदी, खोरठा की पड़े पर्दों की फिल्मों के साथ हिंदी, खोरठा, भोजपुरी, नागपुरी और बंगला अल्बम की यहां हुई है शूटिंग


[राजेश कुमार]
गिरिडीह (GIRIDIH)। गिरिडीह जिले के खंडोली पर्यटन स्थल की मनोरम वादियां सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। विशाल भूखंड पर फैला खंडोली डेम का विहंगम व मनमोहक दृश्य लोगों को काफी लुभा रही है। यहां का मनमोहक जलाशय सैलानियों को आकर्षित करता है। जिसका लुत्फ उठाने सैलानी बोटिंग कर खूब मौज मस्ती करते हैं। सैलानी की उमड़ी भीड़ और बोटिंग की गड़गडाहट बरबस लोगों को इस पर्यटन स्थल पहुंचने को विवस कर देता है।


प्रकृति की गोद मे बसा है यह पर्यटन स्थल

यहां की मनभावनी वादियां बड़ा ही अद्भुत हैं। खंडोली पर्वत के नीचे बहती झरना एंव ऊंचे पहाड़ के कंद्राओं में बने पार्क, एक से बढ़कर एक मनोरंजन के उपलब्ध संसाधन सैलानियों को लुभाती है। प्रकृति की गोद में समाये पर्यटन स्थल की खुबसुरती सैलानियों को बरबस अपने और खिंच लाता हैं। पिकनिक एंव मौज मस्ती के लिए सैलानी यहां दूर दराज से पहुंच रहे हैं। सुबह से ही पर्यटन स्थल में सैलानियों की भीड़ लगने लगती हैं। नव वर्ष आगमन के दीदार में यह पर्यटन स्थल सज संवर कर तैयार है। 


खूबसूरत नजारा और ऊंचे पहाड़ हैं आकर्षण का केंद्र

गिरिडीह जिला मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर के दूरी पर गिरिडीह देवघर एनएच 114 ए और जनताड़ा महेशमुंडा गिरिडीह मुख्य सड़क के किनारे खंडोली डैम अर्थात खंडोली पर्यटन स्थल स्थित हैं। इसलिए रास्ते से होकर गुजरने वाले लोग इस पर्यटन स्थल की वादियों की लुत्फ लेने से नही चुकते हैं। गिरिडीह जिला के यह खंडोली पर्यटन स्थल में न केवल खूब सूरत पार्क व हसीन नजारा है। बल्कि ऊंचे ऊंचे पहाड़ भी इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं।


सैलानियों के लिये सजे है कई दुकानें

इस पर्यटन स्थल में दुर दराज से पहुंचने वाले सैलानियों के लिये यहां कई तरह की दूकान और स्टॉल भी लगे हैं। जिनमे खाने पीने के सामानों चाय, पकौड़ा, चाट, चोमिंग, गुपचुप, झालमुडी, चना, मूंगफली, फल, जूस के साथ साथ श्रृंगार प्रसाधनों व खेल खिलौने के अलावे भी कई अन्य तरह की ठेला खोमचा वालों की भरमार है। 



सालों भर रहता है सैलानियों के आवागमन

यहां सैलानियों का आवागमन यूं तो साल भर छिटपुट होता ही रहता है। लेकिन खास कर दिसम्बर के महीने से जनवरी फरवरी तक यहां सैलानियों के आगमन काफी संख्या में होता है। यहां पहुंचने वाले सैलानी यहां पिकनिक का भी लुत्फ उठातें डैम का शीतल जल का भी भरपूर लुत्फ उठातें है। कई सैलानी तो डैम में डुबकी मार मार कर यहां स्नान करने का भी आनन्द लेते है।

रोजी रोजगार का बना है साधन

यह खंडोली पर्यटन रोजी रोजगार का भी साधन बना हुआ है। महीनों तक यहां सैलानियों की भीड़ उमड़ी रहने से इस पर्यटन स्थल से कई लोगों के लिये रोजी रोटी का एक सशक्त माध्यम साबित हो रहा है। इतना ही नहीं यहां कई तरह के रेस्टोरेन्ट की भी सुविधा उपलब्ध है। इन रेस्टोरेन्ट में भोजन पानी, शौचालय से लेकर कई तरह की सुविधा उपलब्ध है। 



इस ख़ूबसूरत लोकेशन में कई फिल्मों की हुई है शूटिंग

इस खंडोली पर्यटन स्थल का लोकेशन इतना मनोहारी है कि गिरिडीह जिले के साथ पूरे झारखण्ड प्रदेश समेत आस पास के राज्यों के वैसे बड़े व छोटे फ़िल्म, लघु फ़िल्म निर्माता यहां पहुंच यहां के हसीन वादियों में फिल्मों की शूटिंग करते है।  इस खंडोली डैम के हसीन वादियों में गंगाधाम, प्लेटफार्म न० 2, समेत कई बड़े पर्दे की भोजपुरी, हिंदी, खोरठा, नागपुरी फिल्मों का फिल्मांकन भी हुआ है। वहीं इस पर्यटन स्थल में कई हिंदी, भोजपुरी, बंगला, खोरठा, नागपुरी अलबमों की भी शूटिंग हुई है।


गिरिडीह वासियों के पेयजल का है बड़ा साधन

इस खंडोली डैम से ही पूरे गिरिडीह शहर वासियों को पेयजल की आपूर्ति होती है। यहां इस के पानी को फिल्टरिंग करने होते विशाल मशीन लगाएंगये हैं। इस वाटर फिल्टरिंग प्लांट में वाटर को फिल्टर कर उसे पीने लायक बनाया जाता है। फिर उसे गिरिडीह शहरवासियों को सप्लाई की जाती है। हालांकि इस डैम की वर्षों से साफ सफाई नहीं होने के कारण डैम की निचली तल में काफी गाद जमा हो गया है। जिस कारण गर्मी के दिनों में इस डैम का जलस्तर काफी नीचे चला जाता है। यदि समय रहते इसके गाद की सफाई नहीं की गईं तो पूरे गिरिडीह शहर में पानी के लिय हा हा कार मच जाएगा।

पश्चमी सभ्यता को त्यागने, अपनी परंपराओं को अपनाने और संयुक्त परिवार को वापस लाने पर जोर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुम्ब प्रबोधन विभाग द्वारा पारिवारिक मिलन कार्यक्रम सम्पन्न



गिरिडीह (GIRIDIH)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुम्ब प्रबोधन विभाग द्वारा जिले के धनवार प्रखंड क्षेत्र के बांधी गांव में रविवार को पारिवारिक मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पश्चिमी सभ्यता को त्यागने, संयुक्त परिवार की अवधारणा को पुनः वापस लाने, अपनी पुरातन सभ्यता और संस्कृति को अपनाने और अपनी पारंपरिक भजन, भोजन भवन और भ्रमण को अपनाने पर बल दिया गया।

वरिष्ट स्वयं सेवक दिन दयाल दास की अध्यक्षता एवं बिनोद कुमार सिंह के संचालन में आयोजित इस कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुम्ब प्रबोधन विभाग आगत अतिथि सुबोध सिंह, पूनम वर्णवाल, कृष्णदेव कन्हैया, दीनदयाल दास, धर्मेंद्र कुमार द्वारा सामूहिक रूप से द्वीप प्रजवलित कर किया गया। इसके पूर्व सभी आगत अथितियों व उपस्थित लोगो को तिलक लगाकर उनका स्वागत किया गया।। 


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरएसएस के कुटुंब प्रबोधन विभाग के संयोजक सुबोध सिंह तथा प्रांतीय सदस्य पूनम वर्णवाल तथा धर्माचार्य विभाग से कृष्णदेव कन्हैया ने भारतीय सभ्यता और संस्कृति पर हो रहे कुठाराघात पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संयुक्त परिवार टूट रहे हैं। एकाकी परिवारों की संख्या बढ़ रही है। जिससे हम सभी लोगों को अपने जीवन में बहुत सी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कहा कि परिवारों में एकता और राष्ट्रीयता की भावना जाग्रत होने से समाज के विभिन्न परिवारों के बीच बेहतर तालमेल, परस्पर सहयोग और सौहार्द कायम होगा, जिससे समाज और देश मजबूत होगा। कहा कि व्यक्ति को सबसे पहला संस्कार अपने परिवार से ही मिलता हैं। समाज को सुसंस्कृत एवं व्यक्ति को चरित्रवान, राष्ट्र के प्रति समर्पित और अनुशासित बनाने में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।


वक्ताओं ने कहा कि संघ का प्रयास है कि स्वयंसेवकों के परिवारों को भारतीय संस्कृति की मूल अवधारणाओं के अनुकूल व मातृत्व शक्ति से सुदृढ व मजबूत बनाना है। इसके लिये लोगों को पश्चमी सभ्यता का त्याग कर अपनी परंपराओं भजन, भवन भ्रमण और भोजन को अपनाना होगा। तभी देश और धर्म सुरक्षित रह सकता है। 

कार्यक्रम में महेश राय, अर्जुन राय, रमेश राय, सहदेव मोदी, मोहनलाल राम, बनवारी ठाकुर, उपें देवी, पम्मी देवी, निशा देवी के अलावे बांधी गांव, फूलोंटांड, करिहारी, सुरही,डंगारडीह, चादगर, ख़ोरीमहुआ, चुंगलखार, चितरडीह, संतरायडीह, बिशुनपुर सहित दर्जनों गांवों के हज़ारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, बच्चे व बच्चीयों ने भाग लिया।   

शोक सभा आयोजित कर कांग्रेसियों ने दिया पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि

गिरिडीह (GIRIDIH)।  जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को एक शोक सभा आयोजित कर दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी गयी। इस दौरान शोक सभा मे शामिल कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने  पूर्व प्रधानमंत्री स्व डॉ सिंह के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रख कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। 


शोक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि डॉ मनमोहन सिंह ने देश को खाद सुरक्षा अधिनियम, सूचना का अधिकार, मनरेगा,  शिक्षा का अधिकार, आधार कार्ड, डीबीटी समेत कई योजनाएं  दिया है। विपक्ष के लोग उन पर अनेकों आरोप लगाते रहे, लेकिन उन्होंने मौन रह कर भी देश के लिए ऐसे ऐसे जनहित के कार्य किये है जिसका देश हमेशा ऋणी रहेगा। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह विद्वान और महान अर्थशास्त्री थे। इन्होंने वित्त मंत्री तथा देश के प्रधानमंत्री पर रहते  हुए देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान किया था। 


इस शोक सभा मे अजय सिन्हा मंटू, उपेंद्र सिंह, मदन विश्वकर्मा, प्रोफेसर मंजूर अंसारी, नदीम अख्तर, कृष्णा सिंह, पंकज सागर, अशोक विश्वकर्मा, लक्ष्मण हजम, चंद्रशेखर सिंह, दिनेश्वर कुमार,  मोहम्मद ताजुद्दीन,  सैफुद्दीन, तनवीर, चांद,सोहेल समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता व नेता मौजूद थे।

फिर घटित हुई मानवता को शर्मसार करने वाली घटना, सरिया में हुआ नाबालिग छात्रा संग बलात्कार

गिरिडीह (GIRIDIH)। गिरिडीह जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना फिर से घटित हुई है। घटना जिले के सरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की है। जहां नवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ एक ट्रैक्टर चालक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। हालांकि सरिया पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के अरोपी ट्रैक्टर चालक को पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


बता दें कि बगोदर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में घटित दो नाबालिग के दुष्कर्म का मामला अभी शांत भी नहीं हो पाया है तब तक जिले के सरिया थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म की घटना घटित हो गयी है। 


पीड़िता ने बताया कि शौच जाने के क्रम में कथित आरोपी ट्रैक्टर चालक ने उसे जबरन सुनसान जंगल में ले जाकर झाड़ी में उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा द्वारा विरोध करने पर आरोपी द्वारा उसके साथ मारपीट भी की गई। पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से भाग कर अपने घर आयी तब उसने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। वारदात की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग उक्त ट्रैक्टर चालक को धर दबोचा और उसे सरिया पुलिस को सुपुर्द कर दिया।


इस मामले में पीड़िता के पिता ने उक्त आरोपी युवक के विरुद्ध सरिया थाना में एक आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गयी है। वहीं सरिया थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आलोक में थाना कांड संख्या 235/24 में पोक्सो एक्ट 4 /6, बीएनएस की धारा 65 (1) 351 (2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

दहेज की बलि चढ़ी एक विवाहिता, मार कर फंदे से लटका ससुराल वाले हुए फरार

बेगूसराय (BAGUSARAI)। 
बिहार के बेगूसराय में एक बार फिर दहेज के लिए ससुराल वालों ने एक महिला की गला दबाकर बेरहमी पूर्वक हत्या कर दी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। महिला की हत्या के बाद उसके ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। घटना डंडारी थाना क्षेत्र के राजोपुर कटरमाला गांव की है। मृतक महिला राजोपुर कटरमाला गांव के निवासी फुलेश्वर साहनी की पत्नी सुलेखा देवी है। 

मृतका के मायके वालों ने बताया कि सुलेखा की शादी पांच साल पहले फुलेश्वर साहनी के साथ हिन्दू रीति रिवाज से काफी धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे। बताया कि इस मुद्दे पर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन इसके बाद भी ससुराल वालों द्वारा सुलेखा देवी को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। वहीं जब सुलेखा की छोटी बहन की शादी उसके देवर से प्रेम प्रसंग में हुआ उसके बाद तो ससुराल वालों द्वारा सुलेखा के साथ टॉर्चर का सिलसिला बहुत ज्यादा बढ़ गया। 



बताया गया कि बीती रात भी ससुराल वालों ने सुलेखा के साथ मारपीट की और बाद में गले में फंदा लगाकर हत्या कर दिया। वहीं सुलेखा की हत्या करने के बाद ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गये। बताया कि सुबह पड़ोसी से सूचना पाकर जब हमलोग यहां पहुंचे तो सुलेखा का शव फंदे से लटका पाया और घर के सारे लोग गायब थे।

मृतक महिला के मायके वालों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घटना की सूचना डंडारी थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डंडारी थाने की पुलिस सदल बल गांव पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों व मृतका के मायके वाले के सहयोग से शव को फंदे से उतरवा उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है।


1 जनवरी को बाबा बैद्यनाथ का शीघ्र दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के जेब पर बढ़ेगा बोझ, शीघ्र दर्शनम कूपन में की गई बढ़ोतरी

देवघर (DEOGHAR)। नए साल के पहले दिन देवघर के बाबा मंदिर में आने वाले वैसे श्रद्धालु जो शीघ्र दर्शनम करना चाहेंगे, 6 300 रूपए की जगह 600 रूपए देने होंगे। इसको लेकर देवघर के उपायुक्त विशाल सागर ने बैठक कर मंदिर प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। 

बता दें कि देवघर समेत आसपास के जिले के लोग नये साल की शुरुआत बाबा धाम स्थित बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना से करते हैं। साल के पहले दिन आने वाली भीड़ को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने एक जनवरी के दिन शीघ्र दर्शनम कूपन के दर में बढ़ोतरी की गयी है। 



देवघर बाबा मंदिर के मुख्य प्रबंधक रमेश परिहस्त ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी एक जनवरी को शीघ्र दर्शनम कूपन के दर में बढ़ोतरी की गई है। क्योंकि नए साल के पहले दिन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। आने वाली भीड़ को देखते हुए देवघर जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन  द्वारा एक जनवरी के दिन शीघ्र दर्शनम कूपन के दर में बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि यह बढोत्तरी वाली दर सिर्फ एक दिन 1 जनवरी को ही लागू रहेगा उसके बाद 2 जनवरी फिर से शीघ्र दर्शनम कूपन का दर आम दिनों की तरह 300 रूपए कर दिया जायेगा।


पूर्व सैनिक की हत्या की नियत से पहुंचे 6 अपराधियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

राँची (RANCHI)। नामकुम प्रखंड के खरसीदाग ओपी क्षेत्र अंतर्गत डहुटोली निवासी पूर्व सैनिक जितवा कच्छप की हत्या करने की नियत से पहुंचे 6 अपराधियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार लोगों में मुख्य साजिशकर्ता रतन उरांव पिता चम्पा उरांव डहुटोली खरसीदाग, अमर मुंडा उर्फ काण्डे मुंडा पिता जागरण मुण्डा टोनको एयरपोर्ट, गोवर्धन महतो पिता सुन्दर महतो, मधवा महतो पिता सहदेव महतो दोनों कर्रा खूंटी, मुन्ना उरॉव पिता झरिया उरांव गढखटंगा खरसीदाग एवं बिन्देश्वर सिंह पिता राम लखन सिंह, धुर्वा तुपुदाना शामिल हैं। यह जानकारी पुलिस द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में दी गयी।


क्या है मामला :

इस सम्बंध में जितवा के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। जिसमे जितवा बताया है कि उनकी जमीन का रतन उरांव से 2020 से विवाद चल रहा है। पूर्व में भी रतन के द्वारा उनकी जमीन पर अपराधियों को बुलाकर जेसीबी से कब्जा किया जा रहा था। जिसे न्यायालय की सहायता से नोटिस भेजकर रुकवाया गया था।

बताया कि 23 दिसंबर की देर रात उनके घर का दरवाजा खटखटाया गया।उन्होंने पत्नी के साथ दरवाजा खोला तो देखा कि रतन, गोवर्धन, अमर मुंडा सहित अन्य लोग खड़े थे। एक युवक के हाथ में कट्टा था। रतन ने धमकी देते हुए कहा कि उक्त जमीन मेरे नाम से रजिस्ट्री कर दो या फिर 20 लाख रुपए दे दो वर्ना परिवार सहित मारकर जंगल में फेंक देंगे। एक अन्य युवक ने कनपटी पर कट्टा सटा कर बोला कि रतन जो बोल रहा है उसे पूरा कर दो अन्यथा जान से चले जाओगे। पैसें नहीं देने पर रतन ने हत्या की योजना बनाई एवं गोवर्धन को तीन लाख रूपये की सुपारी दी 50 हजार एडवांस दिया। जिसके बाद गोवर्धन अन्य अपराधियों से मिल कर सतरंजी बाजार तुपुदाना में जितवा की हत्या की योजना बनाई।




क्या कहती है पुलिस

पुलिस के मुताबिक अमर मुण्डा ने हत्या के लिए हथियार एवं गोली खरीदी। जितवा ने डर से उनलोगो से पैसा व्यवस्था करने के लिए कुछ दिन का समय मांगा गया। जिसपर सभी ने पैसा नहीं देने पर नए साल में हत्या करने की योजना बनाई।जिसकी सूचना जितवा को मिल गई। जितवा ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय प्रथम अमर कुमार पांडेय, हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में खरसीदाग ओपी प्रभारी भवेश कुमार के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया।


रतन पूर्व में जा चुका है जेल

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के क्रम में जानकारी मिली कि रतन जुआं एवं शराब का अड्डा चलाता है। वह हथियार भी रखता है एवं फिरौती मांगने के आरोप में पूर्व में जेल भी जा चुका है। छापामारी दल में डीएसपी मुख्यालय प्रथम अमर कुमार पाण्डेय, डीएसपी हटिया प्रमोद कुमार मिश्रा, नामकुम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ब्रह्मदेव प्रसाद, खरसीदाग ओपी प्रभारी भवेश कुमार, तुपुदाना ओपी प्रभारी दुलाल महतो, पुअनि नितीश कुमार, पुअनि सत्येन्द्र कुमार पाण्डेय एवं सशस्त्र बल शामिल थे।