रविवार, 29 दिसंबर 2024

महावीर मंदिर न्यास के सचिव और पूर्व आईपीएस किशोर कुणाल का निधन, हार्ट अटैक से गई जान

पटना (PATNA)। बिहार की राजधानी पटना स्थित महावीर मंदिर धार्मिक न्यास बोर्ड के सचिव और पूर्व आचार्य किशोर कुणाल का निधन हो गया है। 

रविवार सुबह हृदयाघात आने के बाद उन्हें फौरन महावीर वात्सल्य में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


बताया जा रहा है कि पूर्व आईपीएस अधिकारी किशोर कुणाल का कार्डियक अरेस्ट आया है। अस्पताल जाने से पहले उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन से शोक की लहर दौड़ पड़ी है।

अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार लूट लिये आभूषण व नगदी, जांच में जुटी पुलिस

दुमका (DUMKA)। जिला के मसलिया थाना क्षेत्र के मोहुलबोना डंगाल में मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसाई के साथ लूटपाट और छिनतई की घटना को अंजाम दिया है। व्यवसायी द्वारा विरोध करने पर अपराधियों ने उसे गोली मार दिया। घटना में स्वर्ण व्यवसायी गम्भीर रूप से घायल है।




मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के पहरुडीह निवासी संजय राणा आश्रम मोड़ में सोना चांदी दुकान चलता है। रोज की तरह शनिवार देर शाम को भी वह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान मोहुलबोना डंगाल के पास सुनसान स्थल पूर्व से घात लगाए बैठे अपराधियों ने संजय राणा को रोक उसके साथ लूटपाट और छिनतई करने लगा। संजय राणा ने जब अपराधियों के मंसूबे का विरोध करने पर अपराधियों ने पिस्तौल निकालकर उस पर गोली चला दिया। गोली संजय राणा के कमर में लगी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।साथ ही अपराधियों द्वारा संजय राणा के पास मौजूद आभूषण सहित रुपया छीनकर दलाही की और भाग गया।


इधर संजय राणा द्वारा हो हल्ला किए जाने पर ग्रामीण वहां पहुंचे। संजय राणा को इलाज हेतु दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँचीं है। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए जगह जगह छापेमारी कर रही है।



पंच तत्व में विलीन हुए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह, पुत्री ने दी मुखग्नि

नई दिल्ली (NEW DELHI)। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के निगम बोध घाट पर राजकीय, पूर्ण सैन्य सम्मान और सिख परंपरा के साथ अंतिम संस्कार किया गया। डॉ. सिंह की सबसे बड़ी पुत्री उपिंदर कौर ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। इससे पहले उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई और सिख धर्मगुरुओं और परिवार के सदस्यों ने गुरबाणी का पाठ किया।


निगम बोध घाट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, भूटान के नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, मॉरीशस के विदेशमंत्री धनंजय रामफुल, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ सीडीएस जनरल अनिल चौहान भी मौजूद रहे। कई केंद्रीय मंत्री, राजनयिक और अन्य गण्यमान्य लोग भी अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने पहुंचे। सभी ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।


सिंह के अंतिम संस्कार समारोह में हिस्सा लेने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल,कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कई पूर्व केंद्रीयमंत्री भी निगम बोध घाट पहुंचे।

इससे पहले कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड, नई दिल्ली से निगमबोध घाट तक उनकी अंतिम यात्रा निकली। कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर फूलों से सजे वाहन पर रखा गया। उसके साथ चल रहे लोगों ने कांग्रेस मुख्यालय से निकलने पर रास्ते में मनमोहन सिंह अमर रहें के नारे लगाए। इस दौरान जब तक सूरज चांद रहेगा, तब तक तेरा नाम रहेगा के नारे भी गूंजे। सिंह के पार्थिव शरीर को आज सुबह 9 बजे से कुछ पहले 3, मोतीलाल नेहरू रोड स्थित उनके आवास से एआईसीसी मुख्यालय लया गया।


             अब यादें ही शेष

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उम्र संबंधी चिकित्सा जटिलताओं के कारण 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उन्हें भारत के आर्थिक सुधारों का वास्तुकार कहा जाता है। सिंह ने 2004 से 2014 के बीच 10 वर्ष तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में पूरे देश में सात दिवसीय राष्ट्रीय शोक मनाया जा रहा है। इस दौरान पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::29 :: 12 :: 2024, रविवार

आज का पंचांग:: 29 दिसम्बर 2024, रविवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, मार्गशीर्ष मास, शुक्ल पक्ष, पौष मास की प्रविष्टा 15, उत्तरायण, दक्षिणगोल, शिशिर ऋतु, तिथि चतुर्दशी, नक्षत्र ज्येष्ठा, सूर्योदय 7:30 प्रातः सूर्यास्त 5:30 सायं, राहुकाल सायं 4:30 से 6:00 तक, कल: मास शिवरात्रि व्रत, गण्डमूल विचार


आज :: 29:: 12 :: 2024 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
कार्यक्षेत्र में आपको सहकर्मियों से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलेगा। तनाव लेने के कारण मधुमेह के रोगियों की सेहत कमजोर हो सकती है। जीवनसाथी के साथ अपने सम्बन्ध अच्छे रखें। किसी पर जरूरत से ज्यादा विश्वास न करें। किसी रुके हुये मामले के दोबारा शुरू होने के योग बन रहे हैं।



वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
दाम्पत्य सम्बन्धों में मधुरता रहेगी। घर में महत्वपूर्ण व्यक्तियों का आगमन हो सकता है। जीवनसाथी के साथ आप रोमान्टिक समय का आनन्द उठायेंगे। व्यवसाय में आप बड़ी उपलब्धि अर्जित कर सकते हैं। मित्रों के साथ मनमुटाव दूर होगा।



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
किसी बड़े प्रोजेक्ट में आप सहभागिता बढ़ायेंगे। घर की साज-सज्जा को लेकर आप काफी सक्रिय रहेंगे। समाज में आपका नाम बढ़ेगा। जटिल समस्याओं का व्यवहारिक समाधान ढूँढ लेंगे। सेहत का विशेष ध्यान रखें। कुछ लोग ईर्ष्यावश आपकी आलोचना करेंगे।



कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कार्यक्षेत्र में सभी काम बिना किसी रुकावट के पूर्ण होंगे। मार्केटिंग सम्बन्धी कार्यों में बड़ी सफलता मिल सकती है। उत्तम सम्पत्ति की प्राप्ति होगी। शिक्षा में आपका मन लगेगा। प्रिय मित्रों से मिलने का अवसर मिलेगा। बच्चों के प्रति प्रेम भाव बढ़ेगा।




सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
घर में मांगलिक कार्यक्रम हो सकते हैं। मन में कई सारे विचार आने के कारण अस्थिरता का भाव रहेगा। उधार दिया हुआ धन आपको मिलने में परेशानी होगी। कारोबार में बड़ा फेरबदल करना पड़ेगा। परिवार में सुख-शान्ति बनी रहेगी। मौसम में आ रहे बदलाव को लेकर थोड़े सावधान रहें



कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आपके पास नयी जिम्मेदारियाँ आयेंगी। धार्मिक स्थल की यात्रा कर सकते हैं। एकाग्रचित्त होकर काम करने से सफलता मिलेगी। किसी सामाजिक समारोह में जाने का प्लान बनायेंगे। माता-पिता का आशीर्वाद प्राप्त होगा। निर्माण सम्बन्धी कार्यों में आपकी रुचि जागृत होगी।



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
सहकर्मियों के रूखे व्यवहार से मन दुखी हो सकता है। दाँतों के रोग परेशान कर सकते हैं। राजनीतिक व्यक्तियों के साथ आपके सम्बन्ध मधुर होंगे। विद्यार्थियों को मेहनत का उचित परिणाम मिलेगा। बेवजह कलह होने से मन अशान्त हो सकता है।




वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
व्यवसाय में बिक्री बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। आय के नवीन साधन विकसित होंगे। आपका मूड काफी अच्छा रहेगा। आपके व्यवहार की लोग प्रशंसा करेंगे। पैतृक व्यापार में बड़ा लाभ मिलेगा


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
जीवनसाथी को अनावश्यक खर्चों से बचना चाहिये। बजट का ध्यान रखते हुये ही काम करें। माँसपेशियों में दर्द की शिकायत होगी। आपको अस्पताल भी जाना पड़ सकता है। काम में भागादौड़ी ज्यादा करनी पड़ेगी। जॉब में आपको फोकस ज्यादा करने के बाद ही परिणाम मिलेंगे।



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
आज आप आराम करने के मूड में रहेंगे। अविवाहित लोगों को विवाह के प्रस्ताव मिल सकते हैं। लेखन कार्य से जुड़े लोगों की रचनात्मकता में वृद्धि होगी। पुरानी यादों में खोये रहेंगे। प्रेमी जन के साथ अपने मन की बातें शेयर करेंगे। शाम को स्वास्थ्य कुछ नरम-गरम रहेगा।



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
आज आप अपने काम पर ध्यान केन्द्रित रखें। किसी भी बड़ा कार्य करने से पहले बुजुर्ग लोगों की राय अवश्य लें। मित्रों की सहायता करनी पड़ सकती है। फिल्म इण्डस्ट्री से जुड़े लोगों को बड़े अनुबन्ध मिल सकते हैं। नया कार्य शुरू करने के लिये दिन अच्छा है।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आपका स्वभाव लोगों के लिये प्रेरणा बनेगा। व्यापार में बड़ा रिस्क लेने से बचें। आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर रहेगी। जॉब में आपका वर्चस्व बढ़ेगा। नया काम शुरू करने के लिये दिन बहुत अच्छा है। धार्मिक क्रियाकलापों में आप काफी रुचि लेंगे।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷

शनिवार, 28 दिसंबर 2024

पड़ोसी पर बिल्ली को जहर देकर मारने का आरोप, थाने में प्राथमिकी दर्ज

रांची (RANCHI)।   राजधानी रांची में एक बिल्ली का हुआ है मर्डरयह मामला चुटिया इलाके में घटित हुआ है। इस मामले में गणपत नगर बहु बाजार की रहने वाली कीर्ति शर्मा ने अपने पड़ोसी पर बिल्ली को जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। 


दर्ज प्राथमिकी में कीर्ति शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनके घर में पांच पालतू बिल्ली और उसके बच्चे पिछले दो साल से रह रहे है। उनके घर के सामने कुछ लोग रहते है जो गाय पाले हुए है। आरोप है कि उन्हीं लोगो ने उनके घर की बाउंड्री पर खाने में जहर मिलाकर रखा होगा। जिसे खाने से उनकी एक बिल्ली का बच्चा मर गया। 


बताया कि बिल्ली के बच्चे को जब वह डॉक्टर के पास ले कर गई तो डाक्टर ने कहा कि उसे जहर दिया गया है। जब इस बात को लेकर उन्होंने अपने पड़ोसी से पूछताछ की तो उसने कहा कि जो करना है कर लो और भी बिल्ली को जहर दूंगा। बहरहाल बिल्ली के इस मर्डर मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच करने में जुटी है।

रूरल फोटोग्राफर संघ ने किया सदस्यता रद्द

गिरिडीह (GIRIDIH)। जिले के बिरनी प्रखण्ड में सक्रिय रूरल फोटोग्राफर संघ ने संघ के नियमों की अनदेखी करने के आरोप में संघ के सदस्य रहे भरकट्टा निवासी सुजित विश्वकर्मा को संघ की सदस्यता से निष्काशित कर दिया है।


संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सुजित के द्वारा संघ के नियमों का उल्लंघन व अनदेखी करने के कारण संघ की गोपनीयता भंग हुई है। साथ ही संघ के कार्यों की प्रतिष्ठा को नुकसान हुआ है।


संघ के सदस्यों ने संघ के अध्यक्ष सुभाष सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक कर सुजित विश्वकर्मा को संघ की सदस्यता से निष्काशित करने का निर्णय लिया। बैठक में सुनील यादव, राजेश वर्मा, जीतू रजक, संजय वर्मा, चंदन सिंह, राजेश वर्मा, दीपक विश्वकर्मा, उदय कुमार मुख्य रूप से मौजूद थे।

गौवंश लोड कंटेनर को पुलिस ने किया जब्त, चालक उप चालक को लिया हिरासत में

गिरिडीह (GIRIDIH)। जिले के निमियाघाट थाना की पुलिस ने NH 19 पर बड़कीटांड़ के समीप शनिवार की शाम गौवंश लदे एक बड़े कंटेनर को जब्त किया है। उस कंटेनर में 50 के करीब गौवंश लोड थे। जिनमे तीन गौवंश की मौत हो चुकी थी।  पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त करा उन्हें मधुबन गोशाला भेज दिया। 


जानकारी के अनुसार नेशनल हाइवे 19 से होकर शनिवार की शाम एक कंटेनर गोविंदपुर की ओर जा रहा था। उसी समय आजसू नेत्री यशोदा देवी भी अपनी गाड़ी से उसी रास्ते से कहीं जा रही थी। उन्होंने कंटेनर से गायों के चिल्लाने की आवाज सुनी। गायों की आवाज सुन आजसू नेत्री ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कंटेनर को रुकवा उसे खोलकर देखा तो उसमें 50 के करीब गौवंश लोड मिले। जिसमें तीन की मौत हो चुकी थी। 


आजसू नेत्री ने फौरन इसकीं एसडीपीओ सुमित प्रसाद को दी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुमित प्रसाद और निमियाघाट थाना की पुलिस सदलबल बड़कीटांड़ पहुंचे और कंटेनर में लोड सभी गौवंश को गौ तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। वहीं कंटेनर के चालक और उप चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में बताया गया कि कंटेनर में लोड गौवंश को बिहार से बंगाल ले जाया जा रहा था।

पति को नाश्ता लाने भेज, तीन बच्चों को रोता बिलखता छोड़, महिला हुई प्रेमी संग फरार

सुल्तानगंज (SULTANGANJ)। बिहार के भागलपुर जिले के सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पर एक अजीबोगरीब घटना घटित हुई। यहां एक महिला अपने तीन बच्चों को रेलवे स्टेशन पर रोता बिलखता छोड़ अपने प्रेमी संग फरार हो गयी। इसके पूर्व महिला ने एक नायाब साजिश रची और उसी साजिश के तहत  उसने अपने पति को नाश्ता लाने के लिये भेज दी। जब तक पति नाश्ता लेकर लौटता इसके पूर्व महिला अपने तीन बच्चों को रेलवे स्टेशन पर ही छोड़ अपने प्रेमी के साथ फरार हो गयी। 

जब महिला का पति नाश्ता लेकर वापस लौटा, तो उसने अपने बच्चों को वहां रोते-बिलखते देखा, और वहां अपनी पत्नी को न पाकर परेशान हो गया। बच्चों ने उसे बताया उसकी मम्मी भाग गयी है। जिसके बाद पति पूरे स्टेशन परिसर में उसे खोजने की कोशिश करता रहा,लेकिन उसे उसकी पत्नी कहीं नहीं मिली।


पुलिस से लगाया पत्नी की बरामदगी की गुहार 

घटना के बाद फरार महिला का पति तीनों बच्चों को लेकर थाना पहुंचा और पत्नी की बरामदगी की गुहार  पुलिस से लगायी।  पीड़ित पति ने पुलिस को बताया कि 12 वर्ष पूर्व बाथ थाना क्षेत्र के एक गांव में हिंदू रीति रिवाज से दोनों की शादी हुई थी। उनके तीन बच्चे भी हैं। परिवार चलाने के लिए वह गुजरात में एक निजी कंपनी में काम करता है। उसकी पत्नी ने भी काम करने की इच्छा जाहिर की तो उसने अपनी पत्नी को भी उसी कंपनी में काम दिलवा दिया। दोनों पति पत्नी काम करने लगे तो घर खर्च में काफी सहूलियत हो गयी।


एक माह पूर्व पत्नी आयी थी मायके

पति ने पुलिस को बताया कि कंपनी में काम करने के दौरान उसकी पत्नी को एक युवक से प्रेम हो गया। वह अक्सर उससे बात करती थी। बताया कि ‘एक माह पूर्व जब पत्नी का भाई हमलोगों से मिलने गुजरात पहुंचा तब उन्हें इन बातों से अवगत कराया था। वापस लौटते समय पत्नी का भाई अपनी बहन को अपने साथ लेकर अपने गांव चला आया। 


पति उसे लेकर जा रहा था अपने घर सबौर

बताया कि बीते 22 दिसंबर को वह अपनी पत्नी को लेने अपने ससुराल पहुंचा था। वहां से वह अपनी पत्नी और बच्चे को लेकर अपने घर सबौर जा रहा था। सुलतानगंज रेलवे स्टेशन पहुंचते ही पत्नी ने नाश्ता करने की बात कही। जब मैं नाश्ता लाने गया तो वह अपने प्रेमी के संग फरार हो गयी। पीड़ित पति के आवेदन पर पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

कला संस्कृति संघ ने दी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि, लिया वार्षिक कार्यक्रम 5 जनवरी को मनाने का निर्णय

दुमका (DUMKA)। जिला कला संस्कृति संघ दुमका के सदस्यों एवं पदाधिकारियों की विशेष बैठक शनिवार को इंडोर स्टेडियम परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता शिशिर घोष ने की। बैठक में उपस्थित संघ के सदस्यों नेबपूर्व प्रधानमंत्री डॉ० मनमोहन सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त किया। इस मौके पर सदस्यों ने दो मिनट का मौन रख कर दिवंगत डॉ मनमोहन सिंह की आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना किया।


बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ सिंह के निधन पर झारखंड सरकार द्वारा सात दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है। सरकार की उस घोषणा का सम्मान करते हुए जिला कला संस्कृति संघ का होने वाले वार्षिक कार्यक्रम अब राजकीय शोक के बाद आहूत किया जायेगा।


बैठक में उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से जिला कला संस्कृति संघ का वार्षिक कार्यक्रम आगामी 5 जनवरी को आयोजित करने का निर्णय लिया। बैठक में अशोक सिंह अध्यक्ष, डा० मधुर सिंह कोषाध्यक्ष, महेंद्र प्रसाद साह उपाध्यक्ष, डा० मनोज कुमार घोष, संगीता सिन्हा, शर्मिला सिन्हा, संजय कुमार, तारापद बाउरी, विष्णु देव महतो, किशोर चंचल, दिलीप मिर्धा, नीलकंठ झा आदि उपस्थित थे।

मईयां सम्मान योजना के लाभुकों को मिलने लगी राशि, सबसे अधिक राशि गिरिडीह को आवंटित

रांची (RANCHI)। झारखण्ड सरकार द्वारा मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के लाभुकों के खाते में आज 28 दिसम्बर से राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। लाभुकों के खाते में राशि मिलने लगे हैं। हालांकि पूर्व में सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज 28 दिसम्बर को रांची के नामकुम में एक विशाल कार्यक्रम आयोजित कर मंईयां सम्मान योजना की राशि लाभुकों के खाते में सांकेतिक रूप से मुख्यमंत्री को हस्तांतरित करना था। लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन हो जाने के कारण राज्य में 7 दिवसीय राजकीय शोक मनाया जा रहा है। इस कारण उस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया।


वहीं आज शनिवार 28 दिसम्बर को सुबह-सुबह 6:15 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया और कहा -पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय मनमोहन सिंह जी के निधन के कारण  मंईयां  सम्मान का आज का कार्यक्रम टाल दिया गया है।  पर- मैंने जो वादा अपने राज्य की महान जनता से किया था- उसे पूरा कर रहा हूं, हर मंईयां के खाते में  ₹2500, साल के पूरे ₹30000- हमेशा!!  


मुख्यमंत्री मंत्री द्वारा सोशलमीडिया एक्स पर इस पोस्ट के बाद लाभुकों के खाते में आज से ही राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। हालांकि शनिवार और रविवार को बैंकों की छुट्टी की वजह से हो सकता है कि राशि थोक के भाव में लाभुकों के खाते में सोमवार को पहुंचे।


24 जिलों के बीच 5225 करोड रुपए आवंटित

बता दें इस योजना पहले फंड की वजह से समस्या आई थी। लेकिन अब अनुपूरक बजट पास होने के बाद कोष की व्यवस्था कर ली गई है। राज्य सरकार ने 5225 करोड रुपए झारखंड के 24 जिलों के बीच आवंटित किया है। सूत्रों के अनुसार 5225 करोड रुपए चालू वित्तीय वर्ष के चार माह की अवधि के लिए आवंटित हुई है। यह राशि जिलों में रजिस्टर्ड लाभुकों के खाते में जाएगी। खाते में राशि भेजने की जानकारी लाभुकों को एसएमएस से भी दी जाएगी। इसके लिए विभाग ने पहले ही एसएमएस खरीद चुका है।


गिरिडीह को 423. 61 करोड़ राशि आवंटित

वहीं इस योजना के लिये सभी ज़िलों को राशि भी आवंटित कर दी गई है। लाभुकों की संख्या को देखते हुए सबसे अधिक राशि गिरिडीह जिले को आवंटित हुई है। राजधानी रांची दूसरे स्थान पर है। जबकि सबसे कम राशि सिमडेगा जिले को आवंटित हुई है। सबसे अधिक राशि गिरिडीह को 423. 61 करोड़, रांची को 419.93 करोड़, सिमडेगा  को 83.58 करोड़ का आवंटन हुआ है जबकि धनबाद को 353.76 करोड़ की राशि का आवंटन प्राप्त हुआ है। बता दें कि इस योजना में अब तक 55.25 लाख महिला लाभुकों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। प्राप्त सूचनानुसार मईयां सम्मान योजना की बढ़ी हुई राशि ₹2500 का भुगतान लाभुकों के बैंक खाते में किया जाने लगा है और लाभुकों के खाते में भी आज से राशि पहुंचनी शुरू हो गई है।

स्क्रैप टाल में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR)) बागबेड़ा रोड नंबर 6 स्थित एक स्क्रैप टाल में शुक्रवार रात अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्क्रैप टाल में रखे कागज और कार्टन जलकर खाक हो गए। आग लगने की सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की एक दमकल मौके पर पहुंची और दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग की चपेट में आने से स्क्रैप टाल के पास स्थित रामाशीष शर्मा के निर्माणाधीन भवन को भी नुकसान हुआ। स्क्रैप टाल बागबेड़ा कॉलोनी निवासी राजू शर्मा का बताया जा रहा है। राजू शर्मा के अनुसार, आग से करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।



बताया जा रहा है कि स्क्रैप टाल आवास बोर्ड की जमीन पर बनाया गया था। घटना के बाद स्थानीय भाजपा नेता राजकमल यादव और कांग्रेस नेता अनिल सिंह मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड तथा पुलिस को तुरंत सूचना दी।


इस घटना ने क्षेत्र के लोगों में दहशत पैदा कर दी है। स्थानीय निवासी ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




हजारीबाग के एसडीओ अशोक कुमार की पत्नी का इलाज के दौरान मौत

एसडीओ के साले राजू ने लगाया एसडीओ पर अवैध सम्बंध के कारण अनिता को जला कर मारने का आरोप

एसडीओ ने सभी आरोपों को बताया गलत

रांची (RANCHI)।  हजारीबाग के एसडीओ अशोक कुमार की पत्नी अनीता कुमारी का इलाज के दौरान रांची के एक अस्पताल में मौत हो गई है। बता दें कि गुरुवार सुबह एसडीओ की पत्नी अनिता काफी गम्भीर स्थिति में जल गई थी। आनन फानन में उन्हें पहले हजारीबाग के स्थानीय एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। लेकिन उनकी गम्भीर स्थिति को देखते हुये उन्हें तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल के बर्न यूनिट भेजा गया। लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राँची रेफर कर दिया था। हादसे में अनिता लगभग 70 फीसदी तक झुलस गयी थी, गंभीर स्थिति में उन्हें रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।


घटना के संबंध में गुरुवार सुबह जो बात प्रचारित हुई उसके अनुसार अशोक कुमार और उनकी पत्नी के बीच मॉर्निंग वॉक जाने को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़ा इस कदर बढ़ा कि अनिता कुमारी अपना आपा खो दी। और,अपने शरीर पर खुद तेल छिड़क ली और आग लगा ली। वहीं बुरी तरह से झुलस गयीं पत्नी को बचाने में एसडीओ अशोक कुमार का भी दोनों हाथ जल गया। 

परिजनों ने लगाया एसडीओ पर गम्भीर आरोप

लेकिन अनीता कुमारी के परिवार वालों ने एसडीएम अशोक कुमार के ऊपर काफी गंभीर आरोप लगाया है। अनिता के भाई राजू कुमार गुप्ता का आरोप है कि पति अशोक कुमार ने ही गुरुवार को उनकी बहन के शरीर पर तारपीन का तेज छिड़कर जला दिया।

उनका स्पस्ट कहना है कि एसडीओ का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध हैं, जिसकी वजह से इस घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि अनिता कुमारी की शादी अशोक कुमार से 2011 में हुई थी। उस समय वह रोजगार सेवक थे। हालांकि, बाद में जेपीएससी परीक्षा पास कर एसडीओ बन गये। परिजनों का आरोप है कि अधिकारी बनने के बाद उनके व्यवहार में बदलाव आया और उन्होने अपनी पत्नी को परेशान करना शुरू कर दिया।
वहीं अशोक के किसी महिला से अवैध सम्बंध को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था। यह बात दोनों के परिवार वालों के बीच पहुंचने पर अशोक ने माफी मांगी थी और भविष्य में ऐसा नहीं होने की बातें परिवार वालों के समक्ष कहा था। लेकिन पुनः वो उस महिला से सम्पर्क बनाये रखे। जिसे लेकर विवाद होने फिर जारी रहा। इस दौरान आहोक ने अनिता को यहां तक कह दिया है कि उनका वह सम्बंध जारी रहेगा तुम्हे जो करना है कर लो! हम एसडीओ हैं मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा!  

परिजनों ने दर्ज करायी प्राथमिकी

इसी बीच गुरुवार सुबह अनिता को एसडीओ और उनके परिवार के लोगों ने बुरी तरह से जला दिया। इस मामले में परिजनों की ओर से लोहसिंघना थाना क्षेत्र में एक प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है। इसमें पति अशोक कुमार, ससुर, देवर और देवरानी को नामजद है। प्राथमिकी में परिजनों का यह भी आरोप है कि हजारीबाग के एसडीओ आवास से उनके घर की दूरी महज चार किमी है। बावजूद इसके महिला के परिवार वालों को इसकी जानकारी काफी देर बाद दी गयी।

सभी आरोप गलत : अशोक कुमार

एसडीओ ने सभी आरोपों को बताया गलत
 रांची के देवकमल अस्पताल में अनिता के पति एसडीओ अशोक कुमार ने खुद पर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध की बात से भी इनकार किया है। 

उन्होंने कहा कि पत्नी के चिल्लाने पर वह दौड़कर उसे बचाने पहुंचे। इसी दौरान वह भी जल गये। बताया कि उनके दोनों हाथ अपनी पत्नी को बचाने में ही जले हैं।  बहरहाल मामला काफी पेचीदा हो गया है। हजारीबाग पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल करने में जुटी है।

लिंक क्लिक करें