गुरुवार, 3 जुलाई 2025

लंबित सुलहनीय मामलों का त्वरित समाधान कराना विशेष मध्यस्थता अभियान का है उद्देश्य : जिला जज

गिरिडीह (Giridih)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) और सुप्रीम कोर्ट मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति के निर्देशानुसार गिरिडीह व्यवहार न्यायालय में “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता” विशेष अभियान की शुरुआत बीते 1 जुलाई से हो चुकी है। यह अभियान आगामी 30 सितंबर अर्थात 90 दिनों तक चलेगा।


अभियान को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मार्तण्ड प्रताप मिश्र ने व्यवहार न्यायालय के सभी न्यायिक पदाधिकारियों और मध्यस्थों के साथ बैठक कर कई दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक उपयुक्त मामलों को मध्यस्थता के लिए भेजा जाए ताकि मामलों का शीघ्र निष्पादन हो सके। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित सुलहनीय मामलों का त्वरित, किफायती और सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।


कहा कि मध्यस्थता एक प्रभावी वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली है, जो न केवल समय और धन की बचत करती है, बल्कि आपसी रिश्तों को भी बेहतर बनाए रखने में सहायक होती है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत मोटर दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा से जुड़े मामले, आपराधिक समझौता योग्य प्रकरण, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, संपत्ति का विभाजन, बेदखली, भूमि अधिग्रहण, राजस्व और अन्य सिविल मामलों को शामिल किया गया है।


मध्यस्थता प्रक्रिया को भौतिक, ऑनलाइन और हाइब्रिड तीनों मोड में संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक वादियों को सुविधा मिल सके। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे इस अभियान का लाभ लें और अपने लंबित मामलों को संबंधित न्यायालयों में मध्यस्थता के लिए प्रस्तुत करें। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मोहम्मद सफ़दर अली नैयर समेत कई न्यायिक पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।



उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक

शांतिपूर्ण तरीके से सौहार्दपूर्ण मनाये मुहर्रम :  उपायुक्त रामनिवास यादव

गिरिडीह(Giridih)। समाहरणालय सभाकक्ष में गुरुवार को जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त रामनिवास यादव ने की। बैठक में जिले के एसपी डॉ बिमल कुमार समेत सभी वरीय पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी एवं शांति समिति के सदस्यगण मौजूद थे।


इस दौरान उपायुक्त ने जिले वासियों से सौहार्दपूर्ण वातवरण में शांतिपूर्ण तरीके मुहर्रम मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर पर्व की अपनी गरिमा होती है। मुहर्रम के पर्व को भी पर्व की गरिमा की तरह ही मनाएं। ताकि किसी की भावना आहत न हो।


वहीं बैठक के दौरान सभी थाना प्रभारियों को अपने अपने इलाके सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था करने, सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। 



सिकदारडीह कर्बला में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब

गिरिडीह (Giridih)। सिकदारडीह कर्बला में सातवीं मुहर्रम को इमाम हुसैन (अ.स.) की याद में अकीदतमंदों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इलाके में नियाज़, फ़ातिहा, मजलिस और मातम का सिलसिला दिनभर चलता रहा। 


स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि एंव कर्बला कमिटी की अगुवाई में बेहतर इंतजाम किए गए थे। पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार की देखरेख में सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रही। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।



बता दें कि मोहर्रम की सातवीं तारीख 680 ई० को कर्बला मैदान (इराक ) की धरती पर हजरत अली के छोटे साहबजादे और हजरत मोहम्मद सल्अल्लाहो अलैहे वसल्लम के छोटे नवासे हजरत इमाम अलैहिस्सलाम ने अन्याय और अत्याचारी यजीद पलीद के खिलाफ एलान-ए-जंग किया गया। 


मोहर्रम की सातवीं तारीख के मौके पर दरगाह शरीफ में खड़े किये गये निशान, कर्बला मैदान में उमड़ा सैलाब

गिरिडीह(Giridih)। मोहर्रम की सातवीं तारीख के मौके पर दरगाह शरीफ में अकीदत के साथ निशान खड़े किए गये। या अली–या हुसैन के नारों से गूंज उठा माहौल। मुहर्रम की पवित्रता और हुसैनी शहादत की याद में आज दरगाह शरीफ पर अकीदतमंदों की भारी मौजूदगी रही। 


इस मौके पर परंपरागत तरीके से निशान खड़े किए गए। पूरा इलाका "या अली" और "या हुसैन" के नारों से गूंज उठा। लोगों ने गहरे हुसैनी जज़्बे और अकीदत के साथ दरगाह में हाज़िरी दी और इमाम हुसैन (अ.स.) की कुर्बानी को याद किया।


वहीं हजरत इमाम आली मकाम की याद में हर साल की तरह इस साल भी बरवाडीह स्थित कर्बला मैदान में श्रद्धालुओं का जन सैलाब दिखा। मोहर्रम की सातवीं तारीख 680 ई० को कर्बला मैदान (इराक ) की धरती पर हजरत अली के छोटे साहबजादे और हजरत मोहम्मद सल्अल्लाहो अलैहे वसल्लम के छोटे नवासे हजरत इमाम अलैहिस्सलाम ने अन्याय और अत्याचारी यजीद पलीद के खिलाफ एलान-ए-जंग किया गया। आज ही के दिन हजरत इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के तमाम साथियों के ऊपर नेहरे फोरात पर पहरा लगाकर पानी बंद किया था। 


 आज ही के दिन हजरत इमाम कासिम अलैहिस्सलाम की शहादत हुई थी। इस हक और बातिल की जंग में हजरत इमाम हुसैन के 72 जान निसरों की शहादत के बाद हजरत इमाम हुसैन की जीत और यजीद पलीद की हार हुई। इसी की याद में हर साल की तरह इस साल भी कर्बला मैदान बरवाडीह में अकिदत मंदों ने चादर पोशी, गुल पोशी और नजरों नेयाज करने के लिए काफी तादाद में श्रद्धालु अपनी  मन्नतों के पुरी होने पर अकिदत के साथ तशरीफ लाए।


कर्बला मैदान मैनेजिंग कमेटी की ओर से बरसात के मद्दे नजर बेहतरीन पंडाल और शामियाना का इंतजाम  किया गया था। ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। मैनेजिंग कमेटी में अब्दुल्ला अजीमी वार्ड पार्षद सरपरस्त जनाब आबिद हुसैन, गांधी  मोहम्मद सेरु,  सरफराज, मोहम्मद नौशाद उर्फ मुन्ना सदर, मोहम्मद मोइन आजाद जनरल सेक्रेटरी, मोहम्मद तारीख खाजिन, मास्टर मोहम्मद अख्तर अंसारी, नायब सेक्रेटरी मोहम्मद सरफुद्दीन, मंसूर वारसी, मोहम्मद कमरुद्दीन, मोहम्मद अनवर, मोहम्मद इबरार, अमीन अकेला मोहम्मद कमाल, मुख्तार हुसैनी, कलीम कादरी, मोहम्मद मोईन, अब्दुस सलाम, मुजाहिद, मोजाबीर मोहम्मद शमीम, अलाउद्दीन, मोहम्मद रियाज के अलावा मैनेजिंग कमेटी के सभी पदाधिकारी और मेंबरान अपनी- अपनी जिम्मेदारी को निभायी। 



झामुमो कार्यकर्ताओं ने फूंका भाजपा का पुतला, कहा भोगनाडीह की घटना भाजपा की साजिश

गिरिडीह(Giridih)। झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए साहेबगंज के भोगनाडीह में हुल दिवस के मौके पर हुए विवाद को सोची-समझी साजिश बताया। 


संजय सिंह ने गुरुवार को झामुमो में प्रेसवार्ता कर कहा कि भाजपा ने हमेशा देश को बांटने और झारखंड के स्वाभिमान को चोट पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने हुल दिवस जैसे ऐतिहासिक अवसर पर माहौल बिगाड़ने के पीछे भाजपा का हाथ बताया और प्रशासन से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।


उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के पीछे दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत खराब होना बताया। कहा कि उस दिन हेमन्त सोरेन दिल्ली में अपने पिता के पास मौजूद थे। उन्होंने कहा कि भाजपा इस संवेदनशील मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।


प्रेसवार्ता के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताते हुए जोरदार नारेबाजी की और जेपी चौक पहुंचकर भाजपा का पुतला दहन किया। कार्यकर्ता “भाजपा मुर्दाबाद” और “हुल दिवस के अपमान का बदला लेगा झारखंड” जैसे नारों के साथ सड़क पर उतरे। झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। मौके पर विधायक केदार हाजरा जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्प, नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह, शाहनवाज अंसारी, कृष्ण मुरारी शर्मा समेत कई झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।


साइबर अपराध को अंजाम देते चार साइबर ठगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह बाजार और गिरिडीह बस स्टैंड के पास झिंझरी मोहल्ला से की है। गिरफ्तार साइबर अपराधियों में दीपु कुमार मंडल उर्फ दीपक मंडल (22 वर्ष), छोटी मंडल उर्फ छोटे मंडल (30 वर्ष), श्रवण राय (21 वर्ष) और मोहित कुमार मंडल (19 वर्ष) शामिल हैं। उक्त जानकारी गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर साइबर डीएसपी आबिद खां ने दी।


बताया कि ये चारों आरोपी गिरिडीह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। उनके पास से पुलिस ने पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किया हैं। बताया कि इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 26/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



डीएसपी आबिद खां ने बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से एसपी डॉ बिमल कुमार को सूचना मिली थी कि कुछ लोग फोन के माध्यम से साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही  एसपी के निर्देश पर साइबर डीएसपी आबिद खां के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान चारों ने स्वीकार किया है कि वे विभिन्न बैंकों का केवाईसी अपडेट, आधार अपडेट, कूरियर सर्विस और दिल्ली जल बोर्ड के नाम पर फर्जी APK फाइल भेज कर लोगों से ठगी करते थे।


डीएसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में छोटे मंडल के खिलाफ देवघर साइबर थाना में मामला दर्ज है और तेलंगाना-हैदराबाद में भी उसके विरुद्ध साइबर ठगी के 65 केस लंबित हैं। वहीं दीपक मंडल के खिलाफ अहिल्यापुर थाना में और श्रवण राय के विरुद्ध गिरिडीह साइबर थाना में पूर्व से ही मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार चारों साइबर अपराधियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


डीएसपी आबिद खां ने कहा कि गिरिडीह पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। उन्होंने आम लोगों  से अपील किया कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक या एप्लीकेशन पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी साइबर ठगी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।