शनिवार, 8 मार्च 2025

गृह स्वामी को घायल कर नकाबपोश डकैतों ने बंदूक की नोंक पर दिया डकैती कांड को अंजाम

15 लाख के नगदी, जेवरात व कीमती सामान लूट कर हुये फरार

गिरिडीह(Giridih)।  जिले के जमुआ थाना से महज 5 सौ मीटर की दूरी पर देर रात को नकाबपोश डकैतों ने भीषण डकैती कांड को अंजाम दिया है। दस की संख्या में पहुंचे नकाबपोश डकैतों ने सब्बल से किराना दुकानदार मनोज साव के घर व दुकान का शटर तोड़ अंदर दाखिल हुए और हथियार के बल पर करीब 15 लाख की नगदी, जेवरात समेत अन्य कीमती सामान लूट लिये। इस दौरान अपराधियों ने गृहस्वामी मनोज साव और उनकी पत्नी के साथ मारपीट किया। जिसमे मनोज साव के सिर पर गंभीर चोट पहुंची है। वहीं उनकी पत्नी को भी घायल हुए हैं।


दुकान का शटर तोड़ घर मे दाखिल हुए अपराधी

घटना के सम्बंध घायल गृहस्वामी मनोज साव के पुत्र शुभम साव ने बताया कि बीते रात लगभग साढ़े 12 बजे वे लोग खाना खाकर सोने चले गए। देर रात गये  लगभग 2 बजे अपराधी दुकान का शटर तोड़कर घर में दाखिल हुए। इस दौरान अपराधियों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को ध्वस्त कर पिता मनोज साव और मां को कब्जे में लेकर बंदूक के बल पर दोनों के साथ मारपीट किया। बताया कि अपराधियों के मारपीट कर उनकी माँ और पिता से रूपये और जेवरात के बारे में पूछताछ किया। इस दौरान अपराधियों ने पूरे घर को खंगाला और 7- 8 लाख रुपए नगदी और लगभग 10 लाख रुपए मूल्य के जेवरात निकाल लिया। 


तीनों को कमरे में बन्द कर डीवीआर ले भागे अपराधी

शुभम ने बताया कि घर के सभी कमरों को खंगाल कर रूपये और जेवर लूटने के बाद अपराधी उनके कमरे में दाखिल हुए और डीवीआर के बारे में पूछताछ किया। बाद में अपराधी तीनों को एक कमरे में बंद कर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर लेकर भाग निकले।


जांच में जुटी पुलिस

अपराधियों के भागने के बाद गृहस्वामी के पुत्र की सूचना पर थाना प्रभारी मणिकांत कुमार, हीरोडीह थाना प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच पड़ताल जुटी है।

खरियोडीह डैम में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह (Giridih)। पचम्बा थाना क्षेत्र के करहरबारी पंचायत के खरियोडीह डैम में शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव पड़ा। डैम में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं डैम में शव होने की खबर सुन आस पास के काफी लोग वहां पहुंच गये और मामले की जानकारी पचम्बा थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को डैम से बाहर निकलवा उसे अपने कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्ति में जुट गई। 


बताया गया कि शनिवार को डैम के अगल बगल के गांव के बच्चे मछली मारने डैम गये थे। इसी दौरान बच्चों ने डैम में शव पड़ा देखा और स्थानीय मुखिया पति मुमताज अंसारी को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुखिया पति घटना स्थल पहुंचे और शव देख मामले की सूचना पुलिस को दी। इस दौरान घटना स्थल पर काफी लोगों की भीड़ जुट गई। लेकिन किसी ने भी शव को नहीं पहचान पाया। वहीं शव की स्थिति को देखते हुए यह आशंका जताया जा रहा है शव 2-3 दिन पूर्व का है। उसकी हत्या हुई है या फिर उसकी मौत महज एक हादसा है। इस बात का भी पता नहीं चल पाया है।


बहरहाल पुलिस ने शव को डैम से बाहर निकलवाकर उसे पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। अंतिम खबर मिलने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

सौहार्दपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने की अपील

गिरिडीह (Giridih)। होली त्योहार के मद्दे नजर शनिवार को नगर थाना में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद ने कहा कि इस बार होली और रमजान का दूसरा जुम्मा दोनों ही एक साथ होने का संयोग है। ऐसे में पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। उन्होंने लोगों से सौहार्दपूर्ण तरीके से होली मनाने की अपील की। 


इसके पूर्व शांति समिति के सदस्यों ने बैठक में अपने अपने विचार रखते हुए कई महत्त्वपूर्ण बातों से पुलिस प्रशासन को अवगत कराया। वहीं होलिका दहन और होली के दिन चौक चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती की मांग की। साथ ही हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखने की भी अपील की। 


मौके पर थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन काफी सतर्क रहेगी। हुड़दंगियों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने त्योहार के दौरान किसी भी अफवाह पर ध्यान न देंने और उसकी सूचना पुलिस प्रशासन को देने की बातें कही।


बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद ने की। बैठक में शहर के गणमान्य और प्रबुद्ध नागरिक के अलावे शांति समिति के सदस्य काफी संख्या में शामिल थे।

राष्ट्रीय लोक अदालत में हुआ 75 हजार 710 मामलों का निष्पादन

गिरिडीह(Giridih)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में कुल 75,710 मामलों का निष्पादन किया गया। जिसमें 5 करोड़ 79 लाख 34 हजार 05 रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई। वहीं इस अवसर पर अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मद्दे नजर महिला सशक्तिकरण पर चर्चा की गई और सरकारी योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों का वितरण कर लाभुकों को लाभान्वित किया गया।



इसके पूर्व इस राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविंद कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय धनंजय कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम मनोज चंद्र झा, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रकाश सहाय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सोनम बिश्नोई ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।



मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि वर्ष 2025 का यह प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत आज पूरे देश में आयोजित है। इस लोक अदालत के माध्यम से आमजनों एवं पक्षकारों को सुलहनीय आपराधिक मामलों, सिविल मामलों, बैंक मामलों, वाहन दुर्घटना वाद से संबंधित मामलों, बिजली, वन विभाग, उत्पाद, माप तौल, खाद्य सुरक्षा आदि विभागों के मामलों का त्वरित निष्पादन का लाभ मिलता है। साथ ही न्यायालय का भी बोझ कम होता है। 



कार्यक्रम को एसपी डॉ बिमल कुमार, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रकाश सहाय, सचिव चुन्नू कांत समेत कई लोगों ने सम्बोधित किया। सभा का संचालन न्यायिक दंडाधिकारी सुश्री प्रिया ने की। इस लोक अदालत को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराने हेतु 14 पीठों का गठन किया गया था।


इस राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मचारियों, पारा लीगल वालंटियर्स की भूमिका सराहनीय रही।