मंगलवार, 25 फ़रवरी 2025

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से प्राइवेट कंपनी के गार्ड की मौत

गिरिडीह(Giridih)। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बारासोली के समीप सोमवार रात गिरिडीह-देवघर एनएच पथ पर हुई  सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक की पहचान चाईबासा निवासी 48 वर्षीय अभय शर्मा के रूप में हुई। वे बेंगाबाद के कर्णपुरा स्थित शर्मा इंटर प्राईजेज में गार्ड का काम करते थे। मृतक मूल रूप से कुम्हार टोली मूर्तिनगर चाईबासा झारखंड का रहनेवाला था। वे कर्णपुरा के शर्मा इंटरप्राईजेज सर्विस सेंटर में प्राइवेट गार्ड का काम कर रहे थे।


जानकारी के अनुसार रात की ड्यूटी समाप्त होने के बाद वे बाइक से सिरसिया पटेल नगर के पद्मावती अपार्टमेंट जा रहे थे। इस दौरान बारासोली मोड़ के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में बाइक सवार गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन फानन में घायल गार्ड को इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।


सड़क दुर्घटना में गार्ड की मौत होने की सूचना मिलने के बाद परिजन भी गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंच गए। इस सिलसिले में परिजनों द्वारा बेंगाबाद थाना में आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने मृतक गार्ड के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।

बाइक और ऑटो के भीषण टक्कर में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, कई घायल

गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह-धनबाद मुख्य पथ पर  मंगलवार को भीषण सड़क हादसा घटित हुआ। हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं इस घटना में कई लोग घायल हो गए। मृतक युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान धनबाद जिले के पांडरकनाली, गरभूडीह निवासी शंकर महतो के पुत्र समरेश महतो के रूप में हुई। 


जानकारी के अनुसार गिरिडीह- धनबाद मुख्य सड़क पर पंडरी के समीप मंगलवार को एक ऑटो और बाइक में सीधी टक्कर हो गयी। हादसे में जहां बाइक के परखच्चे उड़ गये। वहीं बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। घटना की सूचना पाकर ताराटांड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंच आगे की कार्रवाई में जुटी गयी। 


वहीं इस दुर्घटना में ऑटो पर सवार सभी लोग घायल हो गये। वहीं घटना के बाद ऑटो चालक मौके से भागने में सफल रहा। बाद में पुलिस ने सभी घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज हेतु अस्पताल भेजा दिया वहीं  मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।

15 लाख का इनामी नक्सली टीएसपीसी कमांडर रविन्द्र गंझू उर्फ आक्रमण गिरफ्तार

चतरा (Jharkhand)। प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के सेकेंड सुप्रीमों सह हार्डकोर 15 लाख का इनामी नक्सली रविन्द्र गंझू उर्फ आक्रमण गंझू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।टीएसपीसी कमांडर रविन्द्र गंझू उर्फ आक्रमण पांच राज्यों में 60 से ज्यादा नक्सलीहमलों में शामिल था। उसने पुलिस से कई बार मुठभेड़ की थी।  हालांकि रविन्द्र गंझू उर्फ आक्रमण गंझू की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर मिली है कि प्रतापपुर थाना की पुलिस उसे गिरफ्तार करने में सफलता पायी है।




कोयलांचल के चर्चित टेरर फंडिंग समेत दर्जनों दुर्दांत मामलों में एनआईए के अलावे झारखंड के चतरा समेत कई थानों समेत बिहार, बंगाल व उड़ीसा राज्य की विभिन्न थानों की पुलिस को लंबे समय से रविन्द्र गंझू उर्फ आक्रमण गंझू की तलाश थी। दुर्दांत नक्सली रविन्द्र गंझू के नाम से लोग खौफ खाते थे। उसकी गिरफ्तारी की खबर के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। 


जानकारी के अनुसार टीएसपीसी सुप्रीमों ब्रजेश गंझू के बाद रविन्द्र गंझू ने ही संगठन का जिम्मा संभालता था। वह हमेशा एके–47 जैसे अत्याधुनिक हथियार लेकर घूमता था। रविन्द्र गंझू की गिरफ्तारी से टीएसपीसी संगठन को बड़ा झटका लगा है। पुलिस उसे गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ करने में जुटी है। समझा जाता है कि पूछताछ में टीएसपीसी संगठन से जुड़े कई राज खुल सकते हैं। 



दिवंगत भाजपा नेता बाबुल गुप्ता के परिवार से मिलने पहुंची केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, जताया शोक


गिरिडीह (Giridih)।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व वार्ड पार्षद दिवंगत बाबुल प्रसाद गुप्ता के बरवाडीह स्थित आवास पहुंची और शोक संतप्त परिवार से मिल उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत आत्मा के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 



बता दें कि बीते बुधवार 19 फरवरी की शाम लगभग 6: 15 बजे बाबुल गुप्ता ने 80 वर्ष की उम्र में अपने बरवाडीह स्थित निवास स्थान पर अंतिम सांस ली थी। बाबुल गुप्ता जनसंघ काल से ही पार्टी से जुड़े थे। वह गिरिडीह में भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार गिरिडीह के मारवाड़ी श्मसान घाट में किया गया,उनके छोटे पुत्र संदीप गुप्ता ने उन्हें मुखाग्नि दी थी।

     बाबुल प्रसाद गुप्ता (फाइल फोटो)

वहीं गुरुवार को उन्हें अंतिम विदाई देने पूर्व मंत्री चन्द्र मोहन प्रसाद, पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, भाजपा के गिरिडीह प्रभारी शशि भूषण भगत, प्रदेश के नेता बबन गुप्ता, निर्वतमान उप महापौर प्रकाश सेठ, हरमिंदर सिंह बग्गा, दिनेश यादव, संजीत सिंह पप्पू, संत कुमार लल्लू, विनय सिंह आदि उनके आवास पहुंचे थे। पार्टी नेताओं ने दिवंगत वरिष्ठ भाजपा नेता को पार्टी का झंडा ओढ़ा उन्हें अंतिम विदाई दी थी। उस दौरान पार्टी नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर के समक्ष ही दो मिनट का मौन रख उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना किया था।

वहीं उनके दिन की खबर सुन मंगलवार को केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी उनके आवास पहुंची और उनके परिवार के लोगों से मिली। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत बाबुल गुप्ता के छोटे पुत्र संदीप गुप्ता से भी मिल कर उन्हें भी सांत्वना दी।


केंद्रीय मंत्री दिवंगत नेता के पुत्र संदीप समेत परिवार के सदस्यों हर सम्भव सहयोग का भरोसा भी दिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री के साथ भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उषा कुमारी समेत कई लोग मौजूद थे। कुछ देर वहां रुक कर केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत नेता के तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर वहां से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान की।