शुक्रवार, 15 नवंबर 2024

मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से धनवार के गांधी चौक पर किया गया नुक्कड़ नाटक

गिरिडीह। मजबूत राष्ट्र निर्माण के लिये मतदान करना हर नागरिक का परम कर्तव्य है। इसलिये मतदान अवश्य करें। इस बात को आम लोगों को बताने का नाम नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने किया। जिले के धनवार प्रखण्ड मुख्यालय स्थित गांधी चौक पर शुक्रवार को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने आमजनों से आगामी 20 नवंबर को मतदान अवश्य करने की अपील की।
स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित इस नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने आम जनता को बताया कि देश में लोकतंत्र को मजबूत व सशक्त बनाने के लिए शत प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। और, एक स्वस्थ और मजबूत जनतंत्र का निर्माण करने में अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करें। इस दौरान आम लोगों के बीच मतदाता मार्गदर्शिका का भी वितरण किया गया।

बिरसा जयंती पर माले नेता ने किया भगवान बिरसा की प्रतिमा पर माल्यार्पण

गिरिडीहभगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा अपने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बिरसा चौक पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान बिरसा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मौके पर सिन्हा ने युवाओं को बिरसा मुंडा की जीवनी पढ़ने और देश व राज्य की रक्षा के लिए युवाओं को आगे आने की जरूरत पर बल दिया। 
उन्होंने कहा कि आज के दौर में पुनः बिरसा मुंडा की जरूरत है। तत्कालीन बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों को नाकों चने चबाए थे। आज के बिरसा मुंडा को गोरे अंग्रेजों से नहीं, बल्कि देश के अंदर की अंग्रेजियत से लड़ने की जरूरत है। 


माले नेता राजेश ने आज के युवाओं को इस बात की गंभीरता को समझनी चाहिए और आंदोलन मोड में आना चाहिए। माल्यार्पण के दौरान उनके साथ नौशाद आलम,चुन्नू के अलावा दर्जनों माले कार्यकर्ता मौजूद थे।

बोले सो निहाल..सत श्री अकाल....के जयघोष से गुंजा सरिया बाजार

सिक्खों के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारा से निकाली गयी भव्य शोभायात्रा


गिरिडीह। सिक्खों के प्रथम गुरु धन धन श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 555 वें प्रकाश पर्व पर सिक्ख परिवार द्वारा कार्तिक पूर्णिमा के दिन सरिया श्री गुरुद्वारा साहिब से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान सिख श्रद्धालुओं ने बड़े ही धूमधाम से श्री गुरुनानक देव जी महाराज का जन्मोत्सव मनाया।


श्री गुरुद्वारा साहिब से निकली यह शोभा यात्रा सरिया नगर भ्रमण करते हुए सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ वापस श्री गुरुद्वारा साहिब पहुंची। इस दौरान सिख श्रद्धालुओं ने "बोले सो निहाल, सत श्री अकाल" के जयकारे लगाए,जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। 

इस अवसर पर गुरुद्वारा में शबद कीर्तन का आयोजन किया गया जिसमें काफी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल हुये। वहीं श्री गुरुद्वारा प्रबंधन कमिटी द्वारा इस अवसर पर लंगर का भी आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में सिक्ख समाज के साथ विभिन्न समुदाय के श्रद्धालुओं ने लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।

श्री गुरुद्वारा साहिब के ज्ञानी अमरजीत सिंह जी व प्रधान सरदार मनोहर सिंह बग्गा ने कहा कि बाबा नानक व्यक्तित्व में दार्शनिक, समाज सुधारक, योगी, गृहस्थ कई गुण समेटे हुए थे। वही गुरुद्वारा प्रबंधन कमिटी के सिमरन सिंह व विशाल गंभीर ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब सरिया में प्रत्येक वर्ष हर्षोल्लास के साथ श्री गुरुनानक जी का जन्मोत्सव मनाया जाता है। जिसमे गुरुद्वारा में शबद कीर्तन और लंगर का भी आयोजन होता है।

मौके पर गुरुद्वारा साहिब प्रबंधन कमेटी के खजांची राजेंद्र मखिजा, विशाल गंभीर, विक्की चावला,राहुल गंभीर, शम्मी सोनी, सेंकी सोनी, बाबू सिंह,नवीन आजमानी, मनोज सलूजा, मोनू मखीजा, ऋतिक सोनी, विक्की सोनी आदि सैकडों लोग मौजूद थे।

राजनीतिक संरक्षण प्राप्त दबंग प्रवृति के तीन लोगों ने एक व्यक्ति पर किया जानलेवा हमला

अब दे रहा गम्भीर परिणाम भुगतने की धमकी

गिरिडीह। सदर प्रखंड के गादी श्रीरामपुर निवासी संदीप राम ने बताया कि बीते 12 नवम्बर को उसके साथ गांव के तीन युवकों ने मार पीट कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। इस बाबत उसने थाने में आवेदन दे कर पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। अब वो तीनो उसे आवेदन वापस ले लेने की धमकी दे रहा है। अन्यथा गम्भीर परिणाम भुगतने के लिये तैयार रहने की धमकी दे रहा है।


घटना के सम्बंध में सदर प्रखंड के गादी श्री रामपुर निवासी संदीप रवानी ने बताया कि बीते 12 नवम्बर की रात वह अपने घर से राशन का सामान लेने दुकान गया था। इसी दौरान पूर्व से घात लगाये बैठे गांव के ही बबलू रवानी, सुनील रवानी, अनिल रवानी ने उस पर लाठी डंडे व लोहे के रॉड से जान लेवा हमला कर दिया। इस दौरान उन तीनों से उसे जमीन पर पटक कर मारपीट किया, जिसमें उसका सिर फट गया और वह गम्भीर रूप से घायल हो गया।

खून से लथपथ जमीन पर बेहोश पड़े संदीप रवानी को घटना के स्थानीय ग्रामीणों ने गिरिडीह सदर अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां संदीप का उपचार जारी है। घटना के बाद संदीप ने उपरोक्त तीनों को नामजद करते हुए मुफ्फसिल थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाया है। थाने को दिये आवेदन में संदीप ने यह आरोप लगाया है कि मारपीट करने वाला तीनो लोग दबंग प्रवृति है और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।

गिरिडीह विधानसभा : त्रिकोणीय मुकाबला में ऊंट किस करवट बैठेगा यह चुनाव परिणाम ही बतायेगा


[राजेश कुमार]
गिरिडीहगिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबला के आसार अब स्पष्ट दिखने लगे हैं। यह जंग तीन दोस्तों के बीच की बतायी जा रही है। इनमें भाजपा के निर्भय कुमार शाहाबादी, झामुमो के सुदिव्य कुमार और जेएलकेएम के नवीन आनंद चौरसिया शामिल हैं। 


हालांकि गिरिडीह विस क्षेत्र से चुनावी जंग में कुल 14 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमे चार महिला और एक किन्नर भी शामिल हैं। हालांकि गिरिडीह की जनता इस बार के चुनाव को मूल रूप से आर और पार की लड़ाई वाला चुनाव मान रही है। और, जनता ने अपना कमर भी कस भी लिया है।

ज्यों ज्यों मतदान की तिथि नजदीक आती जा रही है। त्यों त्यों चुनावी सरगर्मी अपना उफान पकड़ने लगा है।शहरी क्षेत्र का वोट हर बार की तरह इस बार भी खिचड़ी होने के आसार दिख रहे हैं। वहीं हर बार की तरह इस बार भी गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के चुनाव का निर्णायक वोट पीरटांड़ प्रखण्ड में ही पड़ने वाला है। जिस कारण सभी प्रत्याशी अंतिम समय मे पीरटांड़ में अपना जोर लगाना शुरू कर दिया है। 


वहीं पीरटांड़ इलाके से भी इस बार एक कद्दावर नेता अजीत राय के चुनाव मैदान में कूदने से मुकाबला काफी दिलचस्प होने के आसार स्पष्ट दिख रहे हैं। अजीत राय फारवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में कूदे हैं। शेर की तरह दहाड़ने वाले अजीत राय मधुबन क्षेत्र में कार्यरत डोली मजदूरों के साथ साथ अन्य मजदूरों के सर्वमान्य नेता हैं। उनकी अच्छी खासी पकड़ पीरटांड़ के इलाके में होने से चुनाव का परिणाम बदलने का वह माद्दा भी रखते हैं। हालांकि इस चुनाव में वो क्या कुछ कर सकते हैं यह तो चुनाव परिणाम ही बतायेगा।


वहीं इस बार गिरिडीह विधानसभा सीट से आजादी के बाद पहली बार एक किन्नर भी चुनाव मैदान में कूदी हैं। किन्नर अश्विनी अंबेडकर आपकी विकास पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी है। पढ़ी लिखी होने के साथ साथ मृदुभाषी होने के कारण किन्नर अश्विनी अंबेडकर के चुनाव मैदान में कूदने से लोगों का उसके प्रति भी काफी सहानुभूति दिख रही है। उसके साथ किन्नरों की टोली घर घर जाकर लोगों से खास कर महिला मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रही है। अब देखना यह है कि लोगों की सहानुभूति के कारण उन्हें मिलने वाला वोट किस प्रत्याशी का बेड़ा गर्क करने का माद्दा रखता है।

कृपया लिंक क्लिक करें

वहीं इस बार के चुनाव मैदान में चार महिला प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रही हैं। जिनमे पीरटांड़ प्रखण्ड की सुनैना पाठक काफी कद्दावर प्रतीत हो रही हैं। सुनैना पाठक पूर्व में अपने पंचायत की पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं। वहीं फिलवक्त वह अपने पंचायत की मुखिया के पद को सुशोभित कर रही हैं। वह लगातार दो बार से स्टेट कॉपरेटिव बैंक की डॉयरेक्टर के पद पर भी काबिज हैं। चुनाव मैदान में वह पहली बार निर्दलीय  प्रत्याशी के रूप में कूदी हैं।उनकी सूझ बूझ और क्षेत्र में अच्छी खासी पकड़ भी इस बार के विधानसभा चुनाव में कुछ न कुछ गुल अवश्य ही खिलायेगा।

क्षेत्र की जनता ने मतदान को लेकर कमर कस तो लिया है। लेकिन जीत का सेहरा किसके माथे पहनाती है। ऊंट किस करवट बैठेगा,यह चुनाव का परिणाम ही बतायेगा।



32 गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी, दल और चुनाव चिन्ह :

1.निर्भय कुमार शाहाबादी  - भाजपा - कमल
2.सुदिव्य कुमार सोनू       - झामुमो- तीरकमान
3.नवीन आनन्द चौरसिया - जेएलकेएम - कैंची
4.अजीत राय               - फारवर्ड ब्लॉक-शेर
5.अश्विनी अंबेडकर - आपकी विकास पाटी- बाल्टी
6.अरुणधति मिश्रा         - बसपा      - हाथी
7.अनिशा सिन्हा           - जेजेपी     - सेब
8.डॉ बरनवास हेम्ब्रम - बहुजन मुक्ति पार्टी - चारपाई
9.क्रांति कुमार मुर्मू - झामुमो (उलगुलान)- एयर कंडीशनर

10.सुनैना पाठक      -  निर्दलीय -  कोट
11.आरती देवी         - निर्दलीय - अलमारी
12.रामेश्वर दुसाध      - निर्दलीय - स्कूल का बस्ता
13.कैशर जमाल अंसारी - निर्दलीय - सिलाई की मशीन
14.ओम प्रकाश महतो   - निर्दलीय - ऑटो रिक्शा