मंगलवार, 1 जुलाई 2025

अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ ने मनाया 75 वां स्थापना दिवस

एलआईसी जितना मजबूत होगा देश उतना समृद्ध होगा : धर्म प्रकाश


गिरिडीह (Giridih)। अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ का 75वां स्थापना दिवस मंगलवार को गिरिडीह शाखा ईकाई द्वारा मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा अध्यक्ष संजय शर्मा द्वारा एलआईसी परिसर में झंडोतोलन कर किया गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ को मजबूत करने का शपथ लिया।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामना और बधाई दी। कहा कि हमारा यह संगठन काफी मजबूत और संगठित है। जिसके कारण कर्मचारियों का हित संरक्षित है तथा एलआईसी का उत्तोतर विकास हो रहा है। वहीं सचिव धर्म प्रकाश ने कहा कि अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ की स्थापना 1 जुलाई 1951 को हुई थी। अपने स्थापना कल से संघ ने जीवन बीमा क्षेत्र का राष्ट्रीयकरण के लिए संघर्ष किया, जिसके परिणाम स्वरुप 1 सितंबर 1956 को 250 देसी -विदेशी बीमा कंपनियों का राष्ट्रीयकरण कर भारतीय जीवन बीमा निगम की स्थापना की गई। 5 करोड़ की पूंजी से प्रारंभ होकर एलआईसी की कुल परिसंपत्ति 55 लाख करोड़ के लगभग है। 1 दिन में एलआईसी ने सबसे अधिक बीमा कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि एलआईसी जितना मजबूत होगा देश उतना समृद्ध होगा।


इस अवसर पर संघ की ओर से गिरिडीह मुफस्सिल थाना परिसर में 20 फलदार पेड़ लगाया गया। वहीं आम लोगों से पर्यावरण को संतुलित बनाये रखने के उद्देश्य से अपने आस पास कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाने की अपील किया।


कार्यक्रम में मंडलीय संगठन सचिव अनुराग मुर्मू, मंडलीय सहायक सचिव प्रवीण कुमार हांसदा, विजय कुमार, राजेश कुमार उपाध्याय, कुमकुम वाला वर्मा, रोशन कुमार, विनय कुमार, अभय कुमार, श्वेता राजेश कुमार, विजय कुमार ,नीरज कुमार सिं,ह श्वेता कुमारी, अंशु कुमारी सिंघानिया, समा परवीन, कुलजीत कुमार, रवि, देवनाथ दास, प्रभास कुमार शर्मा, प्रीतम कुमार मेहता, गौरव कुमार सिंह, नीतीश कुमार गुप्ता, माहेश्वरी वर्मा, सुनील कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार, संजय कुमार शर्मा, प्रदीप प्रसाद, घनश्याम साहू, पंकज कुमार, विजय मंडल, संजय गुप्ता आदि मौजूद थे।


इनर व्हील क्लब ने किया स्कूली बच्चों के बीच मेरी किताब का वितरण

गिरिडीह (Giridih)। इनर व्हील क्लब का सत्र 2025-26 का आरम्भ मंगलवार को गिरिडीह के मकतपुर स्थित रानी लक्ष्मी बाई मध्य विद्यालय में अध्ययनरत बच्चे एवं बच्चियों के बीच "मेरी किताब" नामक पत्रिका का वितरण कर किया गया। इस दौरान क्लब सदस्यों ने 295 विद्यार्थियों “मेरी किताब" का प्रतियों का वितरण किया।


इस अवसर पर आयोजित इस परियोजना कार्यक्रम का उद्घाटन नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षा रश्मि गुप्ता ने किया। उन्होंने बताया कि क्लब की राष्ट्रीय अध्यक्षा ज्योति महिपाल के निर्देशन "मेरी किताब" की प्रतियां वितरण परियोजना का कार्यान्वयन किया गया। बताया कि इस किताब में विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य एवं पढ़ाई से सम्बंधित बहुत ही लाभदायक जानकारी दी गयी है। जिसके अध्ययन से विद्यार्थियों को काफी फायदे होंगे।


कार्यक्रम में क्लब अध्यक्षा हेमा गुप्ता, सम्पादिका साध्वी सिंह, पूर्व अध्यक्षा मौसमी सरकार, पूर्व अध्यक्षा चंचल भदानी, पूर्व अध्यक्षा नम्रता राजगढ़ीया, क्लब सदस्या उमा गुप्ता, सोनी तरवे समेत कई लोग उपस्थित थीं।


डॉक्टर्स डे पर रेड क्रॉस में सम्मान समारोह आयोजित कर डॉक्टरों को किया गया सम्मानित

गिरिडीह (Giridih)। चार्टर्ड अकाउंटेंट व डॉक्टर्स डे के अवसर पर गिरिडीह के रेड क्रॉस भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रेड क्रॉस के अध्यक्ष सह उपायुक्त रामनिवास यादव व विशिष्ट अतिथि के रूप में रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष सह एसडीएम श्रीकांत यशवंत बिसपुते उपस्थित थे।


कार्यक्रम की शुभारम्भ अतिथियों का स्वागत व सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान रेड क्रॉस में सेवा दे रहे वरीय चिकित्सक डॉ जीसी सिन्हा, डॉ प्रियंका अग्रवाल, डॉ ओमकार व डॉ विक्की को अतिथियों के हाथों शॉल व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। फिजियोथेरेपी सेंटर की मशीनों के लिए आर्थिक सहयोग करने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट टीम को भी सम्मानित किया गया।


मौके पर अपने संबोधन में डीसी यादव ने चिकित्सकों व चार्टर्ड अकाउंटेंट को बधाई देते हुए कहा कि चिकित्सकों व चार्टर्ड अकाउंटेंट समाज के अभिन्न अंग हैं। जिनका योगदान समाज को हर वक्त मिलता है। उन्होंने गिरिडीह रेड क्रॉस की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम सेवा शुल्क में आधुनिक फिजियोथेरेपी व ओपीडी सेवा उपलब्ध कराना काबिले तारीफ है। वहीं एसडीएम ने अपने संबोधन में रेड क्रॉस की सेवाओं और सदस्यों की सराहना करते हुए रेड क्रॉस परिसर में ब्लड बैंक निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल करने की बातें कही।


कार्यक्रम का स्वागत भाषण रेड क्रोस के चेयरमेन अरविंद कुमार ने एवं संचालन व धन्यवाद ज्ञापन रेड क्रॉस के सचिव विवेश जालान ने किया। मौके पर उप चेयरमेन चरणजीत सिंह सलूजा, कार्यकारिणी सदस्य मदनलाल विश्वकर्मा, सीए श्रवण केड़िया, विकास खेतान, प्रकाश कुमार दत्ता, डॉ रामरतन केड़िया, प्रमोद कुमार, दशरथ शर्मा, भोला प्रसाद गुप्ता, संजीव कपिसवे समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


बेंगाबाद के करमजोरा स्थित सिद्धू-कान्हू प्रतिमा स्थल पर मनाया गया हुल दिवस

गिरिडीह (Giridih)।  जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत करमजोरा मोड़ स्थित सिद्धू-कान्हू प्रतिमा स्थल में हुल दिवस कार्यक्रम हर वर्ष की तरह इस वर्ष हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बेंगाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी शरीक हुए।



समिति के अध्यक्ष देवान बेसरा की अध्यक्षता एवं  आदित्य बेसरा के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मौके पर वक्ताओं ने उनके जीवन गाथा से लोगों को अवगत कराया


कार्यक्रम में समाजसेवी नुनका टुडू, खम्भारटांड़ मुखिया दशरथ किस्कू, भाजपा नेता सिकंदर हेम्ब्रम, जेएमएम नेता नुनूराम किस्कू, ताराजोरी पंचायत के रमेश बेसरा, उपमुखिया श्यामलाल हांसदा, शिबू हेम्ब्रम, सोनोत कुमार टुडू, दानियल सोरेन, मिशा टुडू, सुशील हांसदा,  समेत सभी समुदाय के हजारों लोग शामिल थे।


रेलिंग तोड़ बराकर नदी में गिरा कन्टेनर, स्थानीय तैराकों की मदद से बाल बाल बचा चालक

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर स्थित बराकर नदी पुल पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार टेलर (कन्टेनर) अनियंत्रित हो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में गिर गई। हादसे के दौरान टेलर चालक वाहन से कूद गया और नदी के तेज बहाव में बहने लगा। जिसे स्थानीय तैराकों ने सकुशल बाहर निकालने में सफलता पायी।


बता दें कि इन दिनों लगातार हो रही बारिश के कारण गिरिडीह डुमरी मुख्य पथ पर स्थित बराकर नदी में उफान आ गया है। नदी का पानी काफी बढ़ गया है। इसी दौरान मंगलवार सुबह यह हादसा घटित हुआ। घटना के बाबत कोडरमा के जयनगर थाना क्षेत्र के काठाडीह बस्ती निवासी वाहन चालक अकील नवाज खाना ने बताया कि सोमवार रात को वह ट्रेलर पर पाइप लादकर जा रहा था। रात लगभग 1:15 से 1:30 बजे उसका वाहन का टायर फिसल गया और ट्रेलर रेलिंग तोड़कर नीचे नदी में जा गिरा। 


इस बीच वह किसी तरह ड्राइवर सीट से बाहर निकलकर टायर पर जा चढ़ा। फिर बचाने की गुहार लगाने लगा लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई सामने नहीं आ रहा था।



चालक ने बताया कि इस बीच नदी की दूसरी तरफ से किसी ने टॉर्च की लाइट दिखायी। वाहन से बाहर निकलने के दौरान उसने भी टॉर्च निकाल लिया था तो उसने भी टॉर्च मारा। इसके थोड़ी देर बाद पुल पर उसके साथी भी पहुंच गए और रस्सा फेंककर उसे सहारा दिया।


घटना के बाद पुल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया था। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को भी दे दी है। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और स्थानीय युवकों के साथ मिलकर उसे बाहर निकाला।