मंगलवार, 6 मई 2025

ओल लिपि के जनक गुरु गोमके पंडित रघुनाथ मुर्मू की मनायी गयी जयंती, शामिल हुई सांसद जोबा मांझी

चक्रधरपुर (Jharkhand)। खेरवार गांवता पोटका के तत्वावधान में पोटका स्थित आदिवासी मित्र मंडल में ओल लिपि के जनक गुरु गोमके पंडित रघुनाथ मुर्मू की जयंती मनाई गई। इस मौके पर संथाली ड्रामा का आयोजन हुआ। 



कार्यक्रम में सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुई। सांसद ने पंडित रघुनाथ मुर्मू की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।



मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा जब तक अपनी भाषा, लिपि, परंपरा, संस्कृति रहेगा तब तक हमारी पहचान और अस्तित्व बना रहेगा। आदिवासी परंपरा और भाषा संस्कृति, साहित्य अपने आप को हमें गर्व महसूस कराते हैं। यह देन पंडित रघुनाथ मुर्मू की है।
उन्होंने युवा पीढ़ी से अपने संस्कृति, सभ्यता और भाषा के प्रति जागरूक बनने की अपील की। 




कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पंडित रघुनाथ मुर्मू की जीवनी को आत्मसात करते हुए उनके बताये मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव, सचिव ताराकांत सिजुई, गोपीनाथपुर पंचायत के मुखिया सेलाय मुंडा, मोतीलाल मुर्मू, सीआर महाली, सुशील किस्कू, बबलू किस्कू, राम माझी, सुखलाल मुर्मू, सावन माझी समेत काफी संख्या में महिला एवं पुरूष उपस्थित थे।



सड़क दुर्घटना में घायलों के लिए केंद्र सरकार की पहल, अब घायलों को मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज

कैशलेस ट्रीटमेंट ऑफ रोड एक्सीडेंट विक्टिम्स स्कीम के तहत मिलेगा सड़क हादसे में घायलों को यह सुविधा

रांची (Ranchi)। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई कैशलेस इलाज स्कीम सड़क दुर्घटना में घायल लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। 5 मई 2025 से लागू की गई इस योजना के तहत, सड़क हादसे में घायल हुए लोगों को 1.5 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त मिलेगा, जो उनके लिए एक राहत की बात है। यह योजना विशेष रूप से तब कारगर होगी जब व्यक्ति इमरजेंसी में अस्पताल पहुंचे, शुरुआती 7 दिनों तक का इलाज पूरी तरह से मुफ्त होगा।


स्कीम का नाम:  2025 कैशलेस ट्रीटमेंट ऑफ रोड एक्सीडेंट विक्टिम्स स्कीम

 कैशलेस इलाज: सड़क हादसे के बाद घायल को इलाज के लिए कोई भुगतान नहीं करना होगा। सरकार और अस्पताल आपस में भुगतान का निपटारा करेंगे।

 इलाज की सीमा:  हर हादसे में घायल को 1.5 लाख रुपये तक का इलाज मिलेगा, लेकिन यह सुविधा केवल 7 दिनों तक उपलब्ध होगी।


 अस्पताल:  इलाज केवल सरकार द्वारा निर्धारित अस्पतालों में किया जाएगा। अन्य अस्पतालों में केवल स्थिरीकरण (stabilization) तक ही इलाज संभव होगा, और वह भी कुछ गाइडलाइनों के अनुसार।


पात्रता: यह योजना सिर्फ मोटर वाहन दुर्घटनाओं के लिए लागू होगी। अगर हादसा किसी अन्य कारण से हुआ हो, तो इसका लाभ नहीं मिलेगा।

 लाभ:  इस स्कीम के तहत घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए पैसों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी, और यह सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध होगा। हालांकि, 7 दिन से ज्यादा इलाज की स्थिति में खर्च करना होगा।


यह स्कीम निश्चित रूप से सड़क दुर्घटनाओं में घायलों के लिए एक राहत प्रदान करेगी, खासकर ऐसे समय में जब हर मिनट कीमती होता है।

10 हजार रुपए घुस लेते लातेहार अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी सुशील कुमार गिरफ्तार

लातेहार (Jharkhand)। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है. लातेहार जिले के राजस्व कर्मचारी सुशील कुमार को पलामू एसीबी की टीम ने 10 हजार रुपए घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है.भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम गिरफ्तारी के बाद राजस्व कर्मचारी सुशील कुमार को लातेहार से पलामू ले गयी.


जमीन के म्यूटेशन के एवज में मांगी थी रिश्वत 

जमीन का म्यूटेशन कराने के एवज में राजस्व कर्मचारी सुशील कुमार ने रिश्वत में बड़ी रकम मांगी थी, लेकिन पीड़ित रिश्वत नहीं देना चाहते थे. उन्होंने राजस्व कर्मचारी द्वारा काम के एवज में पैसे मांगने की शिकायत एसीबी में की. एसीबी में शिकायत के बाद मामले की जांच करायी गयी. जांच में मामला सही पाए जाने पर गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया गया. इसके बाद एसीबी की टीम ने राजस्व कर्मचारी सुशील कुमार को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया.

कर्मचारी महासंघ की पीरटांड़ एवं डुमरी प्रखण्ड शाखा का चुनाव सम्पन्न, सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारी

गिरिडीह (Giridih)। झारखण्ड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पीरटांड़ एवं डुमरी प्रखण्ड कमिटी के चुनाव मंगलवार को सम्पन्न हुआ। इस निमित्त दोनों ही प्रखंडों के कर्मचारियों की बैठक हुई। जिसमें महासंघ के प्रदेश महामंत्री अशोक कुमार सिंह नयन, जिला अध्यक्ष अमर किशोर प्रसाद सिन्हा एवं महासंघ के संरक्षक रूपलाल महतो मुख्य रूप से उपस्थित हुए। 


पीरटांड़ प्रखण्ड में आहूत बैठक की अध्यक्षता प्रदीप गोस्वामी ने की। जिसमे सर्व सम्मति से प्रखण्ड कमिटी के चुनाव किया गया। जिसमें -
प्रखण्ड अध्यक्ष के पद पर  : प्रदीप गोस्वामी
कार्यकारी अध्यक्ष             : महेंद्र शर्मा
उपाध्यक्ष                        : दशरथ हेम्ब्रम, 
                                      सुनील आनंद,                                                        सोनू कुमार गुप्ता एवं
                                      गुड़िया कुमारी
प्रखण्ड मंत्री                   : अविनाश कुमार
संयुक्त मंत्री                    : गुलाब चौधरी एवं 
                                     रेशमी उपाध्याय
प्रखण्ड कोशाध्यक्ष          : मो कासिफ निर्वाचित हुए।


वहीं डुमरी प्रखण्ड में चुनाव को लेकर आहूत बैठक की अध्यक्षता इंद्रजीत महतो ने की। जिसमे सर्व सम्मति से प्रखण्ड महासंघ के पदाधिकारियों का चुनाव किया गया। जिसमें - 
अध्यक्ष के पद पर : इंद्रजीत महतो
कार्यकारी अध्यक्ष : आनंद कुमार
उपाध्यक्ष             : मुकेश कुमार, सुदर्शन पांडेय, 
                            संजू देवी एवं शंकर ठाकुर
प्रखण्ड मंत्री         : आलोक प्रियदर्शी
संयुक्त मंत्री          : रामदेव राम एवं उर्मिला राणा
प्रखण्ड कोषाध्यक्ष : खुशबू कुमारी निर्वाचित हुई।

वहीं इस मौके पर डुमरी प्रखण्ड शाखा के कार्यकारिणी समिति सदस्य का भी चुनाव किया गया। जिसमें अमन नयन तेतरवे, बारिश अली, संजय ठाकुर, अमित कुमार सिन्हा, समशेर खान एवं दिनेश मोची निर्वाचित हुए।


स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 30 यूनिट रक्त संग्रह

गिरिडीह (Giridih)। भारतीय रेडक्रास सोसाइटी द्वारा जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से मंगलवार को स्थानीय नगर भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। चौकीदार नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के अवसर पर आयोजित इस रक्तदान शिविर में 30 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।


इस शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने पहुंचने वाले कई अभ्यर्थियों के अलावे कई प्रशासनिक पदाधिकारी भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।


मौके पर रेड क्रॉस के चेयरमैन अरविंद कुमार ने कहा कि आज के इस सुनहरे अवसर पर इच्छुक लोग रक्तदान कर रहे हैं, जो बहुत खुशी की बात है। उन्होंने लोगों की इस पहल की सराहना की और कहा कि रक्तदान से कई जिंदगियों को बचाया जा सकता है। शिविर में रक्त अधिकोष के चिकित्सक डॉ सोहेल समेत सभी कर्मी व कई अधिकारी और लोग मौजूद थे। जिन्होंने रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साह वर्द्धन किया।