सोमवार, 2 दिसंबर 2024

झारखंड विधानसभा के सचिव नियुक्त किये गए माणिक लाल हेंब्रम


रांची। झारखंड विधानसभा के नये सचिव के पद पर माणिक लाल हेंब्रम को नियुक्त किया गया है।


माणिक लाल हेंब्रम 01 दिसंबर से अगले आदेश तक झारखंड विधानसभा के सचिव के पद पर बने रहेंगे। 



बता दें कि माणिक लाल हेंब्रम पिछली सरकार में झारखंड विधानसभा के संयुक्त सचिव के पद पर काबीज थे। बर्तमान सरकार ने उन्हें सचिव के पद पर नियुक्त किया है।


धनबाद के वासेपुर में फायरिंग, अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई नसीम पर की फायरिंग

बाल-बाल बचा नसीम,जांच में जुटी है पुलिस


धनबाद। जिले के वासेपुर इलाके में रविवार देर शाम फायरिंग की घटना घटी है। इस घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी नौशाद आलम दो थानों की पुलिस के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। 


पीड़ित के परिजनों और प्रत्यक्ष दर्शी स्थानीय लोगों ने बताया कि अज्ञात अपराधियों के द्वारा गैंगस्टर फहीम खान के भाई नसीम खान उर्फ सोनू खान के ऊपर फायरिंग की गई। जिसमें नसीम खान बाल-बाल बच गया है।

कैसे हुई घटना

रविवार देर शाम नसीम खान ऊर्फ सोनू खान अपनी बाइक से घर जा रहा था। भूली मोड़ अलीपुर के पास पीछे से अपराधियों द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि फायरिंग की इस घटना में नसीम खान बाल-बाल बच गए हैं, उन्हें गोली नहीं लगी है। वहीं फायरिंग करने वाले अपराधी मौके से फरार हो गये हैं। नसीम खान फिलहाल अपने घर में सुरक्षित बताया जा रहा हैं। 


नसीम से मिले डीएसपी ली घटना की जानकारी

डीएसपी नौशाद आलम ने नसीम खान व उनके परिजनों से मिल घटना की जानकारी ली। इस दौरान पीड़ित नसीम खान से घटना की पूरी जानकारी  डीएसपी को दी। वहीं घटना के बाद पुलिस की एक टीम वासेपुर इलाके में कैंप कर रही है। 

मीडिया से बातचीत के दौरान डीएसपी नौशाद आलम ने कहा कि वासेपुर में फायरिंग की सूचना मिली थी। यहां पर कमर मखदूमि रोड के रहने वाले नसीम खान के ऊपर अज्ञात अपराधियों के द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंची है और मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

रविवार, 1 दिसंबर 2024

शैक्षणिक भ्रमण के लिए बोध गया रवाना हुए सरिया कॉलेज के विद्यार्थी

गिरिडीह।  सरिया कॉलेज के छात्र-छात्राओं की टोली शैक्षणिक भ्रमण के लिए रविवार को बोध गया के लिए रवाना हुए। टीम मैनेजर मिथुन कुमार, रानी कुमारी एवं अभिषेक कुमार के नेतृत्व में शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना हुए कॉलेज के विद्यार्थी इस दौरान छात्र-छात्राएं बौद्ध धर्म एवं भगवान बुद्ध से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त करेंगे। साथ ही आसपास के धार्मिक स्थलों का भी अवलोकन करेंगे।


प्रो अरुण कुमार ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण से विद्यर्थियों को स्थलों का सूक्ष्मता व गहनता से अवलोकन करने का मौका मिलता है। साथ ही ज्ञान की वृद्धि होती है। इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने में प्रो चायरा निशा ईंद, प्रो अलका रानी जोजो, मुन्ना राणा आदि का सराहनीय योगदान रहा। 


भ्रमण दल में रानी कुमारी, मनीषा कुमारी, राखी कुमारी, अनु कुमारी, नेहा कुमारी, मनीषा कुमारी, निशा कुमारी, प्रिया कुमारी, पूजा वर्मा,कविता कुमारी, रानी, आनंद बरनवाल, मंगेश नारायण, सहदेव साव, देवानंद गुप्ता, रितलाल वर्मा, सिद्धार्थ वर्मा, सनी पंडित, शबीना खातून, रानी कुमारी, चांदनी कुमारी, रिया कुमारी, प्रियंका कुमारी, ईरानी कुमारी ,मुस्कान कुमारी, अस्मिता कुमारी, प्रीति कुमारी, जय श्री, सागर आदि छात्र-छात्राएं शामिल हैं।

कोडरमा के तिलैया डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मिली मंजूरी

केंद्र सरकार की सतत और समग्र सांस्कृतिक विकास योजना के तहत 34.87 करोड़ रुपये से होगा तिलैया डैम का कायाकल्प

कोडरमा। जिले के तिलैया डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना को मंजूरी मिल गई है। केंद्र सरकार की सतत और समग्र सांस्कृतिक विकास योजना के तहत 23 राज्यों में 40 पर्यटन स्थलों के विकास के लिए मंजूरी दी गई है। जिसमें झारखण्ड के कोडरमा स्थित तिलैया डैम का नाम भी शामिल है। 


इस परियोजना पर कुल 34.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। केंद्रीय बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने इस योजना को कोडरमा के विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना न केवल कोडरमा बल्कि पूरे झारखंड के पर्यटन को नई दिशा देगी। 

कहा कि तिलैया डैम में ईको-टूरिज्म का विकास होने से पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होने की संभावना है। यह परियोजना न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेगी बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करेगी।


विशेषज्ञों का मानना है कि इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य सुविधाओं का विकास होगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।


बता दें कि बडाकर नदी पर अवस्थीत तिलैया डैम दामोदर घाटी निगम के द्वारा निर्मित स्वतंत्र भारत का पहला डैम होने के साथ ही सुन्दर प्राकृतिक परिवेश के कारण पर्यटको के लिए आकर्षण का केंद्र है पर्यटन के दृस्टि से यह डैम 36 वर्ग किलोमीटर फैला हुआ है। 2 पहाड़ियों के मध्य स्थित यह डैम लोगो के लिए प्रेरणा का श्रोत भी है।

उल्लेखनीय है कि हर वर्ष दिसंबर और जनवरी के महीने मे झारखण्ड, बिहार और बंगाल समेत अन्य प्रदेशों से हज़ारो की संख्या मे पर्यटक यहां पहुंचते है, और इस रमणीक स्थल के दीदार का लुत्फ उठाते हैं। साथ ही नौका विहार कर और पिकनिक मना आनंदित होते हैं।



गिरिडीह में धूमधाम से मनाया जायेगा भारत स्वभिमान न्यास का स्थापना दिवस : नवीन कांत

बोकारो में आयोजित योग महासम्मेलन में शामिल होंगे गिरिडीह के योग साधक : पुष्पा शक्ति


गिरिडीह। आगामी 5 जनवरी 2025 को भारत स्वभिमान न्यास का स्थापना दिवस गिरिडीह में धूमधाम से मनाया जायेगा। साथ ही आगामी 8 दिसम्बर को बोकारो जिला के चंद्रपुर में आयोजित योग महासम्मेलन में गिरिडीह जिले के काफी संख्या में योग साधक भाग लेंगे। यह निर्णय पतंजलि परिवार गिरिडीह की रविवार को सर जैसी बॉस बालिका उच्च विद्यालय में हुई बैठक में लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता भारत स्वभिमान के जिला प्रभारी नवीन कांत सिंह ने की। बैठक में परमेंद्र कुमार, रणधीर कुमार गुप्ता, पुष्पा शक्ति, प्रेमलता अग्रवाल, स्वपना रॉय, देवेंद्र सिंह, अंबर प्रशांत, प्रवीण कुमार सिन्हा, सुरेश खत्री,आकाश कुमार, राकेश सिंह, सुनील कुमार, निर्मला कौर, मनोज कुमार, शीलधर, प्रभाकर आदि लोग शामिल थे।


बैठक पश्चात भारत स्वभिमान के जिला प्रभारी नवीन कांत सिंह ने बताया कि आगामी 5 जनवरी 2025 को भारत स्वभिमान न्यास का स्थापना दिवस गिरिडीह के खंडोली स्थित एकल विद्यालय में भव्य तरीके से मनाया जाएगा। उस दिन सुबह में योग- प्राणायाम, हवन किया जायेगा। 

साथ ही अलग-अलग एज ग्रुप के बच्चे व बड़े लोगों के लिये विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा। 

मौके पर योग साधक सह योग शिक्षिका पुष्पा शक्ति ने बताया कि आगामी 8 दिसंबर 2024 को बोकारो जिला के चंद्रपुर में होने वाले योग महासम्मेलन में मुख्य केंद्रीय प्रभारी का आगमन हो रहा है। उस योग महासम्मेलन में गिरिडीह के काफी संख्या में योग साधक भाग लेंगे।

लोग धक्का लगाते रहे... लेकिन, स्टार्ट नहीं हुआ एंबुलेंस

सरकारी अस्पतालों का हाल-बेहाल, अधिकतर एंबुलेंस खास्ताहाल

 राजेश कुमार
गिरिडीह। स्वास्थ्य सुविधा और स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने की झारखण्ड सरकार कितना भी दंभ क्यों न भरे। लेकिन धरातल पर स्थिति आज भी काफी लचर बनी हुई है। झारखण्ड अलग राज्य गठन के 24 वां वर्ष बीतने को है, लेकिन मौलिक अधिकारों में शामिल स्वास्थ्य सुविधा भी दुरुस्त कर पाने में यहां की सरकारें अब तक विफल रही है। 


हालांकि सरकारी आंकड़ों पर गौर करें तो हर वर्ष राज्य की सरकार स्वास्थ्य विभाग को बेहतर बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च करती है।  मरीजों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक सरलता से पहुंचने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों व सदर अस्पतालों में एंबुलेंस उपलब्ध करायी है। ताकि बिना विलम्ब मरीज अस्पताल व स्वस्थ्य केन्द्र पहुंच सकें और उनका समय रहते समुचित इलाज हो सके। लेकिन स्वाथ्य केंद्रों व सदर अस्पतालों को उपलब्ध कराई गई अधिकतर एंबुलेंस खराब और खस्ताहाल स्थिति में हैं। कई कई एंबुलेंस तो बगैर धक्का मारे स्टार्ट तक नहीं होती है। लेकिन उन्हें दुरुस्त करने की दिशा में स्वास्थ्य महकमा द्वारा कोई ठोस कदम तक नहीं उठाया जाता है।

ऐसा ही एक मामला गिरिडीह के सदर अस्पताल में उस वक्त देखने को मिला। जब देवरी स्वास्थ्य केंद्र से रेफर हुए मरीज को लेकर एक 108 एंबुलेंस ज़िला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल पहुंचा। मरीज के अस्पताल पहुंचने पर स्वास्थ्य कर्मी व अन्य लोगों ने मिलकर मरीज को नीचे उतारकर ड्रेसिंग रूम में पहुंचाया। और, एंबुलेंस को वापस जाने को कहा गया। लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी एम्बुलेंस स्टार्ट नहीं हुआ।


काफी मशक्कत के बाद भी एम्बुलेंस स्टार्ट नहीं पर एंबुलेंस चालक ने सदर अस्पताल में मौजूद लोगों को एम्बुलेंस को धक्का मारने को कहा। लोगों ने मिलकर काफी देर तक लोग धक्का मारा, बावजूद इसके एम्बुलेंस स्टार्ट नहीं हुआ। धक्का मार-मार कर परेशान हो चुके लोगों ने अंत मे धक्का मारना छोड़ अपने अपने काम करने वापस चले गये। इसके बाद भी एम्बुलेंस चालक ने अपने स्तर से काफी कोशिश किया लेकिन उसकी सारी कोशिशें विफल और अंत मे एम्बुलेंस चालक ने एम्बुलेंस को सदर अस्पताल परिसर में ही छोड़कर चला गया।

सरकार में शामिल नहीं होगा भाकपा माले : राष्ट्रीय महासचिव

झारखंड सरकार से हमें मंत्री पद के लिए कोई प्रस्ताव नहीं मिला : दीपांकर


सदन में हमारे पास सिर्फ दो विधायक हैं,इसलिए हम सरकार में शामिल करने के लिए राज्य सरकार पर कोई दबाव नहीं बनाएंगे : दीपंकर भट्टाचार्य

रांची।  झारखंड सरकार से हमें मंत्री पद के लिए कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि सदन में हमारे पास सिर्फ दो विधायक हैं। इसलिए हम सरकार में शामिल करने के लिए राज्य सरकार पर कोई दबाव नहीं बनाएंगे, बल्कि हर कदम पर सरकार का साथ देंगे। उक्त बातें भाकपा (माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कही।

भट्टाचार्य मेन रोड स्थित पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि समन्वय समिति बने और इंडिया ब्लॉक द्वारा लोगों को दी गई सात गारंटी को पूरा करने के लिए हम मिलकर काम करें। यदि हमें ज्यादा सीटें दी जातीं, तो नतीजे और बेहतर होते। साथ ही कहा कि झारखंड का जनादेश पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। इससे लोगों का लोकतंत्र में विश्वास फिर से जगा है।

भट्टाचार्य ने कहा कि चुनाव के दौरान मैंने ऐसा जहरीला माहौल कभी नहीं देखा था लेकिन झारखंड की जनता ने एकजुट होकर ऐसी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र को भी झारखंड के जनादेश का सम्मान करना चाहिए और राज्य को अस्थिर करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। राज्य को उसका हक देना चाहिए। जहां तक   हमारी पार्टी का सवाल है, हम एक बार फिर धनबाद में दो सीटें जीतने में कामयाब रहे हैं लेकिन हमें दुख है कि हम बगोदर हार गए। फिर भी सदन में हमारे दो विधायक होंगे। ये विधायक सदन के अंदर और बाहर झारखंड की जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे।


भट्टाचार्य ने कहा कि हम भाजपा की विचारधारा को हराने के लिए प्राथमिकता पर काम करेंगे। हम राज्य में पार्टी के संगठन का विस्तार करेंगे। 2025 में महेंद्र सिंह की 20वीं वर्षगांठ होगी और झारखंड का 25 साल का हो जाएगा और हम राज्य में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर से 26 जनवरी तक हम संविधान के आदर्शों को पूरे देश में लेकर जाएंगे, जिसके तहत हम विभिन्न मार्च का आयोजन करेंगे।उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि अयोध्या पर फैसला अपवाद है और भविष्य में ऐसे मामले नहीं आएंगे। इसके बावजूद निचली अदालतों से सर्वे के आदेश आ रहे हैं। 

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि कल संभल में एक केंद्रीय टीम आएगी और अजमेर में भी ऐसी ही चीजें देखने को मिल रही हैं। ऐसा लगता है कि देश में इस संबंध में एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया गया है और देश को पीछे ले जाने की कोशिश की जा रही है। हम लोगों से आग्रह करेंगे कि वे ऐसे झांसे में न आएं। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा झारखंड में अडानी राज थोपना चाहती थी और इसके लिए हरसंभव कुप्रथा अपनाई। अमेरिका में अडानी पर कार्रवाई की जा रही है लेकिन भारत में उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है और इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ेगा। क्योंकि, बिजली के दाम बढ़ गए हैं जबकि अडानी समूह के शेयर गिरने से सबसे ज्यादा नुकसान छोटे निवेशकों को होता है।

बुधवार, 27 नवंबर 2024

कला संगम का 14 सदस्यीय नाट्य दल शिमला रवाना

गिरिडीह।  शिमला में आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव में भाग लेने गिरिडीह की नाट्य संस्था कला संगम का 14 सदस्यीय टीम सचिव सतीश कुन्दन के नेतृत्व में बुधवार को शिमला के लिये रवाना हुआ। टीम में नीतीश आनंद, रविश आनंद, शुभम कुमार, दिव्या सहाय, सृष्टि गिरि, इंद्रजीत मिश्रा, सुमीत कुमार, नेहा सिन्हा, संस्कृति आनंद शामिल हैं।


सचिव सतीश कुंदन ने बताया कि शिमला में  आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव में कला संगम द्वारा मीरा कांत लिखित एवं सतीश कुंदन निर्देशित नाटक 'भुवनेश्वर दर भुवनेश्वर' का मंचन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि कला संगम द्वारा प्रस्तुत नाटक को संस्था द्वारा पूर्व में क‌ई स्थानों पर मंचन किया गया है और सभी स्थानों पर प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है। 

टीम को रवाना करते हुए कला संगम के संरक्षक राजेन्द्र बगड़िया, अजय कुमार सिन्हा मंटू, सतविंदर सिंह सलूजा, श्रेयांस जैन, अध्यक्ष प्रकाश सहाय, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज कुमार ताह, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिन्हा, मुख्य सलाहकार विशाल आनंद, बिनय बक्शी, मीडिया प्रभारी सुनील मंथन शर्मा आदि ने कलाकारों का हौसला अफजाही करते हुए उन्हें सफल प्रस्तुति करने की शुभकामना दिया।

श्मसान घाट के बाहर खड़ी कार में लगी अचानक आग, मचा हड़कम्प

जमशेदपुर। शहर में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भुइंयाडीह बर्निंग घाट के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब घाट के बाहर खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। कार के अंदर से धुआं उठता देख आस-पास मौजूद लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी और खुद आग बुझाने में जुट गए।


स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन तब तक कार का इंटीरियर पूरी तरह से जल चुका था। दमकल कर्मी मौके पर पहुंच आग को पूरी तरह बुझाया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार को कार मालिक अपनी पुरानी कार को बर्निंग घाट (श्मसान घाट) के बाहर खड़ी कर अंदर गए थे। कुछ ही समय बाद कार के भीतर से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। स्थानीय लोगों ने शॉर्ट सर्किट को आग का कारण बताया है।