गिरिडीह (Giridih)। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सह पूर्व जिलाध्यक्ष एनपी सिंह उर्फ बुल्लू सिंह का आज सुबह हृदयाघात से निधन हो गया। 78 वर्षीय बुल्लू सिंह अपने पीछे दो पुत्रों समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ व अनुभवी व्यक्ति बुल्लू सिंह का निधन पार्टी और कोलियरी मजदूर यूनियन के लिये काफी अपूरणीय क्षति हुई है। जिससे इलाके में शोक की लहर है।
मृदुभाषी, मिलनसार प्रवृति के धनी व्यक्तित्व वाले बुल्लू सिंह के निधन की खबर सुन काफी संख्या में कांग्रेसी नेता, विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों के साथ गिरिडीह कोलियरी के विभिन्न मजदूर यूनियन से जुड़े लोग उनके बनियाडीह स्थित आवास पहुंचे और दिवंगत कांग्रेसी नेता के पार्थिव शरीर का दर्शन कर उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त किया।
दिवंगत बुल्लू सिंह प्रारंभिक काल से ही कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई वर्षों तक सेवाएं दी थी। उनके जिलाध्यक्ष के कार्यकाल में गिरिडीह जिले में कांग्रेस पार्टी की तूती बोलती थी। सभी प्रखंडों में कांग्रेस पार्टी का मजबूत संगठन था। बुल्लू सिंह न केवल पार्टी के एक मजबूत आधार स्तम्भ थे, बल्कि गिरिडीह कोलियरी में भी उनका मजदूर संगठन काफी मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज करती रही। फिलवक्त वे इंटक के प्रदेश जेनरल सेक्रेटरी, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे।
पूर्व मंत्री सह मजदूर नेता स्व राजेन्द्र सिंह के बेहद करीबी रहे बुल्लू सिंह के निधन की खबर सुन उनके आवास पहुंच शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। वहीं उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में राज्य सभा सांसद डॉ सरफराज अहमद, कांग्रेसी नेता बलराम यादव, कमल नयन सिंह, नदीम अख्तर, ऋषिकेश मिश्रा, अमित सिन्हा, भाजपा नेता चुन्नू कांत, सतीश कुंदन, धरणीधर प्रसाद, शीलधर प्रसाद, किशोर सिंह, पवन तिवारी, कर्मचारी संघ के नेता अशोक सिंह आदि शामिल थे। सबों ने दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार से मिल उन्हें ढांढस बंधाया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें