गुरुवार, 21 नवंबर 2024

उसरी नदी के किनारे अज्ञात किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयडीह मैगजीनिया के समीप उसरी नदी के किनारे गुरुवार को एक अज्ञात किशोर का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। मृतक किशोर का सिर बुरी तरह से कुचला हुआ है, और शरीर पर चोट के कई निशान हैं। मृतक ने काला रंग का फूल पैंट और गुलाबी रंग का शर्ट के साथ टीशर्ट पहन रखा था। उसकी उम्र लगभग 14 वर्ष के आसपास बतायी जा रही है। आशंका जतायी जा रही है कि किशोर की हत्या पत्थर से कूचकर की गयी है। 

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों ने उसरी नदी के ठीक ऊपर ट्रैक्टर के चलने से बने गड्ढ़े के समीप किसी का जूता नजर आया। वहीं ट्रैक्टर के चलने से बने गड्ढ़े में एक स्थान पर काफी सारा पत्थर रखा देखा। उत्सुकता वश जब लोग उस पत्थर के ढेर के समीप गये तो वहां उस गड्ढ़े में एक शव पड़ा देखा। शव देखते ही लोगों ने शोर मचाया। शोर सुन काफी संख्या में आस पास गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सदल बल घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

घटना के सम्बंध में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। शव की स्थिति को देख उन्होंने कहा कि संभवतः दो दिन पूर्व ही किशोर की पत्थर से कुचलकर हत्या करने का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि इलाका जंगली होने के कारण अमूमन लोग इधर आते जाते नहीं है इस कारण लोगों को पता नहीं चल सका। उन्होंने बताया कि फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस शव की शिनाख्त करने में जुटी है। वहीं पुलिस पूरे मामले की छानबीन करने में जुटी है।

चैम्बर अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला ने डीआरएम को पत्र प्रेषित किया रेल सेवा बढ़ाने की मांग

किया, गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर रेल सेवा बढ़ाने और आसनसोल तक विस्तार करने का भी अनुरोध

गिरिडीह। जिला चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला ने मंडल रेल प्रबंधक,पूर्वी रेलवे, आसनसोल डिवीजन (डीआरएम आसनसोल) को पत्र प्रेषित कर मधुपुर-गिरिडीह रेलवे लाइन पर रेल सेवा बढ़ाने और आसनसोल तक विस्तार करने का अनुरोध किया है। 

डीआरएम आसनसोल को प्रेषित पत्र में उन्होंने कहा है कि 152 वर्ष पूर्व निर्मित गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर आजतक सिर्फ मधुपुर- गिरिडीह सवारी रेल सेवा ही संचालित है। 

विडम्बना है कि आसनसोल डिवीजन का यह गिरिडीह रेलवे स्टेशन इतने वर्षों बाद भी उपेक्षा का दंश झेल रहा है। यहां से अब तक कहीं के लिये कोई सीधी रेल सेवा का विस्तार नहीं किया गया है। वर्तमान में इस स्टेशन से मात्र एक सवारी ट्रेन दिन में 5 बार मधुपुर-गिरिडीह आना-जाना करती है। 

पत्र में उन्होंने डीआरएम से अनुरोध किया है कि  गिरिडीह से खुलकर सुबह 6 बजे के आस-पास मधुपुर जाने वाली ट्रेन का विस्तार आसनसोल तक किया जाय और शाम 6 बजे के आस-पास मधुपुर से गिरिडीह आने वाली एक ट्रेन आसनसोल से सीधा गिरिडीह स्टेशन तक आये। इससे गिरिडीह से आसनसोल तक की सीधी ट्रेन सेवा की एक नयी शुरुवात हो सकेगी।

उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि गिरिडीह से खुलकर मधुपुर तक जाने वाली इस सवारी ट्रेन को मधुपुर- आसनसोल-मधुपुर रेल मार्ग पर एक्सप्रेस ट्रेन बनाया जाय ताकि इस ट्रेन से सफर करने में समय की बचत हो सके।

तेज रफ्तार का कहर : बस पलटने आधा दर्जन यात्री की मौत, दर्जनाधिक गम्भीर

हजारीबाग। जिला के गोरहर थाना क्षेत्र में गुरुवार अहले सुबह एक बस के पलटने से आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गयी। जबकि दर्जनाधिक लोग घायल हो गए। 

बस में सवार यात्रियों ने बताया कि विशाल नामक बस संख्या WB 76A 1548 कोलकाता से पटना जा रही थी। सुबह करीब 6.15 बजे बस गोरहर से गुजर रही थी। बस की रफ्तार काफी तेज थी। गोरहर के समीप मोड़ आने पर बस चालक ने तेज रफ्तार में ही बस को दायीं ओर मोड़ दिया। जिससे चालक ने अपना संतुलन खो दिया और बस पलट गई। 

घटना के बाद बस में सवार लोगों में भगदड़ मच गई। शोर सुन आस पास के लोगों की भीड़ वहां जुट गई। वहीं घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। बाद में लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को मिली। 

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अजित कुमार विमल, गोरहर थाना प्रभारी, बरकट्ठा थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। 

पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा। जहां उनका इलाज जारी है। वहीं कई गम्भीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज हेतु रांची रेफर किया गया है।

मंगलवार, 19 नवंबर 2024

शांति पूर्ण और भयमुक्त वातावरण में चुनाव सम्पन्न कराने की प्रशासनिक तैयारियां पूरी

मतदान कर्मी पोलिंग बूथ के लिये किये जा रहे रवाना

गिरिडीह। जिले के सभी 6 विधानसभा सीटों गिरिडीह, गांडेय, जमुआ, धनवार, बगोदर एवं डुमरी में मंगलवार 20 नवंबर अर्थात कल होने वाले मतदान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सभी विधानसभा क्षेत्रों पर मतदान कर्मियों के डिस्पैच करने हेतु जिला मुख्यालय में चार स्थानों पर डिस्पैचिंग सेंटर बनाए गए हैं। 

बता दें कि इन सभी छह विस क्षेत्रों में कुल 2393 पोलिंग बूथ हैं। जिनमे गिरिडीह जिलान्तर्गत 1675 भवन में 2204 पोलिंग बूथ हैं। बाकी के बूथ सीमावर्ती जिले बोकारो एवं हजारीबाग जिले में स्थित है। जिलान्तर्गत बूथों में 1230 क्रिटिकल और 974 नन क्रिटिकल बूथ हैं। हर बूथों पर चार चार मतदान कर्मियों को तैनाती की गई हैं। वहीं 221 बूथों में जहां 1200 से अधिक मतदाता है उन बूथों पर 5- 5 मतदान कर्मियों की तैनाती की जानी है। इसके 10, 500 हजार मतदान कर्मी लग रहे हैं। जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्र में एक साथ मतदान होने के कारण 1350 मतदान कर्मी पड़ोसी जिला हजारीबाग से मंगाया गया है।

मंगलवार सुबह से सभी डिस्पैचिंग सेंटर में मतदान कर्मी पहुंच चुके हैं और कतारबद्ध हो अपना जॉइनिंग लेटर रिसीव कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने कृषि फार्म पचम्बा में धनवार विस क्षेत्र के लिये, विवाह भवन में बगोदर, गिरिडीह कॉलेज में जमुआ एवं गिरिडीह कॉलेज के ही बहुद्देशीय परीक्षा केंद्र में गांडेय तथा महेशलुंडी में गिरिडीह एवं डुमरी के मतदान कर्मियों के  लिये डिस्पैचिंग सेंटर बनाया। जहां से मतदान कर्मियों को ईवीएम मशीन समेत मतदान से सम्बंधित अन्य सभी सामान प्रदान कर उन सभी मतदान कर्मियों को बस से पोलिंग बूथ के लिए रवाना किया जा रहा है।

जिले के सभी 6 विधानसभा सीटों गिरिडीह, गांडेय, जमुआ, धनवार, बगोदर एवं डुमरी में मंगलवार 20 नवंबर अर्थात कल होने वाले मतदान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सभी विधानसभा क्षेत्रों पर मतदान कर्मियों के डिस्पैच करने हेतु जिला मुख्यालय में चार स्थानों पर डिस्पैचिंग सेंटर बनाए गए हैं। 