[राजेश कुमार]
गिरिडीह। गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबला के आसार अब स्पष्ट दिखने लगे हैं। यह जंग तीन दोस्तों के बीच की बतायी जा रही है। इनमें भाजपा के निर्भय कुमार शाहाबादी, झामुमो के सुदिव्य कुमार और जेएलकेएम के नवीन आनंद चौरसिया शामिल हैं।
हालांकि गिरिडीह विस क्षेत्र से चुनावी जंग में कुल 14 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमे चार महिला और एक किन्नर भी शामिल हैं। हालांकि गिरिडीह की जनता इस बार के चुनाव को मूल रूप से आर और पार की लड़ाई वाला चुनाव मान रही है। और, जनता ने अपना कमर भी कस भी लिया है।
ज्यों ज्यों मतदान की तिथि नजदीक आती जा रही है। त्यों त्यों चुनावी सरगर्मी अपना उफान पकड़ने लगा है।शहरी क्षेत्र का वोट हर बार की तरह इस बार भी खिचड़ी होने के आसार दिख रहे हैं। वहीं हर बार की तरह इस बार भी गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के चुनाव का निर्णायक वोट पीरटांड़ प्रखण्ड में ही पड़ने वाला है। जिस कारण सभी प्रत्याशी अंतिम समय मे पीरटांड़ में अपना जोर लगाना शुरू कर दिया है।
वहीं पीरटांड़ इलाके से भी इस बार एक कद्दावर नेता अजीत राय के चुनाव मैदान में कूदने से मुकाबला काफी दिलचस्प होने के आसार स्पष्ट दिख रहे हैं। अजीत राय फारवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में कूदे हैं। शेर की तरह दहाड़ने वाले अजीत राय मधुबन क्षेत्र में कार्यरत डोली मजदूरों के साथ साथ अन्य मजदूरों के सर्वमान्य नेता हैं। उनकी अच्छी खासी पकड़ पीरटांड़ के इलाके में होने से चुनाव का परिणाम बदलने का वह माद्दा भी रखते हैं। हालांकि इस चुनाव में वो क्या कुछ कर सकते हैं यह तो चुनाव परिणाम ही बतायेगा।
वहीं इस बार गिरिडीह विधानसभा सीट से आजादी के बाद पहली बार एक किन्नर भी चुनाव मैदान में कूदी हैं। किन्नर अश्विनी अंबेडकर आपकी विकास पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी है। पढ़ी लिखी होने के साथ साथ मृदुभाषी होने के कारण किन्नर अश्विनी अंबेडकर के चुनाव मैदान में कूदने से लोगों का उसके प्रति भी काफी सहानुभूति दिख रही है। उसके साथ किन्नरों की टोली घर घर जाकर लोगों से खास कर महिला मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रही है। अब देखना यह है कि लोगों की सहानुभूति के कारण उन्हें मिलने वाला वोट किस प्रत्याशी का बेड़ा गर्क करने का माद्दा रखता है।
कृपया लिंक क्लिक करें
वहीं इस बार के चुनाव मैदान में चार महिला प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रही हैं। जिनमे पीरटांड़ प्रखण्ड की सुनैना पाठक काफी कद्दावर प्रतीत हो रही हैं। सुनैना पाठक पूर्व में अपने पंचायत की पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं। वहीं फिलवक्त वह अपने पंचायत की मुखिया के पद को सुशोभित कर रही हैं। वह लगातार दो बार से स्टेट कॉपरेटिव बैंक की डॉयरेक्टर के पद पर भी काबिज हैं। चुनाव मैदान में वह पहली बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में कूदी हैं।उनकी सूझ बूझ और क्षेत्र में अच्छी खासी पकड़ भी इस बार के विधानसभा चुनाव में कुछ न कुछ गुल अवश्य ही खिलायेगा।
क्षेत्र की जनता ने मतदान को लेकर कमर कस तो लिया है। लेकिन जीत का सेहरा किसके माथे पहनाती है। ऊंट किस करवट बैठेगा,यह चुनाव का परिणाम ही बतायेगा।
32 गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी, दल और चुनाव चिन्ह :
1.निर्भय कुमार शाहाबादी - भाजपा - कमल
2.सुदिव्य कुमार सोनू - झामुमो- तीरकमान
3.नवीन आनन्द चौरसिया - जेएलकेएम - कैंची
4.अजीत राय - फारवर्ड ब्लॉक-शेर
5.अश्विनी अंबेडकर - आपकी विकास पाटी- बाल्टी
6.अरुणधति मिश्रा - बसपा - हाथी
7.अनिशा सिन्हा - जेजेपी - सेब
8.डॉ बरनवास हेम्ब्रम - बहुजन मुक्ति पार्टी - चारपाई
9.क्रांति कुमार मुर्मू - झामुमो (उलगुलान)- एयर कंडीशनर
10.सुनैना पाठक - निर्दलीय - कोट
11.आरती देवी - निर्दलीय - अलमारी
12.रामेश्वर दुसाध - निर्दलीय - स्कूल का बस्ता
13.कैशर जमाल अंसारी - निर्दलीय - सिलाई की मशीन
14.ओम प्रकाश महतो - निर्दलीय - ऑटो रिक्शा