गिरिडीह नगर निगम के मेयर प्रत्याशी अधिकतम 15 लाख और वार्ड पार्षद प्रत्याशी 3 लाख कर सकेंगे खर्च
बड़की सरिया व धनवार नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रत्याशी 5 लाख और वार्ड पार्षद प्रत्याशी 1 लाख कर सकेंगे खर्च
गिरिडीह (Giridih)। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नगर निकाय चुनाव की घोषणा हो गई। चुनाव की घोषणा होते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। गिरिडीह जिले के एक नगर निगम और दो नगर पंचायतों के लिये होने वाले चुनाव में कुल 01 लाख 77 हजार 824 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाता गिरिडीह नगर निगमों में मेयर, बड़की सरिया और धनवार नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के अलावा कुल 59 वार्ड पार्षदों के लिए वोट डालेंगे।
चुनाव की घोषणा के साथ ही आयोग ने उम्मीदवारों के चुनावी खर्च की सीमा भी तय कर दी है। 10 लाख या उससे अधिक आबादी वाले नगर निगमों में मेयर या अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अधिकतम 25 लाख रुपये, जबकि वार्ड पार्षद 5 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे।वहीं 10 लाख से कम आबादी वाले नगर निगमों में यह सीमा मेयर/अध्यक्ष के लिए 15 लाख रुपये और वार्ड पार्षद के लिए 3 लाख रुपये तय की गई है। एक लाख या उससे अधिक आबादी वाली नगर परिषदों में अध्यक्ष 10 लाख रुपये और वार्ड पार्षद 2 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे। एक लाख से कम आबादी वाली नगर परिषदों में यह सीमा क्रमशः 6 लाख रुपये और 1.5 लाख रुपये होगी। वहीं 12 हजार से अधिक और 40 हजार से कम आबादी वाली नगर पंचायतों में अध्यक्ष के लिए 5 लाख रुपये और वार्ड पार्षद के लिए 1 लाख रुपये खर्च सीमा निर्धारित की गई है।
गिरिडीह जिलान्तर्गत गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र दस लाख से कम आबादी वाला क्षेत्र है। यहां के मेयर प्रत्याशी अधिकतम 15 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे। जबकि वार्ड पार्षद प्रत्याशी अधिकतम 3 लाख रुपये ख़र्च कर सकेंगे। वहीं बड़की सरिया और धनवार नगर पंचायत क्षेत्र के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अधिकतम 5 लाख और वार्ड पार्षद प्रत्याशी अधिकतम 1 लाख रुपये खर्च कर सकेंगे।
बता दें कि गिरिडीह नगर निगम का महापौर पद अनुसूचित जाति अन्य के लिये आरक्षित है। जबकि बड़की सरिया नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला और धनवार नगर पंचायत का अध्यक्ष का पद अनारक्षित अन्य है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा 166 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। ये मतदान केंद्र 59 भवनों में स्थापित है। जिनमे मतदाताओं की सुविधा के लिये सारी व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की जा रही है ताकि मतदाताओं को मतदान में किसी तरह की परेशानी न हो।
1045 मतदान कर्मियों की होगी आवश्यकता
जिला प्रशासन द्वारा चुनाव कार्य सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिये गिरिडीह नगर निगम चुनाव के लिये 25 प्रतिशत सुरक्षित मतदान कर्मियों सहित कुल 860 मतदान कर्मी लगाये जायेंगे। जिनमे 172 पीठासीन पदाधिकारी और उतने ही संख्या में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ मतदान पदाधिकारी लगाये जायेंगे।जबकि जबकि बड़की सरिया के लिये 95 मतदान कर्मी लगेंगे। जिनमे 19 पीठासीन पदाधिकारी के अलावे 19-19 प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ मतदान पदाधिकारी एवं धनवार नगर पंचायत के चुनाव के लिये 90 मतदान कर्मी लगाये जायेंगे। जिनमे 18 पीठासीन पदाधिकारी और उतने ही संख्या में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ मतदान पदाधिकारी लगेंगे।
गौरतलब है कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव वर्ष 2020 से लंबित थे। कोरोना महामारी के चलते चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। इसके बाद विभिन्न कानूनी और प्रक्रियात्मक कारणों से चुनाव बार-बार टलते रहे। अब राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रक्रिया को अंतिम रूप देते हुए चुनाव कराने का फैसला लिया है। चुनाव के लिये मतदान आगामी 23 फरवरी को प्रातः 07:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक कराया जाएगा। जबकि मतगणना आगामी 27 फरवरी को प्रातः 08:00 बजे से प्रारंभ होगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें