गुरुवार, 8 मई 2025

ताराटांड थाना के दो हवलदार समेत तीन को पुलिस अधीक्षक ने किया निलंबित

सहायक अवर निरिक्षक मो० मूसा, हवलदार बिनोद कुमार तिवारी एवं हवलदार बानेश्वर सोरेन को तत्काल प्रभाव से एसपी ने किया निलंबित
  

गिरिडीह (Giridih)। जिले की ताराटांड़ पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी की कथित पिटाई से मंगलवार की रात करीब दस बजे एक बोरिंग वाहन चालक की मौत हो गयी। मृतक बोरिंग वाहन चालक धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत फतेहपुर निवासी संजय कुमार दास था।  घटना के बाद सैकड़ोंं की संख्या में टुंडी से आए आक्रोशित लोगों ने बुधवार को ताराटांड़ थाना के समक्ष गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था और, पूरी पेट्रोलिंग पार्टी पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने एवं सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग कर रहे थे। 



एसपी ने किया तीन को निलंबित 
इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने ताराटांड थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरिक्षक मो० मूसा, हवलदार  बिनोद कुमार तिवारी एवं हवलदार बानेश्वर सोरेन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा एक प्रेस बयान जारी कर दिया गया है। एसपी कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि जिले के ताराटांड थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरिडीह-टुंडी मार्ग में ग्राम पंडरी के समीप एक व्यक्ति की संदेहास्पद स्थिति में मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी, व्यक्ति के मृत्यु के कारणों की निष्पक्ष जाँच हेतु गश्ती में तैनात सहायक अवर निरिक्षक  मो मूसा, हवलदार बिनोद कुमार तिवारी एवं हवलदार बानेश्वर सोरेन को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए ताराटांड थाना से पुलिस केंद्र गिरिडीह वापस किया गया है एवं इस संबंध में घटना की विस्तृत जाँच का आदेश दिया गया है। जांचोपरांत अग्रतर कारवाई की जाएगी।



आठ घण्टे तक रही धनबाद - गिरिडीह पथ जाम
बता दें कि पेट्रोलिंग पुलिस की पिटाई से बोरिंग वाहन चालक की मौत हुई थी। आक्रोशित लोगों ने किया गिरिडीह-धनबाद सड़क को जाम कर दिया था।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव सदल बल मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने लगातार आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया था। वहीं सूचना पाकर गांडेय के प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत अंजुम, बेंगाबाद पुलिस निरीक्षक ममता कुमारी, गांडेय के पुलिस निरीक्षक कमाल खान, ताराटांड़ थाना प्रभारी सुशांत कुमार भी घटना स्थल पहुंच आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया था। लेकिन लोग अपनी जिद्द पर अड़े थे। इस दौरान मुख्य सड़क के जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी। आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।



काफी मशक्कत के बाद लगभग आठ घण्टे बाद शाम साढ़े चार बजे बतौर मुआवजा ₹1,00000 एक लाख रुपए नगद, मजिस्ट्रेट के समक्ष वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने, हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने एवं पेट्रोलिंग पार्टी में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का एसडीपीओ जितवाहन उरांव के आश्वासन देने के बाद जाम हटा। 




कैसे हुई थी घटना
घटना के संबंध में बताया जाता है कि पिंकू उर्फ संजय दास मंगलवार की रात करीब दस बजे बोरिंग वाहन लेकर फतेहपुर अपने आवास से गिरिडीह जा रहा था। इसी क्रम में मोहलीडीह के पास ताराटांड़ थाना की पेट्रोलिंग पार्टी से उसकी कहासुनी हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पैसे को लेकर यह विवाद हुआ और इसमें पुलिसकर्मियों ने उसकी पिटाई की। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई। पुलिसकर्मियों ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय गिरिडीह के गादी श्रीरामपुर निवासी वाहन मालिक को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर वाहन मालिक पहुंचा और उसे गिरिडीह सदर अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। 



इधर पेट्रोलिंग पार्टी के सदस्यों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने उसकी पिटाई नहीं की थी। आरोप झूठा है। वहीं एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।





 




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें