मंगलवार, 7 जनवरी 2025

दो नाबालिग लड़कियों को RPF ने मानव तस्कर के चंगुल से कराया मुक्त, एक तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन AAHT के तहत RPF रांची और AHTU टीम ने खूंटी निवासी एक मानव तस्कर को किया गिरफ्तार

रांची (Ranchi)। रांची रेलवे स्टेशन पर रूटीन चेकिंग के दौरान RPF पोस्ट रांची और AHTU टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मानव तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। ट्रेन नंबर 12817 एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में एक संदिग्ध व्यक्ति को दो नाबालिग लड़कियों के साथ देखा गया। यह ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर लगभग 14:45 बजे पहुंची थी। जांच-पड़ताल के दौरान संदिग्ध व्यक्ति और लड़कियां कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें ट्रेन से उतारकर हिरासत में लिया गया।


 पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए खूंटी जिला के गोराटोली निवासी संदिग्ध व्यक्ति ने अपना नाम संजय नायक (आयु 48 वर्ष) पुत्र कोल्हा नायक बताया। वहीं  दोनों नाबालिग लड़कियां सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल की निवासी हैं। नाबालिग लड़कियों में मोंगरो कुमारी (आयु 16 वर्ष) और सुनिया कुमारी (आयु 15 वर्ष) शामिल है। 


मानव तस्करी का हुआ खुलासा

जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि संजय नायक ने ट्रेन नंबर 12817 एक्सप्रेस की सामान्य टिकट खरीदी थी और इन नाबालिग लड़कियों को दिल्ली ले जाने वाला था। उसने बताया कि यह काम उसे गांसू नायक नामक व्यक्ति ने सौंपा था, उसने इन लड़कियों को आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने का निर्देश दिया था।


ऑपरेशन में शामिल थे

RPF और AHTU टीम के इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से मानव तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए दो मासूम लड़कियों को बचाया गया। मामले की गहन जांच जारी है। इस ऑपरेशन में RPF के निरीक्षक सुनीता पन्ना, उपनिरीक्षक सोहन लाल, सुनीता तिर्की, स्टाफ: के. यादव, एस.पी. टोप्पो, चंद्रिका कच्छप शामिल थे। 


BNS और JJ एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज

संदिग्ध व्यक्ति और नाबालिग लड़कियों को RPF पोस्ट रांची लाया गया। मामले को आगे की कार्रवाई के लिए AHTU/कोतवाली को सौंप दिया गया। AHTU/कोतवाली ने संजय नायक के खिलाफ धारा 143 BNS और 75/81 जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। वहीं दोनों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षा और देखभाल के लिए प्रेमाश्रय, रांची को सौंप दिया गया है।




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें