गिरिडीह (Giridih)। नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर नामांकन जारी है। नामांकन के तीसरे दिन आज शनिवार को विभिन्न वार्डों के पांच वार्ड पार्षद प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसके पूर्व कल एक वार्ड पार्षद प्रत्याशी सुलेखा देवी ने वार्ड संख्या 9 से नामांकन पर्चा दाखिल की थी।
आज नामांकन करने वाले प्रत्याशियों में वार्ड संख्या 14 से नीलम झा पति अजय कांत झा ने नामांकन पर्चा दाखिल की। नीलम झा ने निर्वाची पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद के समक्ष नामांकन पर्चा दाखिल की।
नीलम झा का यह तीसरा मौका है। जब वह अपने वार्ड के मतदाताओं से वार्ड पार्षद प्रत्याशी के रूप में आशीर्वाद मांगेगी। इसके पूर्व दो बार वह अपने वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनका दोनों ही कार्यकाल काफी सराहनीय रहा है। जिस कारण वार्ड 14 के मतदाताओं के बीच उनकी खासी पैठ है। जिसका रूझान आज उनके नामांकन में भी देखने को मिला। आज नामांकन करने जब नीलम झा सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंची तो सैकड़ों की संख्या में महिलाएं उनके साथ पहुंची थी।
नामांकन कर जब वह बाहर निकली तो वहां मौजूद महिलाओं ने उन्हें फूलमाला पहना उनका स्वागत अभिनंदन करते हुए उनके पक्ष में गगनभेदी नारे भी लगाये। वहीं नामांकन उपरांत उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने पिछले दो कार्यकाल में जितना काम की हैं उन्हें सुचारू रखते हुए अन्य तमाम सुविधाएं इस कार्यकाल में अपने वार्ड की धरातल पर उतारने का प्रयास करेंगी। ताकि उनका वार्ड गिरिडीह निगम क्षेत्र का आदर्श वार्ड बनकर उभरे।
वहीं गिरिडीह नगर निगम के वार्ड 24 से वार्ड पार्षद के पद प्रत्याशी आज नुरुल होदा ने भी नामांकन पर्चा दाखिल किया। नुरुल होदा ने कार्यपालक दंडाधिकारी बिनोद कुमार सिंह के कार्यालय कक्ष कमरा संख्या 01 में अपना नामांकन प्रपत्र दाखिल किया।
बता दें कि गत चुनाव में नुरूल होदा की पत्नी वार्ड पार्षद थी। उस वक्त यह वार्ड महिला के लिये आरक्षित था। लेकिन आसन्न चुनाव में यह वार्ड अनारक्षित अन्य की श्रेणी में शामिल है। जिस कारण इस चुनाव में नुरुल होदा ने वार्ड पार्षद पद के लिये अपना नामांकन किया है।
नामांकन पश्चात उन्होंने कहा कि क्षेत्र वासियों की सेवा निरन्तर जूट रहे हैं। वार्ड की तमाम समस्याओं से वे वाकिफ हैं। उन सभी समस्याओं और बुनियादी जरूरतों को पूरा करने और अपनी पत्नी के कार्यकाल के अधूरे कार्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
शनिवार को वार्ड पार्षद पद के लिये नामांकन करने वाले तीसरे प्रत्याशी अनिल गुप्ता रहे। जिन्होंने वार्ड संख्या एक के वार्ड पार्षद प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन किया। अनिल गुप्ता ने निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखण्ड विकास पदाधिकारी गणेश रजक के समक्ष अपनी नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। अनिल गुप्ता 5वीं बार अपने वार्ड का प्रतिनिधित्व करने हेतु चुनाव मैदान में उतरे हैं।
उनका पूर्व का सभी कार्यकाल काफी सराहनीय व प्रशंसनीय रहा है। नतीजतन क्षेत्र की जनता का अटूट विश्वास उनके साथ है। जिसका खासा झलक आज उनके नामांकन के दौरान देखने को मिला। उनके नामांकन के लिये उनके साथ सैंकड़ो की संख्या में दुपहिया और चार पहिया वाहनों पर सवार हो उनके प्रशंसक व समर्थक सदर प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय पहुंचे थे।
नामांकन उपरांत पत्रकारों को उन्होंने बताया कि आसन्न चुनाव में उनकी प्राथमिकता न केवल वार्ड 1 की बल्कि वार्ड दो एवं तीन में व्यापत पेयजल संकट को दूर करना होगा। जिस दिशा में उन्होंने प्रयास शुरू कर दिया है। चुनाव बाद वह उसे धरातल पर उतारने की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके इस कार्य से सम्पूर्ण पचम्बा क्षेत्र पेयजल की समस्या से निजात पा लेगा। वहीं नामांकन बाद उनके समर्थकों ने उनके पक्ष में गगनभेदी नारे लगा उनके हौसले को चार चांद लगा दिया।
आज चौथी वार्ड पार्षद प्रत्याशी के रूप में रीता चौरसिया ने वार्ड संख्या 31 से वार्ड पार्षद प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पर्ची दाखिल की। रीता चौरसिया ने निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता आमरेन डांग के समक्ष अपना नामांकन प्रपत्र दाखिल की।
रीता चौरसिया पूर्व में दो बार अपने वार्ड का बतौर वार्ड पार्षद प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। आसन्न चुनाव में वो तीसरी बार प्रतिनिधित्व करने हेतु चुनाव मैदान में उतरी हैं। गौरतलब है कि गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र का सबसे बड़ा वार्ड, वार्ड संख्या 31 है। जहां सर्वाधिक मतदाता हैं। साथ ही इस वार्ड का क्षेत्रफल भी काफी बड़ा है। पूर्व के दो वार्डों को मिलाकर आसन्न चुनाव में इसे एक वार्ड बनाया गया है। जिस कारण यहां मतदाता भी अन्य वार्डों की तुलना में काफी अधिक हैं।
इस वृहत वार्ड का प्रतिनिधत्व करने एक बार फिर रीता चौरसिया मैदान में है। नामांकन पश्चात उन्होंने कहा कि वार्ड को सुदृढ और सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित करना ही उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व के कार्यकाल में अधूरे रह गए कार्यों को भी पूरा करना उनकी प्राथमिकता में शामिल होगी।
वहीं नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 33 से वार्ड पार्षद प्रत्याशी के रूप में आज नुरजहाँ खातून ने नामांकन पर्चा दाखिल की।
नुरजहाँ खातून ने भी निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता आमरेन डांग के समक्ष अपना नामांकन प्रपत्र दाखिल की। नामांकन उपरान्त उन्होंने कहा कि वो क्षेत्र को समस्या मुक्त करने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में आयी हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें