शनिवार, 29 जनवरी 2022

तिसरी के भोगताडीह गांव में देर रात जीओ टावर के ओडीसी बॉक्स में लगाई आग



◆जियो टावर जलाये जाने से तिसरी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में दहशत


गिरिडीह : बिहार झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र तिसरी प्रखंड अंतर्गत खटपोक पंचायत के भोगताडीह गांव स्थित मन्नू यादव की जमीन पर लगे जियो टावर के ओडिसी बॉक्स में लगे लाखो रुपए मूल्य की मशीन को शुक्रवार की रात्रि जला दिया गया है। टावर जलाये जाने की सूचना से तिसरी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

सूचना पाकर शनिवार को तिसरी पुलिस इंस्पेटर परमेश्वर लेयांगी, थाना प्रभारी पिकु प्रसाद, सब इंस्पेक्टर अमित कश्यप और जियो टावर के टेकनीशियन घटना स्थल पहुंच कर घटना की विस्तृत जानकारी लिया। घटना नक्सली से जुड़ा है या अपराधिक शरारती तत्वों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया है इसकी जांच कर घटना की सच्चाई तक पहुंचने में पुलिस जुटी है। हालांकि स्थानीय ग्रामीण इस घटना को नक्सलियों द्वारा अंजाम दिया गया बता रहे हैं।

जियो टावर के टेकनिसीयन आशुतोष आनंद ने बताया कि जले हुए ओडीसी बॉक्स के समीप डीजल की गंध आ रही है। कहा कि टावर के ओडीसी बॉक्स के जलने से उसमे लगे दो बैटरी सौ एएच एक एसएमपीएस 16 किलो वार्ड, एक मीटर बॉक्स,एक ट्रांसमिशन इकुपमेंट सिस्को सीडीयू आरआरएएच इत्यादि लगभग 5 लाख मूल्य की सामग्री जल कर खाक हो गई है।
पुलिस इंस्पेक्टर परमेश्वर लेयांगी ने बताया जले हुए सामग्री को देखने से यह किसी शरारती तत्व द्वारा घटना को अंजाम दिया गया प्रतीत होता है। हालांकि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। वहीं धनवार विधायक प्रतिनिधि राजेश कुमार ने कहा कि टावर जलाने का काम नक्सलियों का हो सकता है। क्योंकि टावर से किसी अन्य ग्रामीणों को कोई लेना देना नही रहता है।

हार्डकोर नक्सली अजय महतो का दस्ता एक बार फिर हुआ सक्रिय, पुलिस जुटी है सर्च ऑपरेशन में



राजेश कुमार]
गिरिडीह : 25 लाख का इनामी हार्डकोर नक्सली अजय महतो का दस्ता एक बार फिर जिले के अति नक्सल प्रभावित पारसनाथ इलाके में सक्रिय हो गया है। सूत्रों की माने तो अजय महतो के दस्ते में करीब 40-50 हथियारबंद नक्सली शामिल है। माओवादियों द्वारा आहूत झारखण्ड बिहार बन्द के दौरान बुधवार की देर रात अजय महतो के निर्देश पर कृष्णा मरांडी के दस्ते ने ही चिचाकी और चौधरीबांध के बीच  रेल पटरी को विस्फोट कर उड़ाया था।

विदित हो कि जिले के घनघोर रुप से नक्सल प्रभावित पीरटांड थाना क्षेत्र के नावाडीह का रहने वाला अजय महतो उर्फ टाइगर उर्फ मोछू भाकपा माओवादी संगठन में स्पेशल एरिया कमिटी सदस्य है।
अजय महतो के नेतृत्व में नक्सलियों ने गिरिडीह जिले में कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। गिरिडीह जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। अजय महतो पर सरकार ने 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। गिरिडीह जिले की पुलिस को उसका लंबे समय से तलाश है। 

गौरतलब है कि पिछले आठ दिनों के दौरान नक्सलियों द्वारा जिले में कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया गया है। समझा जाता है कि नक्सली एक बार फिर अपनी खोई ताकत को जिले में वापस लाने की जुगत में है। उसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए एक के बाद एक बड़ी घटनाओं को नक्सलियों ने अंजाम दिया है।

हालांकि नक्सलियों के धर-पकड़ के लिए पुलिस और सीआरपीएफ अलग-अलग टीम बनाकर सर्च ऑपरेशन चला रही है। पारसनाथ की तराई समेत नक्सलियों के सभी सम्भावित ठिकानों पर पुलिस और सीआरपीएफ की टीम अपनी पैनी नजर जमाये हुए है। इसी क्रम में पुलिस ने नक्सलियों को विस्फोटक सप्लाई करने वाले सप्लायरों को धर दबोचा है। जिनसे पुलिस को नक्सलियों के बाबत कई अहम सुराग मिलने की बातें कही जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दो दिनों पूर्व अजय महतो और 15 लाख के इनामी नक्सली कृष्णा हांसदा के दस्ते को धोलकट्टा में साथ-साथ देखा गया था। पुलिस को अजय महतो उर्फ टाइगर के पारसनाथ इलाके में होने की सूचना के बाद पुलिस की सक्रियता इलाके में काफी बढ़ गई है। इलाके में लगातार पुलिस द्वारा सर्च अभियान की जा रही है