मंगलवार, 4 मार्च 2025

स्थापना दिवस समारोह को सम्बोधित करते एक बार फिर रो पड़ी कल्पना मुर्मू सोरेन

गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह के झंडा मैदान कर मंच से पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में जनसभा को सम्बोधित करते एक बार फिर रो पड़ी कल्पना मुर्मू सोरेन। झामुमो जिला समिति का 52वां स्थापना दिवस समारोह झंडा मैदान में मंगलवार को आयोजित था। जिसमे बतौर मुख्य अथिति सूबे के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के साथ उनकी पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन शामिल होने पहुंची थी। जनसभा को सम्बोधित करते कल्पना सोरेन उस वक्त को याद कर रो पड़ी जब हेमंत सोरेन जेल में बंद थे और वह पहली बार घर की दहलीज लांघ कर राजनीति में कूदी थीं और, गिरिडीह के झंडा मैदान में आयोजित झामुमो जिला समिति के स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुई थी। 


उन्होंने कहा कि यह मंच मेरे जीवन के उतार चढ़ाव का गवाह रहा है। कल सोमवार 3 मार्च को मेरा जन्मदिन था, आज मेरे राजनीतिक जीवन के सफर का जन्मदिन है। कहा कि यह वही मंच है जहां एक साल पहले आपने मुझे रोते हुए देखा था। उस वक्त मंच पर सभी थे मगर आपका बेटा आपका दादा हेमंत सोरेन नहीं थे। उस समय आपने मेरे आंसू पोंछने का काम किया। उस वक्त आपने मुझे बहु की तरह नहीं, बल्कि बेटी की तरह गले लगाया था।


यह कहते हुए कल्पना काफी भावुक हो गई और उनके आंखों से मंच पर एक बार फिर आंसू छलक पड़े। कल्पना सोरेन के रुंधी आवाज निकलते ही वहां मौजूद भीड़ ने "कल्पना सोरेन मत घबराना तेरे पीछे सारा जमाना" का गगनभेदी नारा लगाया। अपने सम्बोधन में कल्पना सोरेन ने गांडेय, गिरिडीह और झारखण्ड की जनता को इसके लिए धन्यवाद दिया। कहा कि उस वक्त आपने नारा दिया था... ''जेल का ताला टूटेगा हेमंत सोरेन छूटेगा''... इसके बाद ताला भी टूट गया और हेमंत सोरेन भी छूट गया। अब झारखण्ड को सजाने और संवारने का समय आ गया है...। 


कल्पना सोरेन ने कहा कि आपका बेटा आपका दादा हेमंत सोरेन चुनाव के समय किये अपने सभी वादे को पूरा करेंगे ...उसका समय आ गया है। झारखंड को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर लोगों को रोजगार देने का काम किया जाएगा। मंच पर बैठे गिरिडीह विधायक सह सूबे के पर्यटन मंत्री से कल्पना ने इस दिशा में कार्य में तेजी लाने का आग्रह की। 


इसके पूर्व शिबू सोरेन के आंदोलन की धरती गिरिडीह को जोहार... करते हुए कल्पना सोरेन ने अपने संबोधन की शुरूआत की। संथाली भाषा मे कार्यकर्ताओं संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड निर्माण के लिए शिबू सोरेन और उनके साथियों ने अपना घर और परिवार छोड़ आंदोलन किया। जेएमएम संघर्षशील पार्टी है। धैर्य रखिएगा अपने वादे को पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध है। 



गिरिडीह में धूमधाम से मनाया गया झारखंड मुक्ति मोर्चा का 52वां स्थापना दिवस

नीति आयोग ने देश के चार राज्यों में झारखंड को बताया बेहतर : हेमंत सोरेन


गिरिडीह(Giridih)।  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा की नीति आयोग ने देश के चार बेहतर राज्यों में झारखंड को एक बताया है। विपक्षी दल नीति आयोग के बयान से चुभन महसूस कर रही है। मुख्यमंत्री मंगलवार को गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा का 52वां स्थापना दिवस समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। 



झामुमो जिला समिति द्वारा मंगलवार को स्थानीय झंडा मैदान में काफी धूमधाम से स्थापना दिवस मनाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधी आबादी को पांव पर खड़ा करने को संकल्पित है। यही कारण है कि आधा बजट महिलाओं के विकास पर खर्च किया जा रहा है।


उन्होंने मईया सम्मान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह दुखद है कि मईया सम्मान योजना में महिलाओं की दी जाने वाली राशि कई पुरुष हड़प रहे हैं। ऐसी चोरी के बाद राज्य का विकास कैसे होगा ? उन्होंने लोगों को आगाह किया कि काफी मुश्किल से राज्य को सुचारू किया गया है। ऐसा ना हो कि राज्य  दलदल में चला जाये और वहां से निकलने में बरसों लग जाए..। 


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की यह सरकार रांची से नहीं गांव देहात से चल रही है ..। अधिकारी पंचायत में कैंप लगाकर गरीबों का काम कर रहे हैं..। पूर्व में पेंशन चंद लोगों को दी जाती थी पर आज बगैर पेंशन का कोई नहीं है। वहीं केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोयला यहां से पर हिस्सेदारी नहीं, अब ऐसा नहीं चलेगा। हक के लिए संघर्ष करना करना होगा। कोर्ट जाना होगा जाएंगे लेकिन अपना हक ले कर रहेंगे। नहीं तो यहां की सभी खदानों को बन्द कर देंगे।



उन्होंने कहा कि झारखंड अब 25 साल का हो गया है,अब यह राज्य दौड़ेगा। उन्होंने राज्य की जनता एक होने की अपील की। कहा कि गलत बयानी और जुमले बाजी करने वाली तत्वों को यहां से भगाना होगा। कहा कि झारखण्ड की योजनाएं अब अन्य राज्यों में लागू किया जा रहा है, पर चुनाव के वक्त वहां किये गये किसी भी वादे को धरातल पर नहीं उतारा जा रहा है।

वहीं सभा को संबोधित करते हुए विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड की बहू को यहां के लोगों ने बेटी समझ कर प्यार दिया.. जिसका आजीवन ऋणी रहूंगी। वहीं नगर विकास व पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि जिस पौधा को गिरिडीह में 51 साल पहले शिबू सोरेन ने रोपा था वह आज विशाल वृक्ष का रूप ले लिया है। सभा को सम्बोधित करते राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद ने कहा कि हेमंत सोरेन के जेल जाने से कल्पना के रूप में एक बड़ी नेत्री का जन्म हुआ है। इससे भाजपा पश्चाताप कर रहा होगा। सभा को पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी, केदार हाजरा, बेबी देवी, प्रणव वर्मा आदि ने भी संबोधित किया। समारोह की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने एवं संचालन अजीत कुमार पप्पू, महालाल सोरेन, शहनवाज अंसारी ने किया।कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य हिंगामुनि मुर्मू, पूर्व जिला परिषद सदस्य बबली मरांडी, ज्योति सोरेन, सुमन सिन्हा, अनामिका मुर्मू, बैजनाथ राणा, अशोक राम, अभय सिंह, राकेश रॉकी, चांद रसीद समेत काफी संख्या में महिला पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे।



इसके पूर्व झामुमो गिरिडीह जिला कमिटी की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के सर पर ताज पहनाकर एवं भारी भरकम फूलों का माला पहना दोनों का भव्य स्वागत किया गया। वहीं पार्टी के 52वें जन्मदिन के अवसर पर केक भी काटा गया। बाद में दोनों ने शहीदों के वेदी पर माल्यार्पण किया और राज्य के शहीदों को सम्मान दिया।


बता दें कि स्थापना दिवस को लेकर यह पहला मौका था जब झामुमो जिला समिति द्वारा पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। शहरी क्षेत्र के सभी प्रमुख मार्गों एवं सभी चौक-चौराहों और सड़कों की हरे लाइट से सजाया गया है। जगह-जगह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दिशोम गुरु शिबू सोरेन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए है। वहां पूरा शहर पार्टी के झंडे से पाट दिया गया है।