गुरुवार, 26 दिसंबर 2024

एक ही भवन में होगी महिला, साइबर, SC/ST थाना और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की स्थापना

रांची (RANCHI)। झारखंड में आपराधिक मामलों में शामिल लोगों को अब अलग-अलग थानों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। झारखंड पुलिस ने ऐसी व्यवस्था लाने की योजना बनाई है, जिसके तहत एक ही भवन में महिला थाना, साइबर थाना, एसटी/एससी थाना और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की स्थापना की जाएगी।इससे मामलों से संबंधित एफआईआर दर्ज करना आसान हो जाएगा। झारखंड पुलिस की यह पहल नागरिकों के लिए सुविधाजनक और आपराधिक मामलों के त्वरित निपटारे के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। राज्य के नागरिक जल्द ही एक ही जगह पर चार थानों की सेवाएं ले सकेंगे।



राज्य के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि आमतौर पर एक थाना किसी जिले के एक छोटे हिस्से के लिए होता है, लेकिन महिला थाना, साइबर थाना, एसटी/एससी थाना और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट का क्षेत्राधिकार पूरे जिले का होता है। इन थानों में पूरे जिले से संबंधित अपराधों की एफआईआर दर्ज होती है। अब इन चारों थानों को एक ही जगह लाने की योजना बनाई जा रही है।



डीजीपी ने बताया कि झारखंड में अभी थाने तो स्थापित हैं, लेकिन संसाधनों और भवनों की स्थिति ठीक नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए गृह सचिव और एडीजी प्रोविजन से विशेष चर्चा की गई है। योजना के तहत इन चारों थानों को एक ही भवन में शिफ्ट किया जाएगा। संसाधनों के बेहतर उपयोग और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है।नई व्यवस्था सबसे पहले उन जिलों में लागू की जाएगी, जहां आपराधिक मामले ज्यादा हैं। इनमें रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, देवघर, धनबाद और बोकारो जैसे जिले शामिल हैं। इन जगहों पर पहले संयुक्त भवन बनाए जाएंगे।इस पहल से उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें अलग-अलग मामलों के लिए कई थानों का चक्कर लगाना पड़ता था। अब चारों थाने एक ही जगह होने से एफआईआर दर्ज करना आसान होगा और मामलों पर तुरंत कार्रवाई भी सुनिश्चित होगी।


फिर हुई मानवता शर्मसार, 51 वर्षीय अधेड़ ने किया 9 वर्षीया बच्ची से बलात्कार, आरोपी गिरफ्तार

गिरिडीह (GIRIDIH)। मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना फिर से बगोदर थाना क्षेत्र में घटी है। यहां एक 51 साल के अधेड़ ने 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। घटना बुधवार की शाम बगोदर के एक गांव में घटित हुई है। गुरुवार सुबह इस मामले की जानकारी बगोदर थाने की पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना प्रभारी बिनय कुमार यादव, महिला पुलिस पदाधिकारी के साथ सदल बल गांव पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। 

वहीं पुलिस ने इस मामले में बगोदर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच व इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गयी है। और, त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे गांव में जाकर छिपे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस के समक्ष दिये अपने बयान में पीड़िता ने बताया कि बुधवार की शाम उसकी मां दूसरे घर में काम करने गई थी। इसी का फायदा उठा उसके पड़ोस में रहने वाले अधेड़ खेमलाल महतो उसे चॉकलेट खरीदने हेतु 20 रुपया देने के बहाने उसके घर के कमरे में घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना को अंजाम दे आरोपी वहां से फरार हो गया।  पीड़िता ने बताया कि देर शाम गये जब उसकी माँ काम से घर पहुंची तो उसने पूरी घटना की जानकारी माँ को दी।


घटना के बाबत बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि 9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं गिरफ्तार आरोपी खेमलाल महतो को जेल भेजने की तैयारी की जारी है।


बता दें अभी चंद दिनों पूर्व भी बगोदर थाना क्षेत्र से ऐसा ही एक घृणित मामला सामने आया था, जिसमे एक नाबालिक पड़ोसी किशोर ने एक 4 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। बगोदर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने उक्त युवक को न्यायालय ने बालिग मानते हुए उसे गिरिडीह जेल भेज दिया था।

राष्ट्रीय कायस्थवृन्द एक राष्ट्रीय कायस्थ संगठन है, इसके विलय की बात गलत : संजीव रंजन सिन्हा

गिरिडीह (GIRIDIH)। राष्ट्रीय कायस्थवृन्द के प्रदेश अध्यक्ष संजीव रंजन सिन्हा ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रीय कायस्थवृन्द कायस्थों की एक राष्ट्रीय संगठन हैं। जिसका फैलाव देश के 18 राज्यों में है। इस राष्ट्रीय कायस्थ संगठन का विलय की बात समाचार पत्र पत्रों में कही गयी है। यह सरासर गलत है। 

उन्होंने कहा कि बीते रविवार को स्थानीय विवाह भवन में गिरिडीह में संचालित विभिन्न कायस्थ संगठनों की एक बैठक हुई। जिसमें जिले के सभी कायस्थों को एक मंच पर आने पर जोर दिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी कायस्थ संगठन अपने अपने अस्तित्व में रह कर गिरिडीह में होने वाले किसी कार्यक्रम मे एक जुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे, इस उद्देश्य से "गिरिडीह कायस्थ महापरिवार" नामक एक मंच का निर्माण किया गया।  


जिसका राष्ट्रीय कायस्थ वृन्द के प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते मैने समर्थन किया। उक्त बैठक में विभिन्न कायस्थ संगठनों से जुड़े लगभग 50 चित्रांश उपस्थित थे। लेकिन समाचार पत्र में राष्ट्रीय कायस्थवृन्द का उस मंच में विलय की बात प्रसारित की गई है। जो पूर्ण रूप से मिथ्या और भ्रामक है।

नक्सलियों की साजिश नाकाम : जमीन के अंदर लगाये गये आईईडी को सुरक्षाबलों ने किया बरामद

चाईबासा (CHAIBASA)। नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया. नक्सलियों के खिलाफ  पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे अभियान के क्रम में जराईकेला थाना क्षेत्र के दलाईगारा जंगल में जमीन के अंदर लगाये गये आईईडी को सुरक्षाबलों ने बरामद किया. 

नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए  जमीन के अंदर यह आईईडी लगाये गये थे, लेकिन  सुरक्षाबलों ने आईईडी को बरामद कर नक्सलियों की मंशा पर पानी फेर दिया. बाद में बम निरोधक दस्ता ने आईईडी को नष्ट कर दिया.
 
गौरतलब है, कि गोईलकेरा थाना क्षेत्र के कुईडा, छोटा कुईडा, मारादिरी, मेरालगड़ा, हाथीबुरू, तिलायबेड़ा बोयपाईससांग, कटम्बा, बायहातु, बोरोय, लेमसाडीह के सीमावर्ती क्षेत्रों और टोन्टो थाना क्षेत्र के हुसिपी, राजाबासा, तुम्बाहाका, रेगड़ा, पाटातोरब, गोबुरू, लुईया गांव के सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान शुरू किया है. इसी क्रम में यह आईईडी बरामद हुआ.