शुक्रवार, 2 मई 2025

झाड़ी में पड़ा मिला 15 वर्षीय किशोर का शव, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह (Giridih)। जिले के पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा थाना क्षेत्र स्थित डेगरवागढ़ा गांव के समीप झाड़ी के किनारे शुक्रवार सुबह एक किशोर का शव पड़ा मिला। किशोर का शव मिलने पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डेगरवागढ़ा निवासी स्वर्गीय फुलचंद हांसदा के 15 वर्षीय पुत्र सुरेन्द्र हांसदा के रूप में की गई है।


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह गांव के लोग जब शौच आदि के लिए तालाब की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने झाड़ी के पास युवक का शव पड़ा देखा। झाड़ी के पास शव होने की सूचना पूरे गांव में जंगल मे आग की तरह फैल गयी। काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही हरलाडीह ओपी के सिमोन केरकेट्टा सदल बल मौके पर पहुंचे और उपस्थित लोगों से पूछताछ शुरू किया।


परिजनों ने बताया कि सुरेन्द्र गुरुवार दोपहर लगभग 3 बजे अपने हाथ में गुलेल लेकर शिकार करने जंगल की ओर गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रातभर उसकी तलाश की गई, पर कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने बताया कि सुरेन्द्र को मिर्गी की बीमारी थी। गुरुवार को क्षेत्र में तेज बारिश हुई थी। आशंका जताया  कि मिर्गी का दौरा पड़ने और फिसलन के कारण वह गिर पड़ा हो जिससे उसकी मौत हो गई हो।


वहीं किशोर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बहरहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं आगे की जांच पड़ताल में जुटी है।


खोरीमहुआ पेट्रोल पंप कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, मामले में तीन अभियुक्त गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। जिले के खोरीमहुआ में संचालित श्रीकृष्णा ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप में हुई चोरी मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों गुड्डू यादव, विनोद यादव और सुधीर यादव-को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के नईटाड़ गांव के निवासी है। उक्त जानकारी एसपी डॉ बिमल कुमार ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर दी।


एसपी ने बताया कि बीते 26 अप्रैल की रात पेट्रोल पंप में खिड़की के रास्ते घुसकर चोरों ने पंप कार्यालय से लगभग तीन लाख रुपये नकदी और कई चेकबुक चुरा लिया था। पंप मैनेजर सत्यम कुमार मिश्रा पिता त्रिभुवन मिश्रा साकिन खेसरम्भा, थाना धनवार, जिला गिरिडीह के लिखित आवेदन पर धनवार थाना काण्ड सं० 98/25, दिनांक-27.04.25 धारा 334 (1)/ 303 (2) बीएनएस दर्ज की गई। 


काण्ड का त्वरित निष्पादन हेतु अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी जमुआ एवं पुलिस निरीक्षक, जमुआ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय इनपुट्स के आधार पर जांच शुरू किया और छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार किया।


गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 8100 रुपये नकद एक काले बैग से बरामद किया हैं। बताया कि इस मामले में फरार अन्य अभियुक्तों की तलाश में पुलिस जुटी है।

कोड़ा गैंग के दो कुख्यात अपराधियों को गिरिडीह पुलिस ने किया गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)।  जिले के सरिया थाना क्षेत्र में अपराध की योजना बना रहे कोढ़ा गैंग के दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में मुन्ना यादव उर्फ नन्दु यादव पिता रामबदन यादव उर्फ करिया यादव एवं श्याम यादव पिता स्व सुन्दर यादव शामिल हैं। दोनों बिहार के कटीहार जिले के कोढा थाना क्षेत्र के नया टोला, जुराबगंज के निवासी हैं। पुलिस ने उनके पास से मोबाइल, बाइक, नकदी और अपराध में प्रयुक्त होने वाले औजार बरामद किया है। उक्त जानकारी एसपी डॉ. बिमल कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर दी। 


एसपी ने बताया कि गुप्त मिली थी कि कोड़ा गैंग का कुछ अपराधकर्मी छिनतई का घटना का अंजाम देने सरिया थाना क्षेत्र में घुस गये हैं। उक्त सूचना के आलोक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगोदर सरिया के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने सरिया बाजार में अवस्थित बैंक एवं आस पास के क्षेत्र में छापामारी शुरू की। इसी क्रम में दो मोटरसाईकिल पर सवार चार व्यक्ति पुलिस को देखकर बगोदर की ओर भागने लगे। जिनका छापामारी दल ने पीछा किया। पीछा करने के दौरान सरिया कॉलेज के पास एक काला रंग का पल्सर बाइक संख्या JH15F 1620 पर सवार दो व्यक्ति को पुलिस ने पकड लिया जबकि एक मोटरसाईकिल पर सवार दो व्यक्ति भागने में सफल रहे।


वहीं गिरफ्तार अपराधियों ने होन्डा साईन मोटरसाईकिल पर फरार हुए अपने साथियों का नाम शंकर यादव पिता बलराम यादव एवं गुड्डु यादव पिता लालु यादव बताया।पूछताछ के क्रम में दबोचे गए अपराधियों ने बताया कि वे चारों धनबाद के बरवड्डा थाना क्षेत्र में कंचन टॉकिज के पास रुम लेकर रहते है और वहीं से धनबाद, बोकारो एवं गिरिडीह के ईलाका में बैंक के पास जाकर बैंक से पैसा निकालकर जाने वाले बुजुर्ग व्यक्ति या महिला तथा मोटी रकम निकालने वाले व्यक्तियों का रेकी करते है फिर उसका पिछा कर डिक्की तोडकर पैसा निकाल या झोला छिनकर भागने का काम करते है। 


एसपी ने बताया कि इनके द्वारा अब तक किन किन घटनाओं को अंजाम दिया गया है वह भी स्वस्कारा है। बताया गिरफ्तार दोनों अपराधियों के विरुद्ध पूर्व में कोढ़ा थाना में कई मामले दर्ज हैं।



खोरीमहुआ LRDC कार्यालय के लिपिक मनीष भारती को दस हजार घुस लेते धनबाद ACB ने किया गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। खोरीमहुआ के भूमि सुधार उपसमहर्ता (LRDC) कार्यालय मे पदस्थापित लिपिक मनीष भारती को धनबाद एसीबी की टीम ने दस हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। 



जानकारी के अनुसार राजधनवार के इलाही मिया की पत्नी झुना खातुन के नाम से डीसीएलआर, खोरीमहुआ,  के न्यायालय में म्यूटेशन अपील वाद सं0-74/2024-25 उचित आदेश के आलोक में काफी समय से लंबित है। उक्त अपील वाद की जानकारी हेतु पीड़ित इलाही मियां जब डीसीएलआर, खोरीमहुआ के कार्यालय में पदस्थापित लिपिक मनीष कुमार भारती से मुलाकात किया, तो लिपिक मनीष ने जमीन के म्युटेशन काम के बदले उन्हें दस हजार रुपये बतौर घुस की राशि देने के बाद ही उक्त अपील वाद में उचित आदेश पारित किये जाने की बात बताई। इस बाबत पीड़ित इलाही मियां ने धनबाद ACB से शिकायत की। जिसके आलोक में धनबाद एसीबी ने जाल बिछाया और उस जाल में लिपिक मनीष भारती फंस गया। 


शुक्रवार को ज्योंहि पीड़ित इलाही मिया द्वारा लिपिक को घुस की राशि दिया, तभी धनबाद ACB की टीम ने 10 हजार रुपये घूस लेते लिपिक मनीष भारती को रंगे हाथों धर दबोचा। धनबाद ACB के इस कार्रवाई कि भनक किसी को नहीं लगी और ज़ब आरोपी को टीम लेकर अपने साथ रवाना हो गयी, तो अधिकारियों को इसकी भनक लगा। उसके बाद अनुमंडल कार्यालय में हड़कंप मच गया। धनबाद एसीबी की टीम लिपिक मनीष भारती को गिरफ्तार कर अपने साथ धनबाद ले गयी है।