गिरिडीह(Giridih)। पचम्बा-जमुआ मुख्य मार्ग के परसाटांड़ मोड़ के समीप रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। सड़क किनारे शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। खबर सुन काफी लोग घटनास्थल पर जमा हो गये। मृतक की पहचान परसाटांड़ निवासी जानकी महली के रूप में हुई है। सूचना पाकर पचम्बा थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गयी।
वहीं जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी वहां पहुंचे और दहाड़ मार कर रोने लगे। उनकी चीख पुकार से वहां मौजूद अन्य लोगों के भी आंखों से अश्रु छलक पड़े। परिजनों के अनुसार जानकी महली शनिवार सुबह पचम्बा स्थित एक माइका फैक्ट्री में काम करने के लिए निकला था। लेकिन देर रात गये तक घर नहीं लौटा। परिजन रात में ही उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। वहीं रविवार सुबह उसका शव परसाटांड़ मोड़ से लगभग 50 मीटर दूर सड़क किनारे पाया गया।
परिजनों ने जताया हत्या की आशंका
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पचम्बा थाना की पुलिस आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालने में जुट गयी है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने रात के अंधेरे में उन्हें कुचल दिया। जिससे उनकी मौत हुई है। लेकिन मृतक के परिवार वालों ने जनकी महली की हत्या, की आशंका जाहिर की है। परिजनों के साथ स्थानीय ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग को लेकर घटनास्थल पर ही सड़क पर बैठ गये। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम हंटवा मृतक के शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गम्भीरता से जांच पड़ताल करने में जुट गई है।
स्कॉर्पियो जब्त, एक हिरासत में
इस बीच पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार को मिली सूचना पर अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार ने घटना की जांच की। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। छानबीन मे गांव के ही एक स्कॉर्पियो को जब्त कर पुलिस ने नरेश राणा नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए नरेश का कहना है कि वह जब गाड़ी लेकर जा रहा था तब मृतक व्यक्ति सड़क पर पड़ा था। जबकि लोगों का कहना है कि इसी स्कॉर्पियो वाहन के चालक ने जानबूझकर जानकी पर गाड़ी चढ़ाई है। लोग हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।